बंगाल का अकाल
उन्नीसवीं शताब्दी के आयरलैंड में एक भयंकर अकाल पड़ा था। अगर विज्ञान के किसी विध्यार्थी को इसका कारण पूछा जाए तो वह तोते की तरह जवाब देगा "आलू की फसल को बर्बाद करने वाले एक फफूंद के कारण, जिसका नाम है “फाइटोफ्थोरा"। हमारे भारत में भी विज्ञान के पर्चों में एक अकाल का ज़िक्र ज़रूर होता है– ‘बंगाल का अकाल’। गनीमत है अंग्रेजों ने इसे "द ग्रेट फेमिन ऑफ़ बंगाल" कहा। तो भैया सवाल यह है कि बंगाल का अकाल किसके कारण पड़ा? तो विज्ञान में इसका जवाब है, एक फफूंद के कारण, जिसने 1943 में चावल की फसल को बर्बाद कर दिया था। उस कमबख्त फफूंद का नाम है– ‘हेलमिन्थोस्पोरियम’ (बाइपोलेरिस ओराईजी)।
बंगाल में अकाल आया तैंतालीस में और देश आज़ाद हुआ सैंतालीस में, यही वजह है कि भारत के सुदूर पूर्वी कोने में घटित हुई उस महात्रासदी को हम भारतीयों ने ऐसे भुला दिया, जैसे कि वो एक मामूली घटना हो। सरकारी आँकड़ों की माने तो लगभग 15 लाख लोग इस अकाल की भेंट चढ़ गए। अब सरकारी आँकड़े इतने हैं तो हकीकत में कितने होंगे? आप अनुमान लगा सकते हैं। ये वो अकाल था जिसके कारण पहले घर के गहने बिके, फिर बर्तन, फिर पशु, फिर ज़मीन और अंत में घर की औरतें। इस अकाल ने माताओं को बेरहम, जवान लड़कों को क़ातिल और पिताओं को अपनी ही बेटियों का सौदागर बना दिया था।
आयरलैंड और बंगाल, दोनों के दोनों मामले एक जैसे लगते हैं– प्रकृति का कोप, लेकिन वैसा है नहीं। बंगाल के अकाल की पड़ताल करने से पहले हमें ये जानना होगा कि आखिर ये अकाल आया क्यों? क्या ये एक प्राकृतिक आपदा थी या मानवजनित त्रासदी। 16 अक्टूबर 1942 को पश्चिम बंगाल के मिदनापुर और चौबीस परगना के तटीय इलाके में एक शक्तिशाली तूफ़ान आया जो साथ में लाया मूसलाधार बारिश और विशाल ज्वारीय लहरें। फिर आई बाढ़ और बदनसीबी, खेतों में खड़ी हुई फसलों के साथ w1घरों में रखे चावल के भण्डार भी बर्बाद हो गए। जब चावल के खेत पानी से भर चुके थे, तो कमज़ोर हुई फसल पर एक खास किस्म की फफूंद अपनी नज़रे गड़ाई हुई बेठी थी। दिसंबर आते-आते धान के सारे खेत इस फफूंद की चपेट में आ चुके थे। उस साल न पैदावार हुई, न ही चावलों के भण्डार बचे। चावल के भाव आसमान छूने लगे और इस तरह 1943 के शुरूआती महीनों में अकाल ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया। लेकिन ठहरिए! मसला जितना सीधा दिखता है, उतना है नहीं। दरअसल इस अकाल की इबारत समंदर पार कही और ही लिखी जा रही थी, जिसकी कलम को थामे हुआ था ब्रिटिश साम्राज्य का एक प्रधानमंत्री।
द्वितीय विश्व युद्ध, साल 1942, ब्रिटेन के विरोधी खेमे से जापान ने सिंगापुर पर कब्ज़ा कर लिया था, अगली बारी बर्मा की थी। 8 मार्च को रंगून पर कब्ज़ा हो गया और अब जापानी सेना भारत की सीमा पर थी। उस समय चावल का एक बड़ा हिस्सा बर्मा से आयातित होता था। जापान के बर्मा पर कब्ज़े के बाद बंगाल को होने वाली चावल की सप्लाई रुक गई। जापानी आक्रमण के भय से ब्रिटिश प्रशासन ने बंगाल के तटीय क्षेत्रों में “Denial Policy” लागू कर दी। नावों सहित परिवहन के तमाम साधनों को हटाने या नष्ट करने का फरमान जारी हुआ ताकि जापानी सेना उनका उपयोग न कर सके। अग्रेजों को ये तय करना था कि यदि जापानी सेना बंगाल पहुँच भी जाए, तो न उन्हें रसद मिले, न पानी, चाहे बंगाली भूखे मर जायें।
मिलिट्री अधिकारियों ने ताबड़तोड़ काम करने लायक ट्रक, बसें, साइकिलें, स्टीमर, नावें और तमाम बैलगाड़ीयाँ ज़ब्त कर लीं। उस ज़माने में बंगाल के तटीय इलाकों में आने-जाने का मुख्य ज़रिया नावें ही थीं। नावें व्यापारियों को बाज़ार, मछुआरों को समुद्र, कुम्हारों को उनकी मिट्टी की खदानों और किसानों को उनके खेतों तक ले जाती थीं, जो अक्सर नदी के बड़े हिस्सों के बीच फँसे रहते थे। नावों को खत्म करने का मतलब था रोज़ी-रोटी खत्म करना। चावल के भंडारों को या तो तबाह कर दिया गया या फिर ज़ब्त, ऊपर से जो भी बचा-खुचा था, अब उसे युद्ध में तैनात सेना की आपूर्ति के लिए भेजा जाने लगा। इन सबके चलते घरों से ही नहीं, बल्कि बाज़ार से भी चावल गायब हो गया। रही सही कसर जमाखोरी ने पूरी कर दी, चावल के दाम आसमान छूने लगे, फिर आया तूफ़ान, बीमारी और बर्बादी।

बंगाल के अकाल पर वैसे तो कई रपट, पर्चे और किताबें उपलब्ध हैं, जिनमें से मधुश्री मुखर्जी द्वारा लिखित “Churchill`s Secret War” प्रमुख है। विभीन्न रिपोर्टों, पत्रों एवं समाचार पत्रों के आलेखों के आधार पर इस पुस्तक में बंगाल के अकाल की भयावहता का जो विवरण दिया गया है, पाठकों को झकझोर देता है।
सपुराटोरा गाँव में एक परिवार भूख से पागल होकर भटक रहा था। दुर्भाग्य से घर का मुखिया परिवार से बिछड़ गया। पत्नी को लगा कि वह बाढ़ वाली नदी में डूब कर मर गया है। बेसुध औरत ने अपने छोटे बेटे को पानी में धक्का दे दिया। वो अपने बड़े बेटे को भी धक्का देने वाली थी, पर उसके चिल्लाने पर उसे छोड़ दिया। उसका दिमाग जैसे सुन्न सा हो गया था।
उसका ज़िन्दा बचा एकमात्र बेटा भूख के कारण बार-बार रो रहा था, जिससे वो ओर ज्यादा चिड़चिड़ी होती जा रही थी। एक दिन उसने अपने बेटें की भुख को मिटाने का उपाय सोचा। उसने अपने काँपते हुए हाथों से एक कब्र खोद कर अपने बेटे को धक्का दे दिया और ऊपर से मिट्टी डालने लगी। बच्चें की चीखें सुनकर एक राहगीर ने उस औरत को धक्का देकर बच्चे को बाहर निकाल लिया और उसे पालने का वादा कर वहाँ से ले गया।
भूख के तांडव ने हर मानव को दानव बना दिया था। मातायें क़ातिल हो चुकी थीं और पिता बेटियों के सौदागर। कालिकाकुंडू की किरण बाला ने एक दिन गुस्से में अपनी डेढ़ साल की बच्ची को नहर में फेंक दिया। 28 नवंबर 1943 को हिंदुस्तान स्टैंडर्ड मैं छपी एक रपट के अनुसार एक आदमी हर किसी से अपनी बेटी को खरीदने की गुजारिश कर रहा था, जब कोई भी खरीदार तैयार नहीं हुआ तो उस आदमी ने बच्ची को पास के कुएँ में फेंक दिया और वहाँ से भाग गया। 15 सितंबर को चोंगरा गाँव के ज्ञानेंद्र नाथ पांडा ने भूख से पागल होकर अपने दादा-दादी, माता-पिता, पत्नी, बेटा और बेटी सहित पूरे परिवार को मार डाला। खाने की ज़िद करने वाले बच्चों का दिन-रात रोना, माता-पिता के लिए परेशानी का बड़ा सबब था। उस दौर में बच्चों की बेरहमी से पिटाई एक आम बात थी।
कोलकाता की एक एक्ट्रेस के अनुसार जब उसके कुक ने बचा हुआ खाना फुटपाथ पर डाला तो एक सिकुड़ी हुई औरत झूठन को अपने मिट्टी के बर्तन में भरकर खाने लगी। यह दृश्य देखकर उसके चार बच्चे दौड़ कर उसके पास आ गए और उससे कटोरा छिनने लगे। उस औरत ने चारों बच्चों को बुरी तरह से पीट कर वहाँ से भगा दिया। जब सारा खाना खाकर वह तृप्त हो चुकी थी तो पलट कर उसने अपने बच्चों को देखा, जो बेसुध होकर ज़मीन पर पसरे थे, उनमें रोने की ताकत भी नहीं बची थी। उनको देखकर वह फूट-फूट कर रोने लगी।
चित्तो बाबू उस मंज़र को याद कर बताते हैं कि उस दौर में लोगों ने रतालू के तने, बेल के गुदेदार तने, इमली के पत्ते और बीज, घास और गायों को खिलाई जाने वाली रेशेदार कोलाई को उबाल कर खाया। एक बार वे जियोखाली के नहर वाले रास्ते पर टहलने निकल गए। उन्होंने देखा की नहर के किनारों पर कई लाशे पड़ी हुई थी जिन्हें कुत्ते और सियार खा रहे थे। उन्होंने कुछ मंज़र ऐसे भी देखे जिसमें कृशकाय और लड़खड़ाते हुए हाड-मांस के इंसानों को ज़िन्दा ही कुछ कुत्ते और सियार नोच रहे थे।
बंगाल के अकाल का सबसे शर्मनाक पहलू वेश्यावृत्ति था। हर घर में औरतें और जवान लड़कियाँ एक कटोरी चावल के बदले अपने जिस्म को दाँव पर लगाने को तैयार थीं। जब गाँव में अनाज नहीं बचा तो औरतों ने शहरों में, खासकर मिलिट्री केम्पों तथा आर्मी कैंटोनमेंट की ओर रुख किया। छोटी-छोटी बच्चियों को खरीदने वाले दलालों का एक जाल भी अचानक तैयार हो गया।
1944 के एक सर्वे में पाया गया कि पूर्वी बंगाल के चटगाँव में मिलिट्री लेबर कोर्ट में काम करने वाली 30000 औरतों में से करीब 90% यौन रोगों से पीड़ित थी। एक अंग्रेज अधिकारी क्लाइव ब्रेन्सन ने अपनी पत्नी को लिखे पत्र में बंगाल का ज़िक्र कुछ इस प्रकार किया-
"जब हमारी ट्रेन कोलकाता पहुँची, तो छोटे-छोटे बच्चे डिब्बे की खिड़कियों के चारों ओर झुंड बनाकर जमा हो गए। मैले-कुचेलें और फटे कपड़ों से ढकी हुई, बिना मांस के कंकाल जैसी औरतें, जिनके चेहरे पर कोई भाव नहीं था, कमर पर हाथ और जमीन पर पैर टिकाए खड़ी थी। सभी बच्चों के पेट खुले हुए थे, और उनके डंडे जैसे पैर जमीन से चिपके हुए थे।"
सड़कों पर जैसे मातम पसरा था। हर तरफ गिरते लंगड़ाते बेसहारा लोग, लाशों के ढेर में से अपना रास्ता बनाते हुए भटक रहे थे। कहीं कोई बच्चा अपने मरी हुई माँ के स्तन से दूध पीने की कोशिश कर रहा है, कोई किसी कचरे के ढेर में उस तरह से खाना ढूँढ़ रहा है जैसे कोई जानवर ढूँढ़ रहा हो। कुछ लोग सीढ़ियों और फुटपाथों पर ज़िन्दा लाशों की तरह पड़े हैं जिन्हें कुत्ते सूँघकर आगे बढ़ रहे थे।
लार्ड शेरवेल, तत्कालीन ब्रिटेन के प्रधानमंत्री विन्सटर्न चर्चिल के एक करीबी वैज्ञानिक और तकनीकी सलाहकार थे। शेरवेल, माल्थस की जनसंख्या अवधारणा से बड़े प्रभावित थे। इस अवधारणा के अनुसार जब खाद्य संसाधन पर्याप्त होते हैं तो मनुष्य की जनसंख्या तेजी से बढ़ती है। जब मनुष्य की आबादी उपलब्ध संसाधनों से अधिक हो जाती है तो फिर युद्ध, महामारी, भूकंप, सूखा, अकाल आदि तरीकों से पापुलेशन क्रेश होता है। प्रकृति का यही बुनियादी नियम है। चर्चिल को यह विचार बड़ा पसंद आया, तभी तो 1943 में हुई केबिनेट की एक बैठक में चर्चिल ने बंगाल के अकाल के बारे में अपने विचार रखते हुए कहा कि "भारतवासी खरगोश की तरह प्रजनन करते हैं और बढ़ते हैं।" मतलब साफ था, बंगाल के अकाल का कारण अनाज की कमी नहीं बल्कि भारत की बढ़ती हुई जनसंख्या है।
कलकत्ता शहर की खराब हालत को देखते हुए “लाश निपटान दस्ते” का गठन कर सड़कों को साफ करने का एक सरकारी अभियान शुरू हुआ। लाश निपटान दस्ते की ट्रक जैसे ही किसी मोड़ पर खड़ी रहती, कुछ आदमी ट्रक से उतरते और गली-गली को सूँघते हुए लाशों को बाहर खींच कर निकालते, कुछ-कुछ वैसा ही जैसे हम अपने घर में मरे हुए चूहे को उसकी बदबू से ढूँढ़कर निकाल लेते हैं। लाशों को पैरों से पकड़ कर लकड़ी के लट्ठे की तरह उठाकर ट्रक में फेंक दिया जाता। जब ट्रक भर जाती तो उन सूखे हुए कंकालों को दबा-दबा कर जगह बनाई जाती। किसी अंग्रेज अधिकारी ने सुझाया कि शहर, खास करके भिखारियों एवं गाँवों से आए बूढ़े लोगों के कारण भरा पड़ा है। पहले इन्हें शहर से बाहर करना होगा। शहर में अब एक ओर नया दस्ता दौड़ने लगा। बूढ़े एवं बीमार लोगों को पकड़-पकड़ कर ज़बरन ट्रक में बिठाकर शहर से दूर छोड़ दिया जाता, ठीक उसी तरह जैसे आवारा कुत्तों को शहर से दूर बाहर छोड़ दिया जाता है। इस जद्दोजहद में कई मासूम बच्चे अपने परिवारों से बिछड़ गए।
रेड क्रॉस की ओर से पाउडर वाला दूध और दवाइयाँ बाँट रही दुखहरन चक्रवर्ती ने एक ऐसा दृश्य देखा, जिसे वह जीवन भर भूल नहीं पाई। सड़क पर एक ट्रक आया, जो बूढों और भिखारियों को पकड़-पकड़ कर ट्रक में ठूँस रहा था। उन्होंने एक लड़की को उठाया, जो शायद 15 साल की थी। उसकी साड़ी गिर गई, एक अँगूठी के अलावा उसके बदन पर कुछ भी नहीं था।
एक डॉक्टर ने पूर्वी बंगाल में एक दलिया किचन में औरतों के हालात बताए। सिर्फ़ चमड़े की खाल से ढकी हुई औरते अपनी आखिरी साँस के लिए हॉफ रही थी। कुछ मातायें अपने मरे हुए बच्चों को गले लगा रही थीं, उनमें रोने या चीखने की ताकत भी नहीं बची थी। बेसुध औरतों में से कुछ तो खाने के कुछ ही मिनटों या घंटों में दम तोड़ देती थी। पूर्वी बंगाल के मुंशीगंज के इंचार्ज सिविल सर्वेंट अशोक मित्र ने जो मंज़र अपनी आँखों से देखा वह खौफनाक था। जब कोलकाता से आधा सड़ा हुआ और कंकड़ पत्थर से भरा दलिया गाँव में पहुँचा, तो भूखे लोग उस पर जानवरों की तरह टूट पड़े। वे पेट भरकर खाते और गुब्बारे की तरफ फूल जाते। वर्षों के कठोर उपवास के बाद सुजाता के हाथ से बनी चावल की खीर खाकर जो तृप्ति भगवान बुद्ध को मिली होगी, शायद कुछ ऐसा ही सुकून इन भूखे लोगों को मिला होगा।
मानवीय त्रासदी के उस दौर में कनाडा से एक लाख टन और ऑस्ट्रेलिया से 80 हज़ार टन गेहूँ भारत को भेजने का प्रस्ताव भी आया। लेकिन सबसे बड़ी समस्या थी इस गेहूँ को भारत तक पहुँचाने की व्यवस्था करना। दरअसल विश्व युद्ध के उस दौर में जहाजो का उपयोग एक बड़ा मुद्दा था। उस समय ब्रिटेन को अपने यहाँ अनाज की आपूर्ति, मिलिट्री अभियानों के लिए सैनिकों का परिवहन, हथियारों को भेजने का प्रबंध, भूमध्य सागरीय एवं रशियन अभियानों के लिए अतिरिक्त जहाजी बेड़े, इन सब की उपलब्धता को सुनिश्चित करना पहली प्राथमिकता थी। साथ ही भारतीय उपमहाद्वीप में जहाजों को जापानी आर्मी द्वारा समंदर में ही नष्ट कर देने का खतरा भी था। इन सभी तर्कों का सहारा लेते हुए बहुत ही कम मात्रा में गेहूँ भारत की ओर भेजा गया जिसका नतीजा था भुखमरी, कुपोषण और मौत का तांडव जिसने पंद्रह लाख बंगालियों को सूखे कंकालों मे बदल दिया।
बंगाल के प्रसिद्ध उपन्यास देवदास के बारे में तो आपने सुना ही होगा, जिस पर कई फिल्में बन चुकी है। “एक मुट्ठी चावल की कीमत तुम क्या जानों रमेश बाबू!” अगर उस दौर में पारों होती, तो सिंदूर की बजाय चावल की दुहाई ही देती। महाभारत के एक प्रसंग का स्मरण हो रहा है। काश कि उस दुष्काल मे पारों के हाथ मे भी द्रोपदी की तरह अक्षय पात्र होता, जो कभी खाली नहीं होता था, या फिर श्री कृष्ण की तरह चावल के एक ही दाने से पेट भर जाया करता।

एक टिप्पणी भेजें