शोध आलेख : आयु, निर्णय-क्षमता और ‘मासूमियत’: किशोरियों की निजता के अधिकार पर अदालती फैसले / हिया सेन

आयु, निर्णय-क्षमता और ‘मासूमियत’: किशोरियों की निजता के अधिकार पर अदालती फैसले
- हिया सेन

शोध सार : इस शोध लेख में किशोर लड़कियों की यौन स्वायत्तता पर केंद्रित समकालीन बहस को प्रमुख सवाल बनाया गया है। बाल्यावस्था अध्ययन (चाइल्डहुड स्टडीज़) में इस मसले और इससे जुड़े अदालती फैसलों का विश्लेषण करते समय प्रायः कानून के पितृसंरक्षणवादी (पेटर्नलिस्ट) रुख पर ध्यान देने की प्रवृत्ति रही है। यह लेख इस तरह के रुख से परे जाते हुए बच्चों की कालानुक्रमिक आयु (क्रोनोलॉजिकल एज) और उनकी समय-पूर्व परिपक्वता के साथ-साथ बाल्यावस्था के मूल्यों से संबंधित अकादमिक बहस से संवाद स्थापित करता है। इसका मुख्य फोकस उन परस्पर-विरोधी विचारों और मूल्यों पर है जो किशोर लड़कियों से संबंधित कई अदालती फैसलों में उभर कर सामने आते हैं। इसके लिए खास तौर पर उन मामलों का चयन किया गया है जो पॉक्सो अधिनियम, 2012 (लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम) के तहत दर्ज किए गए थे। कालानुक्रमिक आयु को ऐतिहासिक संदर्भ प्रदान करने वाले विद्वानों के अध्ययनों और उसके साथ ही, ‘बाल्यावस्था के अंतर्निहित मूल्यों’ पर जारी विमर्श के साथ संवाद करते हुए, यह लेख किशोरियों की यौन स्वायत्तता के विवादास्पद प्रश्न को सामने लाता है। इसके ज़रिए यह विमर्श को कैशोर्य और उसकी सीमाओं की तरफ मोड़ने की कोशिश करता है।

बीज शब्द : बाल्यावस्था, पॉक्सो, सहमति, आयु, किशोर, कैशोर्य, बाल्यावस्था के अंतर्निहित मूल्य

मूल आलेख : मई 2025 में सर्वोच्च न्यायालय ने पॉक्सो, 2012 के तहत दर्ज एक मामले में एक फैसला सुनाया। उस फैसले ने आयु और किशोरों के बीच ‘सहमति-आधारित’ यौन संबंधों की संभावना के परस्पर संबंध पर लंबी बहस को जन्म दिया। इस फैसले की मीडिया कवरेज ने सार्वजनिक जीवन में आयु, स्वायत्तता, परिपक्वता और असुरक्षा पर नए सिरे से बहस छेड़ दी। लेकिन बहस में ज्यादा तवज्जो कानूनन 18 साल से कम आयु वालों को अलग-अलग आयु-श्रेणियों में वर्गीकृत करने की धारणा पर रही। यह लेख इस अदालती फैसले तथा इसके बाद और इससे पहले ‘नाबालिग’ लड़कियों तथा उनकी सहमति की संभावना पर हुई चर्चाओं से प्रस्थान करता है और बाल्यावस्था और कैशोर्य से जुड़े उन परस्पर-विरोधी मूल्यों की पड़ताल करता है जो अदालतों के साथ-साथ सार्वजनिक जीवन में भी जटिलता पैदा करते हैं। देखा जाए तो भारतीय कानूनी परिदृश्य में यह कोई नई बात नहीं है। औपनिवेशिक भारत में सहमति की आयु (एज ऑफ कन्सेंट) पर बने कानून और उसके संशोधनों के वक्त छिड़े तीखे विवाद इसका प्रमाण हैं। लेकिन किशोरों समेत बच्चों के प्रति दृष्टिकोण और उनकी सुरक्षा के कानूनी प्रावधान उत्तर-औपनिवेशिक संदर्भ में अलग अर्थ ले लेते हैं, जिस पर इस लेख में आगे चर्चा की जाएगी।

इतिहासकारों ने हमारा ध्यान इस ओर दिलाया है कि सहमति की आयु से संबंधित कानून कालानुक्रमिक आयु की जिस समझ पर टिके थे, वह कुछ विशिष्ट न्यायिक सिद्धांतों की उपज थी। इन सिद्धांतों की जड़ें औपनिवेशिक विरासत के साथ-साथ कवर्चर (विवाहित महिला की कानूनी अधीनता) और दास-प्रथा में भी थीं (फील्ड और साइरिट, 2020; पांडे, 2020)[1]। लेकिन बाल-अधिकार शासकीयता में आयु-आधारित कानूनी ढाँचों की यह समस्या केवल बाल्यावस्था के इतिहास तक ही सीमित नहीं है। भारत जैसे देशों में बाल-अधिकार शासकीयता के परिदृश्य पर विचार करते हुए हाल ही में (बालगोपालन, 2026)[2] ‘मासूमियत’ की उस अवधारणा को संबोधित किया जो बच्चों की सुरक्षा के मुद्दों को आधार प्रदान करती है। इसमें उन्होंने केवल पॉक्सो अधिनियम और बच्चों को उससे मिलने वाली सुरक्षा का ही ज़िक्र नहीं किया है, बल्कि ‘प्रदर्शनात्मक मासूमियत’ की अवधारणा का भी इस्तेमाल किया है। उनकी दलील है कि कानून बच्चों की (यौन) मासूमियत की एक निर्विवाद और अनैतिहासिक धारणा लेकर चलता है। इससे सबाल्टर्न बच्चों के दैनिक जीवन में मौजूद असमान बुनियादी ढाँचा और असुरक्षा नजरंदाज हो जाती है। बालगोपालन प्रदर्शनात्मक मासूमियत पर ज़ोर देती हैं और उसे बच्चों में मासूमियत के स्वाभाविक रूप से अंतर्निहित होने की निर्विवाद समझ से अलग करके देखती हैं। ऐसा करके वे यह स्पष्ट कर पाती हैं कि आयु-आधारित कानूनी ढाँचे के माध्यम से बाल-अधिकार शासकीयता कैशोर्य या बच्चों की अंतर्निहित क्षमताओं, प्रवृत्तियों या असुरक्षाओं के बारे में भी किस तरह कुछ खास विचारों का प्रचार-प्रसार करती है। विशेष रूप से तब, जब मसला कम उम्र की लड़कियों की यौन स्वायत्तता का होता है। बाल्यावस्था के दार्शनिकों ने ‘बाल्यावस्था के अंतर्निहित मूल्यों’ की अवधारणा को विकसित करने के लिए सामान्यतः अरस्तूवादी परंपरा का सहारा लिया है (गेआउश, 2015)[3]। इस परिप्रेक्ष्य से देखने पर बाल्यावस्था केवल साधन मात्र नहीं रह जाती है। बल्कि वह अपने-आप में मूल्यवान हो जाती है। इसके अलावा, मासूमियत जैसी कुछ मूल्यवान प्रवृत्तियों या गुणों को विशेष रूप से बच्चों तक ही सीमित कर दिया जाता है। यानी एक ऐसी अवधि या अनुभव जिससे किसी को वयस्क बनने के लिए गुज़रना ही पड़े।

यह लेख भारत में किशोर लड़कियों और उनकी सहमति से जुड़ी हालिया कानूनी बहसों का विश्लेषण करेगा। यह विश्लेषण बचपन के उन मूल्यों के आलोक में किया जाएगा जो इन बहसों का आधार बनते हैं। इस मकसद से, यह लेख उन लेखों के साथ संवाद करता है जो आयु के विभिन्न मानकों के प्रयोग और (बालगोपालन के शब्दों में) प्रदर्शनात्मक मासूमियत की अवधारणा को समस्याग्रस्त मानता है। इसके साथ ही, यह लेख बाल्यावस्था के अंतर्निहित मूल्यों से जुड़ी दार्शनिक बहस को भी संज्ञान में लेता है, जो दैनिक जीवन में बाल्यावस्था के अलग-अलग मूल्यांकनों को समझने तथा यह देखने में मदद करती है कि वे किस प्रकार शासकीयता और अधिकार-केंद्रित विमर्शों को दिशा प्रदान करते हैं।

कैशोर्य का आशय कम उम्र या किशोर होने की विशेषताओं से है। फिर भी, रोज़मर्रा के व्यवहार में इस शब्द ने नकारात्मक अर्थ ग्रहण कर लिया है। इसका इस्तेमाल प्रायः ऐसी क्षमताओं या उनके अभाव के मूल्यांकन के लिए किया जाता है जिन्हें आयु के लिहाज़ से अनुपयुक्त माना जाता है। ‘दि ज्यूव्हेनाइल जस्टिस (केयर एंड प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन) ऐक्ट, 2015’[4] के अनुसार किशोर वह है जो 18 साल से कम आयु का है और ‘किशोर होना’ मुख्य रूप से कानूनी स्थिति माना जाता है। अदालती प्रतिलेखों में ‘किशोरत्व’ शब्द का प्रयोग अक्सर उन बच्चों के संदर्भ में किया जाता है जो किसी कानूनी मामले में फँसे होते हैं। लेकिन इस लेख में मैं इसका प्रयोग ज्यादा व्यापक अर्थ में कर रही हूँ। इसका उद्देश्य न केवल इस कानूनी पद को समझना है, बल्कि इस विचार-विमर्श को प्रेरित करना भी है कि कम उम्र की लड़कियों के यौन संबंधों से जुड़े कानूनी मामले किस तरह सहमति, परिपक्वता, स्वायत्तता और कल्याण से जुड़ी बहसों को जन्म देते हैं। लेख विशेष रूप से ‘बालपन’ (चाइल्डनेस) की उन अभिव्यक्तियों पर ध्यान केंद्रित करता है जो पिछले एक वर्ष में सामने आई हैं। ये अभिव्यक्तियाँ सर्वोच्च न्यायालय के उन अभूतपूर्व फैसलों (राइट टू प्राईवेसी ऑफ एडोलोसेन्ट, 2024, 2025)[5] व [6] के बाद उभरी हैं, जो उच्च न्यायालय के एक फैसले (पी. पुरकैत @ प्रोभात वर्सेज स्टेट ऑफ वेस्ट बंगाल, 2023)[7] के संदर्भ में आए थे। उच्च न्यायालय में अभियुक्त को बरी कर दिया गया था। लेकिन, 2024 में सर्वोच्च न्यायालय ने उस फैसले को रद्द कर दिया। किशोरों की यौन स्वायत्तता पर इन फैसलों से शुरू हुई आलोचनात्मक बहसों को आधार बनाकर यह लेख हाल के वर्षों के कानूनी विमर्श में बाल्यावस्था की अवधारणा और किशोरत्व की सीमाओं का विश्लेषण करता है। इसके लिए इसमें ‘बाल्यावस्था अध्ययन’ और ‘बाल्यावस्था के इतिहास’ के विश्लेषणात्मक ढाँचे का सहारा लिया गया है।

आयु, एजेंसी और बाल्यावस्था के अंतर्निहित मूल्य -

विद्वानों का मत है कि, भले ही उन्नीसवीं सदी से कानूनी विमर्श में ‘कालानुक्रमिक आयु’ का एक मानक अर्थ तय हो गया था, फिर भी सहमति की कानूनी व्याख्याएँ लैंगिक व्यक्तित्व और लैंगिक न्याय की धारणाओं से गहराई से जुड़ी रहीं। इन्हीं के चलते एक ज्ञानमीमांसीय सहमति बनी कि साक्ष्य या प्रमाण किसे माना जाए (पांडे, 2020)[8]। इतिहासकार बच्चों के विभिन्न समूहों के बारे में जलवायु संबंधी, नस्लीय और भौगोलिक मान्यताओं पर आधारित साम्राज्यवादी और संस्कृतिवादी मूल्यांकनों में बाल्यावस्था की ‘चिकित्सा-विधिक’ (मेडिको-लीगल) समझ पर भी बल देते हैं। इस हिसाब से कालानुक्रमिक आयु भी किसी के किशोरत्व का कोई निरपेक्ष या अंतिम मापदंड नहीं थी।

दूसरी ओर, बाल्यावस्था अध्ययन से जुड़े विद्वान पिछले दो दशकों से बच्चों की ‘एजेंसी’ पर ज़ोर देते आ रहे हैं (एस्सर एवं अन्य, 2016)[9]। उन्नीसवीं शताब्दी में बच्चों के ‘स्वैच्छिक’ विवाहों का अध्ययन करने वाले इतिहासकारों ने जब उस दौर के न्यायिक सुधारकों, परिवारों और शिक्षकों की प्रतिक्रियाओं का विश्लेषण किया, तो उन्होंने पाया कि बाल्यावस्था की नई धारणा आकार ले रही थी। इसके तहत बाल्यावस्था को मासूमियत का एक ऐसा दौर माना गया, जिसे वयस्कों की दुनिया की चिंताओं से बचाकर रखे जाने की आवश्यकता थी (साइरेट, 2013)[10]। मासूम और यौन रूप से पूरी तरह निष्क्रिय बाल्यावस्था का यह खयाल धीरे-धीरे न्यायशास्त्र, लोक-चेतना और पारिवारिक ढाँचे के भीतर बहुत गहराई से रच-बस गया (मैटर, 2017; साइरिट, 2013)[11]। इतिहास में बच्चों की समय-पूर्व परिपक्वता (शारीरिक रूप से विकसित हो जाना) अप्राकृतिक मानी जाती थी (थॉम्पसन, 2022, पृ. 382)[12]। लड़कियों में समय-पूर्व यह परिपक्वता प्रायः उनके अस्वाभाविक शारीरिक और यौन विकास के रूप में सामने आती थी, जो उनकी कालानुक्रमिक आयु (कागजी आयु) को बहुत पीछे छोड़ देती थी (थॉम्पसन, 2022, पृ. 383)[13]। हाल के अध्ययनों ने यह उजागर किया है कि इतिहास में बाल्यावस्था के इन आदर्शवादी मूल्यों की किस प्रकार कठिन परीक्षा हुई। इसका एक चर्चित उदाहरण 1939 में पेरू की एक पाँच वर्षीय बच्ची का मामला है, जो मात्र पाँच वर्ष की उम्र में माँ बन गई थी। उस समय पेरू की मीडिया के एक वर्ग ने उसे ‘वह लड़की जिसने बाल्यावस्था की सीमा को लाँघ लिया’ घोषित कर दिया। लेकिन, साथ ही मीडिया में उसे एक बेहद प्यारी, गुड़िया जैसी मासूम बच्ची के रूप में भी प्रस्तुत किया जाता रहा (प्रेमो, 2026, पृ. 23)[14]।

दार्शनिकों ने इस ओर ध्यान दिलाया है कि बाल्यावस्था के मूल्य की बात मोटे तौर पर दो आधारों पर की जाती है। पहला, पूरे समाज के लिए उसका मूल्य। इस दृष्टि में अच्छी बाल्यावस्था सफल वयस्क जीवन के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। दूसरा, बाल्यावस्था का अपने-आप में मूल्यवान होना (बेत्सलर, 2019)[15]। विद्वानों ने यह प्रदर्शित किया है कि बाल्यावस्था को अक्सर जीवन की ऐसी अवस्था माना जाता है जिसका अपना अंतर्निहित मूल्य है और जिसकी अपनी विशिष्टताएँ हैं। मसलन, फुरसत और खेल-कूद। इस तरह की सोच के कुछ तत्व 1989 के ‘संयुक्त राष्ट्र बाल अधिकार कन्वेंशन’ में भी समाहित हैं (गेआउश, 2015, पृ. 48)[16]।

यौन मासूमियत को बाल्यावस्था के गुणों में विशेष महत्व दिया जाता है। भारत के बाल-संरक्षण कानूनों का भी यह एक केंद्रीय पहलू है, भले ही इसकी अभिव्यक्ति अलग-अलग रूपों में होती है। कानूनी धारणाओं में गहराई से रची-बसी ‘प्रदर्शनात्मक मासूमियत’ पर बालगोपालन का ज़ोर काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह उजागर करता है कि किस तरह यह धारणा बच्चों को आदर्श मानवीय पात्र बना देती है और साथ ही, ‘अन्य’ बाल-समुदायों पर ‘गैर-मासूमियत’ का ठप्पा लगाती है (बालगोपालन, 2026, पृ. 163)[17]। यहाँ मासूमियत बच्चे का कोई अनिवार्य गुण नहीं है, बल्कि बाल्यावस्था के एक अंतर्निहित गुण के रूप में यह मासूमियत का एक ऐसा अनैतिहासिक और अराजनीतिक प्रयोग है, जो विभिन्न सामाजिक संदर्भों से आने वाले बच्चों के जीवन की दिशा को तय करता है।

इसके अलावा, खुद भारतीय कानूनी विमर्श में किशोरत्व की समझ परस्पर-विरोधी है। ‘किशोर न्याय अधिनियम’, कानूनी मामलों में फँसे बच्चे और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चे के बीच भेद करता है। 2015 से इस अधिनियम को लागू करने वाली विधायिका यह स्वीकार करती है कि जघन्य अपराधों के मामले में 16 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों पर वयस्कों की तरह मुकदमा चलाया जा सकता है। हालाँकि, पॉक्सो अधिनियम के तहत संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के संदर्भ में इस विशिष्ट आयु-वर्ग की कोई विशेष प्रासंगिकता नहीं रह जाती।

पद्धति -

यह लेख गुणात्मक पद्धति का उपयोग करता है। इसमें विमर्श विश्लेषण और विषयवस्तु-विश्लेषण को प्राथमिकता दी गई है, ताकि 2025 के फैसले में उभर कर सामने आने वाली बाल्यावस्था की प्रतिस्पर्धी अवधारणाओं पर ध्यान दिया जा सके। अध्ययन के केंद्र में 2025 का सर्वोच्च न्यायालय का फैसला और उसके साथ ही, उच्च न्यायालय का वह पूर्ववर्ती फैसला भी लिया गया है जिसे गलत ठहराया गया। फिर भी, इस मामले के महत्व को रेखांकित करने तथा बाल्यावस्था और किशोरावस्था की अवधारणाओं का बारीक विश्लेषण करने के लिए, लेख में न केवल जिला न्यायालय और उच्च न्यायालय के पिछले फैसलों की समीक्षा की गई है बल्कि इससे संबंधित कुछ अन्य चुनिंदा मामलों का भी विश्लेषण किया गया है। सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट और ‘इंडियन कानून’ पर डिजिटल रूप में उपलब्ध अभिलेखीय सामग्री का उपयोग करके ऐसे पाँच अन्य अभियोजन मामलों को चिह्नित किया गया है जिनकी प्रकृति ‘किशोरों की निजता के अधिकार के संबंध में’ से मिलती-जुलती है। ये वे मामले हैं जिन्हें या तो 2025 के फैसले में उद्धृत किया गया था, या जिन्होंने बाद में इस फैसले का हवाला दिया। इनमें से केवल एक मामला 2025 के फैसले से पहले का है।

इन सभी छह मामलों में एक बात समान है। इन सब में इस पर बहस हुई है कि अपराध के समय पीड़िता की ओर से संबंध के लिए सहमति देने की संभावना थी या नहीं थी। एक मामले में अदालत के फैसले में इस तथ्य का भी ध्यान रखा गया कि पीड़िता 18 वर्ष से अधिक आयु की थी। बाल्यावस्था की अवधारणा मुख्य रूप से किस रूप में अभिव्यक्त होती है, इसे समझने के लिए इन कानूनी बहसों को कई घटकों में वर्गीकृत किया गया।

‘किशोरों की निजता के अधिकार’ से जुड़ी बहसों का विश्लेषण -

2025 के फैसले में सहमति देने वाले किशोर और बाल-पीड़िता के कल्याण को लेकर जो न्यायिक सोच सामने आई, वह जिला न्यायालय, कलकत्ता उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों में अलग-अलग थी। 2018 में जब पीड़िता घर छोड़कर अपीलकर्ता के साथ रहने गई, तब उसकी आयु 14 वर्ष थी। बाद में उसने उससे विवाह किया और एक बच्चे को जन्म दिया। जिला न्यायालय ने अपीलकर्ता को भारतीय दंड संहिता की धारा 363 व 366 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत दोषी करार दिया था। उसे 20 वर्ष के कठोर कारावास और जुर्माने की सजा दी गई थी। लेकिन कलकत्ता उच्च न्यायालय के फैसले में यह माना गया कि इस देश में किशोर अक्सर यौन रूप से सक्रिय होते हैं। साथ ही, यह भी रेखांकित किया गया कि पॉक्सो अधिनियम बच्चों की यौन गतिविधियों में भागीदारी के मामले में सहमति की किसी भी संभावना को स्वीकार नहीं करता। यद्यपि बाद में इस फैसले को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी गई। सर्वोच्च न्यायालय ने उच्च न्यायालय के फैसले को पलट दिया। यह फैसला इसलिए महत्वपूर्ण है कि इसमें इस तथ्य का संज्ञान लिया गया कि कानून किशोर लड़कियों को केवल ‘पीड़िता’ के रूप में प्रस्तुत कर उनकी पहचान को एक आयाम में सीमित कर देता है (पी. पुरकैत @ प्रोभात वर्सेज स्टेट ऑफ वेस्ट बंगाल, 2023, पृ. 8)[18]। इस तरह, एक ही फैसले में किशोर लड़की के चुनावों और उसके व्यक्तित्व को लेकर परस्पर-विरोधी विचार दिखाई देते हैं।

पॉक्सो की भावना को कायम रखते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने न केवल इस बात पर ज़ोर दिया कि नाबालिग लड़की, जो इस मामले में पीड़िता है, गरिमापूर्ण और स्वस्थ जीवन जीने के मौलिक अधिकार से वंचित हुई है, बल्कि उसने अपनी निगाह पीड़िता से जन्मे बच्चे के अधिकारों पर भी डाली। इसे मिसाल के रूप में न लेने की बात करते हुए, 2025 के फैसले में सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया कि चाहे कितना भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हो, ‘सच्चा न्याय अभियुक्त को कारावास की सजा न देने में ही निहित है’ (वही, पृ. 38)[19]। इसके साथ ही, न्यायालय ने इसे राज्य सरकार का दायित्व बताया कि वह पीड़िता और उसके बच्चे के सच्चे संरक्षक का काम करे।

न्यायालय का फैसला इस धारणा पर आधारित था कि पीड़िता पहले ही बहुत कुछ सह चुकी है। यह उसी भावना का एक रूप था, जिसमें उसकी विकट स्थिति केवल संबंध की यौन प्रकृति और उसके दुष्परिणामों तक सीमित नहीं थी। अदालती कार्यवाही के प्रतिलेखों में उसके बाद के कष्ट भी दर्ज हैं। जैसे कि, उसकी माँ का उसके खिलाफ हो जाना, उसका स्कूल छूट जाना और सामाजिक अपमान सहना। न्यायालय ने अपने फैसले से इन सब कष्टों को कम करने का प्रयास किया (‘राइट टू प्राईवेसी ऑफ एडोलोसेन्ट’, 2025, पृ. 31 व 36)[20]। पश्चिम बंगाल सरकार को उसका और उसके बच्चे का संरक्षक बनने का न्यायालय का निर्देश भी इसी दृष्टिकोण को स्पष्ट करता है। इसमें एक नाबालिग के रूप में उसकी विकट स्थिति का संज्ञान लिया गया। साथ ही, उसे संरक्षण और शिक्षा देकर, जो बाल्यावस्था के सूचक हैं–उसके प्रत्यास्थापन के बारे में भी सोचा गया है। पीड़िता को किशोर मानने की यह समझ और इन मूल्यांकनों के पीछे के मूल्यों को निम्नलिखित घटकों में रेखांकित किया जा सकता है।

आयु -

पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत आने वाले सभी मामलों में आयु, विशेष रूप से कालानुक्रमिक आयु, की अवधारणा काफी अहम रही है, क्योंकि इसमें 18 वर्ष से कम आयु वालों को बच्चा माना गया है। किशोर न्याय अधिनियम (दि ज्यूव्हेनाइल जस्टिस ऐक्ट 2015, धारा 94)[21] के अनुसार किशोरत्व की पुष्टि आयु से जुड़े विभिन्न तरह के दस्तावेजों के सत्यापन से की जाती है। यदि ऐसे दस्तावेज न हों तो चिकित्सकीय परीक्षण की मदद ली जाती है। ‘पी. पुरकैत उर्फ़ प्रभात’ मामले में पीड़िता की आयु का सत्यापन उसके जन्म प्रमाण पत्र से किया गया था। अन्य मामलों में, जहाँ पीड़ित को कथित रूप से नाबालिग बताया गया और अभियुक्त पर पॉक्सो के तहत अपराध का आरोप था, आयु का निर्धारण विवादास्पद मसला रहा है। सर्वोच्च न्यायालय के एक हालिया फैसले (‘दि स्टेट ऑफ उत्तर प्रदेश वर्सेज अनुरुद्ध एंड एएनआर’, 2026)[22] में आयु के प्रमाण संबंधी दस्तावेजों में असंगतियों के कारण चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसके आधार पर यह तय किया गया कि पीड़ित की आयु 18 वर्ष से ज्यादा है।

स्वायत्तता -

ऐसे मामलों में स्वायत्तता की अवधारणा कालानुक्रमिक आयु और परिपक्वता की समझ से गहराई से जुड़ी है। 2025 के फैसले तक पहुँचे मामले में पीड़िता की कम आयु के बावजूद उसके सहमति-आधारित संबंध पर लगातार ज़ोर दिया गया। 2026 के हालिया फैसलों में भी इसी तरह का रुख दिखाई देता है। मसलन, ‘श्रीमती एक्सवाईज़ेड (प्रोसीक्यूट्रिक्स) वर्सेज मेघालय’[23] मामले में पीड़िता नाबालिग थी। फिर भी, फैसले में इस बात पर ज़ोर दिया गया कि वह अभियुक्त के साथ ‘स्वेच्छा से, प्रेम और स्नेहवश’ रह रही थी (वही, पृ. 2)[24]। वहीं, हरमीत सिंह मामले में अदालत ने माना कि वह इस संभावना की अनदेखी नहीं कर सकती है कि प्रतीत सहमति पारिवारिक दबाव या सामुदायिक अपेक्षाओं का परिणाम हो। लेकिन, साथ ही उसने यह भी कहा कि पीड़िता के बयान पर ध्यान दिया जाना जरूरी है (हरमीत सिंह वर्सेज स्टेट ऑफ जीएनसीटी दिल्ली, 202)[25]। इसमें यह दृष्टिकोण अंतर्निहित है कि किशोर लड़के या लड़कियाँ परस्पर प्रेम या स्नेहयुक्त संबंध बना सकते हैं। लेकिन यह परिवार या समुदाय के संदर्भ में बच्चे की संबंधगत अपरिपक्वता को भी ध्यान में रखता है और इस आधार पर बच्चे की विकट स्थिति पर भी विचार करता है। एक अन्य फैसले में भी कुछ हद तक ऐसा ही दृष्टिकोण प्रतिध्वनित होता है (स्टेट वर्सेज सोनू @ परमिंदर, 2026, पृ. 9)[26]। इस मामले में न्यायालय ने कहा कि विकास की प्रक्रिया में ‘किशोरावस्था और आरंभिक वयस्कावस्था के बीच एक निरंतरता’ है, फिर भी वे एक-दूसरे से भिन्न हैं। यहाँ बाल्यावस्था का जो मूल्य अभिव्यक्त हुआ है, वह केवल बाल्यावस्था को अपने आप में मूल्यवान मानने तक सीमित नहीं है। इसमें यह बात भी निहित है कि कैसे कुछ अनुभव और चयन भविष्य में वयस्कावस्था में संक्रमण के दौरान बच्चे के लिए सहायक सिद्ध हो सकते हैं।

संस्कृति -

2025 के फैसले में सांस्कृतिक प्रथाओं पर कोई विचार नहीं किया गया, जबकि उससे पहले के एक मामले में यह साफ-साफ दिखाई देता है। ‘के. धंडपाणि बनाम राज्य (पुलिस निरीक्षक के माध्यम से)’ मामले में अपीलकर्ता पीड़िता का सगा मामा था। पीड़िता ‘वलयार’ समुदाय की 14 वर्षीय लड़की थी, जिससे अपीलकर्ता ने बाद में विवाह कर लिया। न्यायालय ने मामा से विवाह करने की क्षेत्रीय प्रथा को मान्यता देते हुए अपीलकर्ता को दोषी ठहराए जाने के फैसले को निरस्त कर दिया। 2025 के फैसले का हवाला देने वाले हाल के मामलों में भी ऐसे संस्कृतिवादी तर्क दिखाई देते हैं। इसका सबसे स्पष्ट उदाहरण 16 जुलाई 2026 का ‘श्रीमती एक्सवाईज़ेड बनाम मेघालय राज्य’ मामला है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होते समय पीड़िता नाबालिग थी, जबकि याचिकाकर्ता संख्या 1 (अर्थात अभियुक्त) की आयु 25 वर्ष थी (श्रीमती एक्सवाईज़ेड वर्सेज मेघालय, 2026, पृ. 2)[27]। पॉक्सो के मामले को निरस्त करने पर विचार करते हुए अदालत संस्कृतिवादी तर्क देती नज़र आई। अदालत ने खासी समुदाय की मातृवंशीय व्यवस्था से जुड़ी एक ‘प्राचीन सामाजिक संरचना’ का उल्लेख किया। इसके साथ ही उसने इस धारणा का भी ज़िक्र किया कि खासी महिलाओं को अधिक सामाजिक स्वायत्तता प्राप्त है, जिसमें अपना जीवनसाथी चुनने की स्वतंत्रता भी शामिल है (वही, पृ. 3)[28]। इसी बात को एक अन्य मामले (श्री शालेनबोर वाहलांग वर्सेज स्टेट ऑफ मेघालय, 2026)[29] में भी दोहराया गया है।

निष्कर्ष : भारत में किशोरियों के किशोरत्व के प्रश्न को बीते कई दशकों में उतना महत्व नहीं मिला था जितना पिछले एक वर्ष में मिला है। यह लेख उन सभी बहसों की पड़ताल नहीं करता है जो भारत में बाल-अधिकार शासकीयता के पूरे परिदृश्य की समग्र या प्रतिनिधि मानी जा सकती हैं। इसमें उन अदालती फैसलों पर फोकस किया गया है जिनमें प्रायः किशोरावस्था के प्रेम-संबंध को रेखांकित किया गया है। इसका मतलब जबरन यौन संबंधों या यौन उत्पीड़न के मामलों की अनदेखी करना नहीं है जिनमें प्रायः उनके सहमति-आधारित होने पर ज़ोर दिया जाता है। इसके बजाय, लेख उन मामलों पर विचार करता है जिनमें प्रथमदृष्टया कोई नाबालिग लड़की यौन संबंध में अपनी सहमति का दावा करती है। ऐसे मामलों के विश्लेषण से बाल्यावस्था के उन परस्पर-विरोधी मूल्यों को समझने में मदद मिलती है जो कानूनी ढाँचों को प्रभावित करते हैं। इनके साथ किशोर लड़कियों से जुड़ी व्यापक सामाजिक अपेक्षाएँ भी काम करती हैं।

हाल के वर्षों में और खास तौर पर 2025 के उस फैसले के बाद जिसे सर्वोच्च न्यायालय ने मिसाल न मानने को कहा है, किशोरों को बाल्यावस्था की कठोर परिभाषाओं के भीतर रखने वाली भाषा में बदलाव आया है। दर्शनशास्त्र, बाल्यावस्था अध्ययन और इतिहास-आधारित दृष्टिकोण हमें बाल्यावस्था और किशोरावस्था के बारे में न्यायशास्त्र में निहित समझ तथा उनसे जुड़े मूल्यों को उनकी जटिलता में देखने का अवसर देता है। इन अलग-अलग फैसलों में एक और बच्चे की उपस्थिति भी उभरकर सामने आती है - पीड़िता का अपना बच्चा। अदालती सारांशों और फैसलों में इस बच्चे की उपस्थिति उसकी माँ को सापेक्षिक रूप से कुछ कम ‘बच्चा’ बनाती है।

संदर्भ :
1. फ़ील्ड, सी. टी., और साइरिट, एन. एल. (2020). ‘एज ऐंड द कंस्ट्रक्शन ऑफ जेंडर्ड ऐंडड रेस्ड सिटीज़नशिप इन द यूनाइटेड स्टेट्स’, दि अमेरिकन हिस्टोरिकल रिव्यू, 125(2), 438–450।
2. बालगोपालन, एस. (2026). ‘परफ़ॉर्मेटिव इनोसेंस’: ऑब्स्क्योरिंग स्ट्रक्चरल वल्नरेबिलिटीज़ इन चाइल्ड राइट्स गवर्नेंस, चाइल्डहुड, 33(2), 159–169।
3. गेआउश, ए. (2015). ‘दि इंट्रिन्सिक गुड्स ऑफ चाइल्डहुड ऐंड द जस्ट सोसाइटी’, दि नेचर ऑफ चिल्ड्रन्स वेल-बीइंग: थिअरी ऐंड प्रैक्टिस (पृ. 35–52). डॉर्ड्रेक्ट: स्प्रिंगर नीदरलैंड्स।
4. ‘दि ज्यूव्हेनाइल जस्टिस (केयर ऐंड प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन) ऐक्ट ’ 2015, (ऐक्ट नंबर 2 ऑफ 2016), इंडिया, पृ. 5, wcd.gov.in. https://cara.wcd.gov.in/pdf/jj%20act%202015.pdf
5. राइट टू प्राईवेसी ऑफ एडोलोसेन्ट, 23 मई 2025, आईएनएससी 778, https://api.sci.gov.in/supremecourt/2023/51208/51208_2023_3_1506_62112_Judgement_23-May-2025.pdf [25 जून 2026 को देखा गया]।
6. राइट टू प्राईवेसी ऑफ एडोलोसेन्ट, 20 अगस्त 2024, आईएनएससी 614, https://api.sci.gov.in/supremecourt/2023/51208/51208_2023_6_1501_54805_Judgement_20-Aug-2024.pdf [25 जून 2026 को देखा गया]।
7. पी. पुरकैत @ प्रोभात वर्सेज स्टेट ऑफ वेस्ट बंगाल, 2023, 18 अक्टूबर 2023, https://indiankanoon.org/doc/160035977/ [25 जून 2026 को देखा गया]।
8. पांडे, आई. (2020). ‘पावर, नॉलेज, ऐंड द एपिस्टेमिक कॉन्ट्रैक्ट ऑन एज : द केस ऑफ कोलोनियल इंडिया’, दि अमेरिकन हिस्टोरिकल रिव्यू, 125(2), 407–417।
9. एस्सर, एफ., बाडर, एम. एस., बेट्स, टी., एवं हंगरलैंड, बी. (सं.) (2016). रीकन्सेप्चुअलाइज़िंग एजेंसी ऐंड द चाइल्डहुड: न्यू पर्सपेक्टिव्स इन चाइल्डहुड स्टडीज़, राउटलेज।
10. सायरेट, एन. एल. (2013). 'आई डिड ऐंड आई डोंट रिग्रेट इट": चाइल्ड मैरिज एंड द कॉन्टेस्टेशन ऑफ चाइल्डहुड इन द यूनाइटेड स्टेट्स, 1880–1925'. दि जर्नल ऑफ द हिस्ट्री ऑफ चाइल्डहुड ऐंड यूथ, 6 (2), 314-331।
11. मैटर, एस. (2017). ‘शी डज़न्ट लुक लाइक अ चाइल्ड: गर्ल्स ऐंड एज ऑफ कंसेंट रेगुलेशन्स इन ऑस्ट्रिया (1950–1970)’, दि जर्नल ऑफ द हिस्ट्री ऑफ चाइल्डहुड एंड यूथ, 10(1), 104–122।
12. थॉम्पसन, सी. ई. (2022). ‘डेंजर, डिजेबिलिटी, ऐंड डबल एज: प्रिकॉसिटी ऐंड द मिसफ़िट बॉडीमाइंड इन द नाइंटीन्थ सेंचुरी’, दि जर्नल ऑफ द हिस्ट्री ऑफ चाइल्डहुड ऐंड यूथ, 15(3), 376–386।
13. वही, पृ. 383।
14. प्रेमो, बी. (2026). ‘दि गर्ल हू जम्प्ड ओवर चाइल्डहुड : इवोल्यूशनरी टाइम ऐंड पेरूज़ यंगेस्ट मदर इन द वर्ल्ड, 1939’, दि जर्नल ऑफ द हिस्ट्री ऑफ चाइल्डहुड एंड यूथ, 19(1), 22–45।
15. बेत्सलर, एम. (2019). ‘देर वेर्ट देर किंडहाइट’; हांडबुख फ़िलोज़ोफ़ी देर किंडहाइट (पृ. 203–210). श्टुटगार्ट: जेबी मेत्सलर।
16. गेआउश, ए. (2015). ‘दि इंट्रिन्सिक गुड्स ऑफ चाइल्डहुड ऐंड द जस्ट सोसाइटी’, दि नेचर ऑफ चिल्ड्रन्स वेल-बीइंग: थिअरी ऐंड प्रैक्टिस, डॉर्ड्रेक्ट: स्प्रिंगर नीदरलैंड्स, पृ. 48।
17. बालगोपालन, एस. (2026). ‘परफ़ॉर्मेटिव इनोसेंस’: ऑब्स्क्योरिंग स्ट्रक्चरल वल्नरेबिलिटीज़ इन चाइल्ड राइट्स गवर्नेंस, चाइल्डहुड, 33(2), पृ. 163।
18. पी. पुरकैत @ प्रोभात वर्सेज स्टेट ऑफ वेस्ट बंगाल, 2023, पृ. 8, 18 अक्टूबर 2023, https://indiankanoon.org/doc/160035977/ [25 जून 2026 को देखा गया]।
19. वही, पृ. 38।
20. राइट टू प्राईवेसी ऑफ एडोलोसेन्ट, 23 मई 2025, आईएनएससी 778, पृ. 31 व 38, https://api.sci.gov.in/supremecourt/2023/51208/51208_2023_3_1506_62112_Judgement_23-May-2025.pdf [25 जून 2026 को देखा गया]।
21. ‘दि ज्यूव्हेनाइल जस्टिस (केयर ऐंड प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन) ऐक्ट ’ 2015, (ऐक्ट नंबर 2 ऑफ 2016), इंडिया, wcd.gov.in. https://cara.wcd.gov.in/pdf/jj%20act%202015.pdf
22. दि स्टेट ऑफ उत्तर प्रदेश वर्सेज अनुरुद्ध ऐंड एएनआर, 9 जनवरी 2026, आईएनएससी 47, https://www.scobserver.in/wp-content/uploads/2026/01/SCOLR_Judgement_State-of-Uttar-Pradesh-v-Anurudh.pdf [30 जुलाई 2026 को देखा गया]।
23. श्रीमती एक्सवाईजेड (प्रोसीक्यूट्रिक्स) वर्सेज मेघालय, 16 जुलाई 2026, https://indiankanoon.org/doc/38479948/ [30 जुलाई 2026 को देखा गया]।
24. वही, पृ. 2।
25. हरमीत सिंह वर्सेज स्टेट ऑफ जीएनसीटी दिल्ली ऐंड एनआर, 16 अप्रैल 2026, https://indiankanoon.org/doc/178860698/ [25 जुलाई 2026 को देखा गया]।
26. स्टेट वर्सेज सोनू @ परमिंदर, 8 जनवरी 2026, पृ. 9, https://indiankanoon.org/doc/99867770/ [25 जुलाई 2026 को देखा गया]।
27. श्रीमती एक्सवाईजेड (प्रोसीक्यूट्रिक्स) वर्सेज मेघालय, 16 जुलाई 2026, पृ. 2, https://indiankanoon.org/doc/38479948/ [30 जुलाई 2026 को देखा गया]।
28. वही, पृ. 3।
29. श्री शालेनबोर वाहलांग वर्सेज स्टेट ऑफ मेघालय’, 2026, 12 मार्च 2026, https://indiankanoon.org/doc/127519064/ [25 जुलाई 2026 को देखा गया]।

हिया सेन
सहायक आचार्य, समाजशास्त्र विभाग, प्रेसीडेन्सी यूनिवर्सिटी, कोलकाता

अपनी माटी
( साहित्य और समाज का तिमाही दस्तावेज़ )
  Peer Reviewed & Refereed Journal , (ISSN 2322-0724 Apni Maati) Vol. 66, Issue Nu 2. जुलाई -सितंबर 2026
सम्पादक : माणिक एवं जितेन्द्र यादव रचनात्मक लेखन सम्पादक : विष्णु कुमार शर्मा

Post a Comment

और नया पुराने