आशा और जयदेव : अभी ना जाओ छोड़कर कि दिल अभी भरा नहीं / संगीता शर्मा

आशा और जयदेव : अभी ना जाओ छोड़कर कि दिल अभी भरा नहीं
- संगीता शर्मा

बीज शब्द : फिल्म, संगीत, राग, गीत, धुन, गायिका, संगीतकार, आशा, जयदेव।

मूल आलेख : कुछ फिल्मी गीत प्रसिद्धि के उस शिखर को पार कर जाते हैं, जहाँ वे कभी किसी गायक- गायिका, किसी अभिनेता-अभिनेत्री तो कभी किसी गीतकार या संगीतकार के जीवन का अहम हिस्सा या पर्याय बन जाते हैं। ऐसा ही एक गीत है फिल्म ‘हम दोनों’ का जिसके बोल सुनते ही श्रोता के मन में रूमानियत की ऐसी छटा छा जाती है कि वो पल भर में उसे प्रेम रस में सराबोर कर देती है। “अभी ना जाओ छोड़कर कि दिल अभी भरा नहीं” गीत को सुनकर मिलने वाला सुकून अनुभव का विषय है इसे शब्दों में बयां करना बहुत मुश्किल है। इस गीत की एक खासियत यह भी है कि सृजन के 65 वर्ष बाद भी इस गीत की रूमानियत जस की तस बनी हुई है। इस रूमानी गीत में प्रयुक्त मदभरी आवाज की मल्लिका आशा भोंसले और मो रफ़ी की जादुई आवाज हर वर्ग के श्रोता की धड़कन को बढ़ा देती है। यह गीत आशा भोंसले की आवाज का ऐसा पर्याय बन चुका था कि उनके देहावसान पर दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर का शीर्षक भी इसी गीत की पंक्ति पर आधारित था। संगीत में कालातीत रचना की महती भूमिका होती है, इस संदर्भ में संगीतकार जयदेव की ये कंपोजिशन जनरेशन एक्स से जेन जी तक को आकर्षित करने का माद्दा रखती है। ना केवल ये एक गीत वरन इस गीत की गायिका आशा और जयदेव की जोड़ी ने कई यादगार मेलोडीज श्रोताओं के लिए रख छोड़ी है जिनसे रूबरू होना प्रत्येक संगीत प्रेमी को अनदेखे सफर पर मिलने वाले दिलचस्प नज़ारों जैसी सुखद अनुभूति करवाता है।

फिल्म जगत में आशा भोंसले किसी परिचय की मोहताज नहीं है। उनकी अद्वितीय प्रतिभा और गायकी उन्हें फिल्म संगीत के इतिहास में दिग्गज गायिकाओं की श्रेणी में उच्च स्थान पर सुशोभित करती है। वहीं फिल्म संगीत में विशुद्ध भारतीयता को महत्त्व देने वाले संगीतकार जयदेव की राग आधारित मधुर रचनाएँ समान्य श्रोता से लेकर संगीत के विद्वतजन को भी प्रभावित करने का सामर्थ्य रखती है। यह सर्वविदित है कि आशा भोंसले की प्रसिद्धी में ओ. पी. नैयर तथा एस. डी. बर्मन के गीतों की भूमिका सर्वाधिक रही है लेकिन एक गायिका के तौर पर आशा के गले की क्षमता का भरपूर उपयोग जिस प्रकार जयदेव जी ने किया है उसे भी अनदेखा नहीं किया जा सकता। जयदेव के संगीत निर्देशन में गाए गीत यदि हटा दिए जाएं तो आशा भोंसले का सांगीतिक सफर अधूरा ही माना जाएगा। अपनी मुहँ बोली बहन आशा के लिए जयदेव ने फिल्मी और गैर फिल्मी लगभग अस्सी गीतों की रचना की जिनमें से कुछ गीतों का विवेचन इस शोधपत्र में किया जा रहा है।

आशा भोंसले का सांगीतिक सफर मराठी फिल्म “माझा बाल” में “चला चला नव बाड़ा” गीत से प्रारम्भ हुआ तथा हिन्दी सिनेमा में पार्श्व गायन की शुरुआत 1948 में “चुनरिया” नामक फिल्म से हुई। आशा ने पहला हिन्दी एकल गीत “हैं मौज में अपने-बेगाने” 1949 में आई जगदीश सेठी की फिल्म ‘रात की रानी’ में हंसराज बहल के संगीत निर्देशन में गाया।1 आशा अपनी बहन लता मंगेशकर की तरह ही प्रतिभावान और संघर्षशील महिला थी। जहाँ लता की सधी हुई मीठी और तैयार आवाज थी। वहीं आशा की आवाज में मिठास के साथ एक चुलबुलापन और ताजगी थी जो उनकी अपनी मौलिक पहचान थी।

संगीतकार जयदेव और आशा भोंसले का भाई -बहन का रिश्ता था। व्यवसायिक जीवन से इतर दोनों भाई बहन एक दूसरे के सुख दुख के साथी थे। जब आशा के घर बिटिया ने जन्म लिया तो जयदेव उनसे अस्पताल में मिलने गए तो नवंबर के महीने में बारिश देखकर जयदेव ने आशा से कहा क्यूँ न इसे वर्षा कहें और इस प्रकार उस नवजात बालिका का नाम वर्षा रख दिया गया। पंडित जवाहरलाल नेहरू के मुंबई आगमन पर ब्रेबौन स्टेडियम में बहुत भव्य कार्यक्रम रखा गया। जयदेव ने आशा के गाने के लिए के लिए विशेष रूप से नेहरू जी का बेहद पसंदीदा गीत “सरफरोशी की तमन्ना” कंपोज़ किया। इसी प्रकार 1984 में टीवी कार्यक्रम के लिए पंडित नरेंद्र शर्मा द्वारा लिखा गया गीत “जो समर में हो गए अमर” कंपोज किया। इसी प्रकार कभी फिल्म के लिए और कभी किसी अन्य कार्यक्रम के लिए जयदेव अपनी मुहँ बोली बहन के लिए गीत कंपोज करते रहे।2

जयदेव आजीवन अविवाहित रहे अतः अपने भाई बहन के परिवार और बच्चों को ही अपना परिवार समझते थे। जयदेव की सांगीतिक धरोहर को सम्भालने, सहेजने और आगे ले जाने वाला कोई नहीं था। उनके जीवन यहाँ तक कि मृत्यु से जुड़ी हुई भी कई भ्रांतियां फिल्म जगत में प्रचलित हैं। विशेष रूप से उनके अंतिम संस्कार को लेकर जो भ्रांति फिल्म जगत में व्याप्त है, वह सर्वथा निराधार और गलत है। जयदेव का निधन ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ और अंतिम संस्कार शिवाजी पार्क में उनके भतीजे सतीश वर्मा के द्वारा किया गया।3 उस्ताद अली अकबर खान के शागिर्द संगीतकार जयदेव बेहद समान्य किन्तु विशिष्ट व्यक्तित्व के धनी थे। अपने गुरु से सीखी सरोद की बारीकियों और तकनीक का दर्शन उनकी बनाईं धुनों में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। जयदेव ने फिल्म संगीत में पदार्पण अपने गुरु अली अकबर खान के सहायक के तौर पर किया था। खा साहब को फिल्मी दुनिया रास नहीं आयी किन्तु जयदेव ने इसे ही अपनी कर्मभूमि बना लिया और नवकेतन फिल्म्स के बैनर तले एस डी बर्मन के मुख्य सहायक के रूप में कार्य करने लगे।4

फिल्म संगीत में बतौर स्वतंत्र संगीतकार उनकी पहली फिल्म जोरु का भाई 1955 में प्रदर्शित हुई। उनकी बनाई हुई मधुर धुनें पूर्णतः भारतीयता से ओतप्रोत होती थी। उनका स्वर संयोजन पूर्णतः मौलिक था। जयदेव भारतीय संगीत की प्रत्येक इकाई यथा शास्त्रीय, लोक तथा सुगम सभी में पूर्ण रूप से पारंगत थे। उनके प्रतिस्पर्धी संगीतकार भी जयदेव के इस हुनर के कायल थे जिनमें नौशाद, मदन मोहन, रोशन आदि के नाम उल्लेखनीय है। “जयदेव के संगीत में एक गहरा आकर्षण था खासकर उन लोगों के लिए जो सोलो को लेकर उत्साहित रहते थे।”5

फिल्मी गीत -

आशा भोंसले ने संगीतकार के रूप में जयदेव की पहली स्वतंत्र फिल्म ‘जोरु का भाई’ में राग पीलू में निबद्ध ठुमरी “नैना काहे को लगाए” बेहद पारंपरिक अंदाज में बड़ी खूबसूरती से गाया। इसके ठीक विपरीत जयदेव की प्रयोगधर्मिता और आशा के गले की रेंज और नियंत्रण का अद्भुत नमूना फिल्म ‘समुंदरी डाकू’ में तलत महमूद के साथ गाया आधुनिक शैली का युगल गीत “दिल जवा हैं आरज़ू जवा” में देखने को मिलता है। जिस में गीत की कंपोजिशन शुद्ध रूप से राग भूपाली के चलन पर आधारित होते हुए भी पूरी तरह आधुनिक चोला पहने हुए है। सन 1957 में आयी फिल्म अंजलि में कुल 10 में से 6 गीत आशा भोंसले ने गाए हैं। जिनमें लो चोरी पकड़ी गई, जोगिया तोसे नैना लगा के, रोऊँ मैं गिन गिन तारे, दीपक से दीपक जल गए, मन की कासे कहूँ और रात के पिछले पहरों में शामिल है।

1961 में जयदेव के संगीत निर्देशन में एक ऐसा गीत आशा ने गाया जिसके जिक्र के बिना जयदेव और आशा दोनों का सांगीतिक सफर अधूरा ही रह जाएगा। फिल्म ‘हम दोनों’ का रोमांटिक युगल गीत “अभी ना जाओ छोड़कर।” इसी फिल्म में इसी गीत की धुन पर ठीक इसके विपरीत भाव का “जहां में ऐसा कौन है” गीत आशा भोंसले ने मात्र ढोलक और संतूर के साथ बेहद खूबसूरती से गाया है।6 फिल्म (1963) ‘किनारे किनारे’ में एक मुजरा शैली का गीत “छलिया तेरी बातों बातों में भरमा गई रे” और “कदमों में शमां के परवाने” की अदायगी बेहद सधी हुई और खूबसूरत है।

1963 में ही प्रदर्शित फिल्म मुझे जीने दो का “नदी नारे ना जाओ श्याम” गीत आशा भोंसले की फिरतदार लेकिन नियंत्रित कंठ का बेजोड़ नमूना है, जिसके पीछे बहुत ही दिलचस्प कहानी है। जब जयदेव नवकेतन में बिना काम के सिर्फ वेतन पाने वाले संगीतकार बन कर रह गए थे। उन्हीं दिनों सुनील दत्त ने अपनी आगामी फिल्म ‘मुझे जीने दो’ जो कि डाकू और तवायफ की प्रेम कहानी पर आधारित थी, के लिए संगीत तैयार करने का दायित्व जयदेव को सौंप दिया। नवकेतन के साथ हुए कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार जयदेव नवकेतन के अलावा किसी अन्य बैनर की फिल्म नहीं ले सकते थे किंतु नवकेतन की बेरुखी और दिन भर बिना काम के खाली बैठने के चलते जयदेव का मन वहाँ से ऊबने लगा। मुझे जीने दो से उन्हें अपने भीतर काम के लिए तड़पते कलाकार को शांत करने का एक मौका मिला जिसे वे छोड़ना नहीं चाहते थे अतः उन्होंने सुनील दत्त का आग्रह स्वीकार कर लिया।

जयदेव के परम मित्र साहिर लुधियानवी जो कि नवकेतन और ‘मुझे जीने दो’ फिल्म दोनों से जुड़े हुए थे, की अवांछित माँग के चलते फिल्म के 4 गाने पूरे होने के बाद 6 महीने का डेड लॉक लगा। इसी बीच साहिर जयदेव पर फिल्म छोड़ने का दबाव भी बनाते रहे। लेकिन जयदेव ने उनकी सलाह मानने से इंकार कर दिया। साहिर की जिद और जयदेव की खुद्दारी के संघर्ष से फिल्म को कोई नुकसान ना हो इसके लिए सुनील दत्त और नरगिस ने एक अन्य रास्ता खोज निकाला जिससे फिल्म का काम शुरू हो सके। जिस इलाके में फिल्म की शूटिंग हो रही थी वहाँ के तवायफ समुदाय से चर्चा कर यह जानने का प्रयास किया गया कि कोठे पर आने वाले डाकू किस प्रकार का गाना सुनते है। तवायफों से मिले जवाब के परिणामस्वरूप ही आशा भोंसले की इस फिल्म में एंट्री मुकम्मल हुई। “तवायफों ने बताया वहाँ आने वाले डाकू आल्हा-ऊदल और लोकगीत सुनते हैं” ।7 इसी बात को ध्यान में रखकर उस क्षेत्र के प्रसिद्ध लोकगीत “नदी नारे ना जाओ श्याम पैयां परु” और “मोको पीहर में मत छेड़ रे बालम” फिल्म में ले लिए गए जिन्हें आशा भोंसले ने अपनी चिर-परिचित गले की फिरत के साथ बेहद खूबसूरत अंदाज में प्रदर्शित किया है। फिल्म के संगीत से खुश होकर सुनील दत्त ने अपनी अगली फिल्म रेश्मा और शेरा के लिए भी जयदेव को अनुबंधित कर लिया जिसके लिए जयदेव को सर्वश्रेष्ठ संगीतकार के राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया।

1984 में प्रदर्शित फिल्म अनकही का संगीत भी अनोखा प्रयोग कहा जा सकता है। इस फिल्म के लिए किसी गीतकार से गीत लिखवाए ही नहीं गए। इस फिल्म में प्रयुक्त सभी भक्ति गीत हैं जो कबीर,तुलसी करीम बक्श और बालकवि बैरागी द्वारा विरचित है।8 इस फिल्म के लिए भी जयदेव को सर्वश्रेष्ठ संगीतकार के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस फिल्म में कुल 4 गीत है जिसमें से दो प्रख्यात शास्त्रीय गायक पंडित भीमसेन जोशी तथा दो आशा भोंसले ने गाए हैं। यह फिल्म चि. त्रय. खानोलकर के “नाटक कालाय तस्मै नमः” पर आधारित है। इस फिल्म के निर्माता और निर्देशक अमोल पालेकर ने जब आशा जी से फिल्म में गाने के लिए आग्रह किया तो आशा जी ने कहा कि मैं जरूर गाऊंगी लेकिन मेरी दो शर्तें हैं। अमोल जी के पूछने पर आशा जी ने बताया कि जयदेव जी को मुझे कम से कम तीन रिहर्सल करानी होगी और रिहर्सल करने के लिए मैं खुद उनके घर जाऊँगी। शर्त सुनकर अमोल जी बहुत आश्चर्यचकित हुए और आशा जी से कहा कि आपको रिहर्सल की क्या जरूरत है आप तो इतना अच्छा गाती हैं। इस पर आशा जी ने जो जवाब दिया वह एक कलाकार का दूसरे कलाकार के प्रति सम्मान को दर्शाता है जिसका आधुनिक समय में ह्रास होता जा रहा है।

आशा जी ने जवाब दिया कि जयदेव जी का गाना मैं बिना रिहर्सल के गाने की जुर्रत नहीं कर सकती। आशा जी की स्वीकृति और रिहर्सल के बाद नियत दिवस पर रिकॉर्डिंग के लिए सभी के स्टूडियो पहुँचने पर पता चला कि आशा जी को बहुत तेज बुखार है। आशा जी की बीमारी के मद्देनजर अमोल जी का आग्रह था कि संगीत ट्रैक रिकॉर्ड कर लिया जाए और आशा जी बाद में अपना ट्रैक रिकॉर्ड कर लेंगी। किन्तु फिल्म के संगीतकार जयदेव इसके पक्ष में नहीं थे वे इस गीत की लाइव रिकॉर्डिंग ही करना चाहते थे। रिकॉर्डिंग कैंसिल करने पर विचार विमर्श चल ही रहा था कि आशा जी तपते बुखार में भी स्टूडियो आई और एक ही टेक में गाना रिकॉर्ड हो गया। रिकॉर्डिंग पूरी होने के बाद आशा का ध्यान अपने राखी भाई जयदेव की ओर गया तो जयदेव की आँखों में आँसू थे। आशा जी जयदेव जी के पास गयी और पूछा क्या कोई कमी रह गई तो जयदेव ने आशा जी से कहा कि तुमने मेरे गाने को कितना खूबसूरत बना दिया मेरी सोच से भी बहुत ज्यादा सुंदर।9

उपरोक्त दोनों घटनाएँ तत्कालीन समय में कला के प्रति समर्पण, सम्वेदनशीलता और सह कलाकार के प्रति सम्मान के भाव को व्यक्त करता है। ग़ज़ल गायक जगजीत सिंह के करियर के शुरुआती दौर में जयदेव के संगीत निर्देशन में आशा जी के साथ चुलबुला युगल गीत “हुल्ले हुलारे” भी गाया है। इसके अतिरिक्त जयदेव के ही संगीत निर्देशन में विवादित फिल्म “किस्सा कुर्सी का” में भी जगजीत और चित्रा सिंह ने साथ में गायन किया है।10

गायकी में कुछ चीजें महत्त्वपूर्ण होती हैं जिनमें गायक अथवा गायिका का कंठ धर्म विशेष स्थान रखता है। गले में स्थित स्वर यंत्र सम्बन्धी तकनीक और उसके सही प्रयोग से गले की रेंज अर्थात दायरा,टिंबर अर्थात प्राकृतिक गुण को निखारना और कंट्रोल अर्थात नियंत्रण में आवाज को साधकर इच्छानुसार प्रदर्शित करना शामिल है। आशा के गले की रेंज,टिंबर और नियंत्रण बेहद कमाल का था। उपरोक्त तीनों मानकों पर खरा उतरने वाला उम्दा उदाहरण फिल्म ‘मुझे जीने दो’ (1963) का “माँग में भर ले रंग सखी री आँचल भर ले तारे मिलन रूत आ गई”11 गीत है। यह व्यक्तिगत रूप से मेरा पसंदीदा गीत है। मुझे लगता है आशा के गाए इस गीत में वो सभी बारीकियां मौजूद है जिसे गायकी के स्तर पर प्राप्त करने की एक कलाकार की सदैव उत्कंठा बनी रहती है।

जयदेव के संगीत निर्देशन में आशा द्वारा गाए कुछ गीतों की सूचि निम्न प्रकार है

रेंज -
  • हम संग नैना काहे को लगाये,
  • दिल जवा हैं आरज़ू जवा,
  • रात के पिछले पहरों में
  • जाने क्यूँ प्रीतम ना आए
  • अरे जालिम तु न हमसे खफा होता
  • शौक ए बेपाया का इजहार करूँ
  • कजरारे कारे बादरा रस बरसाने आए
  • मेरे दिल में तेरी तस्वीर सदा रहती है
  • जनम-जनम का है ये नाता
  • कहीं हाथ हमसे छुड़ा तो न लोगे
टिम्बर -
  • नदी नारे ना जाओ श्याम पैयां परु
  • तू क्या समझे तू क्या जाने
  • तेरी बातों बातों में भरमा गई रे
  • जा री पवनियाँ पिया के देश जा
  • जब से लगन लगाई रे
  • बाँसुरिया मन हर ले गई रे
  • जिंदगी हम तेरे हाल पर मुस्कुराए या रोया करें
  • जो मेरे प्यार पर हो शक
  • कोनो ठगवा नगरिया लूटल हो
नियंत्रण -
  • जहां में ऐसा कौन है
  • मोको पीहर में मत छेड़ रे बालम
  • जहर देता है मुझे कोई दवा देता है
  • प्यार से तुम मिले मिल गई हर खुशी
  • जिंदगी हम तेरे हाल पर मुस्कुराए या रोया करें
  • नदी नारे ना जाओ श्याम पैयां परु
गैर फिल्मी गीत -

गैर फिल्मी रचनाओं में आशा भोंसले ने जयदेव के लिए सबसे अधिक गाया है। राखी भाई होने के नाते जैसे मदन मोहन ने अपनी बहन लता के लिए उत्कृष्ट गीतों का संगीत निर्देशन किया वैसे ही जयदेव ने अपनी बहन आशा को हिन्दी एवं उर्दू की उत्कृष्ट साहित्यिक रचनाएँ गवाई। जिन में मीरा, महादेवी वर्मा, जयशंकर प्रसाद, रामप्रसाद बिस्मिल, कमाली, ग़ालिब, जिगर मुरादाबादी, गुलज़ार, फनी बदायूनी आदि की रचनाएँ शामिल है।

मीराबाई -
  • फागुन के दिन चार
  • आली री मेरे नैना बाण पड़ी
  • ऐसी लगन लगाए
महादेवी वर्मा -
  • कैसे उनको पाऊँ आली
  • मुखर पिक हौले हौले बोल
  • मधुर मधुर मेरे दीपक जल
  • ना मैं लड़ी थी श्याम निकस गए
जयशंकर प्रसाद -
  • तुमुल कोलाहल कलह में मैं ह्रदय की बात रे मन
ग़ालिब -
  • कभी नेकी भी उसके जी में गर आ जाए है मुझसे
  • नुक्ताची है ग़म ए दिल
  • शौक हर रंग रकीब ए सर ओ सामां निकला
फनी बदायूनी -
  • कारवां गुजरा किया हम रहगुज़र देखा किए
गुलज़ार -
  • कल की रात गिरी थी शबनम
  • नैना जागे सारी रैना
  • महलों में आई
जिगर मुरादाबादी -
  • कभी शाख ओ सब्ज ओ बर्ग पर
राम प्रसाद बिस्मिल -
  • सरफरोशी की तमन्ना
कमाली (कबीर दास की बेटी) -
  • ना मैं लड़ी थी श्याम निकस गए
निष्कर्ष : आशा और जयदेव दोनों का व्यक्तिगत जीवन सदैव संघर्ष और चुनौतियों से भरा रहा। लेकिन दोनों ने विपरीत परिस्थिति से हताश होने की जगह उसका डटकर सामना किया। दोनों कलाकारों ने अपना जीवन अपनी शर्तों पर जिया। अभाव के समय भी अपने स्वाभिमान को गिरने नहीं दिया बल्कि अपनी मेहनत के दम पर अपनी कला का लोहा मनवा कर ही दम लिया। जयदेव जहां सीधे सादे व्यक्तिव वाले कलाकार थे, वहीं आशा बेहद चुलबुली हंसी मजाक करने वाली थी। आर डी बर्मन के जीवन में आने के बाद आशा के स्वभाव और संगीत दोनों को एक नया आयाम मिला। जयदेव तो अपने स्वाभिमान की खातिर आजीवन कुँवारे रहे कि कभी किसी निर्देशक के सामने काम के लिए हाथ ना फैलाना पडे । जयदेव के निधन के कई वर्ष पश्चात आशा ने उनकी जो धुनें रिलीज नहीं हो पायी थी उन्हें सहेजकर अपनी आवाज में रिकॉर्ड कर सोनी म्यूजिक कंपनी द्वारा SURANJALI Tribute to Jaidev नामक संगीत एल्बम के रूप में रिलीज किया। जयदेव और आशा आखिरी समय तक अपने काम से जुड़े रहे। इनके जीवन दर्शन को देख कर इन्हीं की बनाई और गाई हुई पंक्तियाँ मन में गूँज रही है….

जहां में ऐसा कौन है कि जिसको ग़म मिला नहीं।

संदर्भ :
  1. https://youtu.be/-uXS3F2wSfw?si=lUbk4KDtyOA4mQ7V
  2. https://youtu.be/rML7b26cePM?si=ODX2TlYRk7hEnNd9
  3. साक्षात्कार : छाया गांगुली, मुंबई, 13 अप्रैल 2023
  4. मनहर वी बिच्चू : लता वॉयस ऑफ द गोल्डन एरा, पॉपुलर प्रकाशन मुंबई, 2010, पृष्ठ संख्या 181
  5. स्वतंत्र कुमार ओझा : सरगम का सफर, नई दुनिया, जून 1989, पृष्ठ संख्या 167
  6. संगीता शर्मा : संगीतकार जयदेव वर्मा : व्यक्तित्व एवं कृतित्व (अप्रकाशित), पृष्ठ संख्या 132
  7. सुमन सरीन : जयदेव, धर्मयुग, 7 दिसंबर 1986, पृष्ठ संख्या 31
  8. रेखा देशपांडे : चंदन सा महकता “अनकही” का गीत संगीत , माधुरी, 7 जून 1985
  9. संगीता शर्मा : संगीतकार जयदेव वर्मा : व्यक्तित्व एवं कृतित्व (अप्रकाशित), पृष्ठ संख्या 27
  10. https://youtu.be/jBOMe1VUzjM?si=HllxDtiki863V8wq
  11. https://youtu.be/37dX6adHkg8?si=m1Bg2TYV-51gKta9
  12. मनहर वी बिच्चू : लता वॉयस ऑफ द गोल्डन एरा, पॉपुलर प्रकाशन मुंबई, 2010, पृष्ठ संख्या 183
संगीता शर्मा

अपनी माटी
( साहित्य और समाज का तिमाही दस्तावेज़ )
  Peer Reviewed & Refereed Journal , (ISSN 2322-0724 Apni Maati) Vol. 66, Issue Nu 2. जुलाई -सितंबर 2026
सम्पादक : माणिक एवं जितेन्द्र यादव रचनात्मक लेखन सम्पादक : विष्णु कुमार शर्मा

Post a Comment

और नया पुराने