ऋत्विक घटक की फिल्मांकन यात्रा
- मृत्युंजय श्रीवास्तव
ऋत्विक घटक की रचनात्मक यात्रा भारतीय सिनेमा के इतिहास में अत्यंत विशिष्ट और बहुआयामी है। वे केवल फिल्म निर्देशक नहीं, नाटककार, कथाकार, अभिनेता, पटकथा-लेखक, शिक्षक और सांस्कृतिक चिंतक भी थे। उनकी रचनात्मकता का केंद्र मनुष्य, इतिहास, विभाजन और सांस्कृतिक स्मृति थी।
ऋत्विक घटक का बचपन साहित्य और संस्कृति से समृद्ध वातावरण में बीता। किशोरावस्था से ही उनकी रुचि लेखन और रंगमंच में थी। राजशाही (बांग्लादेश का एक नगर) में छात्र जीवन के दौरान ही उन्होंने अभिनय और रंगकर्म की ओर अपने शुरुआती कदम बढ़ा दिए थे।
1947 के विभाजन ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। पूर्वी बंगाल छोड़ने के बाद वे कुछ समय बहरमपुर में रहे। उस समय बहरमपुर में ‘इप्टा’ की कोई सक्रिय शाखा नहीं थी। वहाँ ‘क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी’ (RSP) तथा उससे जुड़े सांस्कृतिक संगठन— अनुशीलन समिति और क्रांति शिल्पी संघ, युवा कलाकारों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के आकर्षण का केंद्र थे। अभिनय और जन-सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति अपने गहरे अनुराग के कारण ऋत्विक घटक का झुकाव इन संगठनों की ओर हुआ।
बहरमपुर से वे अंग्रेज़ी साहित्य में एम.ए. की पढ़ाई के उद्देश्य से कलकत्ता आए। किंतु विश्वविद्यालयी शिक्षा से अधिक उन्हें उस समय का उभरता हुआ सांस्कृतिक और राजनीतिक वातावरण आकर्षित कर रहा था। 1948 के आसपास वे ‘इंडियन पीपुल्स थिएटर एसोसिएशन’(इप्टा) से जुड़े। यहाँ उन्होंने नाटक लिखे, अभिनय किया और निर्देशन भी किया। इसी दौर में उनकी सामाजिक और राजनीतिक चेतना ने स्पष्ट वैचारिक स्वरूप ग्रहण किया।
वह समय बंगाल के अकाल, सांप्रदायिक हिंसा, स्वतंत्रता आंदोलन और विभाजन जैसी ऐतिहासिक घटनाओं का समय था। इन घटनाओं ने पूरे समाज को झकझोर दिया था। इप्टा कला को सामाजिक परिवर्तन और जनचेतना का माध्यम मानती थी। यही दृष्टि ऋत्विक घटक की रचनात्मकता का भी आधार बनी। उनके लिए कला केवल सौंदर्यबोध का विषय नहीं थी, बल्कि इतिहास और समाज से संवाद का माध्यम थी।
ऋत्विक घटक के इप्टा काल (मुख्यतः 1948–1955) में अनेक ऐसे सहयात्री थे जिन्होंने भारतीय रंगमंच, संगीत और सिनेमा को नई दिशा दी। उनके सबसे निकट रचनात्मक सहयोगियों में सलिल चौधरी, खालिद चौधरी, विजन भट्टाचार्य और तृप्ति मित्रा प्रमुख थे। इनके अतिरिक्त शंभु मित्रा, तापस सेन, उत्पल दत्त, हेमांग विश्वास तथा देवव्रत विश्वास जैसे कलाकार भी उसी जनवादी सांस्कृतिक धारा के महत्त्वपूर्ण प्रतिनिधि थे।
इन रचनात्मक संबंधों का एक जीवंत केंद्र था तत्कालीन कलकत्ता के हाज़रा का पैराडाइज़ कैफे। यह साधारण-सा कैफे उस दौर के युवा साहित्यकारों, रंगकर्मियों, संगीतकारों और फिल्मकर्मियों का प्रसिद्ध 'अड्डा' था। यहाँ घंटों कला, राजनीति, साहित्य, लोकसंस्कृति, विभाजन और समाज के प्रश्नों पर बहस होती थी। ऋत्विक घटक और उनके साथी इन्हीं संवादों के बीच अपने समय की चुनौतियों और कला की सामाजिक भूमिका पर विचार करते थे। यह कैफे केवल मिलने-जुलने का स्थान नहीं, बल्कि एक वैचारिक प्रयोगशाला था, जहां से नई सांस्कृतिक दृष्टियाँ आकार ग्रहण करती थीं।
इप्टा के मंच और पैराडाइज़ कैफे के इन बौद्धिक संवादों ने मिलकर ऋत्विक घटक की सौंदर्य-दृष्टि को गढ़ा। विभाजन, विस्थापन, लोकसंस्कृति और जनसंघर्षों को उन्होंने जिस कलात्मक गहराई के साथ अपनी फिल्मों में रूपायित किया, उसकी वैचारिक और संवेदनात्मक तैयारी इसी सांस्कृतिक परिवेश में हुई।
इप्टा से जुड़ने के बाद ऋत्विक घटक ने स्वयं को केवल अभिनेता तक सीमित नहीं रखा। वे शीघ्र ही नाटककार, निर्देशक और सांस्कृतिक चिंतक के रूप में भी उभरकर सामने आए। 1951–52 तक वे इप्टा की सेंट्रल कलकत्ता शाखा के प्रमुख कार्यकर्ताओं में गिने जाने लगे और संगठन की सांस्कृतिक दिशा के निर्माण में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने जननाट्य आंदोलन की सांस्कृतिक दिशा पर प्रसिद्ध दस्तावेज On the Cultural Front का प्रारूप तैयार किया, जिसमें कलाकार की सामाजिक भूमिका और सांस्कृतिक संघर्ष की अवधारणा पर गंभीर विचार किया गया।
अभिनेता के रूप में उन्होंने बिसर्जन, नबान्न, भांगा बंदर, वोटेर भेट, कलंक, ढेउ तथा गोगोल के इंस्पेक्टर जनरल के बंगला रूपांतरण ऑफिसर जैसे नाटकों में अभिनय किया। इन प्रस्तुतियों ने उनके अभिनय को लोकनाट्य, यथार्थवाद और सामूहिक रंगमंच की परंपराओं से समृद्ध किया।
नाटककार और निर्देशक के रूप में ज्वाला (1950), दलील (1952) और सांको (1953–54) उनकी सबसे महत्त्वपूर्ण कृतियाँ हैं। इनके पाँच नाटक उपलब्ध हैं। 'ज्वाला' नाटक का हिंदी अनुवाद फणीश्वरनाथ रेणु ने किया था। इसका पटना और दिल्ली आकाशवाणी से प्रसारण हुआ था। 1953 में बंबई में इप्टा के अखिल भारतीय सम्मेलन में इस नाटक का प्रदर्शन हुआ था और इसने पहला स्थान हासिल किया था। इन नाटकों में बंगाल का अकाल, विभाजन, शरणार्थी जीवन, बेरोज़गारी और सामाजिक विघटन केवल कथावस्तु नहीं हैं, बल्कि इतिहास के जीवंत अनुभव के रूप में उपस्थित होते हैं। उनकी पत्नी एवं अभिनेत्री सुरमा घटक के माध्यम से यह जानकारी मिलती है कि उन्होंने इसके अतिरिक्त भी कई नाटक लिखने और खेलने का काम आरंभ किया। निर्देशक के रूप में उन्होंने लोकनाट्य, संगीत, सामूहिक अभिनय और आधुनिक रंग-भाषा का ऐसा संयोजन विकसित किया, जिसने आगे चलकर उनकी सिनेमा की शैली को गहराई से प्रभावित किया। उनके लिए मंच केवल कथा प्रस्तुत करने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक यथार्थ से मुठभेड़ और दर्शक की चेतना को झकझोरने का उपकरण था। यही रंग-दृष्टि आगे चलकर 'मेघे ढाका तारा', 'कोमल गांधार' 'सुवर्णरेखा' और 'तितास एकटी नदीर नाम' जैसी फिल्मों की विशिष्ट सिनेमाई भाषा का आधार बनी।
'कोमल गंधार' को इप्टा की सांस्कृतिक विरासत और उसके अंतर्विरोधों का सबसे महत्त्वपूर्ण सिनेमाई दस्तावेज माना जाता है। यह केवल एक रंगमंचीय दल की कथा नहीं, बल्कि विभाजन के बाद बिखरती सांस्कृतिक एकता, कलाकारों के वैचारिक द्वंद्व और एक अधिक मानवीय समाज के स्वप्न का मार्मिक आख्यान है। इस अर्थ में ऋत्विक घटक का सिनेमा इप्टा की रंग-परंपरा का विस्तार भर नहीं, बल्कि उसका सर्वाधिक परिपक्व कलात्मक रूप है।
पूर्वी बंगाल (अब बांग्लादेश) के सांस्कृतिक परिवेश में पले-बढ़े ऋत्विक आरंभ में कविता लिखने लगे थे। कविता लेखन से वे जल्दी ही मुक्त हो गए। उनकी प्रारंभिक पहचान एक कथाकार और नाटककार की बनी। उन्होंने 'अभिधारा' नामक बांग्ला की एक लघु पत्रिका निकाली, मगर इसकी उम्र लंबी नहीं थी। बाद में इन्होंने 'अभिनय दर्पण' का संपादन किया। यह पत्रिका 1968-69 में निकली। इसमें वे नाटक संबंधी अपनी राय नियमित रूप से लिखा करते थे।
ऋत्विक घटक का कहानी-लेखन उनके रचनात्मक व्यक्तित्व का अत्यंत महत्त्वपूर्ण, किंतु अपेक्षाकृत कम चर्चित पक्ष है। उन्होंने 1940 के दशक में कहानी लिखना आरंभ किया। लगभग सौ कहानियों तथा कम-से-कम दो उपन्यासों का उल्लेख मिलता है। उनकी अधिकांश कहानियाँ 1947 से 1950 के बीच लिखी गईं। यह वही समय था जब बंगाल विभाजन, विस्थापन, शरणार्थी जीवन और व्यापक सामाजिक उथल-पुथल ने उनके संवेदनात्मक संसार को गहराई से प्रभावित किया। इसीलिए उनके साहित्य और बाद के सिनेमा के बीच विभाजन और विस्थापन को एक केंद्रीय रचनात्मक सूत्र के रूप में देखा जा सकता है।
फिल्म के लिए लिखने का सिलसिला उनके मुंबई पहुँचने के बाद तेज हुआ। उन्हें फिल्मिस्तान स्टूडियो में नौकरी सलिल चौधरी के माध्यम से मिली। उनकी मित्र-मंडली के सलिल चौधरी, बिमल राय और हृषिकेश मुखर्जी पहले ही मुंबई पहुँच चुके थे। फिल्मिस्तान में घटक ने लगभग तीन महीने काम किया। इसके बाद उन्होंने पटकथा-लेखन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बिमल राय की ‘मधुमती’ की कहानी लिखी और हृषिकेश मुखर्जी की ‘मुसाफिर’ उनके पटकथा-लेखन की उल्लेखनीय कड़ियाँ हैं।
निमाई घोष की ‘छिन्नमूल’ (1950) ऋत्विक घटक के रचनात्मक जीवन में निर्णायक मोड़ थी। वे इस फिल्म में अभिनेता और सहायक निर्देशक, दोनों रूपों में जुड़े थे। तब उनकी उम्र केवल पच्चीस वर्ष थी। ‘छिन्नमूल’ को उनके लिए फिल्म-निर्माण की व्यावहारिक प्रक्रिया और सिनेमा के सामाजिक-वैचारिक पक्ष का एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण-काल माना जा सकता है।
‘छिन्नमूल’ का अर्थ ही है—अपनी जड़ से उखड़ा हुआ, मूल से कटा हुआ। फिल्म बंगाल विभाजन के बाद विस्थापित मनुष्यों की त्रासदी को केंद्र में रखती है। इस अर्थ में ‘छिन्नमूल’ ऋत्विक घटक के आगे आने वाले समूचे सिनेमाई संसार का एक आरंभिक बिंदु दिखाई देती है। स्वयं ऋत्विक घटक छिन्नमूल थे ।
उनकी पहली निर्देशित फिल्म ‘नागरिक’ (1952) है। यद्यपि इस फिल्म का सार्वजनिक प्रदर्शन उनकी मृत्यु के बाद 1977 में हुआ। ‘नागरिक’ को ‘छिन्नमूल’ के अनुभव का एक तरह से विस्तार माना जा सकता है। ‘छिन्नमूल’ में जड़ों से उखड़े मनुष्य की यात्रा आरंभ होती है; ‘नागरिक’ में वही विस्थापित मनुष्य शहर में अपने लिए जगह और जीवन की संभावना तलाशता है। उनकी तीन फिल्मों—‘मेघे ढाका तारा’ (1960), ‘कोमल गांधार’ (1961) और ‘सुवर्णरेखा’ (1962) में विभाजन और शरणार्थी जीवन केंद्रीय प्रश्न बनकर आते हैं। इन तीनों को सामान्यतः उनकी विभाजन त्रयी कहा जाता है। लेकिन इन फिल्मों का महत्व केवल इतना नहीं कि वे विभाजन पर बनी हैं। घटक के यहाँ विभाजन धीरे-धीरे एक अस्तित्वगत और सांस्कृतिक अनुभव में बदल जाता है।
'मेघे ढाका तारा' में विस्थापन परिवार और स्त्री के जीवन को तोड़ता है। 'कोमल गांधार' में विभाजन संस्कृति और कलाकारों की सामूहिक चेतना को विभाजित करता है। 'सुवर्णरेखा' में विभाजन का प्रभाव अगली पीढ़ी तक पहुँचता है। इस दृष्टि से ‘कोमल गांधार’ विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण है। इसमें इप्टा की सांस्कृतिक विरासत, उसके भीतर पैदा हुए वैचारिक मतभेद और विभाजन के बाद टूटती सांस्कृतिक एकता एक साथ दिखाई देती है। यह इप्टा का महज संस्मरण नहीं, बल्कि उसके स्वप्न, संकट और अंतर्विरोधों का सिनेमाई पुनर्पाठ है।
ऋत्विक घटक की फिल्मोग्राफी को केवल ‘विभाजन त्रयी’ तक सीमित करना उनके सिनेमा के व्यापक आयाम को संकुचित कर देता है। विभाजन-त्रयी के बाहर की चार प्रमुख फीचर फिल्में हैं— ‘अयांत्रिक’ (1958), ‘बाड़ी थेके पालिए’ (1959), ‘तितास एकटी नदीर नाम’ (1973) और ‘युक्ति, तक्को आर गप्पो’ (1974)। इन्हें जोड़ने पर घटक का सिनेमा विस्थापन से लेकर आधुनिकता, लोकजीवन, इतिहास, राजनीतिक मोहभंग और आत्मालोचनात्मक बौद्धिकता तक फैलता दिखाई देता है।
अयांत्रिक (1958) : यह बिमल मित्र की कहानी पर आधारित फिल्म है। यहाँ घटक पहली बार मशीन और मनुष्य के संबंध को एक विचित्र मानवीय संवेदना के साथ देखते हैं। टैक्सी महज मशीन नहीं रह जाती; वह लगभग एक जीवित चरित्र का रूप ग्रहण करती है। ‘अयांत्रिक’ को घटक के सिनेमा में इसलिए भी महत्त्वपूर्ण माना जाना चाहिए कि यहाँ विभाजन प्रत्यक्ष विषय नहीं है। इसके बजाय आधुनिकीकरण, मशीन, मनुष्य और लोकजीवन का टकराव सामने आता है। इस फिल्म में घटक का लोक-संवेदन और आधुनिकता के प्रति उनका संशय दोनों दिखाई देते हैं।
बाड़ी थेके पालिए (1959) : यह एक ग्रामीण बालक कांचा की कहानी है, जो घर से भागकर कलकत्ता आता है। गाँव से शहर की यात्रा के माध्यम से घटक बाल-दृष्टि से महानगर को देखते हैं। यह फिल्म ‘नागरिक’ के साथ रखकर देखने पर विशेष अर्थ ग्रहण करती है। नागरिक में बेरोज़गार युवक शहर में जीवन की जगह खोजता है, जबकि 'बाड़ी थेके पालिए' में एक बच्चा पहली बार महानगर से परिचित होता है। यहाँ घर छोड़ना और शहर की ओर जाना केंद्रीय अनुभव बन जाता है। इस अर्थ में यह फिल्म भी घटक के विस्थापन-विमर्श की एक अलग, अधिक मासूम और व्यंग्यात्मक अभिव्यक्ति है।
तितास एकटी नदीर नाम (1973) : यह बांग्लादेशी फिल्म अद्वैत मल्लबर्मन के प्रसिद्ध उपन्यास पर आधारित है। तितास नदी के किनारे रहने वाले मालो मछुआरा समुदाय का जीवन इसका केंद्र है। यहाँ घटक बंगाल के विभाजन की सीमा से आगे बढ़कर लोकसमुदाय, नदी, जातीय-सामुदायिक जीवन, गरीबी और सांस्कृतिक विघटन को देखते हैं। इस फिल्म का सबसे महत्त्वपूर्ण पक्ष यह है कि नदी स्वयं लगभग एक चरित्र बन जाती है। जैसे 'मेघे ढाका तारा' में नीता के जीवन के साथ बंगाल की स्मृति जुड़ती है, वैसे ही तितास में नदी के साथ एक पूरे समुदाय का अस्तित्व जुड़ा है। नदी का सूखना केवल प्राकृतिक घटना नहीं है। वह एक जीवन-पद्धति और संस्कृति के धीरे-धीरे समाप्त होने का प्रतीक बन जाता है। इस दृष्टि से 'तितास एकटी नदीर नाम' को घटक की लोक-संस्कृति संबंधी चेतना की सबसे बड़ी उपलब्धियों में रखा जा सकता है।
युक्ति, तक्को आर गप्पो (1974) : यह घटक की अंतिम पूर्ण फिल्म थी और उनकी सिनेमाई दृष्टि से शायद सबसे आत्मालोचनात्मक और वैचारिक फिल्म है। घटक स्वयं इसमें नीलकंठ बागची की भूमिका में दिखाई देते हैं। नीलकंठ एक बुद्धिजीवी है, जो अपने समय की राजनीतिक और सामाजिक विडंबनाओं से जूझ रहा है। फिल्म में युक्ति (तर्क), तक्को (बहस) और गप्पो (कहानी)—इन तीनों के माध्यम से घटक अपने समय, वामपंथी राजनीति, नक्सलबाड़ी आंदोलन, बुद्धिजीवी की भूमिका और समाज में कला की स्थिति पर विचार करते हैं। यहाँ पहली बार घटक का अपना जीवन, उनकी पीढ़ी के राजनीतिक अनुभव और उनकी वैचारिक निराशाएँ सीधे फिल्म के भीतर प्रवेश करती हैं। इसलिए युक्ति, तक्को आर गप्पो को उनकी आत्मकथात्मक और आत्मालोचनात्मक फिल्म के रूप में भी देखा जाता है।
ऋत्विक घटक की रचनात्मक दुनिया कथा-फिल्मों तक सीमित नहीं थी। उनकी सृजनात्मक यात्रा का एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण, लेकिन अपेक्षाकृत कम चर्चित क्षेत्र वृत्तचित्र है। उन्होंने विभिन्न विषयों पर अनेक वृत्तचित्र बनाए। इनमें इतिहास, लोक-संस्कृति, कला, विज्ञान, संगीत, राजनीति और सामाजिक जीवन—सभी के प्रति उनकी गहरी रुचि दिखाई देती है। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि उनके आरंभिक वृत्तचित्रों में हिंदी का भी महत्त्वपूर्ण स्थान था। उनके प्रथम तीन वृत्तचित्र हिंदी में थे—‘आदिवासी का जीवन स्रोत’ (1955), ‘बिहार के दर्शनीय स्थान’ (1955) और ‘उरांव’ (1957)। इन फिल्मों से यह भी स्पष्ट होता है कि घटक की दृष्टि केवल बंगाल या बंगाली समाज तक सीमित नहीं थी; भारतीय समाज की विविधता और लोकजीवन उनके लिए लगातार आकर्षण का विषय रहे।
इसके बाद उन्होंने कई अन्य महत्त्वपूर्ण वृत्तचित्र बनाए—‘उस्ताद अलाउद्दीन खाँ’ (1963), ‘साइंटिस्ट्स ऑफ टुमौरो’ (1967), ‘पुरुलिया छौ’ (1970), ‘आमार लेनिन’ (1970), ‘ये क्यों’ (हिंदी, 1970) और ‘दुर्वार गति पद्मा’ (1971)। इन फिल्मों के विषयों को देखें तो घटक की रुचियों का विस्तार सहज ही दिखाई देता है—शास्त्रीय संगीत से लेकर विज्ञान, लोकनृत्य, क्रांतिकारी राजनीति और नदी तथा भूगोल से जुड़े जीवन तक।
1972 में उन्होंने इंदिरा गांधी पर एक वृत्तचित्र बनाना आरंभ किया, लेकिन यह परियोजना अंतिम रूप नहीं ले सकी। यह प्रसंग भी घटक के वृत्तचित्र कर्म की जटिलताओं को समझने के लिए महत्त्वपूर्ण है। उनकी अंतिम रचनात्मक अवस्थाओं में भी वृत्तचित्र का स्थान बना रहा। 1975 में उन्होंने कलाकार रामकिंकर बैज पर एक वृत्तचित्र बनाया। रामकिंकर बैज जैसे आधुनिक भारतीय कलाकार को विषय बनाना घटक की उस कलात्मक संवेदना से जुड़ता है जिसमें लोक, आधुनिकता और भारतीय सांस्कृतिक अनुभव के बीच संबंध लगातार खोजा जाता रहा।
ऋत्विक घटक के जीवन का एक दूसरा महत्त्वपूर्ण पक्ष उनका फिल्म शिक्षक के रूप में कार्य है। पुणे फिल्म इंस्टीट्यूट में अध्यापक तथा उप-प्राचार्य/प्रशासनिक दायित्वों में रहते हुए भी उनकी रचनात्मक सक्रियता जारी रही। इसी दौर में उन्होंने हिंदी में दो लघु फिल्में बनाईं—‘फीयर’ (1965) और ‘Rendezvous’ (1965)।
इस प्रकार घटक की फिल्म-यात्रा को यदि समग्र रूप में देखा जाए तो उसे केवल उनकी चर्चित कथा-फिल्मों के माध्यम से समझना पर्याप्त नहीं होगा। उनके वृत्तचित्र और लघु फिल्में उनकी रचनात्मक चेतना के दूसरे आयामों को सामने लाती हैं। विशेष रूप से हिंदी में बनाई गये उनके वृत्तचित्र और लघु फिल्मों का उल्लेख इसलिए भी महत्त्वपूर्ण है कि इससे ऋत्विक घटक के भारतीय, बहुभाषिक और अखिल भारतीय सांस्कृतिक सरोकार अधिक स्पष्ट होते हैं। यह पक्ष हिंदी सिनेमा के इतिहास और भारतीय समानांतर सिनेमा के अध्ययन में अपेक्षाकृत कम दिखाई देता है।
ऋत्विक घटक को केवल ‘विभाजन का फिल्मकार’ कहना उनके महत्व को सीमित करना होगा। वे विस्थापन, स्मृति, लोकसंस्कृति, आधुनिकता, इतिहास और मनुष्य की अस्मिता के फिल्मकार थे। उनके लिए विभाजन केवल ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि मनुष्य और समाज की सामूहिक चेतना में मौजूद निरंतर अनुभव था। उनकी फिल्मों में टूटते समाज की पीड़ा के साथ मनुष्य, संस्कृति और स्मृति को बचाए रखने की आकांक्षा भी है।
इप्टा के जनवादी रंगमंच से शुरू हुई उनकी रचनात्मक यात्रा सिनेमा, वृत्तचित्र, पटकथा, अभिनय और अध्यापन तक फैली। ‘छिन्नमूल’ उनके लिए केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि उनके अपने विस्थापन का भी रूपक थी। 1970 में पद्मश्री से सम्मानित घटक की व्यापक प्रतिष्ठा उनके निधन के बाद बढ़ी। 6 फरवरी 1976 को उनके निधन के बावजूद उनकी रचनात्मक उपस्थिति आज भी क़ायम है। उनका सिनेमा विस्थापित मनुष्य में स्मृति, सांस्कृतिक अस्मिता और मुक्ति की संभावना को तलाशता है।
मृत्युंजय श्रीवास्तव
न्यूटाउन, कोलकाता, पश्चिम बंगाल।
9433076174
अपनी माटी
( साहित्य और समाज का तिमाही दस्तावेज़ )
Peer Reviewed & Refereed Journal , (ISSN 2322-0724 Apni Maati) Vol. 66, Issue Nu 2. जुलाई -सितंबर 2026
सम्पादक : माणिक एवं जितेन्द्र यादव रचनात्मक लेखन सम्पादक : विष्णु कुमार शर्मा

एक टिप्पणी भेजें