शोध आलेख : अंग्रेज़ी राज के प्रतिबन्ध और चाँद प्रेस का प्रतिरोध / ऋतु शर्मा

अंग्रेज़ी राज के प्रतिबन्ध और चाँद प्रेस का प्रतिरोध
- ऋतु शर्मा

शोध सार : प्रस्तुत शोध-आलेख में अंग्रेज़ी शासन द्वारा प्रेस पर लगाए गए प्रतिबन्धों के संदर्भ में चाँद प्रेस की भूमिका का अध्ययन किया गया है। प्रतिबन्धों और दंडात्मक कार्रवाइयों के बावजूद चाँद प्रेस ने राष्ट्रीय चेतना और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के पक्ष में अपना प्रतिरोध व्यक्त किया। अंग्रेज़ी राज ने राष्ट्रवादी विचारों और क्रांतिकारी गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न प्रेस अधिनियम लागू किए। इन प्रतिबन्धों के बीच 'चाँद' ने सामाजिक और राजनीतिक प्रश्नों को उठाते हुए ब्रिटिश शासन की नीतियों की आलोचना की। चाँद पत्रिका का 'फाँसी अंक', पंडित सुन्दरलाल की पुस्तक 'भारत में अंग्रेज़ी राज', ‘SARDAR BHAGAT SINGH: A SHORT LIFE SKETCH’ के प्रकाशन और जब्ती के प्रसंग चाँद प्रेस की निर्भीकता को सामने लाते हैं। पुलिस की निगरानी, मुकदमों और आर्थिक क्षति के बावजूद प्रेस ने क्रांतिकारियों के बलिदान तथा औपनिवेशिक दमन से जुड़े प्रश्नों को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इस प्रकार चाँद प्रेस का प्रतिरोध केवल प्रतिबन्धों का विरोध नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जागरण और प्रेस की स्वतंत्रता के पक्ष में किया गया संघर्ष भी था।

बीज शब्द : चाँद पत्रिका, चाँद प्रेस, औपनिवेशिक शासन, प्रेस अधिनियम, प्रेस की स्वतंत्रता, फाँसी अंक, भारत में अंग्रेज़ी राज, राष्ट्रीय चेतना, क्रांतिकारी आंदोलन, पत्रकारिता का प्रतिरोध।

मूल आलेख : भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में प्रेस की भूमिका केवल समाचारों के प्रकाशन तक सीमित नहीं थी। समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं ने औपनिवेशिक शासन की नीतियों की आलोचना करने, राष्ट्रीय चेतना का प्रसार करने और जनता के सामने शासन के दमनकारी स्वरूप को उजागर करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। हिंदी पत्रकारिता ने भी इस संघर्ष में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उसने सामाजिक प्रश्नों के साथ-साथ राजनीतिक पराधीनता, राष्ट्रीय स्वाभिमान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के प्रश्नों को भी उठाया। यही कारण था कि ब्रिटिश सरकार प्रेस की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए समय-समय पर विभिन्न कानूनों और प्रतिबन्धों का सहारा लेती रही। इन प्रतिबन्धों का प्रभाव केवल समाचार-पत्रों के प्रकाशन पर नहीं पड़ा, बल्कि राष्ट्रवादी विचारों और औपनिवेशिक शासन की आलोचना को सार्वजनिक रूप से व्यक्त करने की स्वतंत्रता भी प्रभावित हुई। फिर भी भारतीय पत्रकारिता ने इन परिस्थितियों में प्रतिरोध के विविध रास्ते खोजे।

इसी प्रतिरोधी परम्परा में ‘चाँद’ पत्रिका और चाँद प्रेस का उल्लेख विशेष महत्त्व रखता है। ‘चाँद’ ने सामाजिक प्रश्नों को उठाने के साथ-साथ राष्ट्रीय आंदोलन और औपनिवेशिक शासन से जुड़े मुद्दों को भी अपने प्रकाशन का हिस्सा बनाया। निजी प्रेस की स्थापना के बाद पत्रिका को अपनी सामग्री और प्रकाशन संबंधी निर्णयों में अधिक स्वतंत्रता मिली। इसके बाद उसके राष्ट्रवादी स्वर और शासन की नीतियों की आलोचना अधिक स्पष्ट रूप में सामने आने लगी। इन प्रकाशनों ने औपनिवेशिक शासन की दमनकारी नीतियों, क्रांतिकारियों के बलिदान और भारत में ब्रिटिश सत्ता के स्वरूप से जुड़े प्रश्नों को सामने रखा। इनके विरुद्ध की गई सरकारी कार्रवाइयों ने प्रेस पर नियंत्रण की औपनिवेशिक नीति को उजागर किया। इसके बावजूद चाँद प्रेस ने पुलिस की निगरानी, मुकदमों और आर्थिक कठिनाइयों के बीच अपना प्रकाशन कार्य जारी रखा।

1857 की क्रांति की व्याप्ति से सहमकर अंग्रेजों द्वारा देशी भाषाओं की पत्र-पत्रिकाओं को नियंत्रित करने के लिये ‘वर्नाक्यूलर प्रेस एक्ट’(1878) लाया गया। यह विशेष रूप से भारतीय भाषाओं में कार्य कर रहे प्रेस को नियंत्रित करने हेतु लाया गया अधिनियम था। नेताओं और प्रेस के व्यापक विरोध के पश्चात वायसराय लॉर्ड रिपन द्वारा इसे निरस्त कर दिया गया। कई प्रेस अधिनियम हिन्दी का पहला समाचार-पत्र प्रकाशित होने के पूर्व ही अस्तित्व में आ चुके थे, हिन्दी पत्रकारिता प्रतिबन्धों के साये में ही शुरू हुई।

स्वतंत्रता आन्दोलन के सबसे उर्वर दौर बीसवीं सदी के आरम्भ में ही ब्रिटिश सरकार ने 1910 का ‘भारतीय प्रेस अधिनियम’ लागू कर दिया। यह अधिनियम प्रेस प्रतिबन्धों के मामले में सबसे क्रूर साबित हुआ। स्वदेशी आंदोलन और क्रांतिकारी गतिविधियों के चरम उभार के दौरान यह कानून पारित हुआ। इसमें पत्र-पत्रिकाओं के प्रकाशकों को अग्रिम जमानत के रूप में 500 से 2000 रुपये तक की राशि जमा करने का प्रावधान किया गया। स्थानीय सरकारों को यह अधिकार दिया गया कि वे अंग्रेज़ी सरकार की नज़रों में ‘देशद्रोही’ पुस्तकों या समाचार-पत्र या अन्य सामग्री के प्रकाशन पर जमानत जब्त कर सकते हैं या प्रेस को जब्त कर सकते हैं और इसके जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ वारंट जारी कर सकते हैं। इस अधिनियम के माध्यम से राष्ट्रवादी और क्रांतिकारी गतिविधियों में संलग्न प्रेस और पत्रकारों पर निगरानी, जुर्माना और गिरफ़्तारी की जाने लगी। इसके फलस्वरूप सर्वप्रथम इलाहाबाद के पत्र ‘स्वराज’ की जमानत जब्त की गई। राष्ट्रीय दैनिक पत्र ‘बॉम्बे क्रोनिकल’ की जमानत जब्त कर ली गई और सम्पादक बी. जी. हार्निमैन को देश निकाला दे दिया गया। इसके अलावा लाहौर के ‘ट्रिब्यून’, इलाहाबाद के ‘इंडिपेंडेंट’ और ‘भविष्य’ आदि कई पत्रों को जमानत जब्ती और बंदी का सामना करना पड़ा। सरकारी सेंसरशिप और सख्ती से प्रेस आहत हुई, परन्तु पूरी जीवटता के साथ प्रतिरोध का दामन थामे रही। भारतीय प्रेस के इस बेखौफ़ और असरदार किरदार से तत्कालीन समाजसेवी, राजनेता, और साहित्यकार आदि सभी परिचित थे। महात्मा गाँधी, भीमराव आंबेडकर और जवाहरलाल नेहरु सरीखे राजनीतिज्ञों से लेकर समाजसुधारकों और साहित्यकारों ने भी प्रेस को अपनी निडर आवाज़ बनाया। आर्डिनेंस के युग में सरकारी प्रतिबंधों, जुर्मानों और मुकदमों की मार सहते-सहते भारतीय प्रेस देश सेवा करते रहे। इनमें से कुछ अल्पावधि में ही बिखर गए और कई पूर्वजों से जीवनामृत लेकर तूफानों की मार झेलकर डटे रहे।

चाँद प्रेस इसी प्रतिरोध के बेखौफ़ बरगद की एक विकसित शाखा थी। चाँद प्रेस की शुरुआत तथ्यों के अनुसार अक्टूबर, 1926 में हुई, परन्तु उसके अस्तित्व की शुरुआत ‘चाँद पत्रिका’ के प्रकाशन के साथ ही हो गई थी। नवम्बर, 1922 में प्रकाशित ‘चाँद’ पत्रिका प्रतिबन्धों के बीच जन्मी और अंग्रेज़ी सरकार के निशाने पर रही। केवल सामाजिकता का आग्रह लेकर चलने के आश्वासन के बाद भी ‘चाँद’ से 1500 रूपये की जमानत माँगी गई। जमानत जमा नहीं कर पाने के कारण पत्रिका को प्रकाशन के लिये लम्बे समय तक इंतज़ार करना पड़ा। आख़िरकार नवम्बर, 1922 में पत्रिका शुरू हो सकी। ‘चाँद’ पत्रिका भले ही स्त्रियों के लिये सामाजिक पत्रिका का लिहाफ ओढ़कर शुरू हुई, परंतु अपने पहले ही अंक में भारतमाता की छवि मुख्यपृष्ठ पर प्रकाशित की। पत्रिका में ब्रिटिश व्यवस्था और कानून की कटु आलोचना और जनपक्ष को विभिन्न विद्वानों की रचनाओं द्वारा अभिव्यक्त किया जाता था। पत्रिका के प्रकाशक रामरख सिंह सहगल जानते थे कि राष्ट्र परतंत्र हो तो सामाजिक सुधार की बागडोर भी गैरों के हाथ में होती है। इसलिए उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक स्वतन्त्रता दोनों को अपने ‘विज़न’ में शामिल किया। इस उद्देश्य के मार्ग में प्रेस की परनिर्भरता आड़े आती थी। ‘चाँद’ पत्रिका की लोकप्रियता और ग्राहक बढ़ते जा रहे थे। अप्रैल, 1926 ई तक ‘चाँद’ के 5000 ग्राहक होने का उल्लेख मिलता है। इसके बाद ग्राहकों की संख्या बढ़ती गई। निजी प्रेस न होने के चलते पत्रिका के आकार, पृष्ठों की गुणवत्ता और रंग के साथ-साथ मनचाही सामग्री के प्रकाशन और अधिक अंक छापने में भी बाधा आ रही थी। पत्रिका बार-बार विलम्ब से छपती थी और इसके लिये प्रकाशक को लज्जित होना पड़ता था। ‘चाँद’ में समय-समय पर पत्रिका के विलम्ब के लिये माफ़ी और स्पष्टीकरण से यह स्थिति साफ़ हो जाती है। निजी प्रेस खोलने की पूर्व सूचना के साथ दिए वक्तव्य से ये मुश्किलें समझी जा सकती हैं, जिसमें सम्पादक रामरख सिंह सहगल ‘चाँद’ के निज़ी प्रेस को उसका जीवनदान मानते हैं, “शिक्षित समाज- स्त्री हो या पुरुष-हमारे उद्देश्यों की महानता को स्वीकार कर चुका है- उसे हमारे उद्देश्यों से पूर्ण सहानुभूति है। ‘चाँद’ की सफलता का यही एकमात्र कारण है...’चाँद’ केवल इस महत्वपूर्ण सम्मान को पाकर संतुष्ट है , इस से अधिक वह अपनी सेवाओं का पुरस्कार नहीं चाहता। केवल वह जीना चाहता है और आपसे जीवन-दान माँगता है, इससे अधिक उसे और कुछ नहीं चाहिए। वह जीवन-दान है एक बहुत भारी प्रेस।”1

आख़िरकार ‘चाँद’ को जीवनदान मिला और अक्टूबर 1926 से पत्रिका चाँद कार्यालय के निज़ी प्रेस, ‘फाइन आर्ट प्रिंटिंग कॉटेज’ से छपने लगी। इस बदलाव से बाहरी कलेवर के साथ ही पत्रिका का आंतरिक सुर भी बदला। अपनी पसंदीदा सामग्री छापने के लिये अब प्रकाशक स्वतंत्र थे। इसके अलावा यह प्रभाव और भी स्पष्ट रूप में दिखने लगा क्योंकि असहयोग आन्दोलन के बाद स्वतंत्रता आन्दोलन भी अपनी जड़ें मजबूत कर चुका था। निजी प्रेस खुलने के बाद 'चाँद' के राष्ट्रवादी स्वर में तीव्रता आने लगती है। अक्तूबर 1927 के 'अराजकता का सूत्रपात' शीर्षक में सम्पादक अंग्रेजी शासन पर सीधा प्रहार करते हैं और भारत में फैली अराजकता और साम्प्रदायिकता का कसूरवार अंग्रेजों को भी ठहराते हैं। इस बदलाव में एक 1927 में प्रकाशित अमेरिकी पत्रकार कैथरीन मेयो की पुस्तक 'मदर इंडिया' निर्णायक साबित होती है। इसमें भारत में स्त्रियों और दलितों की स्थिति को अत्यंत सोचनीय बताकर प्रश्नांकित किया गया था। मिस मेयो ने हिन्दू धार्मिक स्थलों और मान्यताओं पर जो टिप्पणियाँ की, वह भारतीयों को रास नहीं आयी। पुस्तक को लेकर भारतीयों में सघन प्रतिक्रिया देखने मिलती है। इस पुस्तक के जवाब में पुस्तकों और लेखों की झड़ी लग जाती है। स्वाधीनता की मांग कर रहे भारतीयों को यह पुस्तक अंग्रेज़ी सरकार की रणनीति लगती है, जिसके माध्यम से वे भारतीयों को स्वशासन के अयोग्य ठहराना चाहते थे। ‘मदर इंडिया’ में प्रस्तुत की गई भारत की नकारात्मक छवि को ‘चाँद’ ने अंग्रेजों का पूर्वाग्रह और द्वेषपूर्ण मानकर खारिज़ किया। इस पुस्तक की आलोचना करते हुए ‘भारत माता’ शीर्षक सम्पादकीय के बहाने भारत में अंग्रेज़ी राज के घृणित चेहरे को उजागर किया गया। सम्पादक भारत की स्थिति का जिम्मेदार अंग्रेजों को ठहराते हैं और भारत की वास्तविकता जाने के लिये मिस मेयो को उन पुस्तकों को पढ़ने की सलाह देते हैं जो भारत में अंग्रेजी शासन के साम्राज्यवादी चरित्र को उजागर करने वाली शुरुआती पुस्तकें हैं। दादाभाई नौरोजी की पुस्तक ‘Poverty And Un-British Rule in India’(1901), लाला लाजपत राय की पुस्तक ‘England’s Debt to India’(1917), सखाराम गणेश देउस्कर की पुस्तक ‘देशेर कथा’ (1904) जो बांग्ला की पुस्तक थी और प्रतिबंधित हुई थी आदि का हवाला देते हुए भारत की तत्कालीन हालत का ज़िम्मेदार ब्रिटिश शासन को बताया जाता है। इस प्रकार ब्रिटिश शासन की प्रत्यक्ष आलोचना का सिलसिला पत्रिका में शुरू हो जाता है।

इसी क्रम में चाँद के वे प्रकाशन आते हैं जो प्रतिबंधित हुए, ‘चाँद’ का नवम्बर, 1928 ई में प्रकाशित ‘फाँसी अंक’ इस बात को प्रामाणिकता देता है। आचार्य चतुरसेन शास्त्री के संपादकत्व में यह विशेषांक निकला। इस अंक का मुख्य स्वर अंग्रेज़ी सरकार के काले कानून प्राणदंड की नीति की अमानवीयता उजागर करना था। इस क़ानून के द्वारा भारतीय स्वतंत्रता के लिये हिंसात्मक क्रांतिकारी गतिविधियों में शामिल नौजवानों की बलि दी जा रही थी, ताकि प्राणदंड के भय से क्रांति की चिंगारियों को फैलने से रोका जा सके। इस अंक में विभिन्न रचनाओं के माध्यम से ‘फाँसी’ जैसी क्रूरता का जमकर विरोध किया गया। खुदीराम बोस जैसे क्रांतिकारी किशोर की फाँसी से भारतीयों में सरकार के प्रति भड़की विद्रोह और असंतोष की भावना को इस विशेषांक ने और भी सुलगाया। “अगरेज़ी क्रानून जो भारतवर्ष में प्रचलित है, उसका रूप और न्याय-वितरण का ढ़ंग ऐसा कुत्सित हो गया है कि साधारणतया लोगों को विश्वास हो गया है कि सत्य- पक्ष ही हारता है। कानून-जैसी गम्भीर नीति का ऐसे अपवाद में ग्रसित होना खेदजनक है।”2

विशेषांक में 1857 की क्रांति और उसके पहले के क्रांतिकारी तांत्या भील के संस्मरणों में ब्रिटिश सरकार द्वारा किये गए नरसंहार का जायजा लिया गया और उनकी हरसंभव भर्त्सना की गयी। दीपावली के दिन ज़ारी इस विशेषांक में अंग्रेज़ी राज की अंधेरी अमावस्या का यथार्थ दिखाकर भविष्य की स्वतन्त्रता के लिये आशा का दीप जलाया गया। “निकट ही वह दिन है। कुछ मास व कुछ वर्ष व्यतीत होने दो-एक महान् विप्लव की आँधी सायें- साय करती चली आ रही है, जो पचासों वर्ष तक भारत को दिवाली के दिए न जलाने देगी, परन्तु उसके बाद जो दिए जलेंगे वे क्षुद्र मिट्टी के टिमटिमागे दिए न होंगे-वे होंगे रक्तदीप; और उन्हें साक्षात् राज्य-लक्ष्मी अपने हाथों से जलावेगी!”3

माना जाता है कि भगत सिंह जैसे क्रांतिकारी और उनके साथियों ने नाम बदलकर फाँसी अंक में कवितायें लिखीं। ‘विप्लव यज्ञ की आहुतियाँ’ शीर्षक में ब्रिटिश सरकार द्वारा फाँसी के फंदे पर चढ़ा दिये गये भारतीय क्रांतिकारियों का संक्षिप्त परिचय उपलब्ध कराया गया। चाँद प्रेस के संचालक रामरख सिंह सहगल क्रांतिकारियों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए थे। ‘चाँद प्रेस’ की ‘मातृमंदिर’ संस्था क्रांतिकारियों की शरणस्थली हुआ करती थी। ‘फाँसी अंक’ की क्रांतिकारिता, सफलता और लोकप्रियता से भयाक्रांत होकर अंग्रेज़ी सरकार ने एक माह बाद ही 10 दिसंबर, 1928 को इस अंक की जब्ती की आज्ञा ज़ारी कर दी। औपनिवेशिक सरकार की इस कार्रवाई का ‘चाँद’ ने विरोध किया। फरवरी 1929 के अंक में ‘फाँसी अंक की फांसी’ शीर्षक टिप्पणी में इस तानाशाही का विरोध करते हुए सम्पादक लिखते हैं, “आज अपनी दासता का हमें विशेष तथा प्रत्यक्ष अनुभव हुआ है और अपने गरेबान में मुँह डालकर आज हम अपनी परवशता का बड़ा दारुण स्वरुप देख सकते हैं।” ‘चाँद प्रेस’ और इसके संचालक को पुलिस की निगरानी, तलाशी और मुकदमे का सामना करना पड़ा। फाँसी अंक पर प्रतिबन्ध के बाद ‘चाँद प्रेस’ की डाक द्वारा भेजी जाने वाली सामग्री को ‘सेंसर’ किया जाने लगा। रवानगी से पहले पैकेट्स खोलकर सामग्री का जायजा लिया जाता था। “पाठकों को विस्मरण न करना चाहिए, कि वह ऑर्डिनेन्स-युग था। मुर्गी के अण्डों की भाँति उस ज़माने के वायसरॉय और गवर्नर-जनरल लॉर्ड विलिङ्गडन प्रायः नित्य ही एक नया ऑर्डिनेन्स प्रसव किया करते थे। मेरी कोठी के चारों ओर 24 घण्टे खुफ़िया पुलिस के भूत मँडराया करते। बाद में तो उन्होंने कोठी के सामने अपने ख़ीमे- तक गाड़ लिए थे। कहीं भी कोई बम फटा अथवा कोई राजनैतिक हत्या हुई, कि इलाहाबाद में सब से पहिले मेरी तलाशी हुआ करती थी। यदि मैं भूल नहीं करता, तो कुल मिला कर करीब 40 बार मेरे यहाँ पुलिस ने तलाशियाँ ली होंगी। किसी-किसी बार तो पुलिस के सैकड़ों सशस्त्र सिपाही तथा ऑफिसर मेरी कोठी का रातों-रात घेरा डाल लिया करते और दिन निकलते ही तलाशी शुरू हो जाती। 'भविष्य' के कई सम्पादक गिरफ़्तार हुए और इसके कई अंक ज़ब्त भी कर लिए गए।”4 लेकिन चाँद प्रेस की क्रांतिकारी सामग्री में इससे कोई कमी नहीं आई। ‘फाँसी अंक’ के प्रकाशन और जब्ती के मात्र चार महीने बाद ही अंग्रेज़ी सरकार को कंपा देने वाली पुस्तक ‘भारत में अंग्रेज़ी राज’ का प्रकाशन भी ‘चाँद प्रेस’ ने ही किया। पुस्तक के लेखक पंडित सुन्दरलाल पहले से ही राष्ट्रवादी गतिविधियों में संलग्न थे। उन्होंने इलाहाबाद से ‘कर्मयोगी’(1909) और ‘भविष्य’(1918) जैसे क्रांतिकारी पत्रों का सम्पादन किया था। वे कांग्रेस की सक्रिय राजनीति से भी जुड़े हुए थे। ‘चाँद’ में लगातार प्रकाशित विज्ञापनों और सम्पादकीय से ज्ञात होता है कि उनकी इस पुस्तक के प्रकाशन की तैयारी 2 साल से की जा रही थी। पुस्तक के विज्ञापन की 15000 प्रतियां छपवाई गईं, जिसकी 10000 प्रतियां फाँसी अंक के साथ चस्पा कर दी गईं और बाकी अन्य प्रकाशकों द्वारा विज्ञापित की गईं। ‘पत्रांक’ (मई 1928) में इस पुस्तक और अन्य लेखों के धारावाहिक रूप में प्रकाशन की अग्रिम सूचना छापी गई थी। ‘चाँद’ के जनवरी, फरवरी 1929 के अंक में इस पुस्तक का एक-एक अध्याय प्रकाशित किया गया था। साथ ही पुस्तक के शीघ्र प्रकाशित होने की सूचना भी दी गई थी। इस पुस्तक को तैयार करने में लेखक द्वारा गहन अध्ययन और अनुसंधान किया गया था और तथ्यों के प्रमाणीकरण के लिए देशभर के विद्वानों के साथ-साथ अंग्रेज़ी के विद्वानों की सामग्री का भी प्रमुखता से उपयोग किया गया था। लेखक सुन्दरलाल की 4 वर्षों की कड़ी मेहनत और चाँद प्रेस की लगभग 25000 रुपये की पूंजी से यह पुस्तक 18 मार्च, 1929 की शाम को प्रकाशित हो सकी। इसकी 2000 प्रतियाँ छपवाई गईं। सहगल की तत्परता से इसकी 1700 प्रतियाँ तीन दिनों के भीतर ही ग्राहकों तक पहुँचा दी गईं। प्रकाशन के कुछ घंटों के भीतर ही इस पुस्तक की जब्ती की आज्ञा 22 मार्च को चाँद कार्यालय पहुँच गई। पुस्तक प्रकाशन की पूर्व सूचना और व्यापक प्रचार के बावजूद सरकार की अनदेखी और प्रकाशन के बाद जब्ती की जल्दबाज़ी से साफ़ था कि सरकार द्वारा पुस्तक को बिना अध्ययन और पड़ताल के ही जब्त कर लिया गया था। इस पुस्तक की नाटकीय जब्ती से ब्रिटिश सरकार द्वारा ‘चाँद प्रेस’ को गहरा आघात पहुँचाने की मंशा जाहिर होती है।

अंग्रेज़ी सरकार नहीं चाहती थी कि भारतीयों के सम्मुख उनका सच्चा इतिहास पहुँचे। भारत के इतिहास की सच्चाई और औपनिवेशिक सरकार की शोषणपरक सत्ता को बेनकाब करती इतिहास पुस्तकों की जब्ती सरकार की इस रणनीति को जगजाहिर कर देती है। अंग्रेज़ी सरकार के प्रतिबन्ध की रडार पर ‘1857 की क्रांति’ सबसे पहले आती थी। अंग्रेज़ी सत्ता के अत्याचारों के खिलाफ भारतीयों के पहले सामूहिक विद्रोह की ताकत अंग्रेज़ जानते थे। उन्हें हमेशा ही डर लगा रहा कि कहीं भारतीय फिर संगठित न हो जायें, इसलिए 1857 के असली इतिहास को जनता की नज़रों से ओझल ही रखना चाहते थे, ताकि वह आम नज़रों में ‘बलबा’ या ‘ग़दर’ ही बना रहे। सावरकर की पुस्तक ‘द इंडियन वॉर ऑफ़ इंडिपेंडेंस 1857’ को प्रकाशन पूर्व ही प्रतिबंधित कर दिया गया था। सखाराम गणेश देउस्कर की 1904 में प्रकाशित बांग्ला पुस्तक ‘देशेरकथा’ पर भी 1910 में प्रतिबन्ध लगा दिया गया था। 1910 में बाबुराव विष्णु पराड़कर द्वारा इस पुस्तक का हिन्दी अनुवाद किया गया, उसे भी शीघ्र ही प्रतिबंधित कर दिया गया। भाई परमानन्द की इतिहास पुस्तक ‘तवारीखे हिन्द’ अर्थात ‘भारत वर्ष का इतिहास’ को भी सरकार ने प्रतिबंधित कर दिया था। प्रतिबन्धों की इस क्रूर परम्परा में सबसे अधिक हिन्दी पुस्तकें प्रतिबंधित हुईं।

इन कार्रवाइयों पर प्रतिरोध दर्ज़ करते हुए ‘चाँद’ में लगातार सामग्री प्रकाशित हुई। अप्रैल 1929 के सम्पादकीय में भारतीय इतिहास की प्रामाणिक जानकारी देने वाले इतिहास के अभाव और जरुरत का हवाला देते हुए विभिन्न अंग्रेज़ी विद्वानों के उद्धरणों द्वारा स्पष्ट किया गया कि उपलब्ध इतिहास ग्रन्थ भारत का वास्तविक इतिहास न होकर, शासक के अनुसार परिवर्तित और चुनिन्दा तथ्य हैं, जिनमें समस्त जनता का इतिहास नहीं है। “रोमन लोग जब किसी देश को विजय करते थे तो उस देश की भाषा और साहित्य को यथाशक्ति दबा कर उसके स्थान पर रोमन भाषा, रोमन साहित्य और रोमन आचार-विचार के प्रचार का प्रयत्न करते थे...आजकल हमारे स्कूल और कॉलेजों में पढ़ाई जाने वाली पाठ्य-पुस्तकें और विशेषकर इतिहास इसी लक्ष्य को सामने रखकर लिखे जाते हैं।”5 भारतीय भाषाओं में भारतीयों के लिये इतिहास की जरुरत थी। लगभग 2100 पृष्ठों की पुस्तक ‘भारत में अंग्रेज़ी राज’ इसी लक्ष्य को पूर्ण करने का यत्न थी। फाँसी अंक के बाद इस पुस्तक की अचानक जब्ती और अंग्रेज़ी राज के विरोध के पुख्ता प्रमाण के बिना ही अफसरों द्वारा पुस्तक की जब्ती का फरमान, पत्रकारिता की शक्ति से परिचित और भयभीत अंग्रेज़ी राज की बेचैनी का सबूत था। इसकी प्रतियों को जब्त करने के लिये देशभर में तलाशियाँ हुईं। इस अनवरत तानाशाही का तत्कालीन पत्र-पत्रिकाओं ने जमकर विरोध किया। इस प्रतिबन्ध पर महात्मा गांधी ने ‘यंग इंडिया’ और ‘नवजीवन’ पत्र में इसे ‘दिन-दहाड़े डाका’ बताते हुए लिखा- “पंडित सुन्दरलाल की विद्वत्तापूर्ण हिन्दी पुस्तक के दोनों खण्डों की बिना मामला चलाए, बिना परीक्षा किए और ग्रन्थकर्ता को किसी भी रूप में अपना पक्ष समर्थन करने का अवसर न देते हुए, जो ज़ब्ती की गई है, यह संयुक्त-प्रान्त की सरकार के दिन- दहाड़े डाका डालने से किसी कदर कम नहीं है। इन पुस्तकों पर ग्रन्थकार ने वर्षों तक मेहनत की थी। इनके प्रकाशन में भी बहुत ज्यादा रुपया खर्च हुआ है और अगर जब्ती का हुक्म कायम रक्खा गया तो उससे ग्रन्थकर्ता या प्रकाशक का, जिस किसी ने भी इन पर इतना धन खर्च किया हो, सर्वनाश ही समझ लेना चाहिए। सरकार को अन्त समय तक अँधेरे में नहीं रक्खा गया था, उसे पता था कि पुस्तक के दोनों भाग शीघ्र ही प्रकाशित होने वाले हैं और उसे यह भी मालूम था कि उनमें क्या होगा। तिस पर भी उसने बिना हिदायत और बिना योग्य परीक्षण के पुस्तक को एकदम जब्त कर लिया। प्रकाशक के कथनानुसार युक्त-प्रान्त की सरकार को पुस्तक की परीक्षा के लिए दो दिन से ज्यादा का समय नहीं मिल सकता था। ग्रन्थकर्ता को और जनता को यह जानने का पूर्ण अधिकार था कि पुस्तक में कौन सी बात आक्षेप-योग्य थी। मैं अपने कड़वे अनुभव की बात लिखता हूँ। आज तक मुझे मालूम नहीं हुआ है कि मेरी 'हिन्द-स्वराज्य' और 'सर्वोदय' नामक पुस्तकें क्यों जब्त की गई थीं। मुझे उनकी ज़ब्ती की कोई सूचना नहीं दी गई थी। सिर्फ एक मित्र से मुझे मालूम हुआ था कि ये पुस्तकें ज़ब्त की गई थीं।”6

‘लीडर’, ‘पायनियर’, ‘पीपुल’ ‘सर्चलाईट’ ‘अमृत बाज़ार पत्रिका’, ‘फारवर्ड’, ‘मॉडर्न रिव्यू’ जैसे अंग्रेज़ी भाषा के प्रसिद्ध अखबारों के साथ-साथ ‘प्रताप’, ‘कर्मवीर’, ‘आज’, ‘आर्य’, ‘विश्वमित्र’, ‘वर्तमान’, ‘अभ्युदय’, ‘भारत’, ‘पंजाब-केसरी’, ‘मतवाला’, ‘स्वदेश’, ‘माधुरी’ आदि पत्र-पत्रिकाओं ने इस पुस्तक पर आनन-फानन में लगाये गये प्रतिबन्ध का विरोध करते हुए अपनी राय जाहिर की। भारतीय प्रेस की एकजुटता का सुन्दर दृश्य इन टिप्पणियों में हैं। इन प्रतिक्रियाओं में ‘चाँद प्रेस’ ले प्रति समकालीनों की सहानुभूति और अंग्रेज़ी राज के प्रति गहरा आक्रोश और असंतोष भी देखा जा सकता है। पत्र ‘आर्य’ ने लिखा, “सरकार हर तरफ से चौकन्नी हो गई है, वह हमारा दम घोंटकर रखना चाहती है। वह सत्य बातों पर सदा परदा डाले रखना चाहती है, वह यह नहीं चाहती कि आम जनता यह जान जाये कि ब्रिटिश शासन ने भारत में किन फरेबों, किन जालसाजियों, किन चालों और किन अत्याचारों से अपना पैर जमाया है।”7 ‘इंडियन जर्नलिस्ट असोसिएशन’ ने कलकत्ता में 7 अप्रैल, 1929 को आयोजित बैठक में सरकार के इस कृत्य की भर्त्सना की और लेजिसिलेटिव असेम्बली में चौधरी मुख़्तार सिंह ने भी इस ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। किताब पर लगाए प्रतिबन्ध के विरुद्ध न्यायालय में चल रहे मुक़दमे में उनके वकील सर तेजबहादुर सप्रू ने तर्क दिया कि "इसमें एक भी तथ्य असत्य नहीं है।" इसके जवाब में सरकारी वकील ने जो कहा वह इस किताब की महत्ता का प्रमाण है- ‘मी लॉर्ड! यह इसीलिए अधिक खतरनाक है।’

इन प्रत्यक्ष प्रतिबन्धों के साथ-साथ अन्य बंदिशें भी चाँद पर लगाईं गईं। पत्रिका के राष्ट्रमुक्ति के लिये किए गए प्रयासों से जब अंग्रेज़ी सत्ता अनभिज्ञ थी, तब सरकार पंजाब, मध्य प्रांत, बेरार, संयुक्त प्रांत और कश्मीर राज्य आदि के सार्वजनिक शिक्षा निदेशकों को विद्यालयों और पुस्तकालयों में ‘चाँद’ पत्रिका के उपयोग की सिफारिश की गई थी। ‘फाँसी अंक’ और ‘भारत में अंग्रेज़ी राज’ पर प्रतिबन्ध के बाद राज्यों के निदेशकों को दी गई सिफारिश को भी रद्द कर दिया गया। “So far appreciated and recommended for use in Schools and Libraries by the Directors of Public Instruction Punjab, Central Provinces and Berar but no longer approved by the U। P। Government and should not be purchased by any recognized School of these Provinces।”8

‘संयुक्त- प्रांतीय सरकार का तीसरा हमला’ शीर्षक से विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं ने सरकार के इस कदम का भी जमकर विरोध किया। अंग्रेजी सरकार के इस रवैये के बाद भी ‘चाँद’ के राष्ट्र-मुक्ति के तेवर में नरमी नहीं आई। बल्कि पलटवार करते हुए ‘चाँद’ ने प्रत्यक्ष रूप से मुख्य पृष्ठ पर पत्रिका का मुख्य उद्देश्य लिखना शुरू किया, “आध्यात्मिक स्वराज्य हमारा ध्येय, सत्य हमारा साधन और प्रेम हमारी प्रणाली है। जब तक इस पावन अनुष्ठान में हम अविचल हैं, तब तक हमें इसका भय नहीं कि हमारे विरोधियों की संख्या और शक्ति कितनी है।”9 पाँच माह के भीतर दो जब्तियों, प्रतिबन्धों और मुकदमों से ‘चाँद प्रेस’ को अपूरणीय आर्थिक क्षति हुई। पुलिस और सीआईडी अफसरों द्वारा आए दिन चाँद कार्यालय की छानबीन और पूछताछ से कार्यालय के रोजमर्रा के काम और प्रकाशन तथा बिक्री प्रभावित हुई। मुकदमों की कार्रवाइयों और आर्थिक बोझ के वावजूद ‘चाँद प्रेस’ की रीढ़ सीधी ही रही। शासन की लाठी की मार का प्रभाव प्रेस-संचालक के मनोबल पर नहीं पड़ सका। अप्रैल, 1929 के अंक का वक्तव्य चाँद प्रेस के अनछुए आत्मबल का ही लिखित रूप है- “यद्यपि हम जानते हैं कि लगातार विशेषांकों का-ऐसे विषयों पर जिन्हें शायद किसी ही पत्रिका ने छूने का साहस न किया हो-प्रकाशन करना वास्तव में कठिन है- लोहे के चने चबाना है। परन्तु जो पुरुष मृत्यु तक परिश्रम और सिपहगिरी पर कटिबद्ध है, वह तो कठिनाइयों को वधु की तरह वरेगा ही।”10

‘चाँद प्रेस’ के अलावा कई अन्य पत्र-पत्रिकाओं में भी औपनिवेशिक सत्ता की खिलाफत का ज्वार बढ़ता ही गया। जैसे-जैसे स्वतन्त्रता आन्दोलन महात्मा गाँधी और क्रांतिकारियों की अगुवाई में दिनोंदिन बढ़ता जा रहा था, वैसे-वैसे पत्रकारिता भी देश के प्रति समर्पित होती जा रही थी। चौतरफ़ा विप्लव की आग से घिरी ब्रिटिश सरकार प्रतिबन्ध की दीवारों को ऊँचा करती जाती थी। 27 अप्रैल, 1930 की विज्ञप्ति द्वारा 1910 के प्रेस अधिनियम को पुनः प्रभावी कर दिया गया। इसके अनुसार अगर समाचारपत्र, पुस्तक या लेखादि, जिनमें शब्दों, चित्रों आदि के द्वारा अनुमान, संकेत, उदाहरण, प्रतीक, अभिधा या व्यंग्यार्थ में किसी भी प्रकार क्रांतिकारी गतिविधियों को उत्तेजित करने, सम्राट या सम्राट के किसी नरेश या सामंत के सम्बन्ध में घृणा या विद्वेष फैलाने या व्यक्तियों को सरकारी टैक्स न देने के लिए उकसाने आदि से संबंधित सामग्री का प्रकाशन किया जाता है, तो प्रेस की जमानत और प्रेस की जब्ती की जा सकती है। इसके प्रभावी होते ही राष्ट्रवादी समाचार-पत्रों की जमानत जब्ती और संपादकों पर कठोर कार्रवाई की गई। कई राष्ट्रीय अखबार जमानत जब्ती और मुकदमें के डर से बंद हो गए। ‘प्रताप’ और ‘आज’ जैसे प्रसिद्ध अखबारों के संपादकों को तलब कर पुलिस ने सम्पादकीय और स्तम्भ न लिखने की हिदायत दी और न मानने पर मोटी जमानत माँगी गई। इस दवाब में कानपुर के ‘प्रताप’ और वाराणसी के ‘आज’ का संपादन बंद हो गया। चाँद प्रेस के संचालक रामरख सिंह सहगल ने तमाम खतरों को पहचानते हुए भी इस क़ानून का खुला विरोध किया। इस क़ानून के विरोध में जून, 1930 के अंक से इस क़ानून को ‘काल’ संबोधित किया गया और इस कानून के ज़ारी रहने तक ‘कानून या काल’ शीर्षक देकर सम्पादकीय खाली रखने की बात की गई। “वर्तमान परिस्थिति- दुर्भाग्य से ऐसी दारुण परिस्थिति है, जिसमें अपने देश का शुभचिंतक राजविद्रोही करार दिया जाता है और अन्याय का विरोध करने को ही ‘अराजकता’ कहा जाता है!! अतः इस अनावश्यक और अनर्थकारी कानून के विरोध में हम इस मास के अंक से ‘संपादकीय विचार’ तथा ‘रंगभूमि’ आदि संपादकीय टिप्पणियाँ लिखना तब तक के लिए बंद करते हैं, जब तक इस विषय में कोई उचित निर्णय न हो जाय।”11

इसी अंक में श्रीमती कस्तूरबा गाँधी के नेतृत्व में आन्दोलनरत स्त्रियों, नमक कानून तोड़ती स्त्रियों, ब्रिटिश सत्ता विद्रोही सभाओं के चित्र आदि प्रकाशित किये गये, जबकि पुनर्स्थापित प्रेस कानून में सरकार के विरोध को राजद्रोह मानकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। फिर भी ‘चाँद’ का कहना था- “एक ओर है प्रेस की स्वाधीनता का ऐसा रोमांचकारी अपहरण और दूसरी ओर है शासक वर्ग तथा पुलिस की दिनोंदिन बढ़ती हुई अमानुषिक बर्बरता तथा धींगा-धींगी....आम को आम और जामुन को जामुन कहना ‘चाँद’ की निश्चित-नीति है, अतएव वर्तमान परिस्थिति में भारतीय महिलाओं और बच्चों पर किए जाने वाले अपमान और अत्याचार को आँखें बंद करके सह लेना- हम अस्वीकार करते हैं, हमारी शक्ति के बाहर की बात है। हमारा यह दृढ़ विश्वास है कि संसार की किसी भी महत्वपूर्ण घटना पर निष्पक्ष और निडर टिप्पणी न करना, अपने पढ़ने वालों तथा अपनी आत्मा के साथ विश्वासघात करना है।”12

सरकार का डंडा और आँखें प्रेस पर गड़ी रहीं, लेकिन ’चाँद प्रेस’ ने अपनी विद्रोही धार को नहीं खोया। अंग्रेज़ी अत्याचारों का सिलसिला भी थमा नहीं। भगत सिंह और उनके साथियों को असेम्बली बम केस में 23 मार्च, 1931 ई। को फाँसी की सजा सुनाई गई और जनता के आक्रोश को भांपकर तय समय से पहले ही उन्हें सूली पर लटका दिया गया। चश्मदीदों का कहना था कि भगत सिंह ने हँसकर फंदे को गले लगाया। ‘चाँद प्रेस’ भी हज़ार हमलों के बीच कफ़न ओढ़कर आगे बढ़ रही थी। क्रांतिकारियों की वीरता और शहादत को चाँद पत्रिका में भरपूर जगह दी गई। अप्रैल, 1931 के अंक में तीनों शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की तस्वीरों के साथ कैप्शन लिखकर प्रकाशित किया गया- ‘खुश रहो अहले-वतन हम तो सफ़र करते हैं’। मई, 1931 के अंक में इन क्रांतिकारियों के परिवारजनों के नाम और तस्वीरें भी प्रकाशित की गईं। भगत सिंह की शहादत को याद करते हुए उनके साथी रहे जितेन्द्रनाथ सान्याल ने उनके क्रांतिकारी जीवन की यात्रा को सहेजकर सर्वप्रथम ‘SARDAR BHAGAT SINGH: A SHORT LIFE SKETCH’ नाम से जीवनी का रूप दिया। यह जीवनी ‘फाइन आर्ट प्रिंटिंग कॉटेज’ अर्थात चाँद प्रेस से मई, 1931 में अंग्रेज़ी भाषा में प्रकाशित की गई। रामरख सिंह सहगल के अनुसार इस पुस्तक को अंग्रेज़ी में प्रकाशित किये जाने का सुझाव सुभाषचंद्र बोस द्वारा दिया गया था ताकि इसका प्रचार-प्रसार विदेश में भी किया जा सके। जितेन्द्रनाथ, भगत सिंह के करीबी रहे, इसलिए इस जीवनी को भगत सिंह के जीवन की सर्वाधिक प्रामाणिक जीवनी माना जाता है। संयुक्त प्रान्त की सरकार ने भगत सिंह की लोकप्रियता और जनता में अग्रेजों के प्रति बढ़ती प्रतिक्रिया से घबराकर जून 1931 में इस जीवनी को भी प्रतिबंधित कर दिया। इसके जुर्म में संपादक, मुद्रक और प्रकाशक को गिरफ्तार करने का वारंट ज़ारी हुआ। इतना ही नहीं गिरफ्तारी के समय आवश्यता पड़ने पर बल प्रयोग की भी इज़ाज़त दी गई। लेखक जितेन्द्रनाथ सान्याल और मुद्रक त्रिवेणीप्रसाद की गिरफ्तारी के समय मौजूद जनता ने ‘भगत सिंह ज़िन्दाबाद’ व ‘इन्कलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाये और फूल मालाएं पहनाई गईं। दोनों पर मुकदमा चलाया गया और पुस्तक के लेखक को दो वर्ष के सश्रम कारावास और त्रिवेणीप्रसाद को एक हज़ार रुपये जुर्माना या इसे अदा न करने पर छः महीने के कारावास की सज़ा सुनाई गई। प्रतिबन्ध हटने पर इस पुस्तक का हिन्दी अनुवाद ‘अमर शहीद: सरदार भगत सिंह’ के नाम से रामरख सिंह सहगल की सुपुत्री स्नेहलता सहगल के द्वारा किया गया। इसे कर्मयोगी प्रेस द्वारा अगस्त, 1947 में प्रकाशित किया गया।

चाँद प्रेस की सामग्री पर लगातार प्रतिबन्ध और मुकदमों की कार्रवाइयों ने इसे आर्थिक मुश्किलों में डाल दिया। लेकिन इसकी लोकप्रियता में वृद्धि होती गई। चाँद के व्यवस्थापक और प्रकाशक रामरख सिंह सहगल को जेल और मुकदमों का सामना करना पड़ा। आए दिन उनके घर पर तलाशी और पुलिस की गश्त होती रहती थी। फिर भी उनके उत्साह में कमी नहीं आई। उन्होंने अक्तूबर 1930 में चाँद प्रेस से ही ‘भविष्य’ पत्रिका निकालनी शुरू की। यह पत्रिका पहले पंडित सुन्दरलाल के सम्पादन में निकल चुकी थी और जुर्माने और जब्ती झेलकर दम तोड़ चुकी थी। सहगल ने इसे पुनर्जीवित किया। ‘चाँद’ पत्रिका के इतर ‘भविष्य’ अपने जन्म से ही राष्ट्रीय जागरण का उद्घोष करता हुआ निकला। ‘भविष्य’ में जितेन्द्रनाथ सान्याल द्वारा लिखित भगत सिंह की जीवनी के अंश को लेख के रूप में प्रकाशित किया गया था। इसी पत्र के सिलसिले में रामरख सिंह को जेल भी जाना पड़ा। वे अपने क्रांतिकारी जीवन के लिए पत्रकारिता जगत में ख्यात हैं। इसके एवज में उनपर मुक़दमे चले और सजा भी हुई। चाँद प्रेस का विज़न भी इन्हीं प्रयासों का परिणाम था। अंग्रेज़ी राज की श्रृंखलाबद्ध यातनाओं के समक्ष भी इस प्रेस की जिजीविषा अपराजेय रही। राष्ट्रीय आन्दोलन और क्रांतिकारी गतिविधियों में चाँद प्रेस की संलिप्तता, सक्रियता और प्रतिरोध को रामरख सिंह सहगल के इस वक्तव्य से भलीभांति समझा जा सकता है, “जब-जब कांग्रेस द्वारा संचालित आन्दोलनों ने उग्र रूप धारण किया, तब-तब मुझे जेल-यात्रा करनी पड़ी और प्रचुर धन का नाश भी हुआ; पर मुझे इस बात का आन्तरिक सन्तोष है कि मैं, न तो कभी नमक बनाने के अभियोग में जेल गया और न झण्डा लेकर आम सड़क पर चलने के अपराध में! प्रत्येक बार मुझ पर भारतीय दण्ड विधान की घारा 124-ए (बग़ावत) के मातहत अमियोग लगाया गया और मुझे इसका गर्व है, कि मैंने अपने इस सिद्धान्त की ईमानदारी से आज तक रक्षा की है। मेरी तो निश्चित -धारणा है कि आज इस देश में जो भी थोड़ा-बहुत राजनैतिक जागरण दिखाई देता है, उसका अधिकांश श्रेय महात्मा गाँधी के शब्दों में, उन मुट्ठी भर ‘गुमराह, उतावले, मूर्ख तथा पथ-भ्रष्ट’ हुतात्माओं को ही है, जिनकी राजनीति ने ब्रिटिश साम्राज्य का नातक़ा बन्द कर दिया था- प्रत्येक अँगरेज़ की नींद हराम कर दी थी। मैंने सदैव इन मुट्ठी भर नवयुवक तथा नवयुवतियों की क़द्र की है- यथाशक्ति समय-समय पर इनकी सहायता भी। इनकी निर्भीकता, साहस, त्याग एवं खड़े-खड़े बलिदान हो जाने की भावना ने मुझे इनका गुलाम बना लिया था। इन्ही सद्‌गुणों से प्रभावित होकर मैंने इनके लिए क्या नहीं किया? आज, जब कि देश का नव-निर्माण होने जा रहा है, मेरा कर्तव्य था, कि देश के कर्णधारों को इनकी सुध दिला दूँ और इसी धारणा से प्रेरित होकर मैंने प्रस्तुत पुस्तक प्रकाशित करने का निश्चय किया और आज यह आपके सामने है।”13

निष्कर्ष : अंग्रेज़ी राज के प्रतिबन्धों और दमनात्मक कार्रवाइयों के बीच चाँद प्रेस ने जिस दृढ़ता से अपना काम जारी रखा, वह तत्कालीन हिंदी पत्रकारिता के प्रतिरोधी स्वरूप को स्पष्ट करता है। 'फाँसी अंक' और 'भारत में अंग्रेज़ी राज' की जब्ती से लेकर भगत सिंह तथा उनके साथियों के बलिदान को प्रकाशित करने तक, चाँद प्रेस ने बार-बार यह प्रमाणित किया कि शासन के भय से सत्य और जनपक्ष की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। प्रतिबन्धों, मुकदमों और आर्थिक क्षति ने उसके मार्ग में कठिनाइयाँ अवश्य उत्पन्न कीं, पर उसकी वैचारिक प्रतिबद्धता को समाप्त नहीं कर सके।

जून, 1930 में प्रेस कानून के विरोध में संपादकीय टिप्पणियाँ स्थगित करने का निर्णय भी इसी प्रतिरोध का महत्त्वपूर्ण उदाहरण है। इससे स्पष्ट होता है कि चाँद प्रेस के लिए पत्रकारिता केवल सामग्री के प्रकाशन का कार्य नहीं, बल्कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध अपनी बात कहने का दायित्व थी। अतः चाँद प्रेस का ऐतिहासिक महत्त्व इस बात में निहित है कि उसने औपनिवेशिक दमन के बीच राष्ट्रीय चेतना, क्रांतिकारियों की स्मृति और प्रेस की स्वतंत्रता के प्रश्न को जीवित रखा।

संदर्भ :
  1. चाँद, अप्रैल 1926
  2. आचार्य चतुरसेन शास्त्री, ‘फाँसी अंक’, चाँद, नवम्बर 1928
  3. वही, विनयांजलि
  4. ‘प्रकाशक के नाते’, सरदार भगत सिंह, अनुवाद स्नेहलता सहगल, संपादक रामरखसिंह सहगल, कर्मयोगी प्रेस लिमिटेड, इलाहाबाद, प्रथम संस्करण, अगस्त 1947,
  5. ‘शीर्षक-हीन’, चाँद, अप्रैल 1929, पृष्ठ सं. 803
  6. ‘भारत में अंग्रेज़ी राज की जब्ती पर लोकमत’, चाँद, मई १९२९
  7. वही
  8. चाँद, जुलाई 1929, मुख्य पृष्ठ
  9. ‘मारवाड़ी अंक’, चाँद, नवंबर 1929, मुख्य पृष्ठ
  10. ‘भारत में अंग्रेज़ी राज की जब्ती पर लोकमत’, चाँद, अप्रैल 1929
  11. चाँद, जून 1930, पृष्ठ सं. 127
  12. वही
  13. ‘प्रकाशक के नाते’, सरदार भगत सिंह, अनुवाद स्नेहलता सहगल, संपादक रामरखसिंह सहगल, कर्मयोगी प्रेस लिमिटेड, इलाहाबाद, प्रथम संस्करण, अगस्त 1947

ऋतु शर्मा
सहायक प्राध्यापक हिन्दी, शासकीय विवेकानंद महाविद्यालय, त्योंथर, रीवा, मध्य प्रदेश

अपनी माटी
( साहित्य और समाज का तिमाही दस्तावेज़ )
  Peer Reviewed & Refereed Journal , (ISSN 2322-0724 Apni Maati) Vol. 66, Issue Nu 2. जुलाई -सितंबर 2026
सम्पादक : माणिक एवं जितेन्द्र यादव रचनात्मक लेखन सम्पादक : विष्णु कुमार शर्मा

Post a Comment

और नया पुराने