शोध आलेख : इक्कीसवीं सदी की हिन्दी कविता और बाजारवाद / प्रदीप कुमार सिंह

इक्कीसवीं सदी की हिन्दी कविता और बाजारवाद
- प्रदीप कुमार सिंह

शोध सार : इक्कीसवीं सदी के शुरू होने के ठीक आठ साल पहले से बाजार चढ़ चुका था। यह बाजार कोई सामान्य बाजार नहीं था जो हफ्ते में एक दिन गांव, कस्बे या शहर में लगता है। इस बाजार ने इन हफ्ताई बाजारों से कहीं बड़े बाजार मनुष्य के हाथों में लाकर धर दिया है। विकल्पहीनता जिस तरह से मनुष्य को बेचारा बना देती है, विकल्प-बहुलता या विकल्पों की बाढ़ उससे बड़ी लाचारी पैदा कर देती है। मनुष्य आज भी अपनी चयन प्रक्रिया को लेकर उतना ही मजबूर है या अधिक ही जितना कभी हुआ करता था। इस चयन की अराजकता को वह तर्क से पाटता है। कहीं उसकी चयन-धर्मिता के पीछे देशभक्ति होती है, तो कहीं उपयोगितावाद, कहीं वोकल फॉर लोकल तो कहीं आर्थिक उलझनें।जबकि इस अतार्किक चयन-धर्मिता के पीछे कभी कुछ ठोस-सा नहीं होता। इस पूरी प्रक्रिया में वह मांग की उपज से बाजार की उपस्थिति को चेतनवत हो नकारता है। बाजार समाज को कैसे प्रभावित करता है? यह तो दिखता है; लेकिन इस बीच वह हर एक व्यक्ति में कैसे घर कर रहा है? कैसे व्यक्ति के मनोभावों को रूपायित करता है? यह देखना आवश्यक है। प्रौद्योगिक कहे जाने वाले युग में कविता ने मनुष्यता की डायरी लिखी है। कविता देखती है और दिखाती है कि कैसे पेड़ पर झूला लगा झूलने वाला व्यक्ति अब शॉपिंग मॉल के मसाज चेयर पर पहुंच गया है!

बीज शब्द : इक्कीसवीं सदी, हिंदी कविता, रचना-प्रक्रिया, प्रौद्योगिकी, लॉन्ग-नाइनटीज़, गज़ेट्स, एकांत, वर्चुअल रियलिटी, वर्चुअल स्फेयर.

मूल आलेख : नदी के किनारे बैठा व्यक्ति जिस तरह से नदी की धारा को कुछ सीमाओं के साथ ही देख सकता है। ठीक उसी तरह कविता को पढ़ने वाला उसे अपने तरीके से पढ़ता है। फिर भी उस पढ़त से अगर पाठक के स्वत्व को घटाकर देखें तो कुछ हद तक कविता के उस रूप को पाया जा सकता है जो इस प्रौद्योगिक समय में अपने समय की आलोचना को प्रस्तुत करते हुए मौजूद है। गंभीर सवाल यह है कि काव्य की यह मौजूदगी क्या हमारा समय समाज दर्ज कर रहा है? नहीं! आइंस्टीन ने कहा था ‘उस तथ्य को क्यों याद किया जाए जो कहीं किसी ग्रंथ में मौजूद है।’ यहां यह ध्यान देने योग्य है कि कविता की पुस्तक उस अर्थ में ग्रंथ तो नहीं है चाहे उसे और कुछ कह लें क्योंकि इस सदी के काव्य में शास्त्र सी रूढ़ता नहीं है। वह कवि-जीवन के गहन अर्थ एवं भाव छायाओं से बना है। आइंस्टीन तथ्यों के दिमागी संग्रह के विरुद्ध इसलिए बोलते हैं ताकि मनुष्य का दिमाग ज्यादा मुक्त धर्मी हो और नवाचारों में लगे। इस दृष्टि से देखें तो काव्य रचना के नवाचारी समीकरण की वकालत करते हुए आइंस्टीन नजर आएंगे। उक्त आलोक में औद्योगिक समाज में व्यक्ति बाजार के सामान से घर भरता था, धीरे-धीरे प्रौद्योगिक समय में उसने अपना दिमाग भी भर लिया है। जब मन-मस्तिष्क उपभोक्तावाद के आँच पर पक रहा हो तब बनकर तैयार होने वाला व्यंजन चाहे और कुछ हो कविता तो नहीं हो सकती। ऐसे समय में अचानक आज के कवि को फकीर की याद आती है, जो “उपभोग के गरजते बादल लालच के घन अंधकार में न जाने कहां खो गया है”1 उसे याद आता है कि जब वह छोटा था तो वह फ़कीर उसके भीतर था, बिल्कुल साथ रहने वाला वह स्वच्छंद-मना हर जगह ढूंढा जा चुका पर कहीं मिला नहीं। गायब होने के संभावित स्थान मॉल, पीवीआर में भी उसे ढूंढा जा चुका है पर वह अब तक न मिला है न मिलेगा। कविता के शीर्षक ‘फकीर की याद’ पर ध्यान दें तो कवि उसे रमता जोगी, फकीर इत्यादि उपाधि देता है। पर क्यों? कवि उस स्वच्छंद-मना के गायब होने से दुखी है। फकीर का गायब हो जाना एक प्रतिक्रिया है; उपभोग के गरजते बादल की, कवि के आकाश में समाने की क्रिया के विपरीत। लेकिन इस गायब हो जाने वाले तत्व या चेतनता को कवि फकीर की संज्ञा क्यों देता है? फकीर जिसका गुणधर्म ही है कहीं-से-कहीं चल देना! इसके दो कारण हो सकते हैं; पहला यह है कि कवि के अंदर एक दोष-भाव घर कर चुका है जिससे मुक्त होने के लिए कवि उसे फकीर की संज्ञा देते हैं, कि वह तो खुद ही फकीर था चला गया कहीं। दूसरा यह कि फकीर रूपक है हर उस विचार का जो उपभोग की संस्कृति के उलट उसके विपक्ष में है। उदाहरण के लिए कविता को ही ले लीजिए। हमारा समाज सारे प्रतिपक्ष को फकीर बना देगा, उसके हिस्से भटकन आएगी, और ‘समाज लालच के घन-अंधकार में, न जाने कहां खो जाएगा।’

प्रौद्योगिकी द्वारा पोषित-फलित बहुत सारे मीडिया स्वरूप हमारे सामने आजकल प्रस्तुत होते रहते हैं। जहां साहित्य एक गंभीर कार्य प्रणाली द्वारा समाज से संबंध साधता है मीडिया के यह प्रारूप जैसे-तैसे अपना काम चलाते हैं। कुंवर नारायण लिखते हैं “साहित्य और मीडिया के बीच एक टकराव की स्थिति बन रही है, क्योंकि साहित्य ‘भाषा’ और ‘अभिव्यक्ति’ को लेकर जिस मानवीय ढंग से गंभीर और सचेत है, उसके खिलाफ मीडिया मशीनी व्यावसायिक और अमानवीय है। साहित्य जिस काम को गंभीर और रचनात्मक ढंग से करना चाहता है, मीडिया उसे चालाक, चलताऊ और सतही ढंग से करके साहित्य के काम में एक बड़ा अवरोध और दखल उत्पन्न करने लगता है।”2 भाषा और अभिव्यक्ति की इस उलट-फेर पर वरिष्ठ कवि राजेश जोशी ने भी ध्यान दिया है। वे लिखते हैं “हमारी आंखों के सामने इतनी रंग बिरंगी और प्रतिपल बदलती इमजेज पहले कभी नहीं रहीं। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने हमारे चारों ओर बिंबो का एक मेले-सा रच दिया है। बिंबो की इस अतिशयता का हमारे देखने, सोचने-समझने और हमारे पूरे व्यवहार पर असर हुआ है। वह पहले के बनिस्बत बदल-सा गया है। दिक् और काल का वह बोध जो पहले था, बदल चुका है। बाजार और नई प्रौद्योगिकी ने बिंबो की एक प्रतिभाषा तैयार कर ली है, और उसने कविता की भाषा को एक चुनौतीपूर्ण स्थिति में ला दिया है।”3

इस चुनौती को वर्तमान समय की समस्याओं ने और ज्यादा गहराया है जिसका सीधा संबंध मनुष्य की रचनात्मकता से है। आज के समय में अकेलापन बहुत ही बढ़ गया है। परंतु एकांत, वह कहां है? अकेले में और एकांत में व्यक्ति दोनों में ही केवल स्वयं मौजूद होता है। अंतर उस मौजूदगी के मिजाज में है। अकेलापन जहां व्यक्ति को परेशान करता है, एकांत उसे एक सृजनात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। एकांत के महत्व पर अज्ञेय लिखते हैं “प्रत्येक मानव का एक अंश सर्वदा एकाकी होता है। यह एकाकी अंश ही प्रेम का अनुभव कर सकता है; शेष मानव तो केवल कामना करना जानता है। और इसीलिए त्याग भी यह एकाकी ही कर सकता है, शेष मानव नहीं। जिस से यह सिद्ध होता है कि मानव का जो अंश सर्वाधिक असंपृक्त, अनासक्त है, वही सबसे अधिक सहता है, वही सबसे अधिक तीव्रता से अपने अस्तित्व का अनुभव करता है– यह अंश ही सबसे अधिक वह मानव है।”4 लेकिन आज विडंबना यह है कि अकेलापन बढ़ता जा रहा है और एकांत संकुचित होता जा रहा है।

कविता का संबंध एकांत से बहुत आत्मिक है। सारी नहीं तो लगभग सारी कविताएं एकांत में ही कवि-मन से अभिव्यक्ति की ओर बढ़ती हैं।वर्ड्सवर्थ कविता की परिभाषा में वे जिस ‘शांति’ की बात करते हैं वह एकांत में ही अपना अर्थ पाता है। और यह एकांत बकौल वर्ड्सवर्थ रचना-प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा है। हालांकि यह समस्या दोहरी होती नजर आ रही है। एक तो यह है कि संकुचित होता कविता का एकांतिक क्षेत्र और कम होता जा रहा है। दूसरा यह है कि भले यह एकांत कम होता जा रहा है कवियों की संख्या में इजाफा ही हो रहा है, कमी नहीं। यह दूसरा पक्ष दो संकेत देता है – पहला रचनागत कवियों के ईमानदारी पर प्रश्न चिन्ह उठाता है। वहीं दूसरा प्रतिपक्ष की मजबूती की ओर इशारा करता है। इस समस्या के सत्य को अब समय ही दर्शाएगा।

गोपीचंद नारंग अपनी पुस्तक में लिखते हैं “प्रौद्योगिकी और दूर संचार की क्रांति इस स्वरूप की है कि आज सारा विश्व मीडिया-समाज में परिवर्तित हो गया है। वे दूरस्थ समाज जहाँ पहले परिवर्तन विलंब से पहुंचा करते थे या नहीं पहुंचते थे या जो समाज ‘सुरक्षित’ समझे जाते थे, अब वे भी ‘असुरक्षित’ हैं और इस क्रांति की ज़द में आ चुके हैं।”5 मनुष्य का एकांत बहुत तेजी से क्षरित हो रहा है। यह एक सामाजिक-सत्य और सामूहिक-समस्या है; एक ऐसी समस्या जिसका हाल कदाचित् मनुष्य प्रौद्योगिकी के सबसे सुदृढ़ ‘स्पेसिमेन’ मोबाइल में ही ढूंढे! जिन्हें यह समस्या कुछ लोगों तक सीमित लगती है वे यह सोचें कि क्या आवश्यकता है फिर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के एल.ई.डी. स्क्रीन पर–

‘कुछ पल बैठा करो
मां-बाप के साथ
हर चीज नहीं मिलती मोबाइल के पास’

उक्त पंक्तियां दर्शाने की? यही नहीं उक्त पंक्ति में मां-बाप पद को हटाकर कोई अन्य मानवीय रिश्ते का नाम रख लें पंक्ति की सत्यता यथावत् बनी रहेगी।

जिसे व्यक्ति ‘वर्चुअल स्पेस’ समझता रहा है, उसने बिना किसी रूपाकार के मनुष्य के वास्तविक जीवन में स्थान ग्रहण किया है। अदृश्य-सा यह इंद्रजाल दिखता नहीं है परंतु इसने एक बेकली पैदा की है। डाटा की इस रस्सी से बंधा मनुष्य खुद को खोलने को परेशान है –

“जैसे रस्सी खोली जाती है
उल्टे हाथों से
वैसे ही कुछ देर के लिए
अपने को खोल डालो”6

क्या यह खुलना इतना आसान है? बंधे पड़ने का आलम यह है कि कवि ‘कुछ देर के लिए’ खुलने का आग्रह कर रहा है, पर वह भी कितना कठिन कार्य है। एक ऐसी पीढ़ी जो हमेशा मोबाइल हाथ में रखती है वहाँ सवाल यह भी उठता है कि क्या उसे उल्टे हाथों रस्सी खोलने का ज्ञान भी है? इसी कविता की आगे के पंक्तियों में मनुष्य के चौतरफा गैजेट्स के दुर्ग से घिरे होने और उससे मुक्त होने को कवि द्वारा लगाई गई गुहार भी है–

“घड़ी के समय मोबाइल के ट्रिंग लैपटॉप
और ईमेल से इतर
कुछ देर के लिए ही सही
अपने आदमीयत में लौट आओ
न जाने कब से तेरा ही मन
कर रहा है तेरा इंतजार”7

‘प्रतिरोध की संस्कृति’ नामक पुस्तक में बद्रीनारायण लिखते हैं “लॉन्ग नाइनटीज मोबाइल,एसएमएस, टेलीविजन, नेट, नए सूचना संजालो से बने एक ‘वर्चुअल कम्युनिटी’ एवं ‘वर्चुअल रियलिटी’ से टकरा रहा है, जहाँ 80 से पूर्व की रियलिटी(यथार्थ) का अर्थ बदल चुका है। महाकाव्यात्मक(रामायण-महाभारत) मिथक से इतर हम एक नए मिथिक टाइम जो इस वर्चुअल स्फेयर ने तैयार किया है से गुजर रहे हैं।”8 डाटा से निर्मित यह यांत्रिक-संसार बहुत ही लुभावना है। इतना लुभावना कि व्यक्ति भाव के तलाश में इस संसार की ओर चला आता है। इस यांत्रिकता से सावधान करते हुए अज्ञेय लिखते हैं “यांत्रिक उन्नति इसे क्रमश: सुगमतर बनाती जाती है कि मानव अधिकाधिक काम बिना आत्मदान के कर सके। अर्थात् वह क्रमश: आधिकाधिक मानवों का अकेला होना आधिकाधिक संभव बनाती जा रही है, यदि वे यांत्रिक उन्नति पर ही निर्भर करते हैं। यांत्रिक उन्नति अपने आप में दूषित नहीं है। वह मृत्यु को सुगमतर बनाती है, इसका अर्थ यह नहीं है कि वह जीवन को असंभव बनाती है। किंतु यांत्रिक उन्नति आत्मा को प्रेरणा नहीं देती और वह प्रेरणा आवश्यक है। उस प्रेरणा के स्रोत की खोज आधुनिक मानव की खोज है।”9 इस खोज की प्रक्रिया में वह बाह्य संसार की ओर बढ़ता है। संसार की यांत्रिकता उसे हर दर्द हर परेशानी से निजात दिलाने का स्वांग रचती है। अपनी रंगीनियत से वह उस आगंतुक को उस भटके हुए प्राणी को भुलावा देकर और भटकाती है। रविंद्र स्वप्निल प्रजापति की कविता ‘प्लाज्मा स्क्रीन पर आए कुछ दृश्य’ में यह भटकाव साफ नजर आता है–

“रंगीन दुनिया में सब चीज स्क्रीन जैसी दिखने लगी है
जहां एक की दबाते ही पृथ्वी डाटा बनकर सामने आने लगती है
और लड़का अपने प्रेम पर सर्फिंग शुरू कर देता है”10

व्यक्ति जब यह देखता है कि इतनी विशाल पृथ्वी सिमट कर इन छोटे डब्बों में आ गई है तो क्यों न उसे ही प्रजापति मान ले! उसके भाव फिर अपनी शक्ति खोने लग जाते हैं और वह भावनाहीनता की तरफ बढ़ता जाता है। जितेंद्र चौहान की कविता ‘भूख’ में भूख का प्रकृत-भाव और भूख के डिजिटल आँकड़े के बीच कवि ने एक सफल द्वंद रचा है। हमारे समय की सच्चाई यह है कि प्रकृत-भाव से ज्यादा महत्व हम उसके डिजिटल भावांतरण पर देते हैं। भूख कविता में वे लिखते हैं–

“साइबर कैफे में बैठा हूँ
कंप्यूटर के सामने
दर्ज कर रहा हूँ भूख के आँकड़े
एक्सेल में
सामने दरवाजे पर
खड़ी है भिखारिन अपने बेटे के साथ
नजरअंदाज कर यह दृश्य
फीड कर रहा हूं
दुनिया में भूख के आँकड़े
आँकड़े का ग्राफ
बढ़ता जा रहा भूख के साथ
उठकर जा नहीं सकता
भर रहा हूं पेट
भूख के आँकड़ों से
कुछ है जो तमाम कोशिशों के बावजूद
डिलीट नहीं हो रहा”11

कविता में ‘एक्सेल’, ‘फीड’, ‘डिलीट’ जैसे कंप्यूटर से जुड़े तकनीकी शब्दों का प्रयोग किया गया है। ‘एक्सेल’ भूख की डिजिटल भूमि है और ‘फीड’ उसका कर्तव्य जिसके कारण वह दरवाजे पर खड़ी भिखारिन के पास नहीं जा सकता। अंतिम पंक्ति में प्रयुक्त ‘डिलीट’ शब्द कंप्यूटरी-क्रिया नहीं है। वह अपने मस्तिष्क से कुछ ‘डिलीट’ करना चाह रहा है। उस द्वंद ने उसे चोट पहुँचाया है जो उसके डिजिटल कर्तव्य और मानवीयता के बीच उठ खड़ी हुई है। यांत्रिकता से घिरा मनुष्य खुद इतना यांत्रिक हो चुका है कि स्वयं के लिए भी वह एक कंप्यूटर की भाषा का प्रयोग करता है। कविता में एक और दृश्य है जो ध्यान खींचता है भिखारिन का दरवाजे पर खड़े रहना और व्यक्ति का स्क्रीन पर डटे रहना। इन दोनों के बीच की दूरी के माध्यम से कवि ने तथाकथित बौद्धिक और सभ्य समाज की ओर इशारा किया है जिसने सामाजिक समस्याओं से दूरी बना ली है। तकनीक ने इन दूरियों को और विविधता दी है। अब मनुष्य सिर्फ समस्याओं से नहीं सामाजिक-मानवीय रिश्तों से भी दूरी बना ले रहा है। जहाँ वह इन मानवीय वास्तविकता से दूर हो जा रहा है या कई मामलों में दूर कर दिया जा रहा है। वहाँ बाजार उसे घेर लेता है। रविंद्र स्वप्निल प्रजापति की ही एक कविता है ‘कला के हथियार’ उसमें वह लिखते हैं—

“मैं विज्ञापनों के पहाड़ों में गुम हो रहा हूँ
किसी इंसान को घेरना कला हो सकती है
कितना बड़ा मजाक है हथियार भी कला
हो गए

कला खुद की स्वतंत्रता का रेखांकन है
जहाँ किसी भी चीज को एक के साथ एक
फ्री
नहीं टिपाया जा सकता”12

इस कविता के माध्यम से बाजार और विज्ञापन ने जो घेराव मनुष्य के चौतरफा कर रखा है, उसकी पहचान होती है। यह एक सुखद पक्ष है कि ‘कविता’ अभी-भी मनुष्य की मानवीयता को जगाती है उसे वर्तमान बाजार की आपाधापी में उसकी जीवन प्रणाली की समीक्षा प्रस्तुत करती है, इस समीक्षा की कड़ी में ही आशुतोष दुबे की कविता ‘मोबाइल’ को पढ़ना भी महत्वपूर्ण है—

“शोक-सभा में वह अचानक बज उठता है
उसे हक है
आप संगीत-सभा में हो
या शेयर-बाजार में
× × × × ×
वह आपको बरामद कर लेता है
कभी-भी कहीं-भी
और बतियाना पड़ता है
बीच सड़क पर
दफ्तर में, कार में
चौतरफा व्यापार में”13

निष्कर्ष : मनुष्य विवश है। कहीं अपने कर्तव्य से, कहीं मजबूरन तो कहीं आदतन। हालांकि मजबूती का एक पक्ष कविता के रूप में उसके पास उपस्थित है जो उसे आईना दिखाती हुई उसे निर्देशित करती है। बकौल आचार्य रामचंद्र शुक्ल कविता सभ्यता के आवरण को अनावृत कर मनुष्य के प्रकृत भाव तक उसे पहुँचाने का काम करती है। बहुत हद तक हम देखते हैं कि आज की कविता वह करने की कोशिश कर रही है। उसके प्रतिपक्ष में उपस्थित बाजार और प्रौद्योगिकी से नित-नये उपजने वाले अवरोध उसके मार्ग को बाधित जरूर करते हैं। लेकिन कविता का यह संघर्ष जारी है। और आगे भी इसी सुदृढ़ता के साथ बना रहेगा ऐसी उम्मीद भी आज के समय की कविता हमें देती है।

संदर्भ :
1. बद्री नारायण. तुमड़ी के शब्द, नई दिल्ली, राजकमल प्रकाशन, दूसरा संस्करण, 2023, पृष्ठ 48.
2. कुँवर नारायण. शब्द और देशकाल, नई दिल्ली, कुँवर नारायण, राजकमल प्रकाशन, 2022, पृष्ठ 107.
3. जोशी, राजेश. कविता का शहर: एक कवि की नोटबुक,नई दिल्ली, राजकमल प्रकाशन, पहला संस्करण, 2018, पृष्ठ 124.
4. अज्ञेय, आत्मनेपद,नई दिल्ली, भारतीय ज्ञानपीठ, तीसरा संस्करण, 2010, पृष्ठ 184.
5. नारंग, गोपी चंद. संरचनावाद उत्तर-संरचनावाद एवं प्राच्य-काव्यशास्त्र,नई दिल्ली, साहित्य अकादेमी, द्वितीय संस्करण, 2004, पृष्ठ 379-380.
6.बद्री नारायण. तुमड़ी के शब्द,नई दिल्ली, राजकमल प्रकाशन, दूसरा संस्करण, 2023, पृष्ठ 91.
7. वहीं, पृष्ठ 91.
8. बद्री नारायण. प्रतिरोध की संस्कृति,नई दिल्ली, बद्री नारायण, वाणी प्रकाशन, 2012, पृष्ठ 54.
9. अज्ञेय, आत्मनेपद,नई दिल्ली, भारतीय ज्ञानपीठ, तीसरा संस्करण, 2010, पृष्ठ 192.
10. प्रजापति, रविंद्र स्वप्निल. कोलाज (कविता संग्रह), मेधा बुक्स, प्रथम संस्करण, 2006, पृष्ठ 46.
11. चौहान, जितेंद्र. युवा द्वादश, संपादक: निरंजन श्रोतिय, संस्कृति प्रकाशन, उज्जैन, 2011, पृष्ठ 72.
12. हिंदवी वेबसाईट, रविंद्र स्वप्निल प्रजापति की कवितायें.
13. जोशी, राजेश. कविता का शहर, नई दिल्ली, राजकमल प्रकाशन, पहला संस्करण, 2018, पृष्ठ 117 (उद्धृत).

प्रदीप कुमार सिंह
सहायक प्राध्यापक, हिन्दी विभाग, दिल्ली विश्वविद्यालय.

अपनी माटी
( साहित्य और समाज का तिमाही दस्तावेज़ )
  Peer Reviewed & Refereed Journal , (ISSN 2322-0724 Apni Maati) Vol. 66, Issue Nu 2. जुलाई -सितंबर 2026
सम्पादक : माणिक एवं जितेन्द्र यादव रचनात्मक लेखन सम्पादक : विष्णु कुमार शर्मा

Post a Comment

और नया पुराने