शोध आलेख : निम्नमध्यवर्गीय जीवन संघर्ष और जादुई यथार्थवाद के लेखक विनोद कुमार शुक्ल / संजय कुमार सेठ

निम्नमध्यवर्गीय जीवन संघर्ष और जादुई यथार्थवाद के लेखक विनोद कुमार शुक्ल
- संजय कुमार सेठ

शोध सार : विनोद कुमार शुक्ल समकालीन हिंदी कथा-साहित्य के ऐसे महत्त्वपूर्ण रचनाकार हैं, जिन्होंने सामान्य और निम्नमध्यवर्गीय जीवन के संघर्ष, जिजीविषा, स्वप्न तथा संवेदनाओं को अपनी विशिष्ट काव्यात्मक भाषा और नवीन कथाशिल्प के माध्यम से अभिव्यक्त किया है। उनके उपन्या।सों में यथार्थ और कल्पना का ऐसा रचनात्मक संयोजन दिखाई देता है, जिसमें रोजमर्रा का जीवन जादुई और असाधारण अर्थवत्ता ग्रहण कर लेता है। प्रस्तुत शोध-पत्र में ‘नौकर की कमीज’, ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’, ‘खिलेगा तो देखेंगे’ तथा ‘हरी घास की छप्पड़ वाली झोपड़ी और बौना पहाड़’ के संदर्भ में निम्नमध्यवर्गीय जीवन-संघर्ष, जादुई यथार्थवाद और प्रकृति के अंतर्संबंधों का अध्ययन किया गया है। ‘नौकर की कमीज’ में निम्नमध्यवर्गीय व्यक्ति के आर्थिक संकट, व्यवस्था के भीतर शोषण, ईमानदारी और सामाजिक विडंबनाओं को रेखांकित किया गया है, जबकि ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ में इसी जीवन-जगत के भीतर प्रेम, कल्पना, प्रकृति और बेहतर जीवन की आकांक्षा का संसार निर्मित होता है। ‘खिलेगा तो देखेंगे’ में ग्रामीण जीवन, सहजता और भविष्य के प्रति आशावादी दृष्टि तथा ‘हरी घास की छप्पड़ वाली झोपड़ी और बौना पहाड़’ में बाल-मन, कल्पना और प्रकृति के माध्यम से एक वैकल्पिक संसार की रचना दिखाई देती है। शुक्ल के यहाँ प्रकृति केवल पृष्ठभूमि नहीं है, बल्कि वह मनुष्य के जीवन और संवेदना का अभिन्न हिस्सा बनकर उपस्थित होती है। उनकी भाषा में गद्य और कविता का अद्भुत सामंजस्य है, जो उनके जादुई यथार्थवादी शिल्प को विशिष्ट बनाता है। इस प्रकार विनोद कुमार शुक्ल का कथा-साहित्य यथार्थ की विसंगतियों को सामने लाते हुए उसके भीतर परिवर्तन, उम्मीद और मानवीय संवेदना की संभावनाओं को भी उद्घाटित करता है।

बीज शब्द : जादुई यथार्थवाद, जिजीविषा, निम्नमध्यवर्ग, वैश्वीकरण, विडम्बना, समकालीनता।

मूल आलेख : हिंदी साहित्य में विनोद कुमार शुक्ल उन बिरले लेखकों में से हैं जिन्होंने एक ऐसी दुनिया बनाई जो अपनी मौलिकता, गहनता और मासूमियत में अनोखी है। विनोद कुमार शुक्ल जी सहज, संवेदनशील और नवाचारी धारा के लेखक हैं। इनके कहने का अनूठा अंदाज़ और दुनिया को देखने का नया दृष्टिकोण पाठक वर्ग को प्रेरित करता है। इनके लेखन की यह खूबी एक मूक ध्वनि के साथ आगे बढ़ती है। इनके रचना संसार की भाषा बेहद कोमल और सादगीपूर्ण है, जिससे सामान्य-सा कथन भी अपनी विशेषता व अर्थवत्ता प्रदान करता है। इनकी कविताओं और उपन्यासों में इतनी गहराई है कि वह भीतर तक उतर जाती हैं। इनके पात्र कई सारे सपने लिए हुए सहजता और संघर्ष का प्रतीक बने हुए हैं। इनकी लेखनी वास्तविकता और काल्पनिकता का ऐसा संगम है जो कहीं और देखने को नहीं मिलती। इनके रचना संसार में हर शब्द एक खास अर्थ लिए हुए है और उन्हीं शब्दों से वे मामूली से मामूली चीजों को भी विशेष बनाते हैं। इन्होंने अपने उपन्यासों ‘नौकर की कमीज़’, ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’, ‘खिलेगा तो देखेंगे’ और कविताओं ’सब कुछ होना बचा रहेगा’, ‘लगभग जय हिंद’ में आम जीवन को अनोखे ढंग से प्रस्तुत किया है, जिसमें जादुई यथार्थवाद के तत्त्व दिखाई देते हैं। जादुई यथार्थवाद ऐसी साहित्यिक विधा है जिसमें वास्तविकता और कल्पना को इस तरह मिलाया जाता है कि दोनों में अंतर कर पाना मुश्किल हो। जादुई यथार्थवाद में कल्पना वास्तविकता के धरातल पर ही तैयार होती है इसीलिए उसकी उड़ान ज्यादा ऊँची नहीं होती। न तो यह पूरी तरह से कल्पना होती है और न ही पूरी तरह से वास्तविकता। यथार्थवाद विधि से हटकर जादुई यथार्थवाद एक नई शैली का निर्माण करता है जिसमें उसकी अलग मान्यताएँ, बिंब, शिल्प, प्रतीक हैं। जादुई यथार्थवाद में घटित घटनाएँ सामान्य नहीं होतीं, परिस्थितियाँ भी अलग रहती हैं। इसमें मिथक, किस्सागोई, भूत-प्रेत, जादू-टोने आदि का समावेश रहता है। जादुई यथार्थवाद में कथ्य भले ही वास्तविक न लगे, उसके पात्र भले ही आसमान पर उड़ते नज़र आएँ किंतु अंततः वह आते ज़मीन पर ही हैं। कथ्य,शिल्प, बिंब, प्रतीक भले ही वास्तविक न लगें किंतु उनका उद्देश्य यर्थाथ को सामने लाना ही होता है। यथार्थवाद और जादुई यथार्थवाद का ढंग भले ही अलग हो किंतु उद्देश्य सच को सामने लाकर समाज को संवेदनशील बनाना है। हिंदी साहित्य में जादुई यथार्थवादी शैली 20वीं सदी के मध्य या उत्तरार्द्ध में देखने को मिलती है इसका मूल कारण वैश्विक साहित्य का प्रभाव और लैटिन अमेरिकी जादुई यथार्थवाद से भारतीय लेखकों के परिचय को बताया जाता रहा है। किंतु जब यह जादुई यथार्थवाद भारत आता है तो यह भारतीय समाज के हिसाब से ढलता है। यह ठीक है कि साहित्य में यथार्थवाद एक महत्त्वपूर्ण साहित्यिक धारा है जो समाज की सचाई को बिना लाग-लपेट या कल्पना के प्रस्तुत करने का प्रयास करती है बावजूद इसके ‘परिवर्तन’ भी समाज की एक सचाई है जिसे कोई भी समाज रोक नहीं सकता। साहित्यिक धारा में भी यह परिवर्तन समय की मांग के हिसाब से होते रहे हैं। ‘जैसा है, वैसा ही’ कह देने की एक लम्बी लीक चल पड़ी थी जिसमें परिवर्तन जरूरी हो गया था। साहित्य को समाज का दर्पण कहा जाता है, लेकिन क्या हो अगर उसी दर्पण में समाज अपनी एक ही वेशभूषा रोज रोज देखे? जादुई यथार्थवाद भी समाज को आईना ही दिखाता है किंतु अलग अलग वेशभूषा के साथ जिससे कि जिजीविषा की एक उम्मीद जग सके। ‘जैसा है, वैसा ही’ कह देने की एक सीमा यह भी है कि यह रचनात्मकता को सीमित कर देती है। इससे यह खतरा उत्पन्न हो सकता है कि कथ्य और कहानीपन धुंधला पड़ जाए और रचना एक रिपोर्टिंग का रूप धारण कर ले। जादुई यथार्थवादी शैली में लिखा गया साहित्य बिल्कुल नया सा लगता है उसमें जीवन के संघर्ष और सचाइयाँ तो होती हैं ही, साथ ही साथ एक बेहतर भविष्य की कल्पना और उम्मीद भी होती है।अगर विनोद कुमार शुक्ल का ही साहित्य देखें तो उसमें पुनरावृति कहीं दिखती नहीं है। वे अपने ढंग का अलग ही साहित्य रचते हैं। इन्हें 1999 में ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ पर साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला था, साथ ही हाल ही में इन्हें ‘ज्ञानपीठ सम्मान’ देने की भी घोषणा हुई है। यह सम्मान विनोद कुमार शुक्ल की सिर्फ बतौर लेखकीय उपलब्धि को ही नहीं, बल्कि हिंदी साहित्य की सहज और संवेदनशील धारा को भी मिला है।

भारतीय समाज मुख्यतः तीन वर्गों में विभाजित है। निम्न, मध्य और उच्च वर्ग। हिंदी साहित्य के कथाकारों की नजर इन तीनों वर्गों पर हमेशा से रही विशेषतौर पर निम्न और मध्य वर्ग पर। किन्तु भारत में वैश्वीकरण और निजीकरण के कारण इस देश में एक नया वर्ग तैयार हुआ जिसे रखा तो मध्यवर्ग में जाता है किन्तु वह निवास निचले स्तर पर करता है। विनोद कुमार शुक्ल ने अपने गद्य में इसी निम्नमध्यवर्ग के जीवन संघर्षों, अंतर्द्वंद, और खूबसूरती को दर्ज किया है। वह निम्नमध्यवर्गीय जीवन का यथातथ्य वर्णन तो करते ही हैं साथ ही साथ उपन्यास की पारंपरिक अवधारणा को तोड़ते हुए नए कथाशिल्प का निर्माण भी करते हैं। विनोद कुमार शुक्ल का सम्पूर्ण लेखन "एक बहुत बड़े प्रबन्ध की रचना करता है। उनका लेखन अपने समय का वह मेगा 'नरेटिव’ है जिसका उदाहरण कोई दूसरा नहीं है। उनके पहले उपन्यास ‘नौकर की कमीज’ ने उपन्यास के सारे प्रतिमान तोड़े थे, और साधारण मनुष्य के जीवन और संघर्ष का जो 'नरेटिव प्रस्तुत किया था, वह आज भी अपनी जगह अटल खड़ा हैं।"1

विनोद कुमार शुक्ल अपने पहले उपन्यास ‘नौकर की कमीज’ में जिस गहराई के साथ निम्नमध्यवर्ग के यथार्थ का चित्रण करते हैं वह हमें हिंदी साहित्य के अन्य उपन्यासकारों में बहुत ही कम देखने को मिलता है। रमेशचंद्र शाह निम्नमध्यवर्ग के प्रति विनोद कुमार शुक्ल के दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए हुए ‘भूलने के विरुद्ध’ में लिखते हैं, “ एक हिन्दुस्तानी निम्नमध्यवर्गीय घर की जो भी स्थितियाँ होती हैं या हो सकती हैं, विनोद कुमार शुक्ल ने उनका लघुतम समापवर्त्य इस उपन्यास में रच दिया है। और वह सिर्फ हमारे अनुभव से मेल ही नहीं खाता उसे रूपांतरित भी कर देता है - और आंख, कान जगा देता है।“2

इस उपन्यास में बाबुओं द्वारा ‘संतू’ का बार-बार मानसिक शोषण होता है। जी हुजूरी और दकियानूसी नियमों और बाबुओं की आपसी राजनीति में ‘संतू’ पिसता चला जाता है। वह व्यवस्था के साथ सामंजस्य स्थापित करने तथा किसी दूसरे की ‘कमीज’ में फिट हो जाने के प्रयत्न में कई बार शोषित होता है। “यह शोषण इतने मामूली तरीके से असर डालता था कि विद्रोह करने की किसी को इच्छा नहीं होती थी“3

संतू बाबू एक ईमानदार क्लर्क है। आधुनिक भारतीय समाज में ईमानदार व्यक्ति का जीवन हमेशा से संघर्षपूर्ण रहा है, यह ईमानदार व्यक्ति समाज की एक आदर्श इकाई होने के बावजूद उसी समाज द्वारा कुचला जाता है। संतू बाबू की भी यही स्थिति है। वह एक ईमानदार क्लर्क है उसकी तनख्वाह भी एक ‘कटघरे’ की तरह ही सीमित है जिसमें वह और उसकी पत्नी हमेशा खड़े मिलते हैं। इसी सीमित तनख्वाह के कारण सन्तू बाबू कहता है- “ मेरा बचता क्या है? उधार वुधार लेने का मतलब भुक्कड़ हो गए। मैं भविष्य तक भुक्कड़ हूँ। “4

विनोद कुमार शुक्ल जी की खास बात यह रही है कि वह अभिव्यक्ति के लिए किसी भी तरह के परंपरागत साधनों का प्रयोग नहीं करते जितना कॉन्टेंट को लेकर नयापन है उतना ही भाषा को लेकर। उदाहरण के लिए ‘नौकर की कमीज’ का यह वाक्य- “ हाथ में खाली माचिस की डिब्बी भी हो तो उसका भी वजन होता है लेकिन हाथ का कोई वजन नहीं होता”5 कहने के इसी नए ढंग के कारण ही विनोद कुमार शुक्ल अपने समय के अन्य रचनाकारों से अलग हैं। विनोद कुमार शुक्ल जी की जो भाषा हमें कविता में दिखाई पड़ती है लगभग वही भाषा हमें उनकी कहानियों और उपन्यासों में भी देखने को मिलती है। कथा में कविता की भाषा का प्रयोग करना बहुत ही सजगता का काम है। इस प्रयोग में हल्की सी चूक कथानक में वह जटिलता ला सकती है जिसे सामान्य पाठक को समझने में मुश्किल हो सकती है। नंद किशोर नवल' विनोद कुमार शुक्ल जी के उपन्यास के गद्य की इसी जटिलता के विषय में लिखते हैं, "उपन्यास क्या है, दबे पाँव घुसने वाला गद्य-जंगल है। जरा सी चूक हुई कि कोई नाजुक पंखड़ी कुचल जाएगी।”6

दूसरी तरफ भाषा की इसी जटिलता के ऊपर चिन्तन करते हुए विनोद कुमार शुक्ल के उपन्यास ‘ खिलेगा तो देखेंगे’ उपन्यास पर अपनी समीक्षा में लिखते हैं - “पूरा उपन्यास एक कविता की तरह मानस पटल पर उभरता है और खिलने से पहले ही मुरझा जाता है। विनोद कुमार शुक्ल जिस कथा के फूल को खिलाने की कोशिश कर रहे थे वह खिला ही नहीं तो पाठक देखें क्या?”7 बावजूद इसके विनोद जी की कविताई भाषा उनके कथा संसार को और ऊँचा बनाती है। वे शब्दों की फ़ज़ूल खर्ची नहीं करते। शब्दों के इसी कसाव के कारण एक जादुई दुनिया तैयार होती है। जिसे देखने के लिए पाठक को भी अपने भाषाई स्तर को ऊँचा करना होता है किंतु वह भाषा के स्तर पर सीमित है तो यह लेखक की नहीं अपितु पाठक की अपनी सीमा है। एक सजग पाठक के लिए तो ‘फ़ूल खिलता’ ही है, साथ ही साथ सुगंध का भी आभास कराता है। ‘खिलेगा तो देखेंगे’ उपन्यास में निम्नमध्यवर्ग के सरल, सहज और सादगीपूर्ण जीवन के यथार्थ को दिखाया गया है। इस उपन्यास में आंचलिक जीवन के विभिन्न रंगों को चित्रित किया गया है। ग्रामीण जीवन के रहन- सहन, रीति-रिवाज और संस्कृति का जीवंत चित्रण किया गया है। यह उपन्यास एक अदृश्य भविष्य की कल्पना है। उपन्यास में गुरुजी और उनकी पत्नी की सुंदर कल्पनाओं का यथार्थ है, जो कभी हार नहीं मानते और ना ही निराश होते हैं। वे अपने बच्चों को सक्षम और समर्थ बनाने की पूरी कोशिश करते हैं। विनोद कुमार शुक्ल के उपन्यास-संसार के संदर्भ में विष्णु खरे लिखते हैं, "भारतीय निम्न-मध्यवर्ग को लेकर जितनी गहरी निगाह, समझ और सहानुभूति विनोद कुमार शुक्ल के पास है, उतनी और किसी उपन्यासकार में दिखाई नहीं देती है। मेरे मन में इसे लेकर जरा भी संदेह नहीं है कि फणीश्वरनाथ रेणु के बाद वे स्वातंत्र्योत्तर हिन्दी साहित्य के सबसे बड़े उपन्यासकार है।"8

विनोद कुमार शुक्ल के सूक्ष्म निरीक्षण का ही कमाल है कि उनके उपन्यासों को पढ़ने के बाद ज़िंदगी के अनगिनत मार्मिक तथ्य दिमाग में तारीखवार दर्ज होते चले जाते हैं, जिसकी मारक शक्ति केवल तिलमिलाहट ही पैदा नहीं करती बल्कि बहुत भीतर तक भेदती चली जाती है।

विनोद कुमार शुक्ल के यहाँ घटनाएं कम है, कथानक के लिए वे घटना का सहारा बहुत कम लेते हैं। उनके उपन्यासों में सामान्य जीवन ही कथानक है। वह अपनी भाषा और रचना कौशल से सामान्य औसत जीवन को खास बनाते हैं। उनके यहाँ यथार्थ तो है लेकिन वह यथार्थ कब जादुई दुनिया में चला जाता है इसका आभास नहीं होता। ऐसी ही एक दुनिया हमें ‘ दीवार में एक खिड़की रहती थी’ उपन्यास में देखने को मिलती है जिसका प्रकाशन 1997 में वाणी प्रकाशन, नई दिल्ली द्वारा होता है जिसे ‘हिंदी साहित्य अकादमी’ द्वारा पुरस्कृत भी किया जाता है। इस उपन्यास में एक सामान्य दाम्पत्य जीवन और उनके प्रेमाख्यान को चित्रित किया गया है जिसमें घटनाओं की बहुलता नहीं है। इस उपन्यास में रोजमर्रा के जीवन को खास ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इस रोजमर्रा जिंदगी में घर परिवार के लोग हैं, पड़ोसी हैं, दोस्त हैं। रघुवर प्रसाद इस उपन्यास के मुख्य पात्र हैं जो निजी महाविद्यालय में व्याख्याता हैं। विनोद कुमार शुक्ल इस पात्र का परिचय कुछ यूं कराते हैं, “रघुवर प्रसाद का रंग काला था। बचपन से सुबह उठने पर उन्हें लगता था कि रात उनके शरीर में लगी रह गई है और हाथ मुँह धोकर, फिर नहाकर वह कुछ साफ और तरोताजा हो सकेंगे। बीच-बीच में महीनों सुबह उठने पर ऐसा लगना छूट जाता था। ऐसा नहीं था कि उन दिनों चाँदनी रात रही हो। महीनों चाँदनी रात नहीं होती थी। बरस भर उजली रात नहीं होती थी। अगर दो-तीन बरस चाँदनी रात होती तो उनका रंग उतना काला नहीं होता। रघुवर प्रसाद का रंग इतना काला नहीं था कि उनकी मूँछ उनके शरीर के रंग से मिली जुली होकर स्पष्ट नहीं दिखती हो। रघुवर प्रसाद बाईस-तेईस बरस के थे। काले रंग के बाद भी और भी काली भौं और बड़ी-बड़ी काली आँखों के कारण वे सुन्दर लगते थे।”9

यही विनोद कुमार शुक्ल की खासियत है, वह औसत से औसत व्यक्ति को भी ख़ास बना देते हैं। जिस समाज में सांवले या काले रंग के पुरुषों पर रंगभेदी टिप्पणियाँ की जाती हों, उसी रंग का इस खूबसूरती से चित्रण करना परंपरा और रूढ़ियों को तोड़ता है और यह काम विनोद कुमार शुक्ल बखूबी करते हैं।

आधुनिक हिंदी कथा साहित्य में ‘जो जैसा दिख रहा है उसका वैसा ही चित्रण करना’ इस तरह के लेखन की एक लीक सी चल पड़ी है, यह ऐसे ही है जैसे तालाब में स्थिर पानी। विनोद कुमार शुक्ल इस ठहरे पानी में लहरें उत्पन्न करते हैं। वे ‘जो जैसा चल रहा है’ का विश्लेषण तो करते ही हैं साथ ही साथ ‘जो होना चाहिए’ का विकल्प भी देते हैं। उनके यहां यथार्थ की स्वीकार्यता तो है किंतु उसे बदलने का सपना भी है। रघुवर प्रसाद महाविद्यालय के लिए साईकिल या ऑटो से जाना स्वीकारता तो है। किन्तु उसका मन हाथी से जाने का भी करता है और वह जाता भी है। रघुवर प्रसाद का हाथी से जाना अस्वभाविक तो लगता है किंतु वह असंभव नहीं है। 'नौकर की कमीज़' में जहाँ विनोद जी निम्नमध्यवर्गीय जीवन के यथार्थ को स्वीकारते हैं और उसका सचाई के साथ चित्रण करते हैं, वहीं दूसरी तरफ ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ की उम्मीद खोलते हैं। यहाँ भी निम्नमध्यवर्गीय परिवार है किंतु अपने आदर्श के साथ। इन्हीं आदर्शों व कथा लेखन की नई शैली पर नामवर सिंह का यह कथन (वागर्थ, जून 2001) अकारथ नहीं है कि, “पिछले दशक में उपन्यासों की दुनिया में कुछ ऐसा नया हुआ है कि जो पहले नहीं हुआ था यानी ‘रागदरबारी’, ‘आधा-गाँव’ के बाद जब ‘नौकर की कमीज’ विनोद कुमार शुक्ल का उपन्यास आया था तो लगा कि हिन्दी उपन्यास में एक नया मोड़ आ रहा है। यद्यपि बहुत से लोगों को पसंद नहीं लेकिन ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी' विनोद कुमार शुक्ल का दूसरा उपन्यास आया तब लगा कि उपन्यासों में एक बहुत बड़ा परिवर्तन हो रहा है।”10

इस उपन्यास में विनोद कुमार शुक्ल अपने पात्रों और प्रकृति के बीच एक रागात्मक संबंध स्थापित करते हैं। मनुष्य प्रकृति का एक अभिन्न हिस्सा है किंतु विडम्बना यह है कि मनुष्य ने प्रकृति को गौण कर दिया है और अपने को सर्वश्रेष्ठ। परिणामतः मनुष्य और प्रकृति के बीच बहुत दूरी बन गई है। विनोद कुमार शुक्ल इस दूरी को कम करने का प्रयत्न करते हैं और वह संबंध फिर से स्थापित करने का प्रयत्न करते हैं जो हजारों साल पहले से था। विनोद कुमार शुक्ल के पूरे साहित्य में प्रकृति अपनी छटा बिखेरे हुए है। इनकी कहानियों, उपन्यासों और काव्यों में व्यक्ति का जीवन पेड़-पौधों, जानवरों, नदियों, पहाड़ों के इर्द- गिर्द ही घूमता है। मनुष्य जीवन इन्हीं प्राकृतिक उपादानों से प्रेरित होता है, अपना एकांत बाँटता है और इन्हीं के बीच अपने जीवन के खुशनुमा पलों को भी जीता है। ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ उपन्यास में खिड़की के पार की दुनिया प्राकृतिक उपादानों से ओतप्रोत है यहाँ तक कि विनोद कुमार शुक्ल के जिस जादुई यथार्थ की बात आलोचक करते हैं वह यथार्थ प्रकृति के कारण ही जादुई हो पाता है। जैसे उपन्यास का यह अंश “गहरी रात की शान्ति थी। इस शान्ति में सबकी अलग-अलग शान्ति थी। जैसे पीपल के पेड़ के नीचे पीपल की शान्ति थी। अनजाने पेड़ों के नीचे से वे गुजरे इस पेड़ के नीचे अनजान पेड़ों की शान्ति थी। सोनसी रघुवर प्रसाद के कन्धों में लदी रघुवर प्रसाद के हर कदम में धीरे से उछलती जाती और हूँ ! हूँ ! अलापती । यह बोलना पेड़ों, तालाबों, चट्टानों के प्रत्येक एकान्त में सुनाई दे रहा था। ऐसा था कि ये दोनों जागे थे और सब कुछ नींद में झूम रहा था। पेड़ नींद में पेड़ थे। तालाब नींद में तालाब था। आकाश नींद का आकाश था। पक्षी नींद के पक्षी थे। वातावरण नींदमय था। सोनसी ने भारी पलकों को खोलकर देखा तो जगह-जगह चमकी से चौक पूरे हुए दिख रहे थे। हो सकता है अभ्रक की बारीक धूल से चौक पूरे गए हों। तारों के प्रकाश से ये चमचमाते से थे।”11 प्रकृति और मनुष्य के बीच इस तरह का शिल्प तैयार करना वाकई जादू है। और यही जादू मनुष्य जगत का आदर्श भी है। तथाकथित विकास के नाम पर प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुन दोहन ने मनुष्य के जीवन को जहाँ लाकर खड़ा कर दिया है, वह सार्थक लगता नहीं है। मनुष्य प्रकृति का अभिन्न अंग है और इन्हीं के बीच उसके जीवन की सार्थकता सिद्ध हो सकती है। इसीलिए विनोद जी अपने पात्रों के माध्यम से प्रकृति से प्रेम करना सिखाते हैं। विष्णु खरे विनोद कुमार शुक्ल के उपन्यास ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी ’ के अपने अनुकथन में यह लिखते हैं कि “महाविद्यालय जाने के दो विकल्प हैं-टैम्पो या साइकिल, लेकिन अपने हाथी के साथ एक साधू एक अनोखा, नियमित विकल्प पैदा करता है जो आदमी और आदमी, मानव और पशु के बीच एक अनिर्वचनीय रिश्ते में बदल जाता है। दीवार में जो खिड़की है, उसे फाँद कर सिर्फ रघुवर प्रसाद और सोनसी नदी, तालाब, चट्टान, तोतों, बंदरों, नीलकंठों, पेड़ों, पहाड़ियों के एक गीतात्मक, स्वप्न-जैसे संसार में प्रवेश कर सकते हैं जिसमें कपड़े धोना, नहाना और सो जाना तथा प्रेम कर पाना भी संभव है...”12

विनोद कुमार शुक्ल का लेखन सिर्फ सामाजिक समस्या और निम्नमध्यवर्गीय जीवन तक सीमित नहीं है। उनका रचना संसार विस्तृत है। विनोद कुमार शुक्ल का मन बाल साहित्य में सबसे ज़्यादा रमता है। युवा और प्रौढ़ वर्ग के लिए उन्होंने कविता, कहानी,उपन्यास तो लिखें ही हैं साथ ही साथ बच्चों के लिए भी उन्होंने साहित्य रचा है। पिछले कुछ वर्षों से विनोद कुमार शुक्ल जी के साहित्य के केन्द्र में बाल साहित्य ही रहा है। ‘नौकर की कमीज़’, ‘खिलेगा तो देखेंगे’ और ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ जैसे परिपक्व कथ्य की रचना करने वाले विनोद कुमार शुक्ल जी 2011 में ‘हरी घास की छप्पड़ वाली झोपड़ी और बौना पहाड़’ लाते हैं। इस उपन्यास के केंद्र बिंदु में बच्चे हैं, उनकी कल्पनाएँ हैं और वह संसार है जो यथार्थ से अलग है। विनोद कुमार शुक्ल इस उपन्यास की शुरुआत ही उस दूसरे संसार की कल्पना से करते हैं:-

“अपने सबके अन्दर
चाहे कोई कितना भी छोटा हो
पर सबकी गहराई अन्दर की
गहरी है-
खुद अपने अन्दर भी
गिरते पड़ते
रहते हैं
एक और संसार
अपनी गहराई में
चाहे उल्टा बसा हो बाहर के संसार से
कभी वहीं रहे आने का मन करता है
रह लेना चाहिए।”13

यह दूसरा संसार बच्चों का है। जहाँ वह उड़ते हैं, गिरते हैं, पहाड़ों की तलाश करते हैं, कभी खाई के भीतर दूसरे संसार में चले जाते हैं तो कभी हरी घास की छप्पड़ वाली झोपड़ी पर बैठते हैं। असल में बच्चों के भीतर दुनिया को बेहतर बनाने की असीम संभावनाएँ छुपी होती हैं। उन संभावनाओं को बचाने के लिए उनकी कल्पनाओं को उड़ान देना बहुत जरूरी है और विनोद कुमार शुक्ल यह बख़ूबी करते हैं। जिस प्रकार ‘दीवार में एक खिड़की रहती थीं’ में विनोद जी खिड़की की दूसरी तरफ एक तिलिस्म बनाते हैं वही तिलिस्म हम ‘हरी घास की छप्पड़ वाली झोपड़ी और बौना पहाड़’ में देखते हैं। जहाँ एक गड्ढा धीरे-धीरे गहरा होता जाता है और उसके भीतर असल दुनिया के समान एक उलटी दुनिया बनती रहती है। जिसमें बोलू, भैरा, बीनू, कूना गिरते जाते हैं।

इस उपन्यास में विनोद कुमार शुक्ल जी बच्चों के अबोधपन की एक अलग ही दुनिया तैयार करते हैं। बच्चों का मन सरल होता है और उसी सरल मन से वे अपने लिए एक सरल दुनिया बना लेते जिसमें वह जीते हैं। जहाँ ईर्ष्या, नफरत और द्वेष नहीं होता बल्कि प्रेम और संवेदना होती है। प्रकृति प्रेम से समृद्ध इस उपन्यास की संरचना अनूठी है।

जिस प्रकार अपनी रचना में वे अपने पात्रों को कभी खिड़की के उस पार और गड्ढे के इस पार भेजते रहते हैं। उसी प्रकार वे अपनी भाषा में गद्य से पद्य और पद्य से गद्य की ओर जाते रहते हैं। इसीलिए ‘रास्ते के पड़ाव’ साक्षात्कार में वे कहते हैं, “एक तो गद्य के रास्ते में मुझे कविता मिलती है। कविता के रास्ते में गद्य मिलता है और शायद मेरा ख्याल है बहुत कम होता है। मुझे लगता है गद्य का शायद कोई ऐसा रास्ता मिलता है जिसमें कविता मिलती है और उस गद्य के रास्ते में ऐसे बहुत से ठिकाने होते हैं। कविता करते समय एक बारगी जैसे हम केवल उसी ठिकाने पर पहुँच जाते हैं, गद्य जो है, कविता से होते हुए एक लम्बा रास्ता लगता है। इसमें जगह-जगह कविता के ठिकाने मिलते हैं। कविता में यह ठिकाना उस तरह से सिमट जाता है कि जैसे कविता एक पहुँचने के बाद में 'केवल घर होता है और रास्ते फिर नहीं होते हैं।"14

‘हरी घास की छप्पड़ वाली झोपड़ी और बौना पहाड़’ उपन्यास सिर्फ बच्चों तक सीमित नहीं है। यह युवा और बुजुर्ग वर्ग का भी उतना ही है जितना बच्चों का। विनोद कुमार शुक्ल के रचना कौशल का यह एक नया आयाम है जिसे बिरले ही किसी और कथाकार ने छुआ होगा। इस उपन्यास को पढ़ने के बाद बच्चों को जिस आनंद की अनुभूति होगी वही अनुभूति युवा और बुजुर्ग को भी होगी।

समकालीन हिंदी उपन्यासकारों में विनोद कुमार शुक्ल का स्थान उल्लेखनीय है। इनके उपन्यास निम्नमध्यवर्गीय लोगों के जीवन संघर्ष, जिजीविषा, जीवन के प्रति प्रेम, प्रकृति के साथ रागात्मक संबंध, जादुई यथार्थ और फैंटसी को प्रस्तुत करते हैं। उनके कथा साहित्य का विश्लेषण करने के बाद यह बात कही जा सकती है कि उन्होंने अनुभव के आधार पर भाषा में नवीनता का प्रयोग किया है। इसी आधार पर उनकी आलोचना भी हुई है कि हिंदी उपन्यास में दो दृष्टियों का टकराव आमने-सामने रहा है, एक दृष्टि भारतीय समाज के संश्लिष्ट यथार्थ से मुठभेड़ करती हुई बदलते सामाजिक परिदृश्य की साक्षी रही है तो दूसरा विश्व नागरिकता की ललक में भाषाई खिलंदड़ेपन से ऐसी कलात्मक चकाचौंध को जन्म देती है जो यथार्थ का दृश्य ओझल कर देती है। इनके उपन्यासों की कथावस्तु में निम्नमध्यवर्गीय जीवन की विसंगति और विडम्बना तो है बावजूद इसके इनके उपन्यास अपनी अंतिम परिणति में एक कलारूप ही बनकर रह गए हैं। फ़िलहाल इन आलोचनाओं के बावजूद विनोद कुमार शुक्ल का लेखन भारतीय लेखन की महतत्त्वपूर्ण उपलब्धि है। समकालीन हिंदी साहित्य में इनका योगदान अद्वितीय है। उपन्यास और कहानी में इनके नए प्रयोगों ने हिंदी कथा साहित्य को समृद्ध ही किया है। इनके जादुई यथार्थवादी लेखन को न केवल भारतीय अपितु विश्व स्तर पर भी सराहना मिली है।

काव्यमयी भाषा के प्रयोग से अभिव्यक्ति में और भी मधुरता उत्पन्न हुई है।‘नौकर की कमीज़’ और ‘खिलेगा तो देखेंगे’ में जहाँ निम्नमध्यवर्ग की दुर्दशा, विसंगति और विंडम्बना को दर्ज किया है, वहीं ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ में निम्नमध्यवर्ग के आदर्श, जादुई दुनिया और जीवन के हर्षोल्लास को भी दर्ज किया है और अपने चौथे उपन्यास ‘हरी घास की छप्पड़ वाली झोपड़ी और बौना पहाड़’ में बच्चों के खेलकूद, उनकी कल्पनाओं और प्रकृति प्रेम का विश्लेषण किया है। विनोद कुमार शुक्ल के उपन्यास हिंदी कथा साहित्य में एक नई लीक तैयार करते हैं जो किसी भी देशी- विदेशी लेखक वर्ग का प्रतिरूप नहीं है। यह पश्चिमी जादुई यथार्थवाद से अलग है क्योंकि यह भारतीय जीवन की सादगी और लोक परंपरा से जुड़ा है। जो रोजमर्रा की चीजों को जादुई बनाती हैं, जो इंसान की भावनाओं और समाज को नया अर्थ देती हैं।

निष्कर्ष : विनोद कुमार शुक्ल के उपन्यासों के अध्ययन से स्पष्ट होता है कि उनका कथा-साहित्य निम्नमध्यवर्गीय जीवन के संघर्ष और उसकी विडंबनाओं का चित्रण करते हुए भी केवल यथार्थ के अंधकार तक सीमित नहीं रहता। वे सामान्य मनुष्य के जीवन में छिपी जिजीविषा, प्रेम, स्वप्न, कल्पना और बेहतर भविष्य की आकांक्षा को समान महत्त्व देते हैं। ‘नौकर की कमीज’ में निम्नमध्यवर्गीय व्यक्ति की आर्थिक विवशता, कार्यालयी व्यवस्था, शोषण और ईमानदारी के संघर्ष को जिस सूक्ष्मता से प्रस्तुत किया गया है, वह उनके सामाजिक यथार्थ-बोध को प्रमाणित करता है। इसके विपरीत ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ में वही निम्नमध्यवर्गीय जीवन प्रकृति, प्रेम और कल्पना के सहारे एक वैकल्पिक तथा अधिक मानवीय संसार की ओर खुलता है।

उनके उपन्यासों का जादुई यथार्थवाद पश्चिमी जादुई यथार्थवाद का मात्र अनुकरण नहीं है। यह भारतीय जीवन, लोक-संवेदना, प्रकृति और रोजमर्रा के अनुभवों से निर्मित एक विशिष्ट रचनात्मक पद्धति है। उनके यहाँ असंभव अथवा अस्वाभाविक प्रतीत होने वाली घटनाएँ अंततः मनुष्य के यथार्थ जीवन और उसकी आकांक्षाओं को ही अधिक गहराई से व्यक्त करती हैं। प्रकृति उनके कथा-संसार में निष्क्रिय पृष्ठभूमि नहीं, बल्कि मनुष्य की संवेदना और जीवन-दृष्टि का सक्रिय हिस्सा है। पेड़-पौधे, नदी, तालाब, पहाड़, पशु-पक्षी आदि मनुष्य के साथ एक रागात्मक संबंध निर्मित करते हैं।

‘हरी घास की छप्पड़ वाली झोपड़ी और बौना पहाड़’ में बाल-मन की कल्पनाशीलता और प्रकृति के माध्यम से लेखक एक ऐसे वैकल्पिक संसार की रचना करते हैं, जिसमें प्रेम, सहजता और संवेदना को केंद्रीय स्थान प्राप्त है। इस प्रकार उनके उपन्यासों में बच्चों की कल्पना भी सामाजिक और मानवीय संभावनाओं का प्रतीक बन जाती है।
अतः कहा जा सकता है कि विनोद कुमार शुक्ल ने हिंदी उपन्यास को कथ्य और शिल्प दोनों स्तरों पर एक नई दिशा प्रदान की है। उनकी काव्यमयी भाषा, सामान्य जीवन की असाधारण प्रस्तुति, निम्नमध्यवर्गीय जीवन की सूक्ष्म समझ, प्रकृति के प्रति रागात्मक दृष्टि तथा जादुई यथार्थवादी शिल्प उन्हें समकालीन हिंदी साहित्य में विशिष्ट स्थान प्रदान करते हैं। उनके उपन्यास यथार्थ की विसंगतियों और विडंबनाओं को दर्ज करने के साथ-साथ उसके भीतर बेहतर जीवन की संभावना और उम्मीद को भी बचाए रखते हैं। यही उनकी रचनात्मकता की सबसे बड़ी शक्ति है और यही उन्हें समकालीन हिंदी कथा-साहित्य का एक मौलिक तथा महत्वपूर्ण रचनाकार बनाती है।

सन्दर्भ :
1- भगवत रावत, आइसबर्ग की तरह है उनका व्यक्तित्व (साक्षात्कार), सापेक्ष 51, पृष्ठ संख्या 169
2- रमेशचंद्र शाह, भूलने के विरुद्ध, राजकमल प्रकाशन, पृष्ठ संख्या 150
3- विनोद कुमार शुक्ल, नौकर की कमीज़, राजकमल प्रकाशन, पृष्ठ संख्या 17
4- विनोद कुमार शुक्ल, नौकर की कमीज़, राजकमल प्रकाशन, पृष्ठ संख्या 240
5- वही, पृष्ठ संख्या 5
6- नंद किशोर नवल, 'कसौटी' जुलाई-सितम्बर 1999, पृ. 123
7- डॉ सूरज पालीवाल, समकालीन हिंदी उपन्यास, हरियाणा साहित्य अकादमी, पृष्ठ संख्या 95
8-विनोद कुमार शुक्ल,दीवार में एक खिड़की रहती थी, वाणी प्रकाशन, अनुकथन - विष्णु खरे, पृष्ठ संख्या 169
9-विनोद कुमार शुक्ल,दीवार में एक खिड़की रहती थी, वाणी प्रकाशन, पृष्ठ संख्या 11
10- . डा० नामवर सिंह, कमजोर का हथियार, वागर्थ जून 2001, पृष्ठ संख्या 38
11.विनोद कुमार शुक्ल,दीवार में एक खिड़की रहती थी, वाणी प्रकाशन, पृष्ठ संख्या 67
12.विनोद कुमार शुक्ल, दीवार में एक खिड़की रहती थी, वाणी प्रकाशन, अनुकथन - विष्णु खरे, पृष्ठ संख्या 167
13. विनोद कुमार शुक्ल,हरी घास कि छप्पड़ वाली झोपड़ी और बौना पहाड़, राजकमल प्रकाशन, पृष्ठ संख्या 5
14- विनोद कुमार शुक्ल, रास्ते के पड़ाव (साक्षात्कार), सापेक्ष 51, पृष्ठ संख्या 274

संजय कुमार सेठ 
सत्यवती महाविद्यालय,दिल्ली विश्वविद्यालय
पता : B-11/26 MIG Flat,Sector-18, Rohini,Delhi - 110089

अपनी माटी
( साहित्य और समाज का तिमाही दस्तावेज़ )
  Peer Reviewed & Refereed Journal , (ISSN 2322-0724 Apni Maati) Vol. 66, Issue Nu 2. जुलाई -सितंबर 2026
सम्पादक : माणिक एवं जितेन्द्र यादव रचनात्मक लेखन सम्पादक : विष्णु कुमार शर्मा

Post a Comment

और नया पुराने