(इस्मत चुग़ताई और तसनीम पटेल की आत्मकथाओं के संदर्भ में)
शोध सार : इतिहास अक्सर सत्ता के दस्तावेज़ों में अपनी विजय लिखता है परंतु समाज अपनी पराजयों को स्मृतियों में सुरक्षित रखता है। आत्मकथाएँ उन्हीं स्मृतियों की वह भाषा है, जहाँ इतिहास के बड़े आख्यानों के बीच छूट गए मनुष्य अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं। मुस्लिम स्त्रियों की आत्मकथाएँ इस उपस्थिति का मात्र निजी वृत्तांत नहीं, उस सांस्कृतिक, धार्मिक, लैंगिक और राजनीतिक संरचना का आत्मसाक्ष्य हैं, जिसने उसके अस्तित्व को निरंतर परिभाषित भी किया और सीमित भी। यदि आज़ादी ने राष्ट्र को नई पहचान दी, तो क्या उसने मुस्लिम स्त्री के अनुभव-जगत को भी उतना ही रूपांतरित किया? यह प्रश्न दो कालखंडों की आत्मकथाओं के बीच केवल समय का अंतर नहीं, वरन् चेतना, अस्मिता, अधिकार-बोध और आत्माभिव्यक्ति की बदलती संरचनाओं का भी अंतर उद्घाटित करता है। इसलिए इस्मत चुग़ताई की ‘कागज़ी है पैरहन’ तथा तसनीम पटेल की ‘धरती भर आकाश’ नामक आत्मकथाओं का अध्ययन पितृ सत्ता की केंद्रीयता में इतिहास, समाज और स्त्री-अस्तित्व के अंतःसंवाद के रूप में अधिक अर्थवान हो उठता है।
बीज शब्द : मुस्लिम समाज, पितृसत्ता, स्त्री-शिक्षा, सामाजिक परिवर्तन, स्वतंत्रता-पूर्व समाज, स्वतंत्रता उत्तर समाज, मुस्लिम स्त्री, आर्थिक आत्मनिर्भरता, पर्दा-प्रथा, मज़हबी रूढ़ियाँ, स्त्री-अस्मिता
मूल आलेख : भारतीय समाज को समझने के लिए आत्मकथाएँ व्यक्तिगत अनुभव ही नहीं अपने समय की सामाजिक संरचना, मानसिकता, अंतर्विरोधों तथा समाज में परिवर्तन, समानता और स्त्री-अधिकारों के लिए हुए संघर्ष का सशक्त प्रमाण भी हैं। इसी संदर्भ में यह कथन विशेष अर्थवत्ता ग्रहण करता है कि “स्त्री की हर आत्मकथा अपनी आत्मकथाओं की ऐसी दास्तान है, जो घर-घर में घटित होती है। मगर स्त्री की आत्मकथा समाज और परिवार की उन भीतरी सचाइयों से साक्षात्कार है जिसकी चुभन जूते की कील की तरह सिर्फ पहनने वाला ही जानता है।”1 मुस्लिम स्त्री-आत्मकथाओं के संदर्भ में यह दृष्टि और भी अधिक प्रासंगिक हो जाती है क्योंकि यहाँ आत्मकथात्मक स्वर ‘मैं’ सीमित भाव से निकलकर परंपरा, धर्म, पितृसत्ता और आधुनिकता के बीच निरंतर चल रहे अंतर्द्वंद्व का भी विश्वसनीय साक्ष्य बन जाता है। इसी वैचारिक परिप्रेक्ष्य में कैरोल हैनिच का प्रसिद्ध कथन 'पर्सनल इज़ पॉलिटिकल'2 स्त्री-विमर्श और आत्मकथात्मक लेखन को समझने का एक महत्त्वपूर्ण आधार प्रस्तुत करता है। स्त्री का निजी अनुभव केवल निजी नहीं रह जाता, सामाजिक और राजनीतिक संरचनाओं से गहरे रूप में जुड़ा होता है।
मुशर्रफ़ आलम ज़ौकी लिखते हैं - “हजारों वर्षों के इतिहास में बगावत का ताज पहनने वाली महिलाएँ कम ही मिलती हैं।”3 यह कथन इस्मत चुग़ताई के व्यक्तित्व और साहित्यिक अवदान पर पूर्णतः सार्थक सिद्ध होता है। दूसरी ओर तसनीम पटेल स्वतंत्रता के बाद भारतीय मुस्लिम समाज में स्त्री-अस्मिता, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की संघर्षशील प्रतिनिधि के रूप में सामने आती हैं। दोनों लेखिकाओं की आत्मकथाएँ भारतीय मुस्लिम समाज के दो भिन्न ऐतिहासिक कालखंडों-स्वतंत्रता-पूर्व और स्वतंत्रता-उत्तर की सामाजिक संरचनाओं, स्त्री-अनुभवों तथा परिवर्तनशील चेतना का तुलनात्मक परिदृश्य प्रस्तुत करती हैं। यदि इस्मत चुग़ताई का जीवन उस दौर का प्रतिनिधित्व करता है जहाँ स्त्री को परिवार और समाज के भीतर अपनी पहचान स्थापित करने के लिए संघर्ष करना पड़ता था, तो तसनीम पटेल का जीवन यह प्रमाणित करता है कि स्वतंत्रता के पश्चात संवैधानिक अधिकारों के बावजूद सामाजिक मानसिकता में अपेक्षित परिवर्तन पूर्णतः नहीं आ सका।
15 अगस्त
1915 को उत्तर प्रदेश के बदायूँ के एक मध्यवर्गीय मुस्लिम परिवार में जन्मी इस्मत चुग़ताई को घर में स्नेहपूर्वक ‘चुन्नी’ कहा जाता था, जबकि साहित्य-जगत उन्हें ‘इस्मत आपा’ के नाम से जानता है। उनके पूर्वज चुग़ताई वंश से संबंधित थे, जहाँ शिक्षा और साहित्य की समृद्ध परंपरा विद्यमान थी। पिता मिर्ज़ा क़ासिम बेग चुग़ताई डिप्टी कलेक्टर थे तथा माता नुसरत ख़ानम औपचारिक रूप से गृहिणी होते हुए भी प्रगतिशील दृष्टि रखती थीं। उनके विचारों में स्त्री-स्वतंत्रता की स्पष्ट चेतना थी, “एक बीवी शौहर से सिर्फ़ इसलिए चिपकी रहती है कि रोटी-कपड़े का सहारा है तो वह तवायफ़ से कम मजबूर नहीं… जब तक हमारे मुल्क की औरत मजबूर, लाचार, ज़ुल्म सहती रहेगी, हम इक़्तसादी और सियासी मैदान में एहसासे-कमतरी का शिकार बने रहेंगे।”4 वहीं दूसरी ओर स्वातंत्र्योत्तर काल की लेखिका तसनीम पटेल का जन्म 25 सितम्बर 1955 को महाराष्ट्र के नांदेड़ ज़िले के बिलोली कस्बे में एक मध्यवर्गीय मुस्लिम परिवार में हुआ। बचपन आर्थिक अभाव, धार्मिक फ़िरक़ेबंदी तथा सामाजिक उपेक्षा के बीच बीता। यानी इस्मत का बचपन संयुक्त परिवार के भावनात्मक अंतर्विरोधों से निर्मित हुआ और तसनीम के व्यक्तित्व ने आर्थिक विषमता, सामाजिक बहिष्कार और धार्मिक विभाजन की परिस्थितियों में आकार ग्रहण किया। दोनों के पारिवारिक परिवेश अलग रहे किन्तु दोनों की चेतना का निर्माण संघर्ष की भट्ठी में ही हुआ।
भाई-बहनों की लंबी कतार में इस्मत सबसे छोटी अर्थात् दसवें नंबर की संतान थीं। अधिक संतान होने के कारण माँ का स्नेह और ध्यान सभी बच्चों में समान रूप से विभाजित नहीं हो सका। इस्मत लिखती हैं, “इतने सारे बच्चे थे कि हमारी अम्मा को हमारी सूरत से कै आती थी। एक के बाद एक हम उनकी कोख को रौंदते चले आए थे। उल्टियाँ और दर्द सह-सह कर वह हमें एक सज़ा से ज़्यादा अहमियत नहीं देती थीं।”5 माँ के स्नेह से लगभग वंचित रहने का यह अनुभव उनके व्यक्तित्व पर स्थायी प्रभाव छोड़ गया। पालन-पोषण में नौकरों के साथ उनकी मँझली बहन की सबसे महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। इस्मत लिखती हैं, “मुझे मेरी मँझली बहन ने पाला था। मँझली बहन की शादी हो गई और वह ससुराल चली गई तो जैसे मैं यतीम हो गई।”6 इसके विपरीत तसनीम पटेल के परिवार में समस्या संतानों की अधिकता नहीं थी, आर्थिक विपन्नता और सामाजिक असुरक्षा थी। उनके जीवन में माता-पिता का स्नेह अवश्य था पर परिवार की परिस्थितियाँ इतनी विषम थीं कि शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सम्मान के प्रत्येक अवसर को संघर्ष के साथ अर्जित करना पड़ा। मेहदवी फ़िरक़े से संबंध होने के कारण परिवार मुस्लिम समाज के भीतर ही संदेह और बहिष्कार का विषय बना रहा।
जब इस्मत ने होश सँभाला तब तक उनकी तीन बड़ी बहनों का विवाह हो चुका था और वे पाँच भाइयों के बीच अकेली बहन रह गई थीं। बहनों और इस्मत के बीच पर्याप्त आयु-अंतर होने के कारण वे उनके संसार का हिस्सा नहीं बन सकीं। बहनें घरेलू कौशल, शिक्षा और पारंपरिक स्त्री-गुणों में दक्ष थीं, जबकि इस्मत स्वयं को इन अपेक्षाओं से सर्वथा भिन्न पाती थीं। उनके शब्दों में, “मेरी बहनें निहायत सुघड़ थीं-उर्दू, फ़ारसी, कुरान शरीफ़ के अलावा कशीदाकारी, बुनाई-सिलाई और खाना पकाने में मश्शाक। मैं निहायत फूहड़।”7 इसी प्रकार तसनीम पटेल के जीवन में भी परिवार के भीतर स्त्री से अपेक्षित भूमिका ही विद्यमान थी। यद्यपि स्वतंत्र भारत में शिक्षा के अवसर उपलब्ध हो चुके थे, फिर भी बेटी का आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना सहज स्वीकार्य नहीं था। जब विद्यालय के प्रधानाचार्य ने उनकी बड़ी बहन के लिए शिक्षिका की नौकरी का प्रस्ताव रखा, तब पिता ने इसे परिवार के सम्मान के विरुद्ध माना। उन्होंने कहा, “सभी को ज़हर देकर, मैं भी ज़हर खाकर मर जाऊँगा लेकिन बेटी की कमाई खाने वाला भाँड़ (नामर्द) मैं नहीं बनूँगा।”8 यानी स्वतंत्रता के बाद भी पितृसत्तात्मक मानसिकता स्त्री की आर्थिक स्वतंत्रता को सहज रूप से स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं रही।
भरे-पूरे परिवार के बीच इस्मत का अकेलापन उनके व्यक्तित्व की एक गहरी मनोवैज्ञानिक परत बनकर उभरता है, “उन दिनों कभी-कभी ख़्वाबों में अँधेरी खाली सड़क पर रोती हुई धीरे-धीरे आगे बढ़ते एक छोटी लड़की दिखाई दिया करती थी… मैं बगैर पार्टी के थी।”9 दूसरी ओर तसनीम का अकेलापन सामाजिक बहिष्कार से निर्मित होता है। वे लिखती हैं कि “बिलोली के मुस्लिम हमें अपना नहीं मानते थे… हम बच्चों को मुस्लिम समाज के ताने झेलने पड़ते थे।”10 स्पष्ट है कि स्त्री-शिक्षा को इस्मत चुग़ताई ने सामाजिक प्रतिरोध का माध्यम बनाया। उस समय मुस्लिम समाज में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली स्त्रियाँ विरल थीं। ऐसे वातावरण में इस्मत का शिक्षा प्राप्त करना और आगे चलकर साहित्य को अपने वैचारिक हस्तक्षेप का माध्यम बनाना स्वयं एक सामाजिक विद्रोह था। उनके लिए शिक्षा का अर्थ केवल डिग्री अर्जित करना नहीं, स्त्री के भीतर प्रश्न करने की क्षमता, तर्कशीलता और आत्मनिर्भर चेतना का विकास था। यही कारण है कि उनके साहित्य में शिक्षित स्त्री परंपरागत रूढ़ियों को निष्क्रिय रूप से अस्वीकार करते हुए उनका आलोचनात्मक परीक्षण करती है। जबकि इसके विपरीत तसनीम पटेल की आत्मकथा आजाद भारत के उस सामाजिक यथार्थ को सामने लाती है जहाँ शिक्षा के अवसर उपलब्ध होने के बावजूद स्त्री की आर्थिक स्वतंत्रता को सहज रूप से स्वीकार नहीं किया जाता। विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा उनकी बड़ी बहन के लिए शिक्षिका की नौकरी का प्रस्ताव सामाजिक परिवर्तन की संभावनाओं का संकेत था क्योंकि शिक्षा पहली बार स्त्री को आर्थिक स्वावलंबन और पारिवारिक दायित्वों में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान कर रही थी परंतु परिवार द्वारा इस प्रस्ताव का विरोध यह स्पष्ट करता है कि पितृसत्तात्मक मानसिकता स्त्री की शिक्षा को तब तक स्वीकार करती है, जब तक वह पारंपरिक पारिवारिक भूमिकाओं को चुनौती न दे। जैसे ही शिक्षा आर्थिक स्वतंत्रता या निर्णय-क्षमता का आधार बनने लगती है, उसका प्रतिरोध आरम्भ हो जाता है।
मुस्लिम स्त्रियों की शैक्षिक स्थिति का विश्लेषण करते हुए जोया हसन लिखती हैं, “मुस्लिम स्त्री आर्थिक रूप से स्वतंत्र नहीं है। उसके पास शिक्षा का अभाव है। वह स्कूल तो जाती है पर चौथी-पाँचवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ देती है। मुस्लिम औरत का हिंदुस्तान में नहीं पढ़ने का मूल कारण गरीबी होता है। उनकी स्थिति अनुसूचित जाति की स्त्रियों की तरह हो गई है, जिस वजह से अनुसूचित जाति की औरतें नहीं पढ़ पातीं, उसी वजह से मुस्लिम औरत भी नहीं पढ़ पाती।”11 मुस्लिम स्त्रियों के पिछड़ेपन का मूल कारण धर्म नहीं, बल्कि गरीबी, सामाजिक असमानता और अवसरों की कमी है। इसी संदर्भ में क्षमा शर्मा का मत भी उल्लेखनीय है। वे लिखती हैं, “कुल मिलाकर यदि देखें तो मुसलमान स्त्रियों की जो समस्याएँ नज़र आती हैं, वे हैं - गरीबी, अशिक्षा, हमेशा बना रहने वाला तलाक़ का डर तथा आर्थिक सहायता का अभाव।”12 यानी शिक्षा का प्रश्न मुस्लिम स्त्री के लिए केवल साक्षरता का ही प्रश्न नहीं, आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भरता से भी जुड़ा हुआ है।
मुस्लिम स्त्री की वास्तविक चुनौती किसी धर्म-विशेष से आगे उस पितृसत्तात्मक मानसिकता से है, जो धार्मिक और सामाजिक मूल्यों की चयनात्मक व्याख्या करके स्त्री की स्वतंत्रता को सीमित करती है। चुग़ताई ने अपने जीवन और साहित्य दोनों में पितृसत्तात्मक व्यवस्था की उन रूढ़ियों का विरोध किया, जो धर्म के नाम पर स्त्री की स्वतंत्रता को सीमित करती थीं। उन्होंने विभिन्न धर्मों का अध्ययन किया और स्पष्ट किया कि समस्या किसी धर्म के मूल सिद्धांतों की बजाय उसकी रूढ़ सामाजिक व्याख्याओं में निहित है। विशेषतः मुस्लिम समाज में पर्दा-प्रथा, स्त्री को शिक्षा से वंचित रखना, अधिक संतान उत्पन्न करने की अनिवार्यता तथा स्त्री को केवल गृहस्थ जीवन तक सीमित कर देना उन्हें अत्यंत अस्वीकार्य था। इसी वैचारिक स्वतंत्रता को व्यक्त करते हुए वे लिखती हैं, “मैंने पंडित जी से दो बरस तक गीता का सबक लिया और एक-एक शब्द पर ईमान ले आई, बाइबल भी पढ़ी और कुरआन भी तर्जुमे के साथ ही पढ़ा, अरबी में नहीं उर्दू और अंग्रेज़ी में। कितना सुकून है मेरे दिल व दिमाग में। मुझे कब्र से खौफ आता है, मैं तो भस्म होने की वसीयत कर चुकी हूँ।”13 यह कथन उस वैचारिक निर्भीकता का परिचायक है, जिसके माध्यम से इस्मत धर्म की संकीर्ण व्याख्याओं से स्वयं को मुक्त करती हैं। उनके लिए अंधानुकरण स्त्री की अस्मिता का आधार न होकर विवेक, तर्क और स्वतंत्र चिंतन है। इसलिए उनका प्रतिरोध धर्म-विरोधी नहीं है, पितृसत्तात्मक व्याख्याओं का प्रतिरोध है। स्वतंत्रता के बाद भारतीय मुस्लिम समाज में तसनीम पटेल की आत्मकथा यह दिखाती है कि पितृसत्ता का स्वरूप समय के साथ परिवर्तित अवश्य हुआ किंतु उसका प्रभाव समाप्त नहीं हुआ। वे अपनी माँ के माध्यम से उस मानसिकता का चित्रण करती हैं, जिसमें स्त्री की धार्मिकता उसकी व्यक्तिगत आस्था से अधिक पति की आज्ञाकारिता से जुड़ जाती है। बचपन की एक घटना का उल्लेख करते हुए वे लिखती हैं, “क़ासिम चूड़ीवाले से जैसे सब लोग माप वाली चूड़ियाँ पहनती हैं तो वैसी चूड़ियाँ तू क्यों नहीं पहनती? ... अम्मी कहती थीं-‘तेरे अब्बा जब बाहर गाँव जाते हैं या घर में नहीं रहते, उस समय मैं उनकी इजाज़त के बिना चूड़ी वाले को हाथ देना शरीयत और मज़हब के ख़िलाफ़ मानती हूँ। तेरे अब्बा के आदेश का पालन करना ही मेरा सच्चा मज़हब है।”14असल में पितृसत्ता बाहरी नियंत्रण के साथ स्त्री की चेतना का भी हिस्सा बन जाती है, जहाँ पति की आज्ञाकारिता ही धार्मिक कर्तव्य के रूप में स्वीकार कर ली जाती है। इस प्रकार स्त्री स्वयं भी उन मूल्यों का निर्वाह करती है जो उसकी स्वतंत्रता को सीमित करते हैं। क्षमा शर्मा लिखती हैं, “वे अपने ऊपर चादरें ओढ़ लिया करें ताकि वे पहचानी न जाएँ और सुरक्षित रहें। परंतु समय के साथ यह सुरक्षा का उपाय स्त्री पर नियंत्रण का उपकरण बन गया। स्त्रियों को मानसिक और शारीरिक यातनाएँ दी गईं। तीन बार तलाक़ कहकर तलाक़ देने का डर लगातार बनाए रखा गया और घर से बाहर निकाल दिया गया।”15 वस्तुतः सुरक्षा और मर्यादा के नाम पर निर्मित अनेक सामाजिक व्यवस्थाएँ समय के साथ स्त्री-नियंत्रण के साधन में परिवर्तित हो गईं।
इस्मत चुग़ताई के साहित्यिक और आत्मकथात्मक लेखन में बार-बार यह विचार उभरकर आता है कि धर्म का मूल स्वरूप मानवीय मूल्यों पर आधारित है, जबकि सामाजिक रूढ़ियाँ उसे संकीर्ण और नियंत्रक रूप प्रदान कर देती हैं। वे पर्दा-प्रथा, स्त्री को केवल मातृत्व तक सीमित कर देने की मानसिकता तथा धार्मिक आडंबरों का निरंतर प्रतिरोध करती हैं। उनके लेखन में धार्मिक आस्था की अपेक्षा मानवीय गरिमा और विवेक को अधिक महत्त्व मिलता है। वे धर्म को मनुष्य की मुक्ति का माध्यम मानती हैं, न कि उसकी स्वतंत्र चेतना पर अंकुश लगाने का उपकरण। इसीलिए उनके कथा-साहित्य में धार्मिक रूढ़ियाँ प्रायः आलोचनात्मक दृष्टि से प्रस्तुत होती हैं और स्त्री-पात्र उनके विरुद्ध प्रश्न उठाते दिखाई देते हैं।
आजादी के बाद के भारतीय मुस्लिम समाज में तसनीम पटेल की आत्मकथा धर्म के एक अन्य पक्ष को सामने लाती है, जहाँ धार्मिक मतभेद सामाजिक बहिष्कार का कारण बन जाते हैं। एक विशेष फ़िरक़े से संबंधित होने के कारण उनका परिवार अपने ही समुदाय के भीतर निरंतर उपेक्षा और तिरस्कार का सामना करता है। लेखिका लिखती हैं, “हम मेहदवी फ़िरक़े से थे। कुरान, नमाज़, रोज़ा, ज़कात, हज आदि इस्लाम के पाँच अरकान मेहदवी फ़िरक़े में भी मानते हैं। फ़र्क़ बस इतना है कि सुन्नी फ़िरक़े के लोग यह मानते हैं कि मेहदी अले-सलाम ज़माने आख़िर में आएँगे और मेहदवी कहते हैं कि मेहदी अलैह सलाम इस दुनिया में आकर चले गए। ... इस्लाम में भी 76 फ़िरके हैं। अब्बा पंथाभिमान के कारण नमाज़ अदा करने नहीं जाते थे, इसलिए बिलोली के मुस्लिम हमें अपना नहीं मानते थे। अब्बा और समाज के बीच मज़हब की श्रेष्ठता की लड़ाई चलती थी और हम बच्चों को मुस्लिम समाज के ताने झेलने पड़ते थे।”16 धार्मिक मतभेद सामाजिक संबंधों और पारिवारिक जीवन को भी प्रभावित करता है। समान धार्मिक आधार होने के बावजूद फ़िरक़ागत पहचान सामाजिक दूरी और बहिष्कार का माध्यम बन जाती है। इस प्रकार धर्म का उद्देश्य जहाँ समुदाय में एकता और नैतिकता स्थापित करना है, वहीं उसकी संकीर्ण व्याख्या समाज के भीतर विभाजन और असहिष्णुता को जन्म देती है। तसनीम पटेल की आत्मकथा यह भी संकेत करती है कि धार्मिक रूढ़ियाँ पूरे परिवार के सामाजिक जीवन को प्रभावित करती हैं। समुदाय द्वारा बहिष्कृत परिवार की स्त्रियों और बच्चों को अतिरिक्त सामाजिक दबाव का सामना करना पड़ता है। परिणामस्वरूप शिक्षा, सामाजिक सहभागिता और आत्मविश्वास के विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। यहाँ धार्मिक पहचान व्यक्तिगत आस्था का विषय न रहकर सामाजिक स्वीकृति-अस्वीकृति का आधार बन जाती है।
इसी संदर्भ में यह भी ध्यान देने योग्य है कि दोनों लेखिकाएँ धर्म और समाज के बीच स्पष्ट भेद स्थापित करती हैं। वे यह संकेत करती हैं कि स्त्री की अनेक समस्याओं का स्रोत धर्म के मूल सिद्धांत नहीं, उसका सामाजिक क्रियान्वयन और उसकी रूढ़ व्याख्याएँ हैं। जब धार्मिक मान्यताओं को परिवर्तनशील सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप पुनर्विचारित नहीं किया जाता, तब वे नैतिक मार्गदर्शन के बजाय सामाजिक नियंत्रण का साधन बन जाती हैं। विशेषतः स्त्रियों के संदर्भ में धार्मिक आस्था, पारिवारिक सम्मान और सामुदायिक अनुशासन को इस प्रकार एक-दूसरे से जोड़ दिया जाता है कि स्वतंत्र निर्णय की संभावना सीमित हो जाती है।
निष्कर्ष : इस्मत चुग़ताई और तसनीम पटेल की आत्मकथाएँ भारतीय मुस्लिम स्त्री-अनुभव की दो ऐतिहासिक अवस्थाओं का प्रतिनिधित्व करती हैं। एक उस समय की आवाज़ है जब स्त्री को अपने अस्तित्व की वैचारिक स्वीकृति के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था, जबकि दूसरी उस दौर की प्रतिनिधि है जहाँ सांवैधानिक अधिकार उपलब्ध होने के बावजूद सामाजिक स्वीकृति अधूरी रही। इस प्रकार दोनों आत्मकथाएँ मिलकर यह सिद्ध करती हैं कि स्वतंत्रता ने मुस्लिम स्त्री के लिए नए अवसरों के द्वार अवश्य खोले किंतु वास्तविक मुक्ति केवल विधिक अधिकारों से नहीं, पारिवारिक मानसिकता, धार्मिक व्याख्याओं और सामाजिक संरचनाओं में परिवर्तन से ही संभव है। इस अर्थ में दोनों लेखिकाएँ अपने-अपने समय की साक्षी होने के साथ-साथ भारतीय मुस्लिम समाज में स्त्री-अस्मिता के विकास की निरंतर यात्रा की प्रतिनिधि भी ठहरती हैं।
संदर्भ :
- संपादक, संस्कृत प्रतिभा, समकालीन भारतीय साहित्य, मई-जून, 2002, पृ.197
- प्रोमिला, नारीवाद सिद्धांतकार और सैद्धांतिकी, हिन्दी बुक सेंटर, 2021, पृ.90
- संपादक, राजेन्द्र यादव, कथा जगत की बागी मुस्लिम औरतें, राजकमल प्रकाशन, पृ. 21
- इस्मत चुग़ताई, कागजी है पैरहन, राजकमल प्रकाशन, पृ.15
- वही, पृ.7
- शमा अफरोज जैदी, बातें इस्गत आपा से, इंटरव्यू, जनवरी 1992
- इस्मत चुग़ताई,कागजी है पैरहन, राजकमल प्रकाशन, पृ. 13
- तसनीम पटेल,धरती भर आकाश,अगोरा प्रकाशन, शिवपुर, पृ.110 -111
- इस्मत चुग़ताई, आपबीती आधी औरत आधा ख्वाब, वाणी प्रकाशन, नई दिल्ली. पृ. 11
- तसनीम पटेल, धरती भर आकाश,अगोरा प्रकाशन, शिवपुर, पृ.99
- जोया हसन, मुस्लिम समाज में महिलाओं की बदहाली का कारण धार्मिक नहीं आर्थिक, हंस पत्रिका (विशेषांक- भारतीय मुसलमान : वर्तमान और भविष्य),अगस्त 2003, पृ.15
- क्षमा शर्मा, स्त्रीत्ववादी विमर्श समाज और साहित्य, राजकमल प्रकशन, पृ 54
- शमा अफरोज जैदी, बातें इस्मत आपा से, इंटरव्यू, जनवरी 1992
- तसनीम पटेल,धरती भर आकाश,अगोरा प्रकाशन, शिवपुर, पृ. 88-89
- क्षमा शर्मा,स्त्रीत्ववादी विमर्श समाज और साहित्य,राजकमल प्रकशन, पृ 59
- तसनीम पटेल,धरती भर आकाश, अगोरा प्रकाशन, शिवपुर, पृ.99
शोधार्थी, (हिन्दी विभाग) अंग्रेज़ी एवं विदेशी भाषा विश्वविद्यालय (EFLU), हैदराबाद
sayaadali99@gmail.com, 7869042908

एक टिप्पणी भेजें