मुझे उसका उणियारा (शक्ल सूरत) याद है पर नाम नहीं। ऐसे लोगों के नाम होते ही कहाँ हैं ! कवि राजेश जोशी की 'इत्यादि' कविता का 'इत्यादि' देह धरे सामने मौजूद था। उम्र पचपन से लेकर पचहत्तर तक कितनी भी हो सकती है! पेंट काली थी या नीली, कमीज़ की धारियाँ किसी रंग की थीं, लम्बी बाजू क्यों मोड़े जाने पर भी कोहनी से पहले रुक गई थी, ठीक से याद नहीं। मुझे याद है तो उसका उणियारा! चिंता ने माथे पर महीन लकीरें भर नहीं खींची बल्कि तीन-चार ऊमरे ( हल की नौक से खेत में बनी गहरी लकीर) खींच दिए। जैसे किस्मत ने भाग में चिंता बोकर सिटोळे (खेत जुताई के बाद खेत के दोनों छोर की बची जमीन की जुताई) दे दिए। पिचके गालों में भी खड़ी लकीरें। काया-काठी और पहनावे हर दृष्टि से भ्यान ( रंगठंग व हालत) बिगड़ा हुआ।
उस दिन मेरी भी तबियत ठीक न थी। वायरल के होने के जमाने में मैं तो वायरल न हो सका, पर मुझे वायरल हो गया। बुखार, खाँसी, बदन दर्द और छींक ने मेरा भी डोळ बेडोळ कर रखा था। चुनावी ड्यूटी थी तो मुझे जाना पड़ा। फतेहपुर एसडीएम ऑफिस से बुलावा था। मुख पर मानुष -छींकी (मास्क) लगाए जब मैं वहाँ पहुँचा तो गाड़ी यह कहकर दी गई थीं कि ड्राइवर सब जानता है।
लोकल है। रास्ते, बूथ कोई दिक्कत न होगी। मैंने कपिल से कहा चलो भाई सेक्टर दिखा दो, बूथ देख लें। जिनकी अगले तीन-चार दिन फेरी (परिक्रमा) देनी हैं।
गाड़ी स्टार्ट करते ही वह बोला, " साब! मैंने खूब न्होरे काढ़े कि मेरी गाड़ी तो नाथ जी के यहाँ चलती है, कल रात चुरु में भानीनाथ जी के यहाँ जागरण थे। कैंची धाम जाने का प्रोग्राम है। पिछली तीन रातों से हम घूम ही रहे हैं। आज कितनी बजे फ्री हो जाएँगे। आज भी जागरण में जाना है।"
मैंने कहा,
"अब तो अगले चार चौबीस घंटे साथ ही रहना होगा।" वह बोला कोई बात नहीं साब! अपने पास गाड़ी दूसरी है, वह भेज देंगे। जणाई (तभी) मैंने कहा था कि मेरी गाड़ी मत लगाओ साब! मुझे कहाँ ओसाण (समय)? लेकिन माने नहीं।
मैंने देखा सचमुच उसे ओसाण नहीं है। काम से, बातों से, किस्से कहानियों से, मिलने जुलने से, राजनीति के गुणा-भाग से, हार-जीत से, साधु-संतों से, चिलमेड़ियों- भंगेड़ियों से। ज्यादा व्यस्तता के चलते वह कई काम एक साथ करता है। गाड़ी चलाते हुए हल्के ब्रेक दिखाकर परिचितों से राम-रूमी कर लेता है, 'और कियाँ?' कहकर हालचाल पूछ लेता है। 'और किसको जीता रहे हो' कहकर चुनावी सर्वे कर लेता है तो 'बो जीत सी' कहकर राजनीतिक भविष्यवाणी कर लेता है। इसी बीच वह गुटका खा लेता है। गुटका खाए-खाए ही पानी पी लेता, बातें करते हुए बीच में थूक भी लेता है और गाड़ी तो चला ही रहा है। तब उसे ओसाण कहाँ! बातें खूब करता है। समझदार लोगों ने कहा है कि बातों में झूठ नमक बराबर ही चल सकता है। पर वह नमक नापकर नहीं, अंदाज़ से डालता है। कभी ज्यादा पड़ जाए तो आटा और मिला लो। दो रोटी बेसी बन जाएँगी। पर आदमी वह सौ टंच खरा है। बहाने नहीं, मदद करता है।
कपिल का कपिल नाम तो नाम का नाम है, असल नाम है 'तिवाड़ी जी।' इसका प्रमाण भी पाँच मिनट बाद मिल गया। बाजार में एक अस्सी-पिच्यासी साल के बाबा मिले। कपिल ने गाड़ी रोक कर कहा, ' म्हाराज आदेश!"
तुरंत बाबा के पोपले मुँह पर मुस्कान आ गई, "अरे तिवाड़ी जी यार तू? आजकल आता ही नहीं है।" " आऊँगा म्हाराज!"
पीछे जहाँ से मास्क खरीदे वह मेडिकल वाला, जहाँ से सेलोटेप खरीदी वह स्टेशनरी वाला, यहाँ तक कि बस स्टेंड पर जिससे सेब खरीदे, वह फलवाला इकबाल भी तिवाड़ी जी को 'तिवाड़ी जी' के रूप में चोखी तरह जानता है।
तिवाड़ी जी के साथ में फतेहपुर शहर से मिला। शेखावाटी का अलबेला शहर है फतेहपुर! वार्ड 48 की ओर जाते हुए एक पुरानी सी हवेली के बाहर बारामदे में आठ-दस लोग बैठे हैं। कुछ ताशों से खेल रहे हैं, कुछ बातों से। जगह का नाम है 'ठलुआ आश्रम।' शहर के सबसे निठल्ले आदमी- अधेड़, बुजुर्ग जिनके पास कोई काम नहीं। जिनका समय बिताए नहीं बीतता। वे यहाँ आकर खुद बीत जाते हैं। सुबह से शाम तक! चाय-पानी, रोटी खाने जाएँगे, फिर आ जाएँगे। 'ठलुआ आश्रम' असल में कोई आश्रम नहीं, सड़क पर खुलता एक बरामदा भर है। ऐसे अड्डे तो हर गाँव-शहर में मिल जाएँगे। खास है नामकरण। किसने रखा यह नाम? तिवाड़ी जी बोले हमने तो हमारे बाप-दादों से यही नाम सुना है। नाम रखने में परसाई जी को टक्कर देनेवाला गुण फतेहपुरवासियों में है।
एक और उदाहरण लीजिए। एक जगह है शहर की। शहर के कुछ खास पियक्कड़-प्राणी वहाँ इकट्ठा होने लगे। होली आती तो होली की मस्ती और सुरूर सबसे ज्यादा उन्हीं पर चढ़ता। नाचते, गाते, चंग बजाते, धमाल होता। शहर ने इसका नाम रखा 'बेवड़ा कला मंडल!' बेवड़ा मतलब दारुड़्या! दारू पीनेवालों का कला मंडल! मैंने कहा यार यह नहीं हो सकता। साथ के कानिस्टेबल ने कहा ,' सही कह रहा है। मैंने लिखा हुआ भी देखा है।
तिवाड़ी जी जो साब कहते मुझे थे पर मानते पुलिस कानिस्टेबल को थे, बोले," साब! अभी भी 'बेवड़ा कला मंडली' होली के प्रोग्राम में शामिल होती है। उनकी चंगों पर भी यही नाम लिखा होता है। अब भी संदेह था कि बेवड़ा कुछ और होता होगा। मन में एक गीत गूँजा -'ईतळ
-पीतळ को भर ल्याई बेवड़ो'। गूगल किया तो गीत में बेवड़ो की जगह 'बेड़लो' मिला। फिर इस कला मंडल का नाम भी 'ठलुआ आश्रम' पद्धति से ही रखा गया है!
ठलुआ आश्रम और बेवड़ा कला मंडल के आधार पर कोई इस नतीजे पर न पहुँचे कि फतेहपुर मात्र इतना ही है। स्थापत्य का अजूबा एक से एक हवेलियाँ, फ्रेस्को कला के भित्ति चित्र, आश्रम, बावड़ियाँ,गढ़, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल हैं। मेले, मंदिर, उत्सव, जागरण, चंग, मृदंग, फाग, राग, बिराग सब तो हैं।
तिवाड़ी जी बोले, "साsब! जब नवाब फतेह खाँ ने फतेहपुर गढ़ की नींव रखी तो गढ़ बन नहीं पाया। तब पहले गंगानाथ बाबा के लिए सारनाथ आश्रम बनाया फिर गढ़ पूरा किया। मैंने कहा," यहाँ तो सेठ खूब हुए हैं , कोई उनका किस्सा हो तो सुनाओ!"
(किस्सों में नमक तिवाड़ी जी स्वादानुसार नहीं अंदाज़ से डालते हैं।)
साठ हजार का लोया-
तिवाड़ी जी उवाच, ", अज्जी साsब! घणाई। एक साठ हजार का लोया बिका हुआ है। लोया मतलब कच्चा, छोटा मतीरा (तरबूज)। साठ हजार का ?
हाँ, साsब! सेठ का मुनीम सब्जी लाने गया। एक सब्जी वाली के पास एक लोया पसंद आया लेकिन उसे तब तक दूसरे सेठ का मुनीम लेने की तैयारी कर चुका है। दोनों में जिद्द होने लगी। बोली लगने लगी। अंत में साठ हजार में लोया बिका। सेठ ने कहा कोई बात नहीं मुनीम जी! पैसे लगे पर नाक रह गई।
सेठ का मज़ाक-
तिवाड़ी जी बोले, एक ठाडा (बड़ा) सेठ हा। कलकत्ता में बड़ा कारोबार। एक ही एब कि मज़ाक बिल्कुल पसंद नहीं। और सेठाणी ऐसी कि हँसी ठिठोली किए बिना रोटी नहीं पचै। सेठजी कलकत्ता रहवैं। सेठाणी जी बाल-बच्चा के सागै फतेहपुर। देस-दिसावर आने-जानेवालों के साथ पापड़, मंगोड़ी, अचार, घी, गोंद के लड्डू भेजती। एक बार मजाक में सूखे छाणे (गोबर के कंडे) भेज दिए। सेठ जब घर आया तो समझाया कि फालतू मज़ाक अच्छा कोनी! म्हासूँ (हमसे) मज़ाक रहने दो। मज़ाक महँगी पड़ जाएगी। पर सेठाणी मानने वाली नहीं। सेठ जब वापस गया तो सेठाणी ने घी भेजा। डिब्बे में पैक करके। गर्मियों का टाइम। तपा हुआ घी। सेठ जी पूरे जापते से संभाल कर घी ले गए। कलकत्ता जाकर एक दिन हलुवा बनाने की सोची। डिब्बा खोला तो घी की जगह पानी। उस दिन के बाद सेठ जी की न चिट्ठी-पत्री, न समाचार । कई महीनों बाद सेठाणी को एक तार मिला, " सेठ जी की अचानक मौत। लाश पहुँच रही है।"
सेठाणी रोए, कुर्लाए। परिवार , रिश्तेदार इकट्ठा हो गए। बेटे सिर मुंडाकर भदर हो रखे। तभी ट्रेन से उतर कर सेठ जी घर पहुँचे। सेठाणी से बोले, " मैं के कही ही (मैंने क्या था)? म्हासू मज़ाक महँगी पड़ ज्यायगी राम की राम!"
चतरिया का चकरिया -
मैंने तिवाड़ी जी से कहा, सेठ, सेठ होते हैं और नवाब नवाब। कोई आदमी का किस्सा नहीं है यहाँ का?' वे बोले, 'है क्यू कोनी। जस्या बादस्या बस्याई वजीर। जस्या गुरु बस्याई चेला, तो एक चतरियो हो फतेपर मं। नया-नया ब्याह हुआ उसका। पुरानी बात है। आज की तरह न सड़कें थीं, न खाडर-खोळे (गड्ढे), न कादा-कीचड़। बीनणी सबेरे उठकर बुहारा (झाड़ू) काढ़ती पर मौहल्ले के टिंगर (बच्चे) वापस रूनळे ( मिट्टी में खेलने से बने गड्ढे व टेढ़े-मेढ़े निसान) कर देते। चतरिये को यह नागवार गुजरता। वह फळसे (द्वार) के बाहर माटी में गोळ चक्कर (वृत्त) कढ़ाकर बैठ जाता। राह चलते जिस किसी का पाँव जाने -अनजाने उस गोळ चक्कर में पड़ जाता तो कँवळे (गेट का पिल्लर) के पीछे छिपा चतरिया फट सपाट मारता -" सट्ट्…!"
बड़ा देखता न कोई छोटा।आते-जाते जिस किसी का पाँव चक्कर पड़ता उसी के चट्टू चेप देता। राह चलते हर किसी के बाँथ्या पड़ने (गले पड़ना) लगता। किसी ने थाने में शिकायत कर दी। थानेदार आया, "कौन है चतरिया?" कहकर आगे बढ़े कि इतने में थानेदार जी के रैपट (थप्पड़) पड़ी , " फैऽट्!"
सिपाही ने चतरिया के डंडा मारा- "बैऽड़िंदा होss!"
चतरिया दर्द से दोहरा हो गया, " अर्रर्रर्रै…" चट घूमकर सिपाही के चनपट चेपी तो चटीड़ उपड़ा -"चट्टईं….!" चिल्लाकर बोला, " चाहे ज्यान कोढ़द्यो पण (लेकिन) चतरिया के चक्कर आसी जणां तो ऐय्याँई चट्टू लागसी।"
पुरानी हवेलियाँ और नोहरे सूने पड़े थे। बैर की कँटिली झाड़ियाँ अपने कानों में नन्हें धोले फूल पहने थीं। भादवा उतार पर था, आसोज आने को था पर शहर में क्या तो भादवा और क्या आसोज! मौहल्लों, गलियों, खम्भों पर अध उतरी प्रचार सामग्री लटक रही थी। मदरसा चेजारान के बूथों पर लम्बी कतारें, इधर जाँगिड़ वैदिक विद्यालय की तरफ गलियों में नौजवान, लड़के,अधेड़, औरतें खड़े हैं। चुनाव, चुनाव नहीं है, चटरस है, चाशनी है, उत्सुकता है, उत्सव है। एक दीवार के पास ठलुआ आश्रम के बाँच खुली है- तीन चार लोग हैं, दीन-दुनिया से बेखबर। खुद नीचे मिट्टी में बैठे हैं। ताश के गमछे की जाजम बिछी हैं। जगह-जगह चेजे-भाटे (भवन निर्माण) का काम। सड़कें टूटी हुईं, नालियाँ भी उन्हीं के डोळ की। पार्टियाँ हैं, पोस्टर हैं, निर्दलीय है, नारे हैं, नाश्ता है, बेनर हैं। लोकतंत्र का उत्सव!
जब कुछ प्रपत्र और गाड़ी के लिए पैट्रोल के कूपन लेने आया तो एसडीएम ऑफिस के प्रवेश द्वार के बाँयी ओर नीमों तळे चुँतरे पर वह आदमी दिखाई दिया। मुझे उसका उणियारा याद है पर नाम नहीं। ऐसे लोगों के नाम होते ही कहाँ हैं ! पीछे दीवार पर दो बेनर लगे हैं, जिस पर तीन नारे लिखे हैं - "जय जवान! जय श्री ठाकुर जी! जय किसान!" बेनर उड़ न जाएँ इसलिए उनके उपरी हिस्सों को दबाकर दीवार पर ईंट पत्थर रखें हैं। एक बेनर लिखा है- 22 जुलाई, 2021 से लगातार धरने का 1887 वाँ दिन! 1887 का आँकड़ा अलग से Ax4 साइज के कागज़ पर पैन से लिखकर चिपकाया गया है। दूसरे बेनर पर धरने का कारण एक लम्बे पैराग्राफ में लिखा है। मैं पूछता हूँ कि क्या मामला है तो वह आदमी जो अपनी उम्र से बीस साल बड़ा लग रहा है, जिसकी छाती पर व्यवस्था ने अव्यवस्था का पहाड़ रख दिया है, जिसकी आँखों में मरी हुई उम्मीद चिपकी है , जैसे बंदरिया की छाती से मरा हुआ बच्चा चिपटा रहता है। वह बताता है कि उसकी बीस-पच्चीस बिघा जमीन जो शहर के बड़े धार्मिक स्थल के पास पड़ती है, जिस पर वह पीढ़ियों से काबिज़ है, उसे दबंगों, भूमाफियाओं और अधिकारियों ने मिलकर कागज़ उठाकर सरकारी जमीन पर रख दिया है। सरकारी जमीन को मेरे खेतों पर रख दिया है। जमीन वही है पर कागज़ पर खसरे की जगह बदल गई है। वह जातीय अल्पसंख्यक है। जाति के वोट गिनती के। आन्दोलन के लिए लोग नहीं जुटेंगे। प्रशासन उसकी आँखों में सूख चुके पानी की भाषा नहीं समझता। उसे कागजी व्यवस्था ने कागज पर हरा दिया पर वह हार मानेगा नहीं, जीते जी। मुझे लगा यह आदमी जिंदा कैसे है! इतना खोकर! इतनी हारें हार कर! शहर भर में लोकतंत्र का उत्सव है। क्या सच में? नहीं। उत्सव तो सिर्फ तंत्र का है। लोक तो धरने पर है।
बातें बदल गई हैं। चुनाव के चर्चे हैं। किसका ज्यादा जोर है? काँग्रेस कि बिजेपी? सरवण चोधरी कि भिण्डो कि हाकम? और ओ अत्तो तामझाम , अत्ती पुलिस, अत्ता गाडी-घोड़ा, कत्ता (कितने) पिस्सा लाग र्-या है? के जरूत है अत्ते परसासन और तामझाम की।
वह धरनिया आदमी बोला, " जरूत कैय्या कोनी। कोई टप द्याँयी टैं कर दे जद (तब)?" एक ठहाका लगा और दो-तीन आदमी बोल पड़े , " भाsड़ा! बात तो सही है, कोई टप द्याँयी टैं कर दे जद!"
अब इसे कैसे समझाऊँ? टप द्यायीं का मतलब अचानक से, फटाफट, अकस्मात्! टैं करने का तो कोई अनुवाद हो नहीं सकता। कोई ऐसा करदे कि फिर स्थिति हाथ से निकल जाए। जैसे दबंगों ने किसान के साथ टपद्याँयी टैं कर दिया।
तंत्र के उत्सव में लोक धरने पर है। अनाम आदमी के भीतर अंतहीन इंतजार के बाद भी जब तक जीवट जिंदा है, हारकर भी न हारने का हूनर जिंदा है, तब तक लोकतंत्र का टपद्याँयी टैं नहीं होगा।
hemantk058@gmail.com, 9414483959

एक टिप्पणी भेजें