शोध आलेख : मौर्यकालीन काशी में प्रस्तर शिल्प-कला / अनुराधा सिंह

मौर्यकालीन काशी में प्रस्तर शिल्प-कला
- अनुराधा सिंह

 

शोध सार : प्रस्तुत शोध-पत्र "मौर्यकालीन काशी में प्रस्तर शिल्प-कला" प्राचीन काशी की कलात्मक और तकनीकी उन्नति का जीवंत दस्तावेज़ है। प्रागैतिहासिक काल से ही काशी क्षेत्र प्रस्तर उपकरणों का केंद्र रहा है, परंतु मौर्य सम्राट अशोक के राज्याश्रय में यह कला अपने चरमोत्कर्ष पर पहुँची। उत्खनन से प्राप्त बहुमूल्य मनके, फ़ेयान्स और लाजवर्त जैसी वस्तुएं यह प्रमाणित करती हैं कि मौर्यकालीन काशी का व्यापारिक संबंध अफ़गानिस्तान से लेकर मध्य एशिया तक फैला हुआ था। इस युग की शिल्प-कला की रीढ़ चुनार का बलुआ पत्थर था जिसकी सूक्ष्म बनावट और उस पर की गई शीशे जैसी मौर्यकालीन पॉलिश आज भी दुनिया को विस्मित करती है। बौद्ध ग्रंथ 'बब्बु जातक' के साक्ष्य दर्शाते हैं कि यहाँ प्रस्तर-शिल्प एक संगठित, वंशानुगत और समृद्ध पारिवारिक उद्योग था। स्थापत्य के दृष्टिकोण से, चुनार की पहाड़ियों से लगभग 50 टन वजनी विशाल एकाश्म पत्थरों को काटना, उन्हें तराशना और गंगा, वरुणा जैसी नदियों के जलमार्गों से सारनाथ तक सुरक्षित पहुँचाना मौर्यकालीन उन्नत इंजीनियरिंग, बेजोड़ परिवहन तकनीक और कुशल कारीगरी का अनूठा उदाहरण है। अंततः, सारनाथ का विश्वप्रसिद्ध अशोक सिंह स्तंभ शीर्ष विदेशी प्रभाव से मुक्त, पूर्णतः स्वदेशी प्रस्तर शिल्प-कला का सबसे सुंदर और कालजयी प्रतीक है।

बीज शब्द : मौर्यकाल, काशी-सारनाथ, प्रस्तर शिल्प-कला, सम्राट अशोक, चुनार बलुआ पत्थर, मौर्यकालीन चमक/पॉलिश, पुरातात्विक उत्खनन, जातक कथाएँ, प्रस्तर मनके, परिवहन एवं तकनीक, भौगोलिक संकेतक।

मूल आलेख : मानव अपने विकास के प्रारम्भिक काल से पत्थरों का उपयोग करता आ रहा है। मानव ने पत्थर की बनी गुफाओं को अपना निवास-स्थल बनाया; आग उत्पन्न करने की तकनीक या कला का विकास पत्थर से किया। पत्थरों से अनेक उपकरण एवं औजार-हथियार निर्मित किये, जिनका उपयोग शिकार के लिए किया। शिकार करने से सम्बन्धित अनेक आदिकालीन चित्रों को पुराविदों, इतिहासकारों द्वारा खोजा जा चुका है, जिसे पत्थरों पर बनाया गया है। पुरातात्विक अवशेष के रूप में ऐसे पत्थर के उपकरण भारत के विभिन्न क्षेत्रों से बहुतायत मिलते है। आवास बनाने के विचार ने मानव को पत्थरों व झाड़ियों से घर बनाने के लिए प्रेरित किया होगा। इस प्रकार स्थायी निवास से लेकर भोजन का एक बड़ा भाग (मांस के रूप में) प्रारम्भिक मानव ने पत्थरों के सहयोग से प्राप्त किया होगा। प्राचीन साहित्य एवं पुरातत्व के अनुशीलन से ज्ञात होता है कि मानव ने सभ्यता के प्रारम्भिक दिनों में पत्थरों को अपने भौतिक जीवन की समृद्धि को प्राप्त करने का प्रमुख साधन बनाया होगा।

‘काशी’, जिसे भारत के सभ्यता व संस्कृति के प्रतिनिधि स्थल के रूप में मान्यता प्राप्त हैं; मानव सभ्यता के कुछ प्रारम्भिक साक्ष्यों को भी यह अपने इतिहास में समेटे हुए है। इसकी पुष्टि के लिए काशी क्षेत्र के अनेक स्थलों को देख सकते हैं, जहाँ से प्रस्तर कालीन समाज के उपकरण प्राप्त हुए हैं[1], हालाँकि इस शोध पत्र में मौर्यकालीन काशी के प्रत्थर शिल्प कला के संदर्भ में विद्वानों का ध्यान आकृष्ट करने का प्रयास किया गया है। भारतीय इतिहास में सर्वप्रथम मौर्यवंशीय सम्राट ‘अशोक’ ने बड़े पैमाने पर पत्थरों का उपयोग शिल्प-कला के क्षेत्र में किया है। राजाश्रय के अन्तर्गत विकसित हुई प्रत्थर शिल्प कला के अतिरिक्त इस काल में लोगों के द्वारा भौतिक जीवन में प्रयुक्त होने वाले पत्थर की वस्तुओं का निर्माण भी समृद्ध अवस्था में था, इसमें अर्द्धमूल्यवान पत्थर के मनके मुख्य हैं। ऐसे मनके राजघाट[2], अगियावीर[3], ओरियाघाट (रामनगर)[4], खैराडीह[5] इत्यादि पुरास्थलों के उत्खनन में प्राप्त किये गये हैं। पत्थरों की बनी अनेक वस्तुएँ, जिनका उपयोग दैनिक जीवन में किया जाता था; काशी के पुरास्थलों से उत्खनन से प्राप्त हुई हैं। स्थापत्य एवं मुर्तिकला के अनेक उदाहरण प्राचीन काशी क्षेत्र के पुरास्थलों से प्राप्त होते हैं, जो आधुनिक वाराणसी, बलिया, आजमगढ़, सोनभद्र, भदोही, मिर्जापुर, चन्दौली के भागों से खोजे गये हैं। यहाँ हम शोधकर्ताओं, इतिहासकारों व पुराविदों का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं कि ये उपर्युक्त आधुनिक जिले राजनैतिक एवं सांस्कृतिक रूप से प्राचीन काशी के ही भाग थे, जिसकी संपुष्टि प्राचीन साहित्य एवं पुरातत्व से होती है।

मौर्यकालीन प्रस्तर शिल्प-कला का केन्द्र ‘सारनाथ’ सम्पूर्ण भारतवर्ष में प्रसिद्ध है। औपनिवेशिक काल में अनेक पुरातत्वविदों द्वारा सारनाथ क्षेत्र में उत्खनन कार्य किया गया। सारनाथ क्षेत्र से प्राप्त मूर्तियाँ, प्रस्तर, खण्ड इत्यादि देश के विभिन्न संग्रहालयों में प्रदर्शित हैं। हालाँकि औपनिवेशिक बनारस में प्राचीन प्रस्तर खण्डों का दुरुपयोग भी किये जाने का साक्ष्य मिलता है; जिसे ‘पत्थरों की लूट’ की संज्ञा दी जा सकती है। सिर्फ पत्थरों की लूट ही नहीं, वरन् जब दीवान जगत सिंह जगतगंज का मुहल्ला बसाने के लिए ईटों की प्राप्ति के लिए सारनाथ क्षेत्र की खुदाई करवाई तो बहुत सी बेशकीमती चीजें प्राप्त हुई, जिसे खुदाई करने वालों ने हजम कर लीं। पत्थरों के लूट के संदर्भ में भगवतशरण उपाध्याय[6]  अपनी पुस्तक में उल्लिखित करते हैं कि, ‘‘शेरिगं लिखता है, बरना नदी के पुलों में से एक डंकन पुल बनाते समय अड़तालीस पत्थर की समूची मूर्तियाँ और अन्य मूर्त उत्खनित पत्थर खण्ड सारनाथ से लाकर धारा की प्रखरता रोकने के लिए नदी में फेंक दिये गये। फिर दूसरे लोहे के पुल निर्माण के समय कोई पचास-साठ गाड़ी पत्थर सारनाथ के भवनों को उजाड़कर पुल बनाने के काम में लाये गये।’’

भगवतशरण उपाध्याय आगे लिखते हैं कि, ‘‘क्वींस कॉलेज के निर्माता स्वयं मेजर मरखम किट्टो ने उस कॉलेज के निर्माण हेतु सारनाथ व बकरिया कुण्ड से लाये गये पत्थरों का उपयोग किया। कर्नल मैकेंजी और जनरल कनिंघम की खुदाइयों के बाद भी उनके खोदे गये पत्थर गायब हो गये थे। वहाँ की आखिरी लूट इस सदी के आरम्भ में तब हुई, जब ‘नैरो गेज’ (छोटी लाइन) रेलवे लाइन सारनाथ की ओर से निकाली गई।’’ यह रेलवे लाइन 1909-10 ई0 में बिछाई गई थी।[7]  रेलवे लाइन बिछाने के लिए ही सारनाथ के भवनों को भूमिसात कर पत्थरों व ईटों को उपयोग में लाया गया था। हालाँकि काशी क्षेत्र से प्राप्त प्रस्तर शिल्पकलाएँ सारनाथ संग्रहालय व भारत कला भवन में आज भी सुरक्षित हैं, जिसके सहयोग से मौर्यकालीन काशी के प्रस्तर शिल्प-कला के इतिहास को रेखांकित किया जा सकता है। इसके साथ ही काशी क्षेत्र एवं गंगा घाटी के अन्य क्षेत्रों में इसकी क्या उपयोगिता रही है, उसे समझा जा सकता है। इसमें भी सबसे महत्वपूर्ण यह है कि, ‘ये कलाकृतियाँ प्राचीन भारतीय शिल्प कला इतिहास में प्राचीन काशी के शिल्पकारों के सृजनात्मकता एवं उच्चकोटि के शिल्प तकनीकि ज्ञान को उजागर करती है।’

काशी क्षेत्र में प्रस्तर शिल्प कला के अन्तर्गत सबसे सुक्ष्म कार्य अर्द्धमूल्यवान प्रस्तर मनकों का था। मनकों में कुछ ऐसे मनके थे; जिसे सम्भवतः सीधे तौर पर प्रकृति से प्राप्त पदार्थों के सहयोग से निर्मित किया जाता था, जैसे फेयान्स मनके। इस प्रकार के मनके अगियाबीर पुरास्थल से एक घड़े में रखे हुए मिले हैं। काशी के अन्य स्थलों से भी ये मनके प्राप्त हुए हैं, लेकिन संख्या में ये कम हैं। अगियाबीर[8]  से प्राप्त फेयान्स मनकों के सम्बन्ध में पुरुषोत्तम सिंह एवं अशोक कुमार सिंह[9]  लिखते हैं कि, ‘‘लगभग 300 फेयान्स मनके कृष्ण लेपित लघु मृदभाण्ड में रखे हुए प्राप्त हुए है। इनमें से दश मनकों का रसायनिक परीक्षण किया गया। इस परीक्षण से मनकों के तकनीकी बनावट का पता चला, जिसमें क्वार्ट्ज, सिलिका, चूना पत्थर, क्षार एवं लौह तत्व का प्रयोग हुआ है। नीले-हरे रंग के लिए कॉपर ऑक्साइट का प्रयोग दृष्टव्य है। इस तरह के चमकिले फेयान्स मनकों को बनाने के लिए 800-900 सेन्टीग्रेट तापमान की आवश्यकता पड़ती है।’’ इस प्रकार के फेयान्स मनके जो यह प्रदर्शित करते हैं कि काशी के लोग पत्थर के विभिन्न तत्वों को मिलाकर मनकों का निर्माण करते रहे होंगे। हालाँकि अगियाबीर से किसी भट्टी के अवशेष प्राप्त नहीं हुए हैं। लेकिन प्रारम्भिक अध्ययन के परिणामस्वरूप यह निष्कर्ष दिया जा सकता है कि अगियाबीर में ऐसे फेयान्स मनके बनाये जाते थे; जिसका निर्यात सुदूर क्षेत्रों में किया जाता रहा होगा।

फेयान्स मनको के अतिरिक्त सूर्यकांत मणि (जैस्पर स्टोन) एवं बिल्लौर (क्वार्ट्ज) के मनके भी प्राप्त हुए हैं। यहाँ से सुलेमानी मनके अर्द्धनिर्मित अवस्था में प्राप्त हुए हैं, जो इनके स्थानीय स्तर पर निर्मित होने के संकेत देते हैं। राजघाट[10] के उत्खनन में मौर्यकालीन पाषाण मनके प्राप्त हुए हैं, इनमें लाजवर्द, स्फटिक, कार्नेलियन मनके मुख्य हैं। राजघाट पुरास्थल से अधिकांश मनके अर्द्धनिर्मित अवस्था में प्राप्त हुए हैं। कार्नेलियन व सुलेमानी पत्थर के मनकों पर नक्काशी (एचिंग) की गई है, जो इस बात की पुष्टि करती है कि मनकों पर नक्काशी की पद्धति प्रचलन में थी। हड़प्पा काल में भी ऐसे मनकों का निर्माण किया जाता था।[11]  ऐसे मनके मौर्यकालीन काशी के अनेक पुरास्थलों से प्राप्त हुऐ हैं। प्राचीन भारत के प्रमुख नगरों से भी ऐसे मनके बड़े पैमाने पर प्राप्त किये गये हैं; जिसमें प्रमुख रूप से कौशांबी, वैशाली, अयोध्या (साकेत), चम्पा, अहिच्छत्र, हस्तिनापुर, तक्षशिला, उज्जैन, श्रावस्ती, महेश्वर, अतरंजीखेड़ा, पिकलीहल, अरिकामेडु इत्यादि पुरास्थल हैं।[12]  इनमें से कई स्थल मौर्यकालीन हैं; साथ ही गंगा घाटी से सम्बन्धित हैं।

उपर्युक्त मनकों के साक्ष्य इस तथ्य की ओर संकेत करते हैं कि मनकों के निर्माण में मौर्यकालीन काशी काफी समृद्ध अवस्था में थी। यही नहीं, काशी क्षेत्र में ऐसे मनके पाये गये हैं, जो अर्द्धनिर्मित अवस्था में थे और इनका मूल स्रोत भारत के बाहर है, जैसे लाजवर्द। लाजवर्द पत्थर अफगानिस्तान के बदख्सान क्षेत्र में पाया जाता है। काशी क्षेत्र से लाजवर्द पत्थर के मनकों के मिलने से स्पष्ट होता है कि काशी का व्यापारिक सम्बन्ध पश्चिम व मध्य एशिया के साथ था। संभवतः ऐसे मनके तक्षशिला से भी आयात किये जाते रहे होंगे। इसके अतिरिक्त अनेक ऐसे मनके भी प्राप्त हुए हैं, जिसके पत्थर काशी क्षेत्र से बाहर भारत के विभिन्न स्थलों से आयातित थे। इस प्रकार पत्थर के मनकों से स्पष्ट होता है कि मौर्यकालीन काशी के कारीगर मनकों के निर्माण में काफी दक्ष थें। साथ ही प्राचीन काशी के समाज का एक वर्ग ऐसा रहा होगा, जो विभिन्न प्रकार के पत्थरों के मनकों के निर्माण में लगा रहा होगा और मनकों से सम्बन्धित व्यापारी सुदूर राज्यों तक इनका व्यापार कर काफी मुनाफा कमाते रहे होंगे।

प्रस्तर मनकों के अतिरिक्त साधारण पत्थरों की वस्तुएँ पुरातात्विक उत्खन्न में प्राप्त हैं। ये पत्थर कि वस्तुएँ दैनिक जीवन के उपयोग में लाई जाती थी। इन वस्तुओं में सील-लोढ़ा, मूसल-ओखल, स्टूल एवं ब्लेड, चाकू, हंसियाँ इत्यादि को धार (तेज करना) देने वाले पत्थर, पत्थर का पैमाना, कौड़ी (विनिमय का माध्यम), वस्तुओं को तौलने के लिए बाट-माप, हथौड़ा इत्यादि प्राप्त हुए हैं।[13]  प्रहलादपुर[14]  पुरास्थल से ब्लेड जैसे उपकरण प्राप्त हुए हैं। पुरातत्वविदों का मानना है कि ये विभिन्न गृहोपयोगी वस्तुएँ वास्तव में लघु-शिल्प उद्योग से सम्बन्धित थी। जैसा कि इनमें से अधिकांश वस्तुएँ आज भी ग्रामीण भारतीय समाज में लोगों के द्वारा प्रतिदिन के कार्यों में उपयोग हेतु लाई जाती हैं, जो पेशेवर शिल्पकारों के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जाती हैं। हालाँकि बढ़ते तकनीकी व आरामदायक जीवनशैली की लालसा ने अब इन्हें भी ग्रामीण जीवन से लगभग बाहर कर दिया है।

बौद्ध धर्म के प्रारम्भिक काल से ही काशी बुद्ध की नगरी मानी जाती है, बुद्ध ने अपना प्रथम उपदेश काशी के सारनाथ या मृगदाव में दिया था। बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली होने के कारण काशी का बौद्ध धर्म से घनिष्ठ सम्बन्ध रहा है। संभवतः यही कारण है कि बौद्ध साहित्य का प्रमुख भाग ‘जातक अट्ठकथा’ के 547 कथाओं में से लगभग साढ़े तीन सौ कथाएँ वाराणसी या कासी (काशी) से सम्बन्धित हैं।[15] अनेक जातक कथाओं में उल्लिखित तथ्यों की पुष्टि काशी के पुरातात्विक अन्वेषण में प्राप्त पुरावशेषों से भी होती है। सम्पूर्ण जातक के एक सौ से अधिक कथाओं में काशी के विभिन्न शिल्प-कलाओं का सजीव वर्णन मिलता है। इन शिल्प-कलाओं में वस्त्र शिल्प, मोती (मनके) निर्माण, मृदा-शिल्प, हाथी-दाँत का शिल्प, वास्तु-शिल्प, काष्ट-शिल्प एवं प्रस्तर-शिल्प का विशद वर्णन मिलता है। पत्थर शिल्प कला की दृष्टि से ‘बब्बु’ जातक कथा के कुछ अंश संक्षिप्त रूप में नीचे दिये जा रहे हैं।

बब्बु जातक की कथा प्रस्तर-शिल्प की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। बब्बु जातक[16]  में वर्णन मिलता है कि, ‘‘पूर्व काल में वाराणसी राजा ब्रह्मदत्त के राज्य काल में बोधिसत्व पत्थर काटने के कुल में पैदा हुए। जब वे वयस्क हुए तो अपने शिल्प (पैतृक व्यवसाय-प्रस्तर उद्योग) में पारंगत हो गये। काशी देश (राज्य) के एक कस्बे (निगम) में एक बड़ा धनवान सेठ था। उसके पास चालीस करोड़ मूल्य का सोना था, जो धरती के अन्दर छुपाया हुआ था। जब सेठ की पत्नी मृत्यु को प्राप्त हुई, तो वह चुहिया के रूप में पुनर्जन्म ली और उस गड़े हुए खजाने के ऊपर रहने लगी; जिसके कारण सेठ का ‘कुल’, ‘वंश’ और बाद में वह गाँव (कस्बा) ही उजड़ गया। उस समय बोधिसत्व उस उजड़े हुए गाँव से पत्थर उखाड़कर उन्हें तराशते थे।’’ इस प्रकार प्रस्तर शिल्प उद्योग से सम्बन्धित इस जातक कथा के अध्ययन से निम्नलिखित ऐतिहासिक तथ्यों का पता चलता है -

  • बोधिसत्व जिस परिवार में पैदा हुए, वह प्रस्तर-शिल्प के कार्य में लगा हुआ था।
  • बोधिसत्व अपने परम्परागत पारिवारिक शिल्प उद्योग में पारंगत होकर उसी शिल्प उद्योग को करने लगे।
  • बोधिसत्व उजड़े हुए गाँव से पत्थर उखाड़कर उन्हें तराशते थे, इसका अर्थ यह हुआ कि उस गाँव या कस्बे में पहले से ही प्रस्तर उद्योग का कार्य होता था।

पुरातात्विक अन्वेषण से भी पुष्टि होती है कि प्राचीन काशी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्रस्तर शिल्पकला का कार्य होता था। काशी का चुनार[17] क्षेत्र प्रस्तर शिल्प-कला की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। चुनार की पहाड़ियाँ बारीक कण वाले बलुआ पत्थर की चट्टानों से भरपूर हैं।[18] आज भी गंगा घाटी के अधिकांश क्षेत्रों में चुनार के बलुआ पत्थरों का निर्यात किया जाता है। मार्च 2019 ई0 में चुनार के बलुआ पत्थरों को भौगोलिक संकेतक (जी0आई0) उत्पाद के साथ ही देश की ‘बौद्धिक सम्पदा अधिकार’ में शामिल कर लिया गया है।[19] यह चुनार के बलुआ पत्थरों को दुनिया में अपनी उत्कृष्ट गुणवत्ता एवं कलात्मकता के कारण दिया गया है। चुनार के खदानों में ही प्राचीन प्रस्तर शिल्प अवशेष पाये गये हैं। प्राचीन खदानों के आस-पास आज भी बड़ी संख्या में यत्र-तत्र तराशे गये बेलनाकार पत्थर खण्ड व मलवे के ढेर पाये जाते हैं। 1990 ई0 में विदुला जायसवाल ने पूर्ण चन्द्र पत्त के साथ चुनार की पहाड़ियों में प्राचीन खदानों की पहचान कीं।[20] इसके पश्चात् विदुला जायसवाल के कई वर्षों तक के अथक परिश्रम से चुनार स्थित 452 प्राचीन खदानें, 1128 तराशे गये बेलनाकार पाषाण खण्ड व 112 अभिलेख युक्त प्रस्तर खण्ड के रूप में काशी के प्रस्तर शिल्प के अनूठे व विशिष्ट स्रोतों की पहचान की गई।[21]

चुनार के बलुआ पत्थरों की अपनी एक अलग विशिष्टता है; जिसकी जानकारी काशी के शिल्पकारों को मौर्यकाल में हो गयी थी। इन पत्थरों की विशेषता यह है कि ये पत्थर जितना प्राचीन होते जाते हैं, हवा व पानी के घर्षण के कारण उतना ही अधिक चमकीले होते जाते हैं। संभवतः यही कारण है कि सम्राट अशोक ने बड़े पैमाने पर इन पत्थरों का उपयोग प्रस्तर शिल्प-कला के रूप में किया। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि भारतीय इतिहास में मौर्य काल से ही प्रस्तर शिल्पों का वास्तु निर्माण व मूर्तन कला में प्रयोग प्रारम्भ हुआ। हालाँकि मौर्यकालीन प्रस्तर शिल्प-कला के अधिकांश उदाहरण मूर्तिकला के हैं; वास्तु कला के उदाहरण कम मिलते हैं। एक अन्य उदाहरण प्रस्तर शिलालेखों व स्तम्भ लेखों का है।

भारत में शिलालेखों व स्तम्भलेखों का सर्वप्रथम प्रचलन मौर्य काल से माना जाता है। सम्राट अशोक ने ऐसे शिलालेखों व स्तम्भलेखों को प्राचीन भारत के विभिन्न स्थलों पर लगवाया। ये लेख काशी में स्थित चुनार के बलुआ पत्थरों पर अंकित मिलते हैं। पुरातात्विक अन्वेषण से ज्ञात होता है कि चुनार के बलुआ पत्थरों को खदानों से निकालकर गंगा घाटी के अन्य स्थलों पर ले जाया जाता था। गंगा घाटी के अन्य स्थलों से ऐसे पत्थरों का प्राप्त होना जल यातायात की समृद्धि को बयाँ करता है। जैसा कि गंगा घाटी के नगरीय इतिहास के अनुशीलन से पता चलता है कि महाजनपद काल में द्वितीय नगरीकरण का प्रारम्भ हो चुका था। मौर्य काल तक उत्तर भारत के अधिकांश नगर नदियों के किनारे विकसित हो समृद्धि के पथ पर अग्रसर हो चले थे। गंगा, यमुना, गोमती, सरयू (घाघरा) इत्यादि नदी मार्गो से ही ये पत्थर गंगा घाटी के अन्य स्थलों तक ले जाए जाते थे। इन्हीं नदियों के तट पर अनेक नगरों के अवशेष आज भी खुदाई में मिलते रहते हैं।

विदुला जायसवाल ने प्राचीन काशी के अनेक स्थलों की पहचान की हैं; जहाँ प्रस्तर शिल्प का कार्य बड़े पैमाने पर होता था। जायसवाल[22] का मत है कि, ‘‘प्राचीन काशी में चुनार खदानों से निकाले गये बलुआ प्रस्तर खण्ड जल मार्ग द्वारा लाये जाते थे, तत्पश्चात् काशी के प्रमुख शिल्पी ग्रामों यथा, कोटवा, आशापुर, तिलमापुर में इन प्रस्तर खण्डों से सुन्दर प्रतिमाओं व आलेख पट्टो का गढ़न किया जाता था, और इनको सारनाथ तक पहुँचाया जाता था। हालाँकि विदुला जायसवाल द्वारा इस प्रक्रिया को प्रथम शताब्दी ई0 से मध्य युग तक का माना जाता है। इस विषय में मेरा यह विचार है कि चुनार के बलुआ पत्थरों का विस्तृत परिप्रेक्ष्य में अध्ययन किया जाता है, तो ऐसा लगता है यह प्रक्रिया मौर्य काल से जारी थी। मौर्यकालीन प्रस्तर प्रतिमाओं व पाषाण खण्डों का बड़े पैमाने पर सारनाथ क्षेत्र से प्राप्त होना, मेरे उपर्युक्त तथ्य की संपुष्टि के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य है। साथ ही यदि औपनिवेशिक बनारस में सारनाथ क्षेत्र की खुदाई के उपरान्त पत्थरों की लूट नहीं हुई होती, जैसा कि मेजर मरखम किट्टों, कर्नल मैकेंजी और जनरल कनिंघम की खुदाइयों के बाद हुआ, तो सारनाथ क्षेत्र के पत्थरों की कहानी कुछ और ही होती। हालाँकि कुछ मौर्यकालीन एवं उसके बाद के कालों के अवशेष संग्रहालयों में सुरक्षित हैं, जिसमें मौर्यकालीन प्रस्तर शिल्प कला के इतिहास को बखुबी समझा जा सकता है।

विद्वानों का मानना है कि चुनार के पत्थरों को काशी-सारनाथ क्षेत्र में गंगा नदी मार्ग के द्वारा लाया जाता था। इसमें ‘अकथा’[23] व ‘राजापुर’[24] नाले (वर्तमान में इनका अवशेष बस नालों के रूप में बचा है) की सहायक भूमिका थी। वैज्ञानिक अध्ययन से स्पष्ट होता है कि प्राचीन काल में ये छोटी नदियों की भाँति रही होंगी, जिसके सहयोग से पत्थरों को शिल्पी ग्रामों तक ले जाया जाता था। इन पत्थरों के अवलोकन एवं प्राचीन पत्थर शिल्प कला के अध्ययन से स्पष्ट होता है कि पत्थरों की खुदाई, काटने तराशने, राजाज्ञा लिखवाने एवं नदी-मार्ग द्वारा पत्थरों को काशी व गंगा घाटी के सुदूर क्षेत्रों में ले जाने के लिए पर्याप्त प्रौद्योगिकी का प्रयोग किया जाता था।

मौर्य कालीन प्रौद्योगिकी के सम्बन्ध में डी0आर0 भण्डारकर[25] ने लिखा है ‘‘अशोक का स्तूप 40 से 50 फुट तक लम्बाई वाले और औसतन 2 फुट 7 इंच व्यास के अनुपम विशालकाय एक पाषाण हैं। लगभग चार वर्ग फुट और 50 फुट लम्बे शिलाखण्ड को खदान में से निकालना, आज 20वीं सदी में भी बड़ा श्रमसाध्य कार्य है, जब हम आधुनिक वैज्ञानिक ज्ञान, प्रशिक्षण और उपकरणों पर इतना अभिमान करते हैं। दो हजार वर्ष पूर्व, मौर्यकाल के शिल्पियों ने इस भारी कार्य को कैसे किया होगा? इस पर आश्चर्य हुए बिना नहीं रहा जाता। जो भी हो इतना निश्चित रूप से कहा जा सकता है कि ऐसे विशालकाय प्रस्तर-खण्डों को चुनार के खदानों से काटकर, उनको सुन्दर बेलनाकार बनाकर और उसे शीशे की भाँति चमकाकर सैकड़ों मील दूर भेजना यान्त्रिक साधनों, बुद्धिकौशलों एवं बड़े पैमाने पर शिल्पकर्मियों के अभाव में सम्भव नहीं है।’’

इस सम्बन्ध में फिरोजशाह तुगलक के समय का इतिहास लेखक शम्स-इ-सीराज[26] बड़ी रोचक घटना का जिक्र करता है, वह लिखता है - ‘‘वह सुल्तान (फिरोजशाह) खिजराबाद जिले में, पहाड़ियों के नीचे तोपरा गाँव में पहली बार ये स्तम्भ देखे तो उसने उस स्तम्भ को विजय-स्मारक के रूप में दिल्ली ले जाने का संकल्प किया। खिजराबाद दिल्ली से 90 कोस दूर है। सुल्तान ने पास-पड़ोस के सभी लोगों को, जो दोआब में या उससे बाहर रहते थे, तथा घुड़सवार व पैदल सैनिकों को उपस्थित होने का आदेश दिया। साथ ही उपयोगी उपकरण व सेवल की रूई का एक-एक गट्ठर भी लाने का आदेश दिया। रुई के गट्ठर स्तम्भ के चारों-ओर जमा कर दिये गये और जब इसके आधार पर से मिट्टी हटाई गयी तब यह धीरे-धीरे उस गद्दे पर आ पड़ा। इसके बाद धीरे-धीरे वह रुई हटा दी गयी और कुछ दिनों बाद स्तम्भ सुरक्षित धरती पर आ गया। स्तम्भ के नीव में एक बड़ा वर्गाकृति पत्थर आधार के रूप में था, उसे भी निकाल लिया गया। अब बयालीस पहियों की एक गाड़ी बनायी गयी और प्रत्येक पहिये के पास एक रस्सा बाँधा गया। प्रत्येक रस्से पर हजारों आदमी लगे, और बड़े परिश्रम तथा कठिनाई के बाद स्तम्भ गाड़ी पर चढ़ाया गया। प्रत्येक पहिये पर एक मजबूत रस्सा बाँधा गया और इनमें से प्रत्येक रस्से पर 200 आदमी (सभी गाड़ियों पर कुल व्यक्ति 42×200=8400) लगे। इतने आदमियों के सहयोग से गाड़ी को यमुना के किनारे लाया गया। यहाँ सुल्तान उसका स्वागत करने आया। बहुत सी बड़ी-बड़ी नौकाएँ एकत्र की गयी थी, जिसमें से कई 5,000 से 7,000 मन तक अनाज ढो सकती थीं और छोटी से छोटी नौकाएँ 2,000 मन अनाज ढोने वाली थीं। यह स्तम्भ बड़ी चतुराई से इन नौकाओं पर चढ़ाया गया और इस तरह फिरोजाबाद ले जाया गया। स्तम्भ की स्थापना के लिए अत्यन्त कुशल वास्तुविद् एवं कारीगरों को लगाया गया। जामा मस्जिद के पास एक स्थान पर स्तम्भ को प्रतिस्थापित करने का कार्य आरम्भ हुआ। इस स्थल पर पत्थर व चूने का चबूतरा बनाया गया और इसमें कई सीढ़ियाँ भी बनाई गई थीं। जब एक सीढ़ी बन गयी तब स्तम्भ इसके ऊपर खड़ा किया गया, फिर दूसरी सीढ़ी बनायी गयी और स्तम्भ को फिर उठाया गया। इस प्रकार स्तम्भ को उर्ध्वाधर खड़ा करने का प्रयास किया गया और इसे एकदम सीधा खड़ा करने के लिए मोटे-मोटे रस्से लाये गये व आधार की छः सीढ़ियों पर चर्खियाँ (भारी बोझ उठाने का यन्त्र) लगायी गयी और फिर स्तम्भ के ऊपरी भाग को रस्से से बाँधकर चर्खियों के सहारे उसे सीधा खड़ा किया गया। स्तम्भ  के साथ लाया गया वर्गाकृति पत्थर स्तम्भ के नीचे स्थापित किया गया।’’

उपर्युक्त वर्णन सल्तनत कालीन प्रस्तर तकनीक से सम्बन्धित है, जो बहुत सम्भव है कि मौर्यकालीन तकनीक को समझने में सहायक सिद्ध हो सकते हैं। जैसा कि पूर्व उल्लिखित है कि इन पत्थरों को चुनार से गंगा नदी मार्ग एवं उससे जुड़े अन्य मार्गों द्वारा गंगा घाटी के स्थलों पर ले जाया जाता रहा होगा। इसके साथ ही बड़े पैमाने पर प्रस्तर शिल्पियों की आवश्यकता भी पड़ी होगी। हालाँकि ये कार्य बिना राजाश्रय के सम्भव नहीं है, फिर भी प्रस्तर मूर्तन व वास्तुशिल्प में स्वतंत्र शिल्पी काम करते रहे होंगे। राज्य के तरफ से इन शिल्पियों को मजदूरी भी दी जाती रही होगी और स्वतन्त्र शिल्पी जनसामान्य द्वारा भी अपनी मजदूरी प्राप्त करते रहे होंगे।

मौर्यकालीन कला शिल्प का सबसे सुन्दर नमूना सारनाथ का अशोक स्तम्भ शीर्ष है। इस सम्बन्ध में सर जॉन मार्शल[27] ने लिखा है, ‘‘यह अत्यधिक उन्नत कला, जो तीसरी सदी ईसा पूर्व में संसार में विद्यमान थी; वह एक ऐसे व्यक्ति के हाथ की रचना है, जिसके पीछे पीढ़ियों का कलात्मक उद्योग और अनुभव था।’’ इस एक कलाकृति को देख विद्वानों में मतभेद है कि यह पूर्णत विदेशी कला से प्रेरित है और कुछ विद्वानों का मानना है कि यह स्वदेशी (स्थानीय) व विदेशी कला का सम्मिलित रूप है। इस सम्बन्ध में विदुला जायसवाल[28] का कथन है कि ‘‘राजाश्रय में निर्मित यह उत्कृष्ट कृतियाँ स्थानीय मूर्तन परम्परा के उदाहरण नहीं माने जा सकते।’’ इसके पक्ष में विदुला जायसवाल ने चुनार के मौर्यकालीन लेखों में प्रयुक्त ब्राह्मी व खरोष्ठी लिपियों की ओर संकेत करती हैं। साथ ही यह वर्णन करती हैं कि मौर्यकाल या उसके पूर्व काशी में प्रस्तर शिल्प की स्थानीय परम्परा का अस्तित्व नहीं था।[29]

इस विषय में मेरा यह मानना है कि कुछ एक-दो शब्दों के छोटे लेख, जो खरोष्ठी लिपि में चुनार के क्षेत्र में पाये गये हैं, वे हो सकते है कि भारत के पश्चिमोत्तर क्षेत्रों से सम्बन्धित होंगे, जहाँ चुनार के बलुआ पत्थरों को ले जाया गया होगा। संभवतः ये ऐसे ही प्रस्तर शिल्पी रहे होंगे, जो चुनार क्षेत्र से प्रस्तर को भारत के पश्चिमोत्तर क्षेत्रों में ले जाने के लिए आये होंगे। इस पक्ष में यह भी तर्क दिया जा सकता है कि अगर मौर्यकालीन काशी के अशोक स्तम्भों की शिल्पकारी स्थानीय न होकर विदेशी थी, तो क्यों इस प्रकार या इससे सम्बन्धित कलाकृतियाँ पश्चिमोत्तर के देशों में नहीं मिलती है? साथ ही कोई साहित्यिक स्रोत भी इस बात की पुष्टि नहीं करता है कि काशी क्षेत्र में सिर्फ विदेशी शिल्पकर्मियों के द्वारा प्रस्तर शिल्प-कला का कार्य किया जाता था। इसके साथ ही वाराणसी नगर क्षेत्र या सारनाथ क्षेत्र में ऐसे खरोष्ठी लिपि का एक भी लेख दृष्टिगत नहीं हुआ है। इस प्रकार चुनार क्षेत्र में जो खरोष्ठी लिपि पाई गई है, वह प्रस्तर शिल्प का पश्चिमोत्तर की ओर स्थानान्तरण का संकेत है, न कि पश्चिमोत्तर से काशी क्षेत्र में। हाँ यह कहा जा सकता है कि पश्चिमोत्तर के कुछ शिल्पी स्थानीय शिल्पकर्मियों के साथ मिलकर प्रस्तर शिल्प का कार्य करते रहे होंगे। ये स्थानीय शिल्पकार काशी क्षेत्र के रहे होंगे। बहुत सम्भव है कि गंगा के मैदानी भागों के कारीगर वाराणसी-सारनाथ क्षेत्र में राजाश्रय के तहत शिल्पकारी करते रहे होंगे।

मूर्तिकला, वास्तुकला में पत्थरों के प्रयोग ने बड़े पैमाने पर शिल्प व्यवसाय को प्रोत्साहित जरूर किया होगा। काशी क्षेत्र से प्राप्त प्राचीन प्रस्तर शिल्प कलाओं के अध्ययन के हवाले से यह कहा जा सकता है कि इस काल में सुदूर नगरों से शिल्पकर्मी वाराणसी आये तथा बड़े पैमाने पर मानव जनसंख्या इस कार्य में लगी होगी, तभी चुनार के बलुआ पत्थरों का उपयोग शिल्प कला के विभिन्न क्षेत्रों में सम्भव हो सका। हालाँकि गंगा घाटी के डेहरी-ऑन-सोन (बिहार) व पाबोसा पहाड़ियाँ (इलाहाबाद) में भी बलुआ पत्थर मिलते हैं, लेकिन खराब गुणवत्ता के कारण इसका उपयोग बहुत कम मात्रा में हुआ है।[30] खराब गुणवत्ता के साथ-साथ नदी मार्गों से दूरी व अत्यधिक पहाड़ी क्षेत्रों का होना भी इन पत्थरों को अनुपयोगी बना दिये होंगे। साथ ही इस संदर्भ में एक तथ्य यह भी हो सकता है कि कौशांबी के आस-पास के पहाड़ी क्षेत्रों (पबोसा की पहाड़ियाँ) से कौशांबी की प्राचीन बस्ती की जरूरते पुरी हो जाती थी।[31] इस प्रकार चुनार के बलुआ पत्थर अपनी गुणवत्ता, आस-पास परिवहन के साधन व तकनीकी जानकारी के कारण बड़े पैमाने पर प्रस्तर शिल्प कला के निमित्त उपयोग में लाये गये थे।

अन्त में निष्कर्षात्मक टिप्पणी के रूप में हम कह सकते हैं कि मौर्यकालीन काशी प्रस्तर शिल्प-कला के क्षेत्र में काफी समृद्ध थी। विभिन्न प्रकार के मनके बनाने के साथ-साथ स्तम्भ लेख, शिलालेख, एवं पाषाण मूर्तन का काम उच्चकोटि का हो रहा था। उत्खन्न में प्राप्त प्रस्तर की कलाकृतियों एवं मनको के परीक्षण व अवलोकन से यह प्रतीत होता है कि प्रस्तर शिल्प-कला के क्षेत्र में काशी के कारीगर कला के स्थानीय व राष्ट्रीय तकनीकी ज्ञान का अनुप्रयोग अपनी कारीगरी में कर रहे थे। गंगा घाटी के क्षेत्र में काशी-क्षेत्र का प्रस्तर-कला में अग्रणी होने का मुख्य कारण यहाँ के चुनार क्षेत्र में बलुआ पत्थरों का पाया जाना है और इसमें भी मुख्य रूप से काशी का बौद्ध स्थल से सम्बन्धित होना प्रस्तर कला की कारीगरी को और अधिक उत्कृष्ट करने में सहायक हुआ। राजाश्रय के अन्तर्गत यहाँ की प्रस्तर शिल्प कला ने काफी उन्नति की। हालाँकि ऐसे ऐतिहासिक साक्ष्य भी मिलते हैं,  जिससे स्पष्ट होता है कि कारीगर स्वतंत्र स्थिति में भी शिल्पकारी करते थे; इस प्रकार इस तथ्य से इन्कार नहीं किया जा सकता है कि कारीगरों की स्वतंत्रता प्रस्तर शिल्प कला को सम्पूर्ण भारतवर्ष में प्रकृष्ट बनाने में मद्दगार साबित हो सकी। बाद के कालों में यह कला और अधिक परिष्कृत हुई जैसा कुषाणों एवं गुप्तों के शासन काल में दिखती है।


संदर्भ :

[1] मिश्रा, वी0डी0, 1977, सम आस्पेक्ट ऑफ इण्डियन आर्कियोलॉजी, प्रभात प्रकाशन, इलाहाबाद. पृ0 78-84
[2] नारायण, ए0के0 एवं सिंह, पुरुषोत्तम, 1977, एक्सकेवेशन्स ऐट राजघाट (भाग-3), बी0एच0यू0, वाराणसी. पृ0 46-49
[3] सिंह, पुरुषोत्तम एवं सिंह, अशोक कुमार, 2004, द आर्कियोलॉजी ऑफ मिडिल गंगा प्लेन (एक्सकेवेशन्स ऐट अगियाबीर), इण्डियन इंस्टिट्यूट ऑफ एडवान्स्ड स्टडी, शिमला. पृ0 72-76
[4] जायसवाल, विदुला, शुक्ला, उमाकान्त एवं शर्मा, मीरा, 2018, वाराणसी एण्ड गंगा: जियोमॉर्फोलॉजिकल एण्ड आर्कियोलॉजिकल इन्वेस्टीगेशन ऐट रामनगर, आर्यन बुक्स इण्टरनेशनल, नई दिल्ली. पृ0 194-99
[5] सिंह, बीरेन्द्र प्रताप, 2014, एक्सकेवेशन्स ऐट खैराडीह (1980-84; 85-86), बी0एच0यू0, वाराणसी. पृ0 128-131
[6] उपाध्याय, भगवतशरण, 2010 (पुन0), पुरातत्व का रोमांस, भारतीय ज्ञानपीठ, नई दिल्ली. पृ0 134-35
[7] हिस्ट्री ऑफ इण्डियन रेलवे कंन्स्ट्रक्शन एण्ड इनप्रोग्रेस (रिपोर्ट), इण्डियन रेलवे बोर्ड, गवर्नमेंट ऑफ इण्डिया, नई दिल्ली. पृ0 190
[8] सिंह, पुरुषोत्तम एवं सिंह, अशोक कुमार, 2004, पूर्वोक्त. पृ0 72-76
[9] वही.
[10] नारायण, ए0के0 एवं सिंह, पुरुषोत्तम, 1977, पूर्वोक्त. पृ0 46-49
[11] वही
[12] वही. पृ0 22-24
[13] जायसवाल, विदुला एवं अन्य 2016, पूर्वोक्त. पृ0 206
[14] नारायण, ए0के0 एवं रॉय, टी0एन0, 1968, एक्सकेवेशन्स ऐट प्रहलादपुर (1963), बी0एच0यू0, वाराणसी. पृ0 38-42
[15] सिंह, अनुराधा, 2015, प्राचीन काशी का इतिहास एवम् संस्कृति, लुमिनस बुक्स, वाराणसी. पृ0 65
[16] कौशल्यायन, भदन्त आनन्द, 2006, जातक अट्ठकथा (भाग-2). पृ0 89
[17] पन्त, पी0सी0 एवं जायसवाल, विदुला; 1990-91, ‘ऐन्शिऐन्ट स्टोन क्वेरीज ऑफ चुनार: एन अप्रिजल’, प्राग्धारा: उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व संगठन की शोध पत्रिका (अंक-1), लखनऊ. पृ0 49-52
[18] जायसवाल, विदुला, 2011, आदि काशी से वाराणसी तक, आर्यन बुक्स इण्टरनेशनल, नई दिल्ली. पृ0 59
[19] मिश्र, दिनेश, 25 मार्च 2019, नवभारत टाइम्स, एच0टी0टी0पी0एस0ः नवभारतटाइम्स डॉट इण्डियाटाइम्स डॉट कॉम.
[20] जायसवाल, विदुला, 2011, पूर्वोक्त. पृ0 59
[21] वही
[22] जायसवाल, विदुला, 1998, फ्राम स्टोन क्वेरी टू स्कल्पचरिंग वर्कशॉप, ए रिपोर्ट ऑन द आर्कियोलॉजिकल इन्वेस्टीगेशन्स अराउण्ड चुनार, वाराणसी एण्ड सारनाथ, आगम कला प्रकाशन, नई दिल्ली. पृ0 119-211
[23] वही. पृ0 110
[24] वही
[25] भंडारकर, डी0 आर0, 1960, अशोक (हिन्दी अनुवाद), एस0 चन्द एण्ड कम्पनी, दिल्ली जालन्धर लखनऊ. पृ0 178
[26] वही, पृ0 179-82
[27] साहनी, दया राम, 1914, कैटलॉग ऑफ द म्यूजियम ऑफ आर्कियोलॉजी ऐट सारनाथ, सुपरिटेन्डेन्ट गवर्नमेंट प्रिन्टिंग, कलकत्ता. पृ0 16
[28] जायसवाल, विदुला, 2011, पूर्वोक्त, पृ0 62
[29] वही, पृ0 62-63
[30] जायसवाल, विदुला, 1998, पूर्वोक्त, पृ0 217-18
[31] वही, पृ0 218
 

अनुराधा सिंह
इतिहास विभाग, सामाजिक विज्ञान संकाय, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी, उ0प्र0

अपनी माटी
( साहित्य और समाज का तिमाही दस्तावेज़ )
  Peer Reviewed & Refereed Journal , (ISSN 2322-0724 Apni Maati) Vol. 66, Issue Nu 2. जुलाई -सितंबर 2026
सम्पादक : माणिक एवं जितेन्द्र यादव रचनात्मक लेखन सम्पादक : विष्णु कुमार शर्मा

Post a Comment

और नया पुराने