अफ़लातून की डायरी / विष्णु कुमार शर्मा

अफ़लातून की डायरी
- विष्णु कुमार शर्मा


अफ़लातून की डायरी (201)
02.07.2026

ईरान ने भूरे ताऊ को कड़ी टक्कर दी। हालाँकि युद्ध में ईरान की बर्बादी अधिक हुई लेकिन बड़ी बात यह है कि उसने हार नहीं मानी, झुका नहीं। ट्रम्प जैसा बड़बोला और वाहियात आदमी अंतर्राष्ट्रीय राजनीति में शायद ही हुआ हो। पल में तौला, पल में माशा। कब क्या कह जाए कोई भरोसा नहीं। ईरान में भले ही कठमुल्लाओं की सरकार हो। धर्म के नाम पर आम आदमी का जीना मुहाल हो लेकिन उसने विज्ञान व तकनीकी में भी बराबर उन्नति की है। इसी के दम पर वह युद्ध में इतने दिन टिका रहा।

दुनिया के अधिकांश ताकतवर देशों की सत्ता के शीर्ष पर तानाशाह काबिज़ हैं। और वह भी लोकतंत्र के नाम पर। हम विनाश की ओर बढ़ रहे हैं?

अफ़लातून की डायरी 204
12.07.2026

मृत्यु का शिलालेख

प्रियजनों, परिजनों, मित्रों,

आप सभी को यह खुला पत्र लिखने का विचार लगभग पिछले छह महीने से मेरे दिलोदिमाग में चक्कर काटता रहा है। आलस्य को छोड़कर और मन को स्थिर कर आज मैं यह पत्र लिखने बैठा हूँ। अब तक के अध्ययन, मनन और चिंतन से मैंने अपने जीवन के लिए कुछ बुनियादी सूत्र तय किए हैं। हालाँकि ऐसा करने वाला मैं दुनिया का कोई पहला आदमी नहीं हूँ। मुझसे पहले हजारों-लाखों की संख्या में सोचने-विचारने वाले लोग ऐसे निष्कर्ष निकालकर अपना जीवन और कुछ-कुछ मृत्यु अपने तरीके से तय कर चुके हैं। दर्शन की दुनिया में ईश्वर, आत्मा, स्वर्ग-नरक, पुनर्जन्म, कर्म सिद्धांत, भाग्य या स्वतंत्र इच्छाशक्ति, मोक्ष आदि बुनियादी सवाल हैं। एक सर्व-शक्तिमान ईश्वर जिसने यह दुनिया बनाई है, ऐसा कोई वैज्ञानिक प्रमाण अभी तक नहीं मिला है। दुनिया के विभिन्न धर्मों में ईश्वर द्वारा सृष्टि के निर्माण की ऐसी कहानियाँ और लगभग मिलती-जुलती कहानियाँ मिलती हैं। हालाँकि आप लोग जानते हैं कि मैं रोज भजन सुनता हूँ लेकिन मैं ऐसे किसी ईश्वर के अस्तित्व में विश्वास नहीं करता जिसने यह दुनिया बनाई है। राम और कृष्ण मेरे प्रिय नायक हैं; उनसे जीवन की विभिन्न परिस्थितियों में कैसे व्यवहार किया जाना चाहिए, ये मैं सीखता हूँ। कृष्ण का चरित्र मैं राम से अधिक व्यापक समझता हूँ। मुझे सूफ़ी संगीत भी बहुत पसंद है और कृष्ण की बाल-लीलाओं का गान भी। मैं अनूप जलोटा को जी भर के सुनता हूँ और फ़रीद अयाज़ को भी। मीराबाई, चन्द्रसखी, बाबा फ़रीद, बुल्ले शाह, कबीर, रसखान से नज़ीर अकबराबादी तक के तराने मेरी प्रियाताओं की सूची में है। कहना चाहें तो कह सकते हैं कि मेरा रब संगीत में बसता है। यूँ आप लोगों के साथ मैं कभी-कभार मंदिर भी चला जाता हूँ लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मैं ईश्वर में आस्था रखता हूँ। उपवास मैं बस बॉडी डिटॉक्स करने के लिए रखता हूँ।

आत्मा को मैं विवेक-सम्पन्न चेतना के रूप में स्वीकार करता हूँ जो शरीर से ही उठती है और शरीर के एक सुचारू संगठन के टूट जाने पर विलीन हो जाती है। इसके पहले और इसके बाद इसका कोई अस्तित्व नहीं। न यह किसी के शरीर में प्रवेश कर सकती है, न मृत्यु के बाद स्वर्ग-नरक इसका ठिकाना है। इसकी शांति और सद्गति के लिए किए जाने वाले तमाम अनुष्ठान अनुपयोगी हैं। मैं देहदान के बारे में भी सोचता हूँ लेकिन अभी पक्का तय नहीं किया है। आगे यदि तय किया तो अवश्य बताऊंगा। दान की गई देहों की दुर्दशा की ख़बरों से मन विचलित है, इसलिए अभी ठीक से निश्चय नहीं किया है। मैं बस इतना चाहता हूँ मेरी मृत्यु के बाद मेरी मृत देह का निष्पादन ऐसी विधि से किया जाए जिसमें कम से कम कार्बन उत्सर्जन हो। मेरा मानना है कि मृत्यु के बाद किए जाने वाले विभिन्न कर्मकांड का एक मनोवैज्ञानिक कारण है। वह यह है कि परिजन की मृत्यु से शोक-संतप्त परिवार को व्यस्त रखना ताकि वह इस दुःख से उबर सके। मृत्यु के बाद तीसरे दिन सुबह श्मशान में जाकर किए जाने वाला कर्मकांड जिसमें अस्थि अवशेष संकलन के अलावा मृतक की खानपान की प्रिय वस्तुएँ रखना, चाय-जर्दा-बीड़ी रखना कितना बेहूदा काम है। श्मशान और फिर घर आकर भोग लगाना; जहाँ मृतक देह रखी थी वहाँ रोज भोजन-चाय आदि किसके लिए रखना? आत्मा तो खा-पी नहीं सकती, फिर ये किसके लिए होता है?

तीसरे दिन बैठक रखी जाती है। यह ठीक बात है कि हमारे परिजन, रिश्तेदार, बांधव, मित्र आदि जो मृत्यु की अकस्मात् सूचना मिलने, भौतिक दूरी या सूचना न मिलने के कारण तत्काल नहीं आ सके वे अपनी संवेदना व्यक्त करने, हमारे दुख में शरीक होने आते हैं तो इसके लिए एक दिन और समय नियत कर दिया। क्या आप नहीं देखते कि इस बैठक में अस्सी प्रतिशत लोग अंतिम पंद्रह मिनट में आते हैं, अपनी उपस्थिति दर्ज़ कराते हैं और चले जाते हैं। उस गरुड़ पुराण के भाषण को कोई सुनना नहीं चाहता। औरों की क्या कहूँ मैं ख़ुद अधिकतर ऐसा ही करता हूँ। मैं चाहता हूँ कि इस अवसर पर यानी मृत्यु के तीसरे की बैठक में और आगे बारहवें दिन तक गरुड़ पुराण का वाचन न किया जाए। इसके लिए समय या स्थान अपन अपनी सुविधा से तय कर लें लेकिन वह शांतिपूर्ण हो। लोग आएँ, मिले-जुले, बातें करें और चले जाएँ। इसके बाद बारी आती है अस्थि अवशेष गंगा में प्रवाहित किए जाने की। मैं इसके पक्ष में भी नहीं हूँ। इन्हें आप किसी भी खेत-खलिहान या जंगल में बिखेर दें या गड्डा खोदकर विसर्जित कर दें। बहुत मन हो तो चले जाएँ लेकिन किसी पंडे-पुरोहित से कोई विधि-विधान और कर्मकांड न कराएँ। यह बस आउटिंग के लिए है जिससे आप लोगों का मन थोड़ा बहल जाए।

बड़े शहरों में जहाँ लोग बहुत व्यस्त हैं वहाँ वे शोक संदेश में लिखवा देते हैं कि तीसरे की बैठक अंतिम बैठक है, इसके बाद शोक संवेदना व्यक्त करने न आएँ। मैं चाहता हूँ कि आप लोग ऐसा न करें। लोगों को जब समय और सूचना मिले उन्हें आने दें। ज़िंदगी की भागदौड़ से थोड़ा स्लो हो जाएँ। मेरे लिए जो आप कर सकते हैं, वह ये कि यथासंभव अपने कामकाज से छुट्टी ले लें और सब मिलकर बारह दिन साथ रहें। साथ में देर रात तक बातें करें, साथ खाएँ-पीएँ, साथ जिएँ, थोड़ा स्लो हो जाएँ। रूखी रोटी और बिना तेल-हल्दी की सब्जी मुझे ही नहीं भाती तो ऐसा रेस्ट्रिक्शन न लगाएँ। सामान्य रोजमर्रा का भोजन बनाएँ और खाएँ। छोटे बच्चों का जो मन हो उन्हें खिलाएँ। तेल-साबुन का रोज इस्तेमाल करें, जिन्हें सेविंग करनी हो, करें। मतलब जबरदस्ती के लोकाचार से जीवन की सामान्य गति में व्यवधान पैदा न करें।

पाँचवे, सातवें या दसवें दिन जो शुद्धि के लिए स्नान किया जाता है वो कर सकते हैं। ये सेनिटेशन के लिए है और दूजा इससे एक दिन के लिए आप लोगों को व्यस्त होने का बहाना भी मिल जाएगा। पाँच या सात दिन का जो क्रियाकर्म भट्ट या पंडित बुलाकर कराया जाता है, बिल्कुल न करें। ग्यारहवें दिन जो भजन संगीत का आयोजन किया जाता है, वह अवश्य करें लेकिन बहुत देर रात तक न करें और लाउडस्पीकर की आवाज कम से कम रखें, इससे पड़ोस के लोगों की नींद में ख़लल पड़ता है। बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है। अब आप लोग कहेंगे कि तब हम ख़ुद को कैसे व्यस्त रखकर इस आघात को झेलेंगे? कोई मनोवैज्ञानिक सहारा आपने छोड़ा ही नहीं। इस पर मैं कहना चाहूँगा कि संगीत का मिनी प्रोग्राम आप रोज शाम को रखें। इसमें किसी दिन निर्गुण भजन हों तो किसी दिन सूफ़ी संगीत। स्थानीय और छोटे कलाकारों को बुला लें। यह संभव न हो तो साथ बैठकर स्पीकर पर यूट्यूब से ऐसा संगीत सुन लें या ख़ुद गा लें। मैं सारी लोक मान्यताएँ एक साथ झटक कर आप लोगों के मन में ग्लानि भाव पैदा नहीं करना चाहता। सो, बारहवें दिन आप लोग बढ़िया खाना बनवाएँ। खाना यथासंभव वीगन हो तो बेहतर। बारह ब्राह्मणों और श्राद्ध खाने वाले व्यक्ति की जगह आप लोग किसी अनाथालय, वृद्धाश्रम, किसी सरकारी स्कूल के बच्चों को खाना खिलाएँ। इसके बाद सभी परिवारी जन, मित्र साथ मिलकर भोजन करें। उपहारों का लेनदेन न करें। अगले दिन से सब अपने-अपने काम संभालें।

बारह महीने में किए जाने वाले सोलह श्राद्ध और प्रतिवर्ष मृत्यु तिथि व श्राद्ध पक्ष में किए जाने वाले श्राद्ध का भी कोई औचित्य मैं नहीं समझता। इनके आयोजन न करें। आवश्यक नहीं कि मृत्यु तिथि को ही बल्कि जिस माह में मृत्यु हो, उस माह में अपने सुविधा से जब काम से अवकाश ले सको तब सब इकट्ठे हों। दो दिन साथ में रहें, ज़िंदगी को स्लो करें जिसमें संगीत हो, खानापीना हो। आप लोग सुविधानुसार किसी अनाथालय, वृद्धाश्रम, किसी सरकारी स्कूल के बच्चों को खाना खिला आएँ। उन्हें किताबें भेंट करें।

एक बात और कहना चाहूँगा कि गर किसी दुर्घटना में या बीमारी में मैं ऐसी स्थिति में चला जाऊं जहाँ से सामान्य जीवन में वापिसी लगभग नामुमकिन हो। तब क्रिटिकल केयर या आइसीयू में डालकर गहन पीड़ा से मुक्ति की मेरी राह में बाधा मत बनना। मुझे जाने देना। “मैंनू विदा करो।।।” आइसीयू से घर ले आना और प्राण छूटने की प्रतीक्षा करना।।। जाने देना भी प्रेम है।

मेरी मृत्यु का अलिखा शिलालेख-

I can afford but nature cann’t.
Go slow, use minimal, live with nature.

अफ़लातून की डायरी 205
20.08.2026

इधर एक मित्र को कैंसर डिटेक्ट हुआ है। इन्हीं दिनों अनिल यादव और महेश मिश्र के मध्य संवाद पर आधारित‘अनिच्चवत संखारा’ पढ़ी तो पहले पृष्ठ पर ही सूचना मिली की अनिल यादव कैंसर से जूझ रहे हैं। आसपास मंडराती मृत्यु की छाया के बीच अनिल ने बहुत सच्चाई से उत्तर दिए हैं। अनिल कहते हैं कि जीवन का वास्तविक मोल तभी पता चलता है जब मृत्यु छूकर गुजर जाए। किताब से मेरी प्रिय पंक्ति-

“मुस्कराना जीवन है, मुस्कराने का अभिनय सभ्यता”

बहुआयामी बातचीत है। जीवन पर, मृत्यु पर, लेखन पर, सभ्यता और संस्कृति पर, बाजार और राजनीति पर।

अफ़लातून की डायरी 206
20.09.2026

साल 2025 और 26 पढ़ने की दृष्टि से बहुत उपयोगी नहीं रहे। न उतना पढ़ पाया न लिख पाया जितना स्वयं से अपेक्षित था। महीने में दो-चार डायरी लिख पाता हूँ। उसमें भी एक-दो तो भीतरी दबाव में और कुछ दबाव अपनी माटी का होता है कि हर तिमाही में एक किश्त डायरी की देनी होती है।

स्वास्थ्य भी हमेशा ठीक नहीं रहता। अक्सर तो पेट की समस्या से ग्रस्त रहता हूँ। कभी एसिडिटी तो कभी कब्ज़। जीभ पर काबू नहीं कर पाता। ख़ुद पर ही झुंझलाहट होती है कई बार। मीठा खाने को लेकर कई दिन तक मन को मजबूत रखता हूँ कि नहीं खाऊंगा लेकिन पाँच-सात दिन बीते नहीं कि संकल्प पानी भरने लगता है। यही हाल नियमित योग-प्राणायाम को लेकर है। पेट ज्यादा नहीं थोड़ा ही निकला हुआ है पर ख़ुद को ही ख़राब लगता है। ख़ुद से ही निराश हूँ। स्व-अनुशासन लंबे समय तक क्यूँ नहीं रख पाता? जीभ कंट्रोल में क्यूँ नहीं कर पाता?

अफ़लातून की डायरी 207
21.09.2026

पुरु ने थोड़ी बड़ी साइकिल चलाना शुरू किया है। ये लवी की पुरानी साइकिल है, इसे ठीक कराया है उसने। शाम में उसे साइकिल चलवाता हूँ। कॉलोनी में भी मोटर साइकिल वाले बहुत तेज चलाते आते हैं, डर लगा रहता है इसलिए साथ-साथ दौड़ता हूँ। चार दिन में उसे कॉन्फिडेंस आ गया है। रोज थोड़ा बेहतर होता जा रहा है। साइकिल चलाकर लौटने पर बहुत खुश रहता है। लौटकर बताता है कि आज मैंने ये नया किया। सीखने का भी अपना एक आनंद है, इसी तरह समझने का भी। दो दिन से मैं भी उसके साथ साइकिल लेकर निकलता हूँ। लवी की साइकिल में हवा दिलाकर, ऑइल वगैरह डलाकर रेडी कराया है। पुरु कल कह रहा था कि संडे को गुप्तेश्वर जी तक चलते हैं।

अफ़लातून की डायरी 208
25.09.2026

मैंने लाइब्रेरी का चार्ज ले लिया है। शांत बैठने को अपनी एक जगह हो गई है। वहीं क्लास भी ले लेता हूँ। फर्स्ट सेमेस्टर के टेस्ट चल रहे हैं। समीक्षा तीसरे सेमेस्टर में आ गई है। उसे अब लाइब्रेरी में ही पढ़ा देता हूँ। वो और शिवानी दोनों आती हैं। कभीकभार शिवानी भी नहीं आ पाती। बीच में नगरीय निकाय के चुनाव के कारण में लगभग एक महीने व्यस्त रहा, क्लास नहीं ले सका। अभी अनामिका के दो उपन्यास ‘आईनासाज़’ और ‘दस द्वारे का पींजरा’ मंगवाएँ हैं। लगातार दोनों पढ़ गया। ‘आईनासाज़’ में अमीर ख़ुसरो के जीवन के ताने-बाने के साथ सूफ़ी दर्शन के आलोक में कुछ बुनियादी जीवन सूत्र लेखिका ने हमें दिए हैं। भाषा अद्भुत है, एकदम बहती हुई। यह उपन्यास पढ़कर मैंने इसे समीक्षा को दे दिया। वह हर हफ़्ते एक किताब पढ़ डालती है। जबकि मैं इस लक्ष्य से इस साल ही नहीं बल्कि पिछले दो सालों से चूकता रहा हूँ।

अफ़लातून की डायरी 209
28.09.2026

‘दस द्वारे का पींजरा’ पंडिता रमाबाई और ढेलाबाई की कहानी है। उपन्यास का क्राफ्ट अनामिका ने ऐसे बुना है जैसे टेलरबर्ड अपना घोंसला बुनती है। पत्तों से धागे निकालकर पत्तों को सींती हुई। पंडिता रमाबाई जैसा अद्भुत और सशक्त चरित्र हमारे पास है लेकिन हमारे इतिहास में उसे कोई जगह ही नहीं दी गई। अब पंडिता रमाबाई के बारे में और जिज्ञासा है। सुजाता ने उनकी जीवनी लिखी है- विकल विद्रोहिणी : पंडिता रमाबाई। अब इसे पढ़ने का मन है।

ढेलाबाई और महेंद्र मिसिर की अद्भुत प्रेमकथा के बहाने तवायफ़ों के भारतीय स्वतंत्रता आन्दोलन में योगदान को भी अनामिका ने रेखांकित किया है जिसकी बात इतिहास की किताबों में अमूमन नहीं की जाती। स्कूल-कॉलेज के पाठ्यक्रम में लगी किताबों में तो बिल्कुल नहीं। ये हमारे भूले-बिसरे नायक-नायिकाएँ हैं। ऐसे ही अनेक आदिवासी नायक भी जिनका अंग्रेजों से प्रतिरोध लेने का अपना तरीका था। ‘मातृभूमि’ और ‘साडा वतन’ जैसे शब्द भले ही उनके शब्दकोश में नहीं हों लेकिन अपना जल, अपना जंगल और अपनी जमीन के लिए वे विश्व की सबसे बड़ी ताकत से भिड़ गए। उसके लिए हथियार भी उठाए और क्रांति गीत भी गाए। “भूरोटिया नी मानूं रे…”

अफ़लातून की डायरी 210
29.09.2026

कृष्ण बलदेव वैद्य के बारे में बहुत सुना था। पढ़ने-लिखने वाले कई लोगों ने वैद्य को रिकमंड किया। अनामिका के दो उपन्यासों के साथ उनका एक उपन्यास ‘एक नौकरानी की डायरी’ मँगवाया है। उपन्यास की नायिका एक किशोरी शानो है जो आठवीं फेल है। वह नौकरानी है। उसकी माँ भी नौकरानी का काम करती है। लेखक ने भाषा बिल्कुल वैसी ही रखी है पात्रानुकूल। सरल और छोटे-छोटे वाक्य। उपन्यास अभी शुरू किया है। जो भी अच्छी किताब मैं पढ़ता हूँ तो मेरा मन होता है कि मेरे बच्चे (कॉलेज के विद्यार्थी) भी उसे जरूर पढ़ें। ख़ासकर लड़कियों को तो यह किताब ज़रूर ही पढ़नी चाहिए। जैसे अनुराधा की ‘आज़ादी मेरा ब्रांड’।

विष्णु कुमार शर्मा
सहायक आचार्य, हिंदी
स्व. राजेश पायलट राजकीय महाविद्यालय बांदीकुई, जिला- दौसा, राजस्थान

अपनी माटी
( साहित्य और समाज का तिमाही दस्तावेज़ )
  Peer Reviewed & Refereed Journal , (ISSN 2322-0724 Apni Maati) Vol. 66, Issue Nu 2. जुलाई -सितंबर 2026
सम्पादक : माणिक एवं जितेन्द्र यादव रचनात्मक लेखन सम्पादक : विष्णु कुमार शर्मा

Post a Comment

और नया पुराने