अजंता की चित्रकला में प्रतिबिंबित स्त्री चित्रण के विविध आयाम
- कविता भारतीय
शोध सार : अजन्ता चित्रकला अपने अपूर्व सौन्दर्य एवं उत्कृष्ट कलात्मकता के लिए विश्वविख्यात है। यहाँ की कलाकृतियों की रचना पद्धति इतनी शास्त्रशुद्ध, सुनिश्चित, वेगवान एवं सक्षम हैं कि इन्हें विश्व की प्रथम श्रेणी की कलाकृतियों में स्थान प्राप्त है। अजन्ता के भित्ति-चित्रों का मुख्य विषय गौतम बुद्ध और उनके पुनर्जन्म से सम्बन्धित कथाएं है। तथागत बुद्ध के जीवन से सम्बन्धित विभिन्न घटनाओं का अंकन जिस आदर्श रूप में यहाँ के कलाकारों ने किया है, उससे यह भली- भाँति परिलक्षित होता है कि बौद्ध धर्म के अनुयायियों ने अपने धर्म के प्रचार-प्रसार में कला का माध्यम स्वीकार कर लिया था। यद्यपि यहाँ कुछ पौराणिक तथा नाटकों में वर्णित राजदरबार एवं जनसाधारण के जीवन से सम्बन्धित चित्र भी हैं लेकिन धर्मोपदेशकता अजन्ता चित्रकला की प्रमुख विशेषता है। यहाँ तक की स्त्रियों को आदर्श रूप में चित्रित किया गया है और उन्हें उच्च सामाजिक मान-मर्यादा प्राप्त है। यहाँ की स्त्री कला की अधिष्ठात्री देवी है और वह रूप सौन्दर्य के दिव्य सिंहासन पर प्रतिष्ठित है। यहाँ की स्त्री आध्यात्मिक शक्ति, प्रेरणा, वात्सल्य, प्रेम, करुणा और दया की जीती-जागती प्रतिमूर्ति है। अजन्ता की चित्रकला में स्त्री चित्रण में सौन्दर्य बोध की साधना में स्त्री आकृति श्रद्धा-सुमन के रूप में सर्वत्र दिखलाई पड़ती है।
बीज शब्द : अजन्ता, चित्रकला, स्त्री, बौद्धधर्म ।
मूल आलेख : एक तल (सतह) पर, चाहे वह सम हो वा असम, पानी वा तेल में घोले हुए अथवा सूखे, एक वा एकाधिक रंग से आलेखन करके आकृति एवं लंबाई, चौड़ाई इत्यादि दर्शाने को चित्रण कहते हैं। उक्त आधारभूत सतह मुख्यतः पत्थर, काठ, हाथीदाँत, चमड़ा, कपड़ा, ताम्रपत्र व कागज होती है।1 अजन्ता के कलाकारों ने धर्म के साथ लोकमत एवं पार्थिव जगत की घटनाओं का नानाविध चित्रण किया है। आकृतियों की भावभंगिमा, मनोभावों एवं मुद्राओं में उनके आत्मिक शक्ति की अनुगूँज है जो जीवन को अनासक्त बनाती है। सांसारिक जीवन के ऊपर गहन आध्यात्मिक अनुभवों को विशेष रूप से महत्व दिया गया है। अजन्ता चित्रों का प्रमुख लक्ष्य आनन्द को उद्घाटित करना है। लौकिक आकर्षण से भरपूर समकालीन जीवन-दृष्टि की यथार्थ झलक यहाँ की विशाल चित्रावली में दृष्टिगत होती है।2 नगर निवासी और क्रीड़ा विलासी, वनवासी और पथचारी, संसारी एवं गगन विहारी इन सभी में जीवन के सहज उल्लास मुखर हो उठे हैं। राजा और प्रजा, योद्धा और सामन्त, भिखारी, बालक, वृद्ध, पुरुष एवं स्त्रियाँ सभी यहाँ की कलावीथिका में प्रकट होते हैं और अपनी-अपनी भूमिका का सफल निर्वाह कर दर्शकों को आविर्भूत कर लेते हैं। इन सभी पात्रों के चेहरे पर कुलीनता, गौरव, शिष्टता और आनन्द का भाव परित्याप्त है। अजन्ता के गुहा चित्रों में स्त्री के अनेकों सौन्दर्ययुक्त भंगिमाओं का चित्रण किया गया है जिससे लगभग सभी श्रेष्ठ रसों की निष्पति होती है। अनगिनत स्त्रियों की मुद्राओं से युक्त भित्ति खण्ड कहीं भी निष्प्रयोजन नहीं लगते। अजन्ता की स्त्री शारीरिक सौन्दर्य के आदर्श रूप में अंकित है। वह सूक्ष्म सौन्दर्यानुभूति कराती है।
मानवीय आकृतियों ने शारीरिक सौन्दर्य का उदात्त निखार अजन्ता के चित्रों की सबसे बड़ी विशेषता रही है। आकृतियों के अवयवों में लोच, मृदुता, वक्रता और सुकोमलता सर्वत्र परिलक्षित होती है। विशेष रूप से स्त्री आकृतियों में स्त्रीत्व का नैसर्गिक चित्रण बड़ा ही मनोरम एवं लुभावना है।यहाँ की चित्रशाला में वे सर्वत्र सौन्दर्य के प्रतिमानों को दर्शाती हैं। वे चाहे युगल हों या एकाकी, चाहे वे क्रीडारत हो या प्रसाधनरत, चाहे वे बैठी हों या खड़ी, चाहे वे वस्त्राभूषणों से अलंकृत हो या निराभरण सभी जगह विशुद्ध मानवीय स्वरूप में आनन्द और रूप सौन्दर्य की अभिवृद्धि कर रही हैं। अजन्ता की चित्रकला रेखांकन प्रधान है। रेखाओं का अंकन विविध भावों के अनुरूप कोमल, गहरा, कठोर, सरल, शिथिल, सशक्त, मृदु, वक्र, तिर्यक एवं कटावदार हैं। जहाँ शक्ति और साम्यभाव दर्शाये गये हैं वहाँ रेखायें स्पष्ट और गहरी हैं। दुःख, करुणा, दया, ममता के भाव दर्शाने के लिए किंचित शिथिल रेखाओं का प्रयोग किया गया है।3 प्रेम, उन्माद और दाम्पत्य आदि लालित्य भाव दर्शाने के लिए कोमल एवं मृदु रेखाओं को प्रभामययुक्त बनाया गया है। व्यथा, निराशा, क्षमा, दया, मरण आदि के लिए जटिल करके रेखाओं का सौम्य अंकन दिखलाई पड़ता है। भावाभिव्यक्ति किसी भी कलाकृति की सर्वोपरि विशेषता होती है जो अजन्ता की चित्रकला में उत्कृष्टतम रूप में व्यक्त हुआ है। यहाँ मनुष्य के अन्तःकरण की समस्त भावनाओं का सफलतम चित्रण हुआ है। मानवमन के समस्त कार्य-व्यापारों को भावनाओं की परिधि में लाकर उनका सफलतम अंकन अजन्ता चित्रावली की विशेषता है। यहाँ कलाकार प्रेक्षक को उस भाव लोक तक ले जाने में सफल होता है जहाँ रस की धारायें हिलोरें लेती हैं। भाव-लोक की इन असीम लहरियों में डूबता उतरता यहाँ का दर्शक उस स्थिति तक सहज ही पहुँच जाता है जहाँ उसे दिव्यानन्द की अनुभूति होती है। अजन्ता के चित्रकारों ने मानवमन के समस्त भावों को व्यक्त करने में अद्भुत सफलता प्राप्त की है जिसमें दुःख, करुणा, वात्सल्य, दया, प्रेम, आनन्द वीरता, त्याग, सौहार्द, विनय, व्यग्रता, उत्सुकता कौतुक एवं व्यंग्य आदि समस्त मानवीय भावनाओं की अभिव्यक्ति दिखायी पड़ती है। यहीं नहीं मानवीय भावनाओं को पशु-पक्षी, लता-वृक्ष आदि के माध्यम से व्यक्त कर यहाँ के कलाकारों ने अपनी असाधारण चित्रांकन क्षमता का परिचय दिया है।
तथागत बुद्ध को बोधिसत्व प्राप्त करने के पूर्व सांसारिकता के सभी मार्गों से होकर गुजरना पड़ा था। अतः अजन्ता के भित्तिचित्रों में तत्कालीन भारतीय जीवन का विस्तृत विवरण दृष्टिगत होता है। इसलिए यह कहना असंगत होगा कि यहाँ के चित्र बौद्ध धर्म की ऐतिहासिक विरासत मात्र हैं। विषय की दृष्टि से अजन्ता चित्रों में धार्मिक एवं सांसारिक दोनों पक्षों का सुन्दर समन्वय दिखायी पड़ता है। अजन्ता के भित्तिचित्र एक ओर जहाँ बौद्ध भिक्षुओं और दर्शनार्थियों का ज्ञानवर्धन कर उनकी सौन्दर्य-चेतना को जागृत करने में समर्थ थीं वहीं दूसरी ओर बौद्धधर्म के प्रचार एवं प्रसार में उनका अभूतपूर्व योगदान भी था। ये चित्र अन्तर्राष्ट्रीय भाषा बनकर देश-विदेश के जिज्ञासुओं को आकर्षित करती रही हैं और उनकी बौद्धिक जिज्ञासा को परिपुष्ट और शान्त कर उन्हें अपनी ओर आकर्षित करती हैं। अजन्ता के चित्रों में तत्कालीन समाज के विभिन्न पात्र अपनी-अपनी भूमिका निभाने में सफल रहे हैं। विभिन्न प्रकृतियों एवं प्रवृत्तियों के स्त्री एवं पुरुष का इतना उत्कृष्ट एवं विविधता पूर्ण अंकन इसकी सर्वोपरि विशेषता है।4
अजन्ता चित्रों की रंगयोजना साधारण होते हुए भी अपने आप में निराली एवं अनूठी है। यहाँ रंग सपाट लगाये गये हैं लेकिन हल्के और गहरे रंग को इस प्रकार लगाया है कि आकृतियाँ भली-भाँति उभर आयी हैं। रंगीय परिपेक्ष्य को भी बड़ी कुशलता से निरूपित किया गया है। अजन्ता चित्रों में प्राकृतिक रंग यथा-गेरू, पीली मिट्टी, हरा लाल तथा नीले रंग का ही प्रयोग किया गया है। इन रंगों में सफेद एवं काला मिलाकर रंग के तान को हल्का और गहरा किया गया है। द्वितीयक रंगों का प्रयोग भी दिखायी पड़ता है। उष्ण एवं शीतल रंगों का अभिनव प्रयोग विषय वस्तु की माँग के अनुसार किया गया है। बहुवर्णी-योजना का सफलतम प्रयोग यहाँ दिखायी पड़ता है। सब मिला कर अजन्ता चित्रों की रंगयोजना अपने आप में पूर्ण एवं प्रभावशाली है।5 अजन्ता के गुहाखण्डों में जिनकी संख्या लगभग 29 है। मानव के कोमलतम भावनाओं को साकार करने वाली कृतियाँ चित्रित हैं। जहाँ प्रस्तुत खण्डों पर मानव पशु विहंगों तथा प्रकृति के नाना उपांगों का ऐसा सौन्दर्य आंका गया है, जो वास्तव में त्रैलोक्य का सौन्दर्य पुंज लगता है। चित्रांकित मानवाकृतियों में उस भावना को पिरोने का सफल प्रयास वहाँ के कलाविदों ने की है जिससे आज भी हमें प्रेरणा मिलती है। एक-एक मुद्रा मूक होते हुए भी वाचाल है।6 सोलह नम्बर की गुफा में मायादेवी का अद्वितीय चित्र है जिसमें माया देवी के स्वप्न का चित्रण किया गया है। पर्यंक पर लेटी हुयी मायादेवी अपने गर्भ में प्रवेश करते हुए हाथी का स्वप्न देखती हैं। ब्रह्माण्ड से ईश्वर के हाथी रूप में अवतरित होने की विलक्षण कल्पना, तूलिका के सहारे चित्रकार ने बड़े ही चतुरता के साथ की है।7 चित्र में स्त्री को सृष्टि का जन्मदात्री स्वरूप मानकर अंकित किया गया है। इसी प्रकार सुजाता द्वारा सखियों के साथ भगवान बुद्ध को खीर समर्पित करने का दृश्य चित्र अनोखा है जिसके संयोजन में नारी के पावन रूप का अंकन किया गया है। अजन्ता के गुफा चित्रों में एक मरणोन्मुख राजकुमारी का विलक्षण चित्र है। वह दुख से पीड़ित सिर झुकाये, अधखुले नेत्रों और शिथिल अंगों वाली विषादपूर्ण मुद्रा में चित्रित हैं। दूसरी स्त्री उसे सहारा दे रही हैं। पास ही खड़ी एक दूसरी स्त्री उसके जीवनी शक्ति का परीक्षण कर रही है। उसके मुखमण्डल पर नैराश्य की भावना व्याप्त है। पार्श्व में दासी उसे पंखा झल रही है। नीचे परिवार के लोग चिन्तित मुद्रा में बैठे हैं। एक स्त्री इस दृश्य को देखने में अपने को असमर्थ पाती है और अपने हाथ से अपना मुख ढककर रो पड़ती है। ऐसा अद्भुत चित्रांकन सम्भवतः संसार में अन्यत्र कहीं देखने को न मिलेगा। यह कृति हृदय के अन्तराल तक पहुंचकर अपनी अभिव्यंजना से मनुष्य के हृदय-पटल पर अपना अमिट प्रभाव छोड़ती है। इस चित्र के विषय में जेम्स ग्रिफिथ ने लिखा है कि मेरे विचार से इस चित्र से बढ़कर कला के इतिहास में दूसरा चित्र नहीं है । सम्पूर्ण चित्र समूर नारी के विशेष भंगिमा एवं भावपूर्ण मुद्रा से भरा है जिसमें कारुणिक रस प्रवाहित होकर प्रत्येक दर्शक को करुणासागर में डूब जाने को बाध्य करता है । इस कृति विशेष के सम्बन्ध में श्री वाचस्पति गैरोला जी ने लिखा है कि जीवन के अंतिम समय में राजकुमारी के देह यष्टि में मृत्यु की आलस्य जैसे स्पष्ट दिखाई देती है और साथ ही पास बैठी हुई दासियों की करुणाई मुख-मुद्रायें सारे वातावरण को एक विचित्र निर्वेद, शोकाकुल और निराशामय बना देती हैं। इसके अलावा अजन्ता गुफा में एक अद्भुत विभत्सतरस की निष्पत्ति करने वाला चित्र है ‘सिंहलअवदान‘ का, जिसमें डाकिनियों का चित्र स्त्रियों के विकृति रूप की याद दिलाता है ।8 मायादेवी का स्वप्न, बुद्ध जन्म, अर्चना करते स्त्रियों के चित्र, स्तम्भ के सहारे खड़े द्वार तोरण रूप में स्त्री चित्रण हुआ है। यही नहीं प्रकृति के मनोरम वातावरण का आनन्द लेते झूला झूलते स्त्रियों का चित्रण आकर्षक है, जिसमें सौन्दर्य की अभिव्यक्ति चित्रकार की दक्षता को अभिव्यक्त करते हैं। अजन्ता के चित्रों में स्त्री की भंगिमाओं का उल्लेख स्त्रियों की भंगिमाओं में सौन्दर्य, अनिर्वचनीय कमनीयता और मर्यादित श्रृंगार है। स्त्री का श्रृंगार मर्यादा से परे नहीं हैं। अजन्ता की कृतियों में चित्रित स्त्रियों का अंकन भारतीय प्राचीन चित्रकला की निधि है। कहीं-कहीं स्त्री की सहज लुनाई और कोमलता अत्यन्त झीने वस्त्रों में से फूटी नजर आती है, पर उसमें भी उदास गरिमा है जो चित्र में क्षोभ या विकार उत्पन्न नहीं करती लेकिन उनका रूप सर्वत्र मोहक और गौरव पूर्ण है। इसी गुफा में भय मुद्रा में अंकित चित्र भी देखने को मिलता है जिसमें कोमलांगिनी स्त्री किसी पुरुष के यातना की शिकार बनी हुयी है। कठोर और निष्ठुर शासक के चरणों में सिसकती स्त्री का चित्रण मानों अपने जीवन की भिक्षा मांग रही हो। ऐसे भयानक वातावरण में भी स्त्री की भययुक्त मुद्राओं का अंकन अजन्ता के भित्तिचित्रों पर हुआ है। अजन्ता के भित्ति चित्रण में स्त्रियों का अंकन अपना प्रमुख स्थान रखता है। बौद्ध धर्म से उत्पन्न चित्रकार जहाँ अवलोकितेश्वर की महान और विशालकाय स्वरूप की रचना करने में सिद्धहस्त थे वहीं स्त्रियों के क्षण प्रतिक्षण के सौन्दर्य को चित्रित करने में पीछे नहीं रहा। जीवन के हर अंग से स्त्रियों के स्वरूप का जुड़ा हुआ है। वह कभी प्रणय की स्रोत बनकर पुरुष को अथाह स्नेह समर्पित करती है, तो कभी माता बनकर संसार की संरचना में लीन है।
स्त्रियों के लगभग सभी रूप का, सभी मुद्राओं का अंकन अजन्ता के भित्ति पट्टों पर हुआ है। उस युग के चित्रकारों ने जहां माता के आदर्श रूप में मायादेवी का चित्रण कर उनके प्रति अपनी आस्था प्रकट की है वहीं उसे ‘मारविजय और गृहत्याग‘ जैसे दृश्यों में कर्तव्यपथ में अग्रदिक रूप में चित्रित किया है। स्त्री के त्याग और आदर्श को चित्रित करने हेतु उसने भगवान बुद्ध के समक्ष पुत्र राहुल को समर्पित कराकर, पति के श्री चरणों में सर्वस्व समर्पित और त्याग की भावना का सौन्दर्ययुक्त चित्रण किया है। यही नहीं जहां इतने उच्च आदर्श की कल्पना व उदात्त चित्रों का सृजन किया गया है वहीं नारी के छलकते सौन्दर्य को ढालने में भी कला आचार्यों ने अपनी अनोखी प्रतिभा का दिग्दर्शन कराया है। सौन्दर्यमयी शारीरिक भंगिमा से युक्त स्त्री गन्धर्व और अप्सरा के रूप में अंकित कर रस राज श्रृंगार की अभिव्यंजना एक अनोखी कल्पना है। कहीं स्त्री के चामरधारिणी रूप का, कहीं आशव पान कराती हुयी दासी का भी चित्रण है जो स्त्री के दासी स्वरूप को स्पष्ट अभिव्यक्त करते हैं। यही नहीं मयंकमुखी स्त्री पर कठोर शासक की यातना स्त्री के अबला रूप को भी अभिव्यक्त करता है। वास्तव में स्त्री चित्रण अजन्ता की अपनी निधि है। निश्चय ही अजन्ता के चित्रकारों ने ब्रह्मा की इस धरती पर स्त्री को जिन रूपों में देखा है अजन्ता में उन्हें चित्रित कर अमरत्व प्रदान करने का प्रयास किया है। तभी तो हम कहते हैं। कि स्त्रियों की मनमोहक भंगिमायें अजन्ता की धरोहर है। उसकी चरम उपलब्धि है यहां स्त्रियों को हर जगह चित्रित कर मानों सौन्दर्य बिन्दु पर रख दिया है। जहाँ नारी के मुखमण्डल पर दुःख की रेखायें अभिव्यक्त करनी परमावश्यक हो गयी है वहां उस सौन्दर्य देवी के मुखमण्डल पर आवरण डाल देने का प्रयास किया गया है। ऐसा लगता है जैसे अजन्ता के चित्रकार को चित्रकार को सौन्दर्य बिखेरने वाली प्रेरणा-स्रोत स्त्री कृतियों में असुन्दर को अभिव्यक्त करना स्वीकार नहीं था। वास्तव में उनकी स्त्रियाँ तो पावन हैं। सौन्दर्य की गन्ध बिखेरने वाली मलयपुंज है, जो राजाओं और राजकुमारों के कंठ तथा, हृदय की शोभा है। रानी का चित्र इसका सुन्दर प्रमाण है। इसमें स्त्री का रूप अलंकृत ढंग से अभिव्यक्त है। अजन्ता में स्त्री चित्रण मात्र आनन्दानुभूति हेतु हुआ है।9 जहाँ कहीं किसी क्षीण वस्त्र से शरीर को ढका भी है, वहां शरीर की कान्ति वस्त्र के अन्दर से झांककर कलाकार की सशक्त अभिव्यक्ति और बारीक अध्ययन का उदाहरण प्रस्तुत करती है। वाचस्पति गैरोला का कथन है कि अजन्ता के चित्रों में स्त्रियों को बहुत ऊंचा स्थान दिया गया है। वे स्त्रियाँ मूर्तिया कला की अधिष्ठात्री देवियाँ हैं। भारतीय परम्परा के अनुसार नारी को एक आदर्श रूप में स्वीकार किया गया है। उसका चित्रण मानवीय रूप में न होकर सैद्धान्तिक रूप में हुआ है, जो कि सार्वभौमिक स्त्रीत्व का प्रतीक है। अजन्ता के भित्ति चित्रों में जो सीमाहीन सौन्दर्य व्याप्त है उसकी व्यंजना साधन स्त्री है, जो प्रत्येक आकर्षण का केन्द्र बिन्दु न होकर आध्यात्मिकता की परिचायिका है। वह गौरवपूर्ण गरिमा की विभूति है। अजन्ता के चित्रों में स्त्रियों के रंग और रेखाओं में अतीत के भावमयी मुद्राओं के अतिरिक्त स्त्रियों के रूप लज्जा का सुन्दरतम स्वरूप दृष्टिगोचर होता है। वहां चित्रित अनेकानेक स्त्रियों के पूर्ण एवं अर्ध चित्र प्राप्त हैं, जिनसे प्राचीन वेशभूषा के बारे में भी पता चलता है।10 प्रकृति का स्वभाव ही ऐसा है कि स्त्री को मनुष्य हमेशा आकर्षण का केन्द्र बिन्दु मानता आया है। यही कारण है कि भारतीय स्त्रियां भी अपनी रूप सज्जा को मानों अपनी विशेष निधि समझती हैं।
भारतीय संस्कृति अजन्ता के चित्रों में प्रतिबिम्बित होती है और उस प्रतिबिम्ब में हम प्राचीन सौन्दर्यमय सज्जित रूपयाविता का स्वरूप देखते हैं। अजन्ता के निर्माण महान कला आचार्यों ने अपनी तूलिका से यह व्यक्त कर दिया है कि प्राचीन युग में रानियों का क्या स्थान था। उनकी सहचरियों, दासियों का क्या स्थान था तथा उनके वस्त्रों में कितनी विभिन्नतायें थीं। कला पारंगत हाथों ने यह पूर्णरूपेण व्यक्त कर दिया है कि रानियों का रूप किस प्रकार का होना चाहिए। अजन्ता के चित्रों में रानियों को साड़ी और घाघरा पहने हुए और जिनमें साड़ी अधिकतर धारीदार है। एक चित्र में रानी को घाघरा और चोली पहने दिखलाया गया है। इससे ज्ञात होता है कि रानियां सिले कपड़े पहनती थी। इसके अतिरिक्त कुंचक और सलवारपेट पहने हुए चित्रों के भी दर्शन होते हैं।इन भित्ति चित्रों में रानियों के श्रृंगार के लिए मुकुटों का भी उपयोग किया गया है। रानियां अधिकतर रत्नजटित मुकुट धारण किए हुए चित्रित की गई हैं। ये प्राचीन भारतीय समृद्धि के द्योतक हैं। मुकुटों की बनावट भारतीय शिल्प कला की अनूठम देन है। कलामय भव्य आलेखनों से अलंकृत राजमुकुट रानियों की श्रृंगार सज्जा में एक अपना विशेष स्थान रखता है। विभिन्न रूपों में प्राप्य कर्णाभार जिसके फलस्वरूप स्त्रियों का रूप द्विगुणित हो जाता है दर्शनीय है। करधनियों का अलंकृत रूप भी यहां के चित्रों में प्राप्य है जो अत्यन्त दुर्लभ हैं और जो बड़े ही सजीव रंगों में चित्रित किये गये हैं। उनके दिव्य सौन्दर्य को समक्ष के कठोर हाथ अब तक मुनिन नहीं कर पाए हैं। वे आज भी संसार के विद्वानों के लिए अध्ययन के विषय बने हुए हैं।11 दासियों की वेश-भूषा के भित्तिचित्रों में पर्याप्त चित्र पाए गये हैं। दासियों के चित्रों में अलंकार की कमी है तथा सादगी है फिर भी उनकी कलात्मक अभिव्यक्ति अपना महत्व रखते हैं। साधारणतया दासिया साड़ी, कमरबन्द और हल्की कमर पेटी पहनती थी। उनमें कुछ घाघरा और कंचुक भी पहने हुये मिलती हैं। इनके अतिरिक्त इनके सिले वस्त्रों में कंचुक के ऊपर जाकेट, बढ़ावदार आगे वाले कंचुक, फ्राकनुमा चोली, हंसकूल का बना पूरे बांह का कंचुक, विचित्र तरह की टोपी के साथ कंचुक कमरदार टोपी और फूलहादार टोपी ही मुख्य रूप से पाये जाते हैं। यहां के चित्रों में दासिया अक्सर घुटनों तक पहुंचते हुये पूरे बांह का सफेद कंचुक पहनती हैं। वे कभी-कभी दुहरे जाकेट पहने हुये चित्रित की गयी हैं। गुहा चित्र के एक भित्ति चित्र में एक स्त्री कंचुक के ऊपर जाकेट पहने हुये चित्रित है जो चुनरी से बना है और सामने से खुला हुआ है। पूरे बांह का हरे रंग का कंचुक जो आगे से बन्द है चित्रित है। अजन्ता के चित्रों में अनेक स्थल पर चामर ग्राहिणी दासियों के चित्र हैं। इनके अनेकों रूप, कहीं साड़ी पहने, जिसका एक हिस्सा मोड़कर कन्धे पर डाले हुए चित्र अंकित है। कहीं-कहीं चामर ग्राहिणी दासी को गले में रुमाल बांधे घाघरी और दुपट्टा, जिसके छोर लहराते हुए अंकित किया गया है। गुफा संख्या 1. बाएं दीवार पर ऊपर के कोने में, स्तंभ के पास स्त्री सामने हो रही बातचीत में इतनी तल्लीन है कि उसका ध्यान लगभग संक्रामक लगता है, और जो भी इस चित्र को देखता है वह इसे अपनाकर चित्र पर ध्यान केंद्रित कर लेता है। कलाकार ने स्त्री की बैठने की शैली और कान के पीछे हाथ रखकर और अधिक ध्यान से सुनने के तरीके में जो स्त्रियोचित सौंदर्य दर्शाया है, उसे बहुत ही बारीकी से चित्रित किया है। यदि पृष्ठभूमि को और अधिक पूर्ण रूप से बनाया गया होता तो यह चित्र में और अधिक सुंदरता जोड़ देता।12
चामरधारिणी दासियों के वेश भूषा से साम्य रखते हुए मध्यवर्गीय स्त्रियों की भी वेशभूषा है। लगभग सभी इस काल खंड की स्त्रियों की वेश-भूषा-विशेषकर मध्य वर्ग के स्त्रियों के, एकरूपता लिये हुये हैं। गुफा नं. 2 में एक चित्र की पृष्ठिका में खड़ी एक स्त्री पतले तथा फूलदार कपड़े का बना कंचुक पहने है। दुपट्टे पर के चित्रित अलंकार का प्रतिकृति में तो पता नहीं चलता, पर मूल चित्र में बिल्कुल स्पष्ट चित्रित है।13 अजन्ता कि गुफा 17 में मंजीरा बजाती हुई एक परियों का समूह चित्रित किया गया है।आकाश में उड़ती हुई एक दिव्य स्त्री-गुफा संख्या 17 बरामदे में दाहिने ओर के दरवाजे पर वह उन अप्सराओं में से एक है जो आकाश में उड़ती फिरती हैं। उसकी तेज गति के कारण उसके आभूषण इधर-उधर बिखर रहे हैं। वह झांझ बजा रही है जिनसे कोमल और मधुर ध्वनि निकल रही है। उसकी उंगलियाँ और आँखें बेहद आकर्षक हैं। चित्र के रंग आज भी उतने ही ताजा हैं। सफेद रंग कमल के फूल जितना उज्ज्वल है। यद्यपि यह चित्र खुले बरामदे में है और लगभग पंद्रह सौ वर्षों से हवा, बारिश और धूप झेल रहा है, फिर भी रंग जरा भी फीके नहीं पड़े हैं। इससे पता चलता है कि ये रंग कितने स्थायी हैं। कम से कम अब तो हमें इन रंगों का उपयोग करना सीखना चाहिए और अपनी भारतीय चित्रकला की परंपरा को आगे बढ़ाना चाहिए।14 भित्ति चित्र में एक नर्तकी लम्बा कुर्ता व कंचुक पहने अंकित की गयी है। इसी गुफा में महाजातक वाले भित्ति चित्र में नर्तकी चुनरी से बना कुर्ता पहने हुये चित्रित है। वह गहरे हरे रंग का, वृत्तों से अलंकृत पूरे बांह का कंचुक पहने हुये है। अजन्ता के चित्रों में नाचने, गाने तथा बजाने वालों के अनेक चित्रण हैं, जिनके वस्त्राभरण, हावभाव मुद्रायें स्पष्ट कर देते हैं कि ये कौन हैं। यही अजन्ता की कृतियों की विशेषता है। अजन्ता के चित्र अपनी भावमयी मुद्राओं के लिए विश्वविख्यात हैं। किन्तु अपनी शैली के अन्यतम सौन्दर्यरूप, साज-श्रृंगार तथा मनोहारी वेश-विन्यास के कारण भी वे अत्यन्त प्रिय माने गये हैं। नारी रूप सज्जा के अनेकों नमूने यहाँ के चित्रों में अक्षुण्ण हैं।15
समाहार -
अजंता का नाम सुनते ही सामने एक मोहक दृश्य उपस्थित हो जाता है। ये गुफाएं चट्टानों में इसलिए खोदी गई थीं कि बौद्ध संन्यासी दुनिया की आपाधापी से दूर रहकर वहां साधना कर सकें। छेनी चलाने की कुशलता इन गुफाओं के शिल्प को संवारती है, जहां मूर्तियां उच्च कोटि की हैं और चित्रों में अनंत आकर्षण है। इन गुफाओं के बारे में पहली रिपोर्ट जेम्स फरग्यूसन की थी, जिन्होंने 1843 में रॉयल एशियाटिक सोसाइटी ऑफ ग्रेट ब्रिटेन एंड आयरलैंड में एक निबंध प्रस्तुत किया जिसमें पश्चिमी भारत के अजंता सहित ऐसे अनेक मंदिरों का उल्लेख किया, जो चट्टान काटकर बनाए गए थे। उसने अजंता की गुफाओं को उनके स्थापत्य और ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में रखा। 1902 में चित्रित अभिलेखों के आधार पर एच. ल्यूडर्स ने आर्यसूर की जातकमाला में से दो जातक-कथाओं के बने दृश्यों को पहचाना, जिससे यह स्थापित हुआ कि अजंता की चित्र-कथाओं में पारंपरिक पालि जातकों के अतिरिक्त अन्य स्रोतों का भी उपयोग किया गया था।
अजन्ता की चित्रकला में मानव मन के समस्त भावों को व्यक्त करने में अद्भुत सफलता प्राप्त की है। अजन्ता की चित्रकला विषय विविधता से युक्त हैं। यहाँ के चित्रों में धार्मिकता के साथ-साथ लौकिकता का भी प्रदर्शन हुआ है। विभिन्न प्रकृतियों एवं प्रवृत्तियों के स्त्रियों और पुरुषों का इतना उत्कृष्ट एवं विविधता पूर्ण अंकन इसकी सर्वोपरि विशेषता है। अजन्ता की चित्रकला का सर्वश्रेष्ठ गुण और उसकी ख्याति के प्रमुख आधार उनमें शान्ति, करुणा, उल्लास, स्थिरता, सौहार्द, भक्ति, विनय और विकलता आदि भावनाओं का सुन्दर व्यक्त करण हुआ है। पद्मपाणि बोधिसत्व की करुणा, मरणासन्न राजकुमारी, युद्ध के मुख-मुद्रा की शान्ति, माता-पुत्र की श्रद्धा, भक्ति, सभी में वस्तुतः भावप्रवणता ही अजन्ता की चित्रकला की आत्मा है, जिसके बिना वह निःप्राण ही रह जाती। सुन्दर रूप और कल्पना की मृदु मुस्कान, करुणा और शान्ति के आँचल से आवृत अजन्ता की कलाकृतियाँ में न जाने कितनी सरस भावनाओं और कलाकारों की अन्तर-अनुभूतियों की उपलब्धियाँ छिपाये अपने अस्तित्व से प्राचीन भारतीय कला इतिहास को स्वर्ण पृष्ठिका लगाये हुये अपने मूक रूपों से चिर शान्ति और आत्मा के अमरत्व का संदेश दे रही हैं।
अजन्ता की चित्रकलाओं में स्त्रियों का स्वरूप ऐसा बिखेर दिया गया है जैसे छिटके हुये चमचमाते हुये नक्षत्रगण हों, जो स्त्री रूप धारण कर कहीं प्रणयलीन, कहीं प्रतीक्षारत, कहीं स्तम्भों के ओट से झांकते हुये, और कहीं श्रृंगार की प्रतिमूर्ति बनी इत-उत अपनी प्रभा से सारे वातावरण को रहस्यमय सौन्दर्य में डूबो रही हों। वास्तव में अजन्ता की चित्रकलाओं में स्त्रियों के अभिव्यंजना सम्पूर्ण सृष्टि में सौन्दर्य की रश्मि रख दिखाई देती है एवं इसकी चित्रकला रेखांकन प्रधान है और विश्व की कोई चित्रशैली इसकी रेखांकन की समता नहीं कर सकता। यहाँ की रेखाओं में सतत प्रवाह है जो सूक्ष्म से सूक्ष्म मनोभावों को व्यक्त करने में सक्षम है।
सन्दर्भ :
1.राय, कृष्णदास, 1946, भारत की चित्रकला, पृष्ठ, 1, नागरी प्रचारणी सभा, काशी
2.अग्रवाल,बिहारी,श्याम, 2020,भारतीय चित्रकला का इतिहास, भाग 1 पृष्ठ 120,रुपशिल्प प्रकाशन
3.अग्रवाल,बिहारी,श्याम, 2020,भारतीय चित्रकला का इतिहास, भाग 1पृष्ठ 121,रुपशिल्प प्रकाशन
4.अग्रवाल,बिहारी,श्याम, 2020,भारतीय चित्रकला का इतिहास, भाग 1 पृष्ठ 122,रुपशिल्प प्रकाशन
5.अग्रवाल,बिहारी,श्याम, 2020, भारतीय चित्रकला का इतिहास,भाग 1 पृष्ठ 122,रुपशिल्प प्रकाशन
6.गुप्त, चंद्र, दिनेश, 2003,भारतीय चित्रकला में नारी अंकन,पृष्ठ 51,धर्मा प्रकाशन,इलाहाबाद
7.गुप्त, चंद्र,दिनेश,2003,भारतीय चित्रकला में नारी अंकन,पृष्ठ 52,धर्मा प्रकाशन,इलाहाबाद
8.वही 8.53
9. वही.958
10.वही10.59
11.वही 11.61
12.अजंता, 1932, अ हैंडबुक ऑफ अजंता केव्स डिस्क्रिप्टिव ऑफ द पेंटिंग एंड स्कल्पचर देयर इन, श्रीमंत भवन रॉव श्रीनिवासराव, पब्लिशर तारापोर वाले संस-को
13.वही13.36
14.वही 14.106
15. गुप्त, चंद्र, दिनेश, 2003, भारतीय चित्रकला में नारी अंकन, पृष्ठ 64,धर्मा प्रकाशन,इलाहाबाद
16. घोष, ए., 1967, अजंता म्यूरल्स -85 रंगीन चित्रों का एलबम, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, नई दिल्ली
17. हेरिंगहैम, लेडी 1915, अजंता फ्रेस्कोस, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस, लंदन
18. जामखेड़कर, अरविंद पी., 2009, अजंता-मॉन्यूमेंटल लेगेसी, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस
19. आनंद, मुल्कराज, 1971, अजंता, मार्ग पब्लिकेशन, मुंबई
20. याजदानी, गुलाम 1930-1955, (4 जिल्द) अजंताः अजंता भित्ति-चित्रों के रंगीन और श्वेत-श्याम पुनरुत्पादन, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस, लंदन
21. ग्रिफिथ्स, जॉन 1896-97, द पेंटिंग्स इन द बुद्धिस्ट केव्स एट अजंता, लंदन
22. मित्रा, देबला 1966, (पुनर्मुद्रण 2003) अजंता-गाइड बुक, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, नई दिल्ली
कविता भारतीय
शोध छात्रा, प्राचीन इतिहास, उ.प्र.राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज
सुनील कुमार
सहायक आचार्य, प्राचीन इतिहास, उ.प्र.राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज
अपनी माटी
( साहित्य और समाज का तिमाही दस्तावेज़ )
Peer Reviewed & Refereed Journal , (ISSN 2322-0724 Apni Maati) Vol. 66, Issue Nu 2. जुलाई -सितंबर 2026
सम्पादक : माणिक एवं जितेन्द्र यादव रचनात्मक लेखन सम्पादक : विष्णु कुमार शर्मा

एक टिप्पणी भेजें