शोध आलेख : वैश्वीकरण के युग में सुधा मूर्ति के साहित्य में प्रवासी विमर्श : सांस्कृतिक पुनर्संरचना के विशेष संदर्भ में / शिखा राय

वैश्वीकरण के युग में सुधा मूर्ति के साहित्य में प्रवासी विमर्श : सांस्कृतिक पुनर्संरचना के विशेष संदर्भ में
- शिखा राय


शोध सार : प्रस्तुत शोध-पत्र ‘वैश्वीकरण के युग में सुधा मूर्ति के साहित्य में प्रवासी विमर्श: सांस्कृतिक पुनर्संरचना के विशेष संदर्भ में’ में वैश्वीकरण के परिवर्तित सामाजिक-सांस्कृतिक परिदृश्य में प्रवासी अनुभव के विविध आयामों का सुधा मूर्ति के चयनित हिंदी अनूदित साहित्य के संदर्भ में विश्लेषण किया गया है। अध्ययन का केंद्र यह प्रश्न है कि नए सामाजिक-सांस्कृतिक परिवेश में व्यक्ति अपनी सांस्कृतिक अस्मिता, संबंधों और जीवन-मूल्यों को किस प्रकार पुनर्परिभाषित करता है। ‘डॉलर बहू’, ‘और बकुला गिर गया’, ‘मृगतृष्णा’, ‘अंकल सैम’ तथा ‘ढाका की लड़की’ के माध्यम से प्रवासन, सांस्कृतिक विस्थापन, भारतीय सांस्कृतिक अस्मिता की पुनर्संरचना और सामाजिक प्रभावों का विवेचन किया गया है। सांस्कृतिक पहचान एवं ‘थर्ड स्पेस’ की अवधारणाओं के आलोक में पहचान-संकट, सांस्कृतिक अनुकूलन, पीढ़ीगत अंतर, पारिवारिक संबंधों में परिवर्तन तथा देश-परदेश के द्वंद्व का विश्लेषण किया गया है।

अध्ययन से स्पष्ट होता है कि प्रवास केवल आर्थिक उन्नति या भौगोलिक विस्थापन नहीं, बल्कि स्मृति, संस्कृति, संबंध और आत्मपहचान के पुनर्संयोजन की प्रक्रिया है। उनके पात्र नई संस्कृति से संवाद करते हुए भारतीय जड़ों को पुनर्परिभाषित करते हैं। इस प्रकार उनका साहित्य सांस्कृतिक पुनर्संरचना, सह-अस्तित्व और मानवीय मूल्यों के पुनर्सृजन के माध्यम से समकालीन भारतीय सांस्कृतिक अस्मिता की गतिशीलता को रेखांकित करता है।

बीज शब्द : प्रवास, डायस्पोरा, विस्थापन, सांस्कृतिक पुनर्संरचना, वैश्वीकरण, सुधा मूर्ति, प्रवासी विमर्श, सांस्कृतिक अस्मिता।

  1. प्रस्तावना: प्रवास और प्रवासी की अवधारणा

प्रवास वह सामाजिक प्रक्रिया है, जिसके अंतर्गत व्यक्ति या समुदाय अपने मूल निवास-स्थान को छोड़कर आर्थिक, शैक्षिक, सामाजिक अथवा सांस्कृतिक कारणों से किसी अन्य स्थान पर जाकर निवास करता है।

यह प्रक्रिया व्यक्ति के जीवन, पहचान, संबंधों तथा सांस्कृतिक चेतना को गहराई से प्रभावित करती है। 'बृहत् प्रामाणिक कोश' के अनुसार- “प्रवास का अर्थ है अपना देश छोड़कर दूसरे देश में जा बसना तथा प्रवासी का अर्थ परदेश में जाकर बसने या रहने वाले से होता है।”[1] प्रख्यात मानव भूगोलवेत्ता डॉ. एस. डी. मौर्य ने ‘मानव भूगोल’ के अंतर्गत जनसंख्या के स्थानांतरण अर्थात् प्रवासन को महत्त्वपूर्ण स्थान दिया है। एस. डी. मौर्य के अनुसार- “किसी व्यक्ति अथवा व्यक्तियों के समूह द्वारा अपना स्थान छोड़कर अन्य स्थान के लिए स्थायी अथवा अस्थायी रूप से किया गया परिवर्तन प्रवास कहलाता है।”[2]

प्रवासी शब्द के लिए डायस्पोरा शब्द भी बहुत प्रचलन में है। डायस्पोरा मूलतः ग्रीक भाषा के Diaspora शब्द का अनुवाद है, जिसका संधि-विच्छेद Dia और Speirein है, अर्थात् बीजों का बोना, छितराना या बिखेरना। इस शब्द का प्रयोग ईसा पूर्व 586 वर्ष के आसपास यहूदियों के ‘बेबीलोनिया’ से निष्कासन के संदर्भ में किया गया था, और वर्तमान में यह प्रवासी शब्द का पर्याय बन गया है। प्रवासन की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए रामशरण जोशी कहते हैं—"प्रवासन एक क्रिया है, जिसका संबंध मनुष्य की स्थितियों से रहता है। मनुष्य की जन्मजात गतिशीलता और महत्त्वाकांक्षाएँ प्रवासन का रूप और मार्ग निर्धारित करती रही हैं”।[3]

समकालीन वैश्विक परिदृश्य में प्रवास एक जटिल और बहुआयामी सामाजिक परिघटना बन चुकी है जो व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को गहराई से प्रभावित करती है। वैश्वीकरण की प्रक्रिया ने भौगोलिक सीमाओं को शिथिल किया है, किंतु सांस्कृतिक अस्मिता के प्रश्न को और अधिक जटिल तथा संवेदनशील बना दिया है। प्रवास केवल भौगोलिक स्थानांतरण नहीं, बल्कि सांस्कृतिक मूल्यों और पहचान के पुनर्गठन की प्रक्रिया है, जिसमें व्यक्ति अपनी सांस्कृतिक स्मृतियों को नई संस्कृति के साथ समायोजित करते हुए गतिशील पहचान निर्मित करता है। प्रवास के इसी सांस्कृतिक रूपांतरण की ओर संकेत करते हुए सलमान रुश्दी लिखते हैं—“दुनिया के एक छोर से दूसरे छोर तक ले जाए जाने के बाद हम ‘अनूदित मनुष्य’ बन जाते हैं। सामान्यतः यह माना जाता है कि अनुवाद की प्रक्रिया में कुछ-न-कुछ हमेशा खो जाता है; किंतु मैं दृढ़तापूर्वक इस विचार से जुड़ा हूँ कि इस प्रक्रिया में कुछ नया अर्जित भी किया जा सकता है”।[4]

रुश्दी का यह विचार प्रवासी जीवन की उस जटिल स्थिति को रेखांकित करता है, जिसमें व्यक्ति अपनी मूल सांस्कृतिक पहचान और नए सामाजिक-सांस्कृतिक परिवेश के बीच निरंतर संवाद स्थापित करता है। प्रवास के परिणामस्वरूप उसकी पहचान में कुछ परिवर्तन अवश्य आते हैं, किंतु यह परिवर्तन केवल हानि का संकेत नहीं है; नई संस्कृति के संपर्क से उसके अनुभव-क्षेत्र का विस्तार भी होता है। सुधा मूर्ति के साहित्य में प्रवासी अनुभव केवल भौगोलिक स्थानांतरण नहीं, बल्कि मानसिक, सांस्कृतिक और संबंधगत परिवर्तन की प्रक्रिया है। उनके पात्र सांस्कृतिक जड़ों और आधुनिक अपेक्षाओं के बीच पहचान-संकट, सांस्कृतिक विस्थापन तथा पीढ़ीगत द्वंद्व से जूझते हैं। इस प्रकार उनका प्रवासी विमर्श आर्थिक पक्ष से आगे बढ़कर अंतःसांस्कृतिक और मानवीय अनुभवों को उद्घाटित करता है, जो ‘डॉलर बहू’, ‘और बकुला गिर गया’, ‘मृगतृष्णा’, ‘अंकल सैम’ तथा ‘ढाका की लड़की’ में विविध रूपों में अभिव्यक्त हुआ है।

  1. शोध उद्देश्य एवं पद्धति

प्रस्तुत शोध-पत्र का उद्देश्य सुधा मूर्ति के चयनित उपन्यासों एवं कहानियों- डॉलर बहू, और बकुला गिर गया, मृगतृष्णा, अंकल सैम, माँ का दुलार तथा ढाका की लड़की के आधार पर प्रवासी अनुभव के विविध आयामों का विश्लेषणात्मक अध्ययन प्रस्तुत करना है। शोध की पद्धति गुणात्मक एवं विश्लेषणात्मक है, जिसमें प्राथमिक स्रोत के रूप में उपर्युक्त साहित्यिक कृतियों तथा द्वितीयक स्रोत के रूप में प्रवास, विस्थापन एवं डायस्पोरा संबंधी सैद्धांतिक एवं आलोचनात्मक ग्रंथों का प्रयोग किया गया है।

  1. प्रवासन और सांस्कृतिक विस्थापन

मनुष्य आरंभ से ही बेहतर जीवन, रोजगार, सुरक्षा तथा सुविधाओं की खोज में एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाता रहा है, और इसी प्रक्रिया को प्रवासन कहा जाता है। प्रवासन और विस्थापन में मूलभूत अंतर यह है कि प्रवासन की स्थिति में व्यक्ति के पास अपने मूल स्थान पर लौटने की संभावना बनी रहती है, जबकि विस्थापन प्रायः बाध्यकारी परिस्थितियों के कारण होता है, जिसमें मूल स्थान पर लौटना प्रायः असंभव या अत्यंत कठिन हो जाता है। धीरेंद्र वर्मा ने विस्थापन का अर्थ बताते हुए लिखा है कि- “जिसे देश से निकलने का दंड मिला हो और जो अपने निवास स्थान से निकाला हुआ हो।”[5]

रूबी एलसा जैकब लिखती हैं कि- “विस्थापन मूलतः एक व्यक्ति या समूह द्वारा जोखिम और लाभों को तौलने के बाद कम उपयुक्त वातावरण से अधिक लाभदायक स्थान की ओर गमन करने का परिमेय निर्णय है।”[6]

मैनेजर पाण्डेय के अनुसार- “विस्थापन की प्रक्रिया कई स्तरों पर घटित होती है भूमि, संस्कृति और परिवेश से उखड़ना; अतीत से टूटकर नई जमीन से जुड़ना; और स्मृति के बोझ तथा वर्तमान के आतंक के बीच संतुलन स्थापित करना।”[7]

अचला पांडे इसे और स्पष्ट करती हैं कि- "विस्थापन अपनी जड़ों से कटकर ऐसे परिवेश में पहुँचना है जहाँ अपनेपन का भान कराने के लिए कुछ भी नहीं होता”।[8]

प्रवास की सर्वाधिक मूलभूत और पीड़ादायक अनुभूति सांस्कृतिक विस्थापन की है, जब व्यक्ति अपनी भाषा, परंपरा और परिचित संसार से अचानक कट जाता है। सुधा मूर्ति के साहित्य में इस विस्थापन के दो रूप मिलते हैं विभाजन-जनित अनैच्छिक विस्थापन, और आर्थिक अवसरों की खोज में किया गया स्वैच्छिक प्रवास। कहानी "ढाका की लड़की" विभाजन-जनित प्रवास के अनैच्छिक स्वरूप को सामने लाती है। पिता का कथन "मुझे नहीं लगता, हमारे पास कोई चारा है। हमारी ज़मीन अब हमसे छिनने वाली है।"[9]

यह कथन स्पष्ट करता है कि प्रवासन पूर्णतः अनैच्छिक है। इस कहानी में चित्रित दंगे, हत्याएँ और सांप्रदायिक हिंसा उस सामाजिक-राजनीतिक विघटन को रेखांकित करती हैं जिसमें व्यक्ति अपनी जन्मभूमि से उखड़ने के लिए विवश हो जाता है। मातृभूमि से भावनात्मक विच्छेद का वर्णन इस प्रकार मिलता है "हमें यह मनोहर फूलों से भरे सुंदर पहाड़ों, मधुर आवाजों में पेड़ों पर चहचहाती चिड़ियों, चमकदार और सुकूनदायक सूरज की किरणों, करीने से बने मिट्टी के चबूतरों, जहाँ मैं अपने भाइयों को दौड़ाती थी और हमारी मिट्टी की खुशबू सबको पीछे छोड़कर जाना होगा, सब कुछ रहेगा पर सिर्फ हमारी यादों में।"[10]

यहाँ "मिट्टी की खुशबू" एक सार्थक प्रतीक है जो पहचान, संस्कृति और स्मृति का प्रतिनिधित्व करता है। परिवेश का संयुक्त चित्रण यह दर्शाता है कि विभाजन-जनित प्रवास में व्यक्ति केवल भूमि नहीं खोता, वह अपनी सांस्कृतिक जड़ें, अपने आत्मीय संबंध और अपनी अस्मिता का एक अनिवार्य हिस्सा खो देता है। भारत-विभाजन की त्रासदी के संदर्भ में डॉ. राममनोहर लोहिया लिखते हैं कि “विभाजन के दौरान 6 लाख औरतें, बच्चे और आदमी मारे गए तथा डेढ़ करोड़ लोग अपने घरों से उखाड़ दिए गए, जो समूचे इतिहास में शायद सबसे बड़ा देश-परिवर्तन था।”[11]

स्वैच्छिक प्रवास का चित्रण कहानी "अंकल सैम" में मिलता है, जहाँ महेश का अमेरिका-गमन आर्थिक महत्त्वाकांक्षा से प्रेरित है "वह वहाँ के जीवन के बारे में ऐसे बात करता है मानो वह कोई परियों का देश हो।"[12]

किंतु यह स्वप्न धीरे-धीरे कड़वे यथार्थ में बदल जाता है, जहाँ पारिवारिक विघटन केंद्रीय पहलू बनकर उभरता है- "भौतिक रूप से दूरी हमें अलग कर रही थी, हमारे मन में उससे भी अधिक दूरी थी और उससे भी बदतर हमारे दिल में एक बड़ी दरार हमें बाँट रही थी।"[13]

यह त्रिस्तरीय दूरी भौतिक, मानसिक और भावनात्मक सुधा मूर्ति के प्रवासी विमर्श की एक महत्त्वपूर्ण अंतर्दृष्टि है। ‘और बकुला गिर गया’ उपन्यास "आंतरिक प्रवास" की अवधारणा को सामने लाता है। श्रीमती के धारवाड़ से मुंबई और फिर अमेरिका के सफर में उनकी अनुभूति- "मुंबई में बारिश हो रही थी। श्रीमती को अनुभव हुआ कि मुंबई की बारिश धारवाड़ की बारिश से कितनी अलग थी।"[14]

यह जीवन-शैली और सांस्कृतिक अंतर का प्रतीक है। उनका अकेलापन इस प्रकार व्यक्त होता है- "श्रीमती घर पर सारा दिन अकेले रहती। वह हुबली में अपनी माँ को, अपने घर को, वहाँ के शांत वातावरण को याद करती और उदास हो जाती, उसकी आँखों में आँसू तैर जाते।"[15]

इस कथन से स्पष्ट होता है कि जब व्यक्ति अपने परिचित परिवेश से दूर चला जाता है तो वह अपने आपको कितना अकेला महसूस करता है। ‘मृगतृष्णा’ में संजय का मुंबई-प्रवास भी सांस्कृतिक आघात लाता है "जब वह बंबई आया था तो वह इस शहर की तेज़ गति देखकर डर गया था।"[16]

यह भय केवल उस व्यापक सामाजिक-मनोवैज्ञानिक अनुभव का प्रकटन है जो प्रत्येक प्रवासी को उसके गंतव्य पर पहली बार अनुभव होता है। डॉलर बहू में सुधा मूर्ति प्रवासी अनुभव के एक महत्त्वपूर्ण आयाम के रूप में 'ब्रेन ड्रेन' अर्थात् प्रतिभा पलायन की समस्या को रेखांकित करती हैं। ब्रेन ड्रेन से आशय उस स्थिति से है, जब किसी देश के प्रतिभाशाली, उच्च शिक्षित और प्रशिक्षित लोग बेहतर अवसरों की तलाश में विदेश जाकर वहीं अपनी सेवाएँ देने लगते हैं। मृगतृष्णा उपन्यास के एक प्रसंग में "मेधावी और प्रशिक्षित युवा डॉक्टर सरकारी अस्पतालों में काम नहीं करते...अधिक पैसा कमाने के लिए विदेश चले जाते हैं।"[17]

यह कथन वैश्वीकरण के उस प्रभाव को उद्घाटित करता है, जिसके कारण प्रतिभाशाली मानव संसाधन विकसित देशों की ओर आकर्षित होते हैं। फलस्वरूप भारत जैसे विकासशील देशों की स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है तथा सामाजिक असंतुलन गहरा जाता है। सुधा मूर्ति इस प्रवृत्ति को केवल आर्थिक अवसर का परिणाम नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक दायित्व के प्रश्न के रूप में भी देखती हैं। डॉलर बहू में चंद्रू का प्रारंभिक अनुभव सामाजिक सहारे के अभाव को उजागर करता है "यह मेरा काम नहीं है। मेरे लिए यहाँ और कोई रिश्तेदार भी नहीं है।"

किंतु साथ ही मूल स्थान के प्रति आकर्षण भी बना रहता है "कुछ भी हो, आखिर मैं बेंगलोर लौटने वाला हूँ।"[18]

यह कथन दर्शाता है कि प्रवास एक अस्थायी व्यवस्था के रूप में ही प्रारंभ होता है किन्तु परिस्थितियाँ उसे स्थायी बना देती हैं।

  1. वैश्वीकरण के परिप्रेक्ष्य में भारतीय सांस्कृतिक अस्मिता की पुनर्संरचना

वैश्वीकरण के दौर में भारतीय प्रवासी को जिस सबसे जटिल प्रश्न का सामना करना पड़ता है, वह है अपनी पहचान का प्रश्न। डॉलर बहू में गौरम्मा की मानसिकता- "अमेरिका जो धन-दौलत का मायका बना था -उनकी दृष्टि में बैकुंठ से बढ़कर था।"[19]

यह दृष्टि उत्तर-औपनिवेशिक मानसिकता की एक विशिष्ट अभिव्यक्ति है जिसमें पश्चिमी देश को श्रेष्ठ और आदर्श मान लिया जाता है। चंद्रू का अनुभव भी इसी दृष्टि को प्रतिबिंबित करता है — "कैसा भव्य देश है? यहाँ के लोग कितने सुखी हैं।"

इसके विपरीत, अमेरिकी अधिकारी का कथन "ये बहुत गंदे लोग हैं, इनकी नीयत ठीक नहीं होती। अपने वतन लौटना नहीं चाहते हैं और ऐसा-वैसा नाटक रचते हैं। इनमें देश-प्रेम नाम की कोई चीज़ नहीं होती।"[20]

यहाँ सुधा मूर्ति दोहरे स्तर पर आलोचना प्रस्तुत करती हैं—प्रवासी की अस्थिर मानसिकता और मेजबान समाज के पूर्वाग्रहों को उजागर करते हुए, इनके बीच फँसे व्यक्ति के गहरे पहचान-संकट को रेखांकित करती हैं, जिसका अस्तित्व होमी भाभा के शब्दों में एक "in-between space" में सिमट जाता है। भाभा के अनुसार ‘मध्यवर्ती अवकाश’ (In-between Spaces) ऐसे क्षेत्र हैं जहाँ नई आत्म-पहचानें, सहयोग के नवीन रूप तथा प्रतिरोध की संभावनाएँ विकसित होती हैं। इन्हीं अंतरस्थलों में विभिन्न पहचानों का अतिव्यापन और विस्थापन घटित होता है, जिससे समाज की अवधारणा को नए अर्थ प्राप्त होते हैं।”[21]

शामा का कथन पहचान-संकट को सर्वाधिक तीव्रता में प्रकट करता है "आपकी जड़ें भारत में, कर्नाटक में, तिपटूर में गहराई तक उतर गई हैं। उन जड़ों के प्रति ही आपकी निष्ठा है। यहाँ आकर धन कमाएँगे, मगर यहाँ के निवासियों के जैसे कभी नहीं बन पाएँगे। दस्तावेज़ों के आधार पर आप लोग यहाँ की प्रजा हैं ज़रूर, मगर आपके हृदय यहाँ नहीं हैं।"

यह कथन प्रवासी अस्तित्व की उस अंतर्विरोधी प्रकृति को उजागर करता है जिसमें कागजों पर नागरिकता तो दूसरे देश की होती है, परन्तु हृदय अपनी मातृभूमि में बसता है। किंतु शामा का यह दावा भी उल्लेखनीय है "आपकी राय में भारत ही आपका वतन है, लेकिन यह (अमेरिका) देश मेरा है। मैं यहाँ पली हूँ।"[22]

जो दूसरी पीढ़ी के आत्म-स्थापन का संकेत है जो अपनी पहचान को माता-पिता की परंपरागत दृष्टि से पृथक् रूप में स्थापित करना चाहती है। पद्मा का कथन "शिकागो में भारतीयों की संख्या काफी अधिक है। हमारे वास्ते ही इंडियन स्टोर्स भी हैं।"[23]

यह कथन दर्शाता है कि प्रवासी समुदाय अपनी संस्कृति को नए स्थान पर पुनर्स्थापित कर प्रवासी सांस्कृतिक समुदाय (Ethnic Enclave) का निर्माण करता है, जो उसे जड़ों से जोड़े रखने का माध्यम बनता है। स्टुअर्ट हॉल के अनुसार “सांस्कृतिक पहचान किसी व्यक्ति की निजी पहचान मात्र नहीं, बल्कि साझा ऐतिहासिक अनुभवों, सांस्कृतिक स्मृतियों और सामूहिक चेतना से निर्मित वह संरचना है, जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी निरंतर पुनर्सृजित और हस्तांतरित होती रहती है”।[24]

अंकल सैम कहानी में यह संकेत भी मिलता है कि वैश्वीकरण के नए चरण में भारतीय पहचान को विदेश जाकर स्थापित करने की आवश्यकता कम हो रही है "भारत को आर्थिक तेज़ी और भारी ऊर्जा से दमकता हुआ पा रहा हूँ।"[25]

यह कथन संकेत करता है कि वैश्वीकरण के एक नए चरण में भारतीय पहचान को अब विदेश जाकर स्थापित करने की आवश्यकता नहीं रही, भारत स्वयं एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है। यह पहचान की राजनीति में एक महत्त्वपूर्ण परिवर्तन है।

  1. प्रवासी अनुभव और भारतीय सामाजिक चेतना

प्रवासी अनुभव केवल स्थान-परिवर्तन नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक पुनर्संरचना की प्रक्रिया है, जो व्यक्ति, परिवार और समाज को प्रभावित करती है। इसमें नए परिवेश के साथ अनुकूलन और अपनी सांस्कृतिक जड़ों के संरक्षण के बीच निरंतर संघर्ष रहता है। प्रवासन से परिवार-व्यवस्था, लैंगिक भूमिकाओं, सामाजिक संबंधों और समुदाय-रचना में परिवर्तन आता है तथा मूल और गंतव्य दोनों स्थानों की सामाजिक संरचना प्रभावित होती है। प्रवासी व्यक्ति नए समाज की भाषा, मान्यताओं और जीवन-मूल्यों को अपनाते हुए भी अपने देश की स्मृतियों, संस्कारों और संबंधों से जुड़ा रहता है। इस प्रकार प्रवासी अनुभव दो सांस्कृतिक संसारों के बीच संवाद और पहचान के निरंतर पुनर्गठन की प्रक्रिया बन जाता है।

इसी संदर्भ में सुधीश पचौरी प्रवासी मन की इसी द्वंद्वात्मक स्थिति की ओर संकेत करते हुए लिखते हैं-“प्रवासियों में एक विभक्त भाव होता है, एक ही वक्त में दो दुनियाओं को पुकारता है। एक वह जिसमें डॉलर कमाने, विदेश पलट होने, अमीर होने के लिए वह परदेस में नाना कष्ट सहता अपने देश की याद करता रहता है। दूसरा वह जो याद आने वाले ‘देश’ के यथार्थ को भी जानता है जिससे उखड़कर वह ‘परदेस’ भागा था। परदेस में उसका ‘देश प्रेम’ ज़ोर मारता है और देश में परदेस प्रेम...”[26]

सुधीश पचौरी के अनुसार, भौगोलिक दूरी के बावजूद प्रवासी व्यक्ति का अपने मूल देश से भावनात्मक और सांस्कृतिक संबंध स्मृतियों एवं संस्कारों के रूप में बना रहता है। सुधा मूर्ति के साहित्य में यह सामाजिक परिवर्तन अनेक स्तरों पर दृष्टिगोचर होता है मूल्यों का परिवर्तन, पारिवारिक संरचना का पुनर्गठन, पीढ़ीगत संघर्ष और सांस्कृतिक पुनर्संरचना। सबसे महत्त्वपूर्ण परिवर्तन व्यक्ति की सोच और मूल्य-प्रणाली में होता है। चंद्रू का यह कथन "अमेरिका में इतने सालों तक रहने के बाद कई विचारों में हम लोग उन्हीं के जैसे बन जाते हैं जिसका परिज्ञान तक हमें नहीं होता।"[27]

यह कथन सांस्कृतिक आत्मसातीकरण की क्रमिक और अचेतन प्रक्रिया को व्यक्त करता है। मृगतृष्णा में मृदुला का अनुभव इस द्वंद्वात्मक स्थिति को स्पष्ट करता है — "मैंने नए दोस्त बनाने शुरू किए, उनकी आदतें और संस्कृति सीखी, लेकिन मेरा दिल गाँव में ही है। मेरे लिए हमेशा अलादाहल्ली ही घर रहेगा।"[28]

यह कथन प्रवासी जीवन के उस केंद्रीय सत्य को व्यक्त करता है: बाहरी अनुकूलन और आंतरिक प्रतिबद्धता- दोनों एक साथ विद्यमान रहती हैं। मृदुला अपने पुत्र शिशिर को बताती हैं "जब मैं बेंगलुरु आई तो महीनों तक रोती रही। मेरी कन्नड़ और मेरी पृष्ठभूमि बेंगलुरु के लोगों से बिल्कुल अलग थी। यह विदेश जाने जैसा था।"[29]

यह कथन दर्शाता है कि प्रवास की अनुभूति सांस्कृतिक भिन्नता से निर्मित होती है, न कि केवल राष्ट्रीय सीमाओं से; यह "आंतरिक प्रवास" भी उतना ही चुनौतीपूर्ण है जितना अंतर्राष्ट्रीय प्रवास। डॉलर बहू में सांस्कृतिक पुनर्संरचना का एक और आयाम तब उभरता है जब प्रवासी परिवार अगली पीढ़ी तक सांस्कृतिक पहचान संप्रेषित करने का प्रयास करता है "भारत हमारी मातृभूमि है। यहाँ हम आए हैं और सिर्फ धन कमाने के वास्ते। हर साल अपने बच्चों को भारत ले जाते रहे थे, ताकि वहाँ के रीति-रिवाजों से अपरिचित न रह पाएँ।"[30]

यह कथन स्पष्ट करता है कि व्यक्ति देश से बाहर रहने के बावजूद अपनी सांस्कृतिक जड़ों को सुरक्षित रखने का सतत प्रयास करता रहता है। भौतिक उपलब्धियों के बावजूद पारिवारिक-सांस्कृतिक मूल्यों से कटने के मोहभंग को व्यक्त करता है। मृगतृष्णा में नेहा के इंग्लैंड जाने पर शिशिर की चिंता "वह अपने देश से बाहर कहीं नहीं गई। एक लड़की इंग्लैंड जैसी जगह में बिना किसी रिश्तेदार के और सीमित आय के साथ अकेले जा रही है।"[31]

यह कथन प्रत्येक नए प्रवासी की मूलभूत असुरक्षा को सामने लाती है, जो केवल आर्थिक नहीं बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक भी है।

निष्कर्ष : प्रस्तुत अध्ययन से स्पष्ट होता है कि सुधा मूर्ति का साहित्य प्रवासी अनुभव को भौगोलिक विस्थापन और आर्थिक अवसरों से आगे बढ़ाकर सांस्कृतिक पुनर्संरचना, आत्मपहचान के पुनर्निर्माण तथा मानवीय संबंधों के पुनर्संतुलन की प्रक्रिया के रूप में प्रस्तुत करता है। उनके साहित्य में प्रवास सांस्कृतिक स्मृतियों, नैतिक मूल्यों, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक चेतना के पुनर्गठन का अनुभव है। ‘डॉलर बहू’, ‘और बकुला गिर गया’, ‘मृगतृष्णा’, ‘अंकल सैम’ तथा ‘ढाका की लड़की’ में वैश्वीकरण से उपलब्ध अवसरों के साथ पहचान, आत्मीयता और सांस्कृतिक संबद्धता के जटिल प्रश्न उभरते हैं। उनके पात्र परंपरा और आधुनिकता, स्थानीयता और वैश्विकता तथा स्मृति और परिवर्तन के बीच संतुलन स्थापित करते हुए भारतीय जीवन-मूल्यों को पुनर्परिभाषित करते हैं। इस प्रकार सुधा मूर्ति सांस्कृतिक पहचान को स्थिर न मानकर निरंतर विकसित होने वाली प्रक्रिया के रूप में देखती हैं। उनके साहित्य में वैश्वीकरण सांस्कृतिक विघटन के बजाय पुनर्पहचान, सह-अस्तित्व और मानवीय मूल्यों के पुनर्सृजन का माध्यम बनता है। यही दृष्टि उनके साहित्य को समकालीन हिंदी प्रवासी विमर्श में विशिष्ट वैचारिक महत्त्व प्रदान करती है तथा प्रवास को सांस्कृतिक पुनर्सृजन की सृजनात्मक प्रक्रिया के रूप में स्थापित करती है।

संदर्भ :

[1] वर्मा, आचार्य रामचंद्र (संपा.), बृहत् प्रामाणिक हिन्दी कोश, लोकभारती प्रकाशन, नई दिल्ली, 2014, पृष्ठ 110
[2] मौर्य, डॉ. एस. डी., मानव भूगोल, शारदा पुस्तक भवन, प्रयागराज, 2022, पृष्ठ 158
[3] जोशी, रामशरण, “प्रवासन की अवधारणा”, भारतीय डायस्पोरा : विविध आयाम, संपा. रामशरण जोशी, राजीव रंजन राय, प्रकाश चंद्रायन एवं प्रशांत खत्री, राजकमल प्रकाशन, नई दिल्ली, 2022, पृ. 11
[4] Salman Rushdie, Imaginary Homelands: Essays and Criticism 1981–1991, Granta Books, 1991, Page 17.
[5] वर्मा, धीरेन्द्र (संपा.), हिंदी साहित्य कोश: भाग 1 (पारिभाषिक शब्दावली), ज्ञानमण्डल लिमिटेड, वाराणसी, 1958, पृ. 774
[6] जैकब, रूबी एलसा, समकालीन हिन्दी उपन्यासों में विस्थापितों का यथार्थ, अप्रकाशित शोध प्रबंध, कोचीन विश्वविद्यालय, कोच्चि, 2010, पृष्ठ 55
[7] मंडलोई, लीलाधर (संपा.), सरहद विशेषांक, ज्ञानोदय, भारतीय ज्ञानपीठ, अंक 135, नई दिल्ली, मई 2014, पृष्ठ 86
[8] पांडे, अचला, विस्थापन का साहित्यिक विमर्श, लोकभारती प्रकाशन, प्रयागराज, 2019, पृ. 7
[9] मूर्ति, सुधा, खट्टी-मीठी प्रेरक कहानियाँ, प्रभात प्रकाशन, नई दिल्ली, 2024, पृ. 37
[10] वही, पृ. 37
[11] लोहिया, राममनोहर (अनु. ओंकार शरद), भारत विभाजन के गुनहगार, लोकभारती प्रकाशन, इलाहाबाद, पुनर्मुद्रण: 2017, पृ. 49
[12] मूर्ति, सुधा, माँ का दुलार, प्रभात प्रकाशन, नई दिल्ली, 2018, पृ. 121
[13] वही, पृ. 122
[14] मूर्ति, सुधा, और बकुला गिर गया, प्रभात प्रकाशन, नई दिल्ली, 2021, पृ. 73
[15] वही, पृ. 74
[16] मूर्ति, सुधा, मृगतृष्णा, प्रभात प्रकाशन, नई दिल्ली, 2024, पृ. 41
[17] वही, पृ. 41
[18] मूर्ति, सुधा, डॉलर बहू, प्रभात प्रकाशन, नई दिल्ली, 2024, पृ. 16
[19] वही, पृ. 29
[20] वही, पृ. 32-35
[21] Bhabha, H.K. (1994). The Location of Culture (2nd ed.). Routledge. https://doi.org/10.4324/9780203820551
[22] वही, पृ. 122
[23] वही, पृ. 128
[24] Yang, B., Zhao, D., & Liu, L. (2021, October). An analysis of Hall’s theory of cultural identity and its application in flipped class. (ICLCCS 2021) (pp. 177-184). Atlantis Press.
[25] मूर्ति, सुधा, माँ का दुलार, प्रभात प्रकाशन, नई दिल्ली, 2018, पृ. 124
[26] पचौरी, सुधीश, उत्तर आधुनिक साहित्य विमर्श, वाणी प्रकाशन, नई दिल्ली, तृतीय संस्करण, 1 जनवरी 2010, पृ. 72
[27] मूर्ति, सुधा, डॉलर बहू, प्रभात प्रकाशन, नई दिल्ली, 2024, पृ. 132
[28] मूर्ति, सुधा, मृगतृष्णा, प्रभात प्रकाशन, नई दिल्ली, 2024, पृ. 181
[29] वही, पृ. 180
[30] मूर्ति, सुधा, डॉलर बहू, प्रभात प्रकाशन, नई दिल्ली, 2024, पृ. 117
[31] मूर्ति, सुधा, मृगतृष्णा, प्रभात प्रकाशन, नई दिल्ली, 2024, पृ.
180

 

शिखा राय
वरिष्ठ शोध-अध्येता (पी.एच.डी.), हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा विभाग,लखनऊ विश्वविद्यालय
shikharai389@gmail.com, 9415309472
अपनी माटी

( साहित्य और समाज का तिमाही दस्तावेज़ )
  Peer Reviewed & Refereed Journal , (ISSN 2322-0724 Apni Maati) Vol. 66, Issue Nu 2. जुलाई -सितंबर 2026
सम्पादक : माणिक एवं जितेन्द्र यादव रचनात्मक लेखन सम्पादक : विष्णु कुमार शर्मा

Post a Comment

और नया पुराने