असली गुरु मंतर
- भीमसेन त्यागी
गुदड़ी वाले बाबा क्या पधारे, चमारों के माजरे की रंगत ही बदल गई। दूर -दूर से भगत मत्था टेकने आने लगे।
बाबा का डेरा जमा है, वहीं रैदास मठ पर। एक से एक धन्ना सेठ चरण छू-छूकर अरदास करते हैं- बाबा, अपने चरणों की धूल से एक जून हमारी देहली को भी पवित्तर कर दो! लेकिन बाबा किसी की तरफ आँख उठाकर भी नहीं देखते, सिवा एक मिरची के। मिरची के घर की महक बाबा के मन में रमी है...
बिसना कहता है, "अरे! महक मिरची के घर की रमी है या उसकी जोरू मखमली की ?"
बाबा जिस रोज मठ पर पधारे, उसी शाम मखमली सुल्हड़ की बहू अंगूरी को बाबा के दरसन कराने ले गयी। अंगूरी ने शादी के जोड़े का लाल लहँगा पहना और सितारे जड़ी चमाचम ओढ़नी। वह छोटा-सा घूँघट निकालकर सास के पीछे-पीछे चल दी !
औघड़ बाबा चौकी पर विराजमान हैं। बाणी में लरज है और आँखें झमझमा रही हैं। मखमली ने एक नजर में ही भाँप लिया कि भैरूँ जी परसन्न हैं। उसने ओढ़नी का पल्ला दोनों हाथों में समेटकर बाबा के चरण चुचकारे और कहा, "महाराज ! यो आपके सुल्हड़ की बहू है।"
बाबा की नजर ऊपर उठी।
मखमली की नजर बहू की तरफ गयी, "खड़ी क्यूँ है, चरण छू बाबा के!" बहू ने चरण छूए तो बाबा को उसकी एक झलक दिखाई दे गयी। कलेजे में धक-सी हुई। उन्होंने मखमली से पूछा, "नाम क्या है बिटिया का?"
"अंगूरी!"
बाबा को लगा जैसे उनकी पूरी की पूरी काया अंगूरी के नशे में डूब गयी है।
वे दोनों बाबा के दरबार में बैठकर कथा सुनने लगीं। कथा समाप्त हुई तो मखमली ने एक बार फिर बाबा के चरण चुचकारे।
बाबा ने आशीर्वाद देने के बाद कहा, "कल दोपहर भैरूँ जी तुम्हारे द्वारे प्रसाद ग्रहण करेंगे!"
वे दोनों घर पहुँची ही थीं कि बाबा का असली चेला सम्भु सौ का पत्ता मिरची को थमा गया। बाबा के पास धन की कोई कमी नहीं। जब भी गुदड़ी में हाथ डालते हैं, सौ का नोट ही निकलता है।
नोट हाथ में आते ही मिरची के चेहरे पर चमक आ गयी। उसने हिसाब फैलाया-पाँच की दारू, तीन की ठण्डाई-पाँच और तीन-आठ। छः का मुर्गा-आठ और छः चौदह। चौदह नहीं तो पन्द्रह रुपये में बाबा के भैरूँ जी परसन्न हो जाएँगे। बाकी से अपनी टेंट गरम...
अगले दिन सुबह ही मिरची मवाना चला गया। सबसे पहले पीपन पंसारी के यहाँ से बाबा की ठण्डाई का सामान खरीदा - बादाम, पिस्ता, खस, काली मिर्च और मगज। उसके बाद ठेके से एक बोतल - असली कस्तूरी। अह! बोतल को छूते ही
मिरची का मन लटपटा गया। गाँव की कच्ची पीते-पीते जी ऊब गया है। आज मैं भी कस्तूरी से गला तर कर लूँ तो बाबा के भैरूँ जी कुछ ज्यादा ही परसन्न हो जाएँ...
मिरची एक बेंच पर बैठ गया और दारूखाने के छोकरे को रोब के साथ कहा, "ऐ! एक पव्वा कस्तूरी लाओ! माल असली होना चाहिए, हाँऽऽ!"
छोकरा दारू का पव्वा, काँच का नाटा गिलास और टीन के डब्बे में पानी रख गया।
मिरची ने गिलास में दारू ढालकर पानी मिलाया और बाबा का सिमरण कर छींटा दिया। बाबा कोई मन्तर भी पढ़ते हैं। लेकिन मिरची को मन्तर-जन्तर तो आता नहीं। जै हो भैरूँ बाबा की-उसने मन ही मन कहा और एक लम्बा घूँट भरा... पव्वा ठिकाने लग गया तो मिरची ने एक और पव्वे का आडर दे दिया। फिर एक और...
मिरची ठेके से उठकर चला तो पैर कहीं के कहीं पड़ रहे थे... उसने रामेसर पनवाड़ी की दुकान से लालटेन छाप सिगरेट का पूरा बकस खरीदा और जलती हुई रस्सी से सिगरेट सुलगाकर तेजी से आगे बढ़ गया।
अब उसे मुर्गा खरीदने रमजानी के यहाँ जाना है। रमजानी का घर कस्बे के दूसरे सिरे पर है। लेकिन मिरची को लग रहा है- चार डग भरते ही वह वहाँ पहुँच जाएगा !
मिरची सब काम पूरे करके ठण्ड-ठण्ड में गणेशपुर आ लगा। आते ही मुर्गे की सद्गति की और काट-तराश कर मखमली को सौंप दिया।
सूरज मुश्किल से नीम की चोटी तक पहुँचा था कि मिरची के द्वार पर बाबा का चिमटा खड़क उठा।
मिरची ने हुलसकर दरवाजा खोला- धन्न भाग ! बहुत दिन बाद बाबा के पैर पड़े इस घर में...
मखमली ने चरण छुए और ऊँची आवाज में कहा, "बहू, देख बाबा आये हैं।"
नन्हा-सा घूँघट निकाले अंगूरी आयी। वह चरण छूने के लिए झुकी तो बाबा ने उसके कन्धों पर हाथ रखकर कहा, "बस, बिटिया ! बस !"
अंगूरी को लगा, जैसे बाबा की दसों उँगलियाँ उसके कन्धों में धँस गयी हैं। उसकी समूची काया झनझना उठी। तभी उसे लगा-न जाने कैसे उसका घूँघट पीछे सरकता जा रहा है। नजर उठी तो देखा-बाबा का मुखड़ा काले चिकने पत्थर की तरह दमक रहा है और आँखें अंगारे की तरह दहक रही हैं...
अंगूरी उन आँखों का सामना नहीं कर सकी। झट से घूँघट नीचे खींच लिया। छिन भर के लिए अंगूरी के मुखड़े की झलक बाबा को मिली। बस, वह उसी
में लहलोट हो गये !
अंगूरी सख्त कदमों से पीछे की कोठरी में चली गयी। बाबा की दसों उँगलियाँ उसके कन्धों में अब तक धँसी हैं और घूँघट पीछे खिसका जा रहा है। अंगूरी मन ही मन झल्ला उठी-कैसा बाबा है यो!
हो गये। मखमली ने बाहर की कोठरी में कुसा का आसन बिछा दिया। बाबा बिराजमान
मिरची हाथ जोड़कर बाबा के सामने बैठ गया। उसकी जबान लप लप कर रही है। रूखा-सूखा खाते जी भी रूखा हो गया था। आज परसाद चखकर आत्मा तिरपत हो जाएगी। और कहीं औघड़नाथ परसन्न हो गये तो क्या ही कहने! बाबा की मेहर हो जाए तो कमरे के ऊपर चौबारा बनते कितनी देर लगती है! एक लम्बर फँस जाए तगड़ा-सा। बस, उसी में बेड़ा पार !
आज बाबा उखड़े-उखड़े से लग रहे हैं। उन्होंने मखमली के चेहरे पर नजर गड़ाकर कहा, "बिटिया, आज तो हम अंगूरी की भाग्य रेखा देखने आये हैं। जरा भेजो तो उसे !"
मखमली हुमसकर अन्दर गयी और अंगूरी से कहा, "बहू, बाबा तेरी भाग-रेखा देखने आये हैं। आगे-पीछे का सब हाल बता देंगे। पोंहचे हुए सन्त हैं। परसन्न हो गये तो ऐसा आसिरबाद देंगे कि सारी उमर राज रजेगी!"
अंगूरी के कन्धों में अभी तक बाबा की उँगलियाँ धँसी हैं। वह लटपट बाबा के पास जाना नहीं चाहती। लेकिन ससुराल में नयी-नयी आयी है, सास के हुकम को टाल भी नहीं सकती। वह घूँघट निकालकर चुपचाप मखमली के पीछे चल दी।
बाबा ने उसे देखते ही कहा, "अरे बिटिया, हमसे कैसा परदा ? साधु-सन्तों
के सामने अपने को छुपाया नहीं करते।"
मखमली ने कहा, "खोल दे बहू, घूँघट खोल दे!"
अंगूरी ने फिर भी घूँघट न खोला तो मखमली ने उसकी ओढ़नी ऊपर सरका
दी।
बाबा ने कहा, "बैठ जा, बिटिया !"
अंगूरी बाबा के ठीक सामने बैठ गयी।
"ला, तेरा हाथ देखते हैं।"
अंगूरी एक बार तो झिझकी, फिर उसने धीरे से हाथ आगे बढ़ा दिया।
बाबा कुछ देर अंगरी के हाथ को हाथ में लिये गम्भीर मुद्रा में सोचते रहे। फिर हुलस कर कहा, "अरे, मिरची! तेरे सुल्हड के तो भाग्य खुल गये। बह क्या साक्षात देवी आयी है- देवी! हजारों हाथ देखे हैं हमने लेकिन ऐसा भाग्यशाली हाथ आज तक नहीं देखा। यह जिस घर में रहेगी. वह अन्न और धन से भरा रहेगा। इसकी हथेली
में तो स्वयं लक्ष्मी जी बिराजमान हैं।"
अंगूरी के चेहरे पर चमक उभरी।
बाबा ने उसकी उँगलियों के एक-एक पोर को पकड़कर बारीक नजर से देखा और चौंककर कहा, "अरे! इसकी तो पाँचों उँगलियों में शंख हैं। यह तो किसी राजघराने के जोग है।"
महाराज !" मखमली के दोनों हाथ जुड़ गये, "यह सब आपके आसिरबाद का फल है,
"सब अपने-अपने भाग्य का फल पाते हैं। अंगूरी बिटिया भी पाएगी।"
अंगूरी की नजर बाबा के चेहरे पर गयी। उनकी झमझमाती आँखें इस बार उतनी बुरी नहीं लगीं।
बाबा ने अंगूरी का हाथ धीरे से घुमाया और गौर से देखते हुए कहा, "इसकी प्रेम की रेखा बहुत प्रबल है। यह जिसे प्रेम करेगी, वह परम विद्वान होगा और उसका जस चारों दिशाओं में फैलेगा।"
अंगूरी की आँखों के सामने सुल्हड़ का लार टपकाता चेहरा आकर ठहर गया।
यही है वो बिदवान पुरुख ? इसी का जस फैलेगा? क्या कह रहे हैं बाबा ? लेकिन बाबा की जोतिस तो गलत हो नहीं सकती... तो फिर ?
अंगूरी की नजर ऊपर उठी तो बाबा ने कहा, "चिन्ता मत कर बिटिया ! विधि के विधान को कोई नहीं मेट सकता। होगा वही जो राम रच राखा..."
अंगूरी सफेद पड़ गयी। पता नहीं अभी और क्या-क्या देखना है जिनगी में!
उसने पूछा, "बाबा, मेरी उमर कितनी है?"
"उमर?" बाबा ने फिर अंगूरी की हथेली पर नजर जमाकर कहा, "उमर तो तेरी लम्बी है लेकिन शनि का परकोप है। बचपन में बहुत बीमार हुई होगी। हुई थी न?"
"हूँ!" अंगूरी ने सिर हिलाया।
बाबा ने कहा, "जिससे तेरी शादी हुई है, उस पर बाईसवाँ साल भारी है। सख्त बीमार पड़ेगा। बच सकता है और नहीं भी!"
"क्या?" अंगूरी का मुँह खुला का खुला रह गया, "कोई उपाय महाराज?"
बाबा के पास हर बियाधि का उपाय है, "बिटिया, यह बता तेरा गुरु कौन है?"
अंगूरी सोच में पड़ गयी।
उसे गुमसुम देखकर बाबा ने पूछा, "बोल, कौन है तेरा गुरु?"
अंगूरी ने झिझकते हुए उत्तर दिया, "गुरु तो कोई नहीं, महाराज!"
"फिर मुक्ति कैसे होगी? गुरु के बिना ग्यान नहीं और ग्यान के बिना मुक्ति नहीं! पहले तुझे गुरु बनाना पड़ेगा। तभी सब आधि-बियाधि दूर होंगी!।"
मखमली ने कहा, "महाराज, हमारे तो पूरे कुनबे के गुरु आप ही हैं। इसके भी बन जाओ।"
"नहीं, हम हर किसी के गुरु नहीं बनते। भगत में सरधा न हो तो गुरु भी उसे पार नहीं लगा सकता ! अंगूरी बिटिया में सरधा नहीं है।"
है! पकड़ ली न मन की बात-अंगूरी ने सोचा- महात्मा सचमुच पोंहचा हुआ
मखमली ने कहा, "है, महाराज! सरधा तो पूरी है!"
"ह-ह!" महाराज हँसे, "तुझमें तो है लेकिन अंगूरी में..." मखमली ने तीखी नजर से अंगूरी की तरफ देखा। अंगूरी ने जल्दी-जल्दी कहा, "है, महाराज! मेरे मन में भी पूरी सरधा है!" महाराज का चेहरा खिल उठा, "अच्छा, अब हम अंगूरी बिटिया को गुरु-मन्तर
देंगे। तुम दोनों जाओ!"
मिरची और मखमली के जाते ही बाबा का चेहरा नरम पड़ गया। उन्होंने रसभीगी आवाज में कहा, "आओ, बिटिया! हमारे पास आओ!"
अंगूरी पास तो पहले ही बैठी थी। बालिश्त भर और आगे सरक गयी। बाबा ने उसकी आँखों में आँखें डालकर देखा। देर तक देखते रहे!
अंगूरी की आँखें उन आँखों से जुड़ गयीं। कुछ क्षणों तक वह अपने को और साथ ही पूरी दुनिया को भूल गयी। कुछ देर बाद वह अपने में वापस लौटी तो लगा-आज तक उसके भीतर जो अंगूरी थी, वह मरती जा रही है और उसकी जगह एक और अंगूरी उभरती आ रही है...
बाबा ने कहा, "मनुख चलता तो खुद ही है लेकिन रास्ता गुरु बताता है। गुरु के बिना न यह लोक सफल होता है, न परलोक। गुरु तो सुरग की सीढ़ी है। जो एक बार चढ़ गया, उसके लिए सुरग के द्वार खुल गये ! लेकिन गुरु बनाना जितना आसान है, उसे निभाना उतना ही मुश्किल।"
"वो क्यूँ, बाबा?"
"गुरु बनाने का मतलब है, अपने अहंकार का पूरी तरह त्याग कर देना। अपना सब कुछ गुरु के चरणों में अर्पित कर देना। तन-मन-धन से हर तरह से-गुरु की सेवा करना। बोल, तैयार है तू? करेगी सेवा?"
अंगूरी चुप रही।
बाबा ने फिर कहा, "हमें पहले ही मालूम था कि तेरे मन में शंका है। और जिसके मन में शंका होती है, उसका नाश हो जाता है!"
नास ! अंगूरी सहम गयी। नास और कितनी बार होगा? उसने कहा, "महाराज, अब मेरे मन में कोई संका नहीं। मेरे गुरु बन जाओ और मुझे अपने चरणों में जगह
दे दो!"
"मन में कोई दुविधा तो नहीं?"
"नहीं बाबा, अब कोई दुबधा नहीं!"
बाबा ने एक बार फिर अंगरी की आँखों में आँखें डालकर देखा।
अंगूरी के भीतर ताँबे की तरह कुछ पिघलने लगा।
बाबा ने कहा, "बिटिया, अब हम तुझे गुरु मन्तर देंगे। रोज सुबह और शाम एकान्त में बैठकर इस मन्तर को जपना। जितनी देर मन्तर जपेगी, उतना ही पुन्न मिलेगा। कभी मन में अशान्ति हो तो गुरु-मन्तर का जाप शुरू कर देना। मन शान्त हो जाएगा। और हाँ, एक बात का खयाल रखना- यह गुरु का पवित्तर मन्तर है। इसे किसी को बताना मत। किसी को भी नहीं! बताएगी तो तेरा नाश हो जाएगा।"
अंगूरी काँप उठी। उसने कहा, "नहीं, महाराज! किसी को नहीं बताऊँगी।" "आ, तो अब हम तुझे गुरु-मन्तर देते हैं।" कहकर बाबा खुद अंगूरी की तरफ झुके और उसके कान के पास मुँह ले जाकर, फुसफुसाकर कहा, “गुरु ही भगवान है!"
अंगूरी ने मन ही मन मन्तर को दोहराया। लगा, जैसे उसे तीन-तिल्लोक का खजाना मिल गया है!
बाबा ने कहा, "शाम को सूरज छिपने के बाद दस मिनट तक गुरु मन्तर का जाप करके सवा रुपये का परसाद बाँट देना।"
अंगूरी के दोनों हाथ जुड़ गये, "जो आज्ञा, महाराज!"
"अच्छा, बिटिया ! अब बाबा असनान करेंगे!"
अंगूरी उठकर अन्दर चली गयी।
मखमली जानती है कि बाबा असनान से पहले मालिश कराते हैं। उसने अंगूरी से कहा, "जब तक बाबा असनान करें, तू भैरूँ जी के परसाद के लिए मसाला पीस दे!"
अंगूरी सिल पर मसाला पीसने लगी।
मखमली एक कटोरी में कडुआ तेल लेकर बाबा की कोठरी में चली गयी। बाबा ने गुदड़ी उतारकर एक तरफ रख दी। सिर्फ लंगोट पहने आसन पर बैठ गये। मखमली धीरे-धीरे मालिश करने लगी। मालिश करते थोड़ी ही देर हुई थी कि बाबा ने कहा, "मखमली, अब तेरे हाथ में वह सकत नहीं रही। जरा, अंगूरी बिटिया को बुला!"
मखमली बाबा की मालिश का मतलब खूब समझती है। उसके मन में शंका का शूल उभरा-क्या है बाबा के जी में? कहाँ केले की कच्ची गोभ जैसी अंगूरी और कहाँ यह मुस्टण्ड... मखमली सोच में पड़ गयी... लेकिन तभी उसका मन ग्लानि से भर गया-सिब-सिब ! छिमा करना, भैरू महाराज! मैं क्या सोचने लगी थी बाबा के बारे में! ये तो अवतारी पुरुख हैं। सुयम भगवान का रूप ! इन्हें छूने से तो माणस की काया पवित्तर हो जाती है। अगर भगवान जी की ऐसी ही इंछा है तो मैं क्या कर सकती हूँ!
मखमली ने अंगूरी को आवाज दी, "बहू, जरा सुन तो!" अंगूरी सिर नीचा किये आ खड़ी हुई। मखमली ने कहा, "बहू, तुझसे मसाला ठीक से नहीं पिसेगा। मैं पीस देती हूँ। तब तक तू बाबा की मालिस कर दे!"
अंगूरी के मन में एक बार फिर खटक हुई-कैसा बाबा है यो? औरतों से मालिस करवाता है!
वह पत्थर की मूरत की तरह अपनी जगह खड़ी रही।
मखमली ने फिर कहा, "बहू, सकुचाती क्यूँ है! ये तो हमारे कुल-गुरु हैं-पिता के बरोबर!"
अंगूरी फिर भी ज्यों की त्यों खड़ी रही। बाबा ने त्यौरी बदलकर कहा, "रहने दे, मखमली ! बिटिया के मन में शंका है!"
अंगूरी काँप उठी। लगता है- बाबा नाराज हो गये! सुनते हैं- ये परसन्न हो जाएँ तो मालामाल कर देते हैं और नाराज हो जाएँ तो सत्यानास !
अंगूरी धम्म से नीचे बैठ गयी और बाबा की सुडौल, चिकनी काया की मालिश करने लगी।
बाबा आँखें मूँदे आसन पर बैठे हैं। अंगूरी की जवान उँगलियों का नशा उनकी काया में चढ़ता जा रहा है।
मालिश के बाद बाबा ने स्नान किया और फिर गुदड़ी लपेटकर आसन पर विराजमान हो गये।
मिरची ने कस्तूरी की बोतल और शीशे का गिलास महाराज के सामने रख दिये।
बाबा कस्तूरी में पानी की मिलावट कतई नहीं करते। उन्होंने एक चौथाई बोतल गिलास में उँड़ेली, मन्तर पढ़ा, कन के पास की उँगली दारू से छुलाकर छींटा दिया और गिलास उठाकर एक ही बार में गटक गये।
कस्तूरी बाबा की विराट काया में नागिन की तरह खेल गयी।
मिरची हाथ जोड़कर बाबा के सामने बैठ गया। यही तो है मौका! अब बाबा जो कुछ कहेंगे, वह इमरतबानी होगी। बरड़ पकड़ में आ गयी तो समझो भाग उदै हो गये।
बाबा एक के बाद एक गिलास चढ़ाते गये। उनकी आँखों की चमक बढ़ती गयी। नशा चढ़ने के साथ-साथ बाबा की जबान पैनी होती जा रही है। वह ताबड़तोड़
गालियाँ दे रहे हैं। लेकिन मिरची का भाग ! वह घण्टे भर के परवचन में एक भी बरड़ नहीं पकड़ सका। यही तो फरक है, अनपढ़ और पढे-लिखे आदमी में ! ना हुआ जित्तु, अब तक बाबा के भीतर का सत खींच लेता !
मखमली ने खूब महीन मसाला पीसकर ऐसा चटपटा परसाद तैयार किया कि बाबा जैसा सन्त पुरुष भी उँगली चाटता रह गया। खूब रजकर खाया बाबा ने और वहीं आसन पर लेटकर खरटि लेने लगे।
तीसरे पहर बाबा की आँख खुलीं। उठकर हाथ-मुँह धोये और फिर आसन पर आ गये। थोड़ी देर बाद मखमली ठण्डाई का बड़ा गिलास लिये सामने खड़ी थी।
बाबा ने ठण्डाई का पहला घूँट भरा तो भीतर तक तृप्ति की लकीर खिंचती चली गयी। वह धीरे-धीरे ठण्डाई घूँटते रहे। अचानक उन्हें खयाल आया-मठ पर भगत इन्तजार कर रहे होंगे! उन्होंने ठण्डाई का आखिरी घूँट भरकर कहा, "अच्छा, बिटिया, अब बाबा परस्थान करेंगे!"
मखमली ने ऊँची आवाज में पुकारकर कहा, "बहू, बाबा जा रहे हैं!"
अंगूरी बाहर आयी। वह चरण छूकर ऊपर उठी तो देखा-बाबा का चेहरा दिपदिपा रहा है। उन्होंने अपनी झमझमाती आँखें अंगूरी की आँखों में डाल दीं।
बाबा के जाने के बाद अंगूरी देर तक अपने से जूझती रही। वह उन झमझमाती आँखों को भूल जाना चाहती थी। लेकिन भूलने की जितनी कोशिश करती, उतनी ही उनकी झपेट में आती जाती। रह-रहकर सुल्हड़ का खयाल आता- बेचारा गरीब माणस ! जैसा भी है, आखिर मेरा मरद है। जिसके साथ अगनी के सात फेरे लिये, उसे धोखा देना पाप है! नहीं, मैं बाबा की तरफ आँख उठाकर भी नहीं देखूँगी... लेकिन तभी वे आँखें फिर कौंध जातीं। वह अपने को झटकती - अंगूरी तू किसी की ब्याहता है। लोग सुनेंगे तो क्या कहेंगे ! लोग कहें न कहें, वह ऊपर वाला तो सब कुछ देख रहा है। उसे क्या जवाब देगी तू?
शाम होते-होते अंगूरी ने अपने मन को बस में कर लिया।
अगले दिन सबेरे ही बाबा फिर मिरची के द्वारे आ पहुँचे। अंगूरी का मन खटका। उसने जी कड़ा कर लिया-कुछ भी हो, आज वह बाबा के सामने नहीं जाएगी।
मखमली बाबा के चरण छूकर अन्दर आयी। उसने अंगुरी से कहा, "बह, बाबा
पधारे हैं।"
अंगूरी खटिया पर लेट गयी और चादर तान ली।
"क्यूँ, जी तो राजी है?"
"सिर फूट रहा है।"
मखमली बाहर चली गयी।
बाबा ने पूछा, "अंगूरी बिटिया नजर नहीं आ रही?"
"उसका जी राजी नहीं है!"
"क्यों, क्या हुआ?"
"सिर में दरद है।"
"तो बुला, अभी ठीक किये देते हैं।"
अंगूरी बाहर नहीं जाना चाहती थी। लेकिन अब कैसे कहे कि उसके सिर में दरद-वरद कुछ नहीं! न चाहते भी उठना पड़ा। वह बाबा के सामने आकर बैठ गयी।
बाबा मुस्कराये, "अरे! यह क्या कर लिया, बिटिया ?"
अंगूरी ने कोई जवाब नहीं दिया।
बाबा ने उसके माथे को छुआ, फिर आँखों में आँखें डालकर देखते रहे।
अंगूरी के मन में जो गुस्सा था, वह धीरे-धीरे पिघलने लगा।
बाबा ने मखमली से कहा, "बिटिया, जरा चाकू तो ला!"
मखमली चाकू ले आयी। बाबा उससे जमीन पर आड़ी-तिरछी रेखाएँ खींचने लगे और होठों ही होठों में न जाने कौन-सा महामन्त्र जपने लगे। थोड़ी देर बाद उन्होंने पूछा, "अब दर्द कैसा है?"
"कुछ आराम है।"
बाबा तेजी से मन्त्र का जाप करने लगे। उन्होंने फिर पूछा, "अब?"
"ठीक है, अब तो।"
बाबा का चेहरा खिल उठा, "देखा, बाबा का चमत्कार!"
अंगूरी उठने लगी तो बाबा ने कहा, "अच्छा बिटिया, अब जरा मालिश कर दे!"
अंगूरी एक बार तो ठिठकी। फिर अन्दर गयी और तेल की कटोरी ले आयी।
इसी बीच बाबा ने गुदड़ी उतार दी थी और वह पालथी मारे आसन पर विराजमान थे।
अंगूरी ने मालिश शुरू की तो बाबा की गठी हुई चिकनी काया, और चिकनी होती गयी। साथ ही अंगूरी का मन चिकनाता चला गया। वह हथेली पर तेल लगाकर बाबा की काया पर मलती तो लगता- हथेली के साथ पूरी की पूरी अंगूरी फिसलती जा रही है। बाबा के शरीर को छूते ही हथेलियों में सन-सन होने लगती। वह मन पर काबू करने की कोशिश करती। लेकिन जितनी कोशिश करती, उतनी ही सन-सन बढ़ती जाती। धीरे-धीरे पूरी देह में सनसनाहट दौड़ गयी... बाबा के शरीर में से कच्च्चे महुवे जैसी महक उठ रही है और वह महक सीधे अंगूरी के कपाल को चढ़ती जा रही है... कैसी है यो महक, जो उसे पागल बनाये दे रही है! ऐसी महक उसके मरद की काया में से क्यों नहीं उठती ?
बाबा आँखें मूंदे आसन पर बैठे हैं और अंगूरी सुध-बुध खोकर मालिश करती जा रही है...
करेंगे।" बहुत देर बाद आखिर बाबा ने ही कहा, "अच्छा बिटिया, अब बाबा असनान
अंगूरी झटका खाकर उठी और अलसाये कदमों से अन्दर चली गयी।
तीसरे पहर बाबा विदा होने लगे तो अंगूरी ने हमेशा की तरह चरण छुए। बाबा ने उसके कन्धे पकड़कर बीच में ही थाम ली और कान में फुसफुसाकर कहा, "आधी रात पीछे मठ पर आना। आज हम तुझे असली गुरु-मन्तर देंगे!"
अंगूरी को लगा, जैसे उसके भीतर तूफान उठ खड़ा हुआ है। वह किसी तरह जमीन पर पैर टिकाने की कोशिश कर रही है। लेकिन पैर जम नहीं रहे। पूरी की पूरी अंगूरी इधर से उधर डोल रही है... नहीं, मैं नहीं जाऊँगी - उसके भीतर एक तीखी चीख उठी। लेकिन तभी तरह-तरह की रसभरी आवाजें सुगबुगाने लगीं। उन आवाजों के बीच चीख घुटकर रह गयी...
उस रात अंगूरी को नींद न आ सकी। सुल्हड़ बाहर नीम के नीचे सोया है और अंगूरी रह-रहकर खटिया पर करवटें बदल रही है। कितना सीधा है उसका मरद-दीन-दुनिया का पता ही नहीं! ऐसे सीधे माणस को धोखा देना पाप है- महा पाप ! नहीं, यह पाप मुझसे न होगा। भगवान ने जो कुछ दिया, उसी के सहारे जिनगी के दिन काट दूँगी। लेकिन तभी बाबा की इमरतबाणी उसके कानों में रस घोलने लगी-आज हम तुझे असली गुरु-मन्तर देंगे! कैसा होगा, वह असली मन्तर ? कच्चे महुवे की महक अंगूरी के नथुनों में भर गयी और उसकी पूरी देह में सन-सन होने लगी। उसने खुद अपनी काया को बाँहों में भर लिया और जोर से कसने लगी। चाह उठी-इस करमजली काया को तोड़कर रख दे ! अपने से लड़ते-लड़ते उसकी काया शिथिल पड़ने लगी।
अचानक अंगूरी को खयाल आया-ठीक है, बाबा के मन में मेरे लिए चाह है। लेकिन उसका क्या भरोसा ? रमता जोगी, बहता पानी। पता नहीं कब कोई और अंगूरी उसकी निगाह में चढ़ जाए और वह छोडकर आगे चल दे। नहीं, मैं अपनी जिनगी के साथ खिलवाड नहीं करूंगी ! नहीं जाऊँगी मठ पर... उसने उठकर पानी
के मटके से अलमूनियम का गिलास भर कर पीया और फिर खटिया पर लेट गयी।
अंगूरी ने फैसला कर लिया है। मन टिक गया है-वह नहीं जाएगी मठ पर... लेकिन नींद फिर भी नहीं आ रही... अचानक उसकी निगाह मुँडेर के ऊपर से झाँकती तीन हिरणियों पर गयी। वह झटके से उठकर बैठ गयी। आधी रात टूटने वाली है। बाबा बाट जोह रहे होंगे! बाबा का खयाल आते ही कच्चे महुवे की नशीली महक अंगूरी की खटिया के चारों तरफ फैल गयी और समूची काया में फिर सनसनाहट होने लगी। नहीं! उसने चीखना चाहा। लेकिन चीख उसके भीतर ही घुटकर रह गयी। वह धम्म से खटिया पर लुढ़क गयी। उसकी काया काठ के लड्ढे की तरह अकड़ गयी। कुछ देर वह उसी तरह पड़ी रही। तपती हुई आँखें एक बार फिर हिरणियों की तरफ गयीं तो वह तड़प उठी-आधी रात टूट चुकी है! बाबा बाट जोह रहे हैं... आधी रात... बाबा... मन्तर... असली गुरु-मन्तर- अंगूरी की काया सुलगने लगी। उसने चोर निगाह से इधर-उधर देखा-सब सोये हैं और सन्नाटा चारों दिशाओं में पहरा दे रहा है। बाहर एक पत्ता भी गिरता है तो सन्नाटे में दरार डालता चला जाता है...
अंगूरी उठी और दबे कदमों से बाहर आ गयी। सुल्हड़ की खटिया के पास पहुँची तो पैर ठिठक गये। उसने निगाह भरकर सुल्हड़ को देखा। वह बेफिक्री की नींद सोया है... तू मुझे छिमा कर देना- अंगूरी ने मन ही मन कहा। उसके भीतर कुछ मरने लगा। ठिठककर छिन भर सोचती रही। फिर न जाने किस जादुई ताकत ने उसके पैरों की जकड़न खोल दी। वह मुड़ी और तेज कदमों से मठ की तरफ चल दी... अंगूरी मठ से लौटी तो वह अंगूरी नहीं थी, जो जाते समय थी।
बाबा सात दिन गणेशपुर रहे। वह हर दिन सुबह मिरची के द्वारे पहुँच जाते और हर रात तीन हिरणियाँ मुँडेर का किनारा छूर्ती तो अंगूरी के पाँव उसे मठ तक पहुँचा देते। हर रात बाबा उसके मन में गहरे और गहरे - उत्तरते गये। अंगूरी ने अपनी जीवन-नैया की पतवार पूरी तरह बाबा के हाथों में सौंप दी...
सातवीं रात अंगूरी मठ पर गयी तो फिर कभी नहीं लौटी !
( भीमसेन त्यागी द्वारा 2004 में लिखित ‘जमीन’ उपन्यास से साभार)
अपनी माटी
( साहित्य और समाज का तिमाही दस्तावेज़ )
Peer Reviewed & Refereed Journal , (ISSN 2322-0724 Apni Maati) Vol. 66, Issue Nu 2. जुलाई -सितंबर 2026
सम्पादक : माणिक एवं जितेन्द्र यादव रचनात्मक लेखन सम्पादक : विष्णु कुमार शर्मा

एक टिप्पणी भेजें