संस्मरण : दाल नहीं गली / प्रियंका सोनकर

दाल नहीं गली
- प्रियंका सोनकर

 

इस जून गर्मी की छुट्टियों में हमारे प्लान में डेनमार्क के साथ-साथ स्विट्ज़रलैंड का नक्शा बस गया था। छोटी बहन जो डेनमार्क में रहती है, छुट्टियों में मैं, माँ और आयांश (5 साल का मेरा बेटा) हम उसे और उसके परिवार को विजिट करने वाले थे। मैंने छोटी बहन से कहकर तुरंत ही स्विट्ज़रलैंड की अपनी टिकटें बुक करा ली थीं। डेनमार्क रुकने के पाँच दिन बाद हम फ्लाइट लेकर पिछली रात ही स्विट्ज़रलैंड के खूबसूरत शहर बेसल पहुँचे थे। स्विस घाटी में बसा खूबसूरत देश जब अपने ही देश की आबादी को सीमित करने के लिए मतदान करा रहा हो तब वहां घूमने की चाह इसलिए भी बढ़ जाती है कि क्या पता यात्रियों के दरवाजे भी आने वाले समय में बंद कर दिए जाएँ। लगभग दस देशों की यात्रा कर लेने के बाद स्विट्ज़रलैंड के लिए बार-बार मेरा अदना सा घुमक्कड़ दिल कुलांचे मारता रहा है। इस धरती पर कौन ऐसा यात्रापसंद व्यक्ति नहीं होगा जो अपनी आँख बंद करने से पहले इस देश का दीदार नहीं करना चाहेगा।

2014 में स्विट्ज़रलैंड ने आप्रवासन को कम करने के लिए ‘अगैन्स्ट मास माइग्रैशन’ एक रेफरेंडम लाने का विचार किया था ताकि देश की आबादी भी कम हो सके। इस रेफरेंडम के लाने के पीछे का विचार यह था कि इससे देश की अर्थव्यवस्था और संसाधनों का सही इस्तेमाल हो सकेगा। स्विट्ज़रलैंड में पिछले पचास सालों में आप्रवासन बहस के मुद्दे में शामिल है। 

ऐसे में मेरे दिमाग के नक्शे में स्विट्ज़रलैंड का नक्शा पहले से चस्पा हो जाना, किसी जादूई करिश्मे से कम न था, यह एक सपना भी था जो अब साकार हो रहा था।

पूरी दुनिया में सबसे सुंदर देशों में स्विट्ज़रलैंड का नाम नंबर वन पर है। यह अपने खूबसूरत प्राकृतिक दृश्यों , घाटियों के लिए प्रसिद्ध है। यूं तो यूरोप का यह देश अपने सुहावने मौसम के लिए पूरी दुनिया भर में मशहूर है। किन्तु जब हमने जून में यहाँ कुछ दिनों के लिए शरण ली तो पता चला सूर्य देव अपने प्रचंड रूप में यहां मौजूद हैं। शहर में कदम रखते ही यूरोप की गर्मी ने हमारा हाथ जोड़कर स्वागत किया। स्विस निवासी पहली बार कह रहे थे कि इतनी गर्मी यहाँ पहले कभी नहीं पड़ी। उधर इसका पड़ोसी देश फ्रांस भी गर्मी से तड़प रहा था, ऐसा खबरें बता रही थीं। हमें थोड़ी राहत हुई कि हमने यात्रा की बकेट लिस्ट में पेरिस नहीं रखा। हालांकि 2016 में मैं पेरिस का दीदार कर चुकी थी और एफिल टॉवर को तीन अलग-अलग पहर में देखने का रिकार्ड भी बना चुकी थी। लेकिन पाँच साल के बेटे (आयांश)ने एफ़िल टावर पर चढ़ने की जिद्द पकड़ रखी थी जिसे भीषण गर्मी के कारण टालना ही बेहतर लगा।

हमारी फ्लाइट शाम के पाँच बजे थी जिसे हमने दौड़ते भागते पकड़ा था और मुद्दत से हम कोपेनहेगेन से बेसल एयरपोर्ट पहुँच चुके थे। समय रात के 9 बज रहे थे। हम एयरपोर्ट से  से सीधे बाहर निकल कर बस आने का इंतजार करने लगे। हमने दो बस बदली और लगभग 12 बजे रात को अटकते-भटकते गूगल बाबा के सहारे होटल पहुँचने में कामयाब हुए। कभी-कभी आँखों के सामने चीजें होते हुए भी ओझल हो जाती हैं। हम बहुत ही थके हुए थे। होटल की खोज में हमारे सामने एक शॉर्टकट रास्ता था जिससे हम महज 2 मिनट में अपने होटल में होते लेकिन दिमाग की बत्तियाँ इस कदर गुल हो चुकी थीं कि हमें उसी होटल में पहुँचने के लिए लंबा रास्ता लिया और वहां पहुँचने में कम से कम आधा घंटा लगा।

            जीवन में यात्रा करते हुए कई बार नए-नए अनुभवों से गुजरना हुआ है , यह भी एक नया अनुभव था।  बेसल बैकपैक (आश्रयस्थल –होटल कम हॉस्टल नुमा )  हमारे एक रात रुकने का पड़ाव था, यहां सेल्फ चेकिंग की सुविधा थी,  यह पहली दफ़ा था कि हम सेल्फ चेकिंग कर रहे थे, होटल के बाहर कुछ कीवर्ड था, जिसे मोबाईल नंबर देने पर कुछ ओटीपी मिलता और आप अपने कमरे तक पहुँच सकते थे। सो बहन ने सेल्फ चेकिंग किया और कमरे की चाभी पाकर हम जल्दी -जल्दी दो मंजिलों वाली सीढ़ियां चढ़ते हुए अपने कमरे तक पहुँचे। रात का आलम यह था कि चारों तरफ सन्नाटा पसरा था, लोगों की चहल कदमी बुझी-बुझी लगी। यूं तो जो चहल-पहल थी, वो बस ट्राम की थी। हरे रंग की सुंदर ट्राम शहर के बीचों-बीच गुजर रही थी। यूरोप में ट्राम को शहर के बीचों-बीच चलते हुए देखना एक दिलचस्प अनुभव था, टन-टन की घंटी बजाते हुए चार-पाँच डिब्बों वाली ट्राम यात्रियों से थोड़ी भरी हुई मद्धिम-मद्धिम चल रही थी मानो ऐसा लग रहा था पैजनिया बजाती हुई कोई युवती चली आ रही हो। हम अपना समान लादते हुए होटल के दूसरे तल पर पहुँच गए थे जहाँ हमारा कमरा था। जब हमने कमरे में प्रवेश किया तो देखा कि एक नन्हा-सा पंखा पूरे कमरे और तपती दीवारों से अकेले लड़ रहा था। आँख को दायें-बाएं घुमा कर देखा तो पता चला कि इसके अलावा यहां कुछ भी नहीं। भीषण गर्मी के कारण माँ ने अपनी देशी बोली में कहा कि ‘खिड़की खोल बहिनी ..। बड़ा गर्मी बाड़े,,,जियरा घबरात बा” (हम यूरोप की धरती पर भी अपनी भोजपुरी भाषा की गिरफ्त और प्रेम में थे ) उनके आदेश का पालन करते हुए मैंने खिड़की खोल कर देखा, पर हवा का कहीं नामोनिशान नहीं था। माँ ने नीचे ही जमीन पर एक चादर बिछाया और सोने का असफल प्रयास किया,उसे नींद तो नहीं आई रात भर नींद और गर्मी के बीच एक समझौता चलता रहा।

हमें भूख भी लगी थी, लेकिन रात के बारह बजे तक अधिकांश दुकानें बंद हो चुकी थीं। होटल आने से पहले बस स्टॉप के पास एक दुकान पर मैंने जाकर देखा, अंदर थोड़ा प्रकाश दिखाई पड़ा जिसकी वजह से साहस करते हुए मैंने दुकान का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज न सुनकर आगे बढ़ने के अलावा कोई ऑप्शन नजर नहीं आया। निराश होना पड़ा। उस भीषण गरम वाली रात पेट को अंदर सिकोड़कर सोने के अतिरिक्त हमारे पास कोई चारा नहीं था। भूख के कारण सुबह पाँच बजे ही मेरी आँख खुल गई थी। गर्मी के कारण बेचैनी जो थी। हॉस्टल कहें या होटल आसपास के वातावरण में अभी भी सन्नाटा था। चूंकि उजाला भरपूर था। कुछ समय बाद नीचे जाकर मैंने पता किया कि चाय-नाश्ता कहाँ मिलेगा?

एक रेस्टोरेंट ठीक सुबह 6 बजे खुल गया था। मैंने ताक-झांक करके देखा , एक व्यक्ति कुर्सियाँ सही कर रहा था। मैंने उससे अंग्रेजी में पूछा फ्रॉम वेयर आइ कैन गेट टी ?( चाय कहाँ मिलेगी ? ) उसने कहा  देयर इज नो ‘चाय’?’ ऑनली कॉफी। फिर उसने बताया कि यह रेस्टोरेंट होटल का पार्ट नहीं है, इसके लिए आपको अलग से पैसे देने पड़ेंगे। मैंने उससे जानने का प्रयास किया कि मैं जिस होटल में ठहरी हूं वहां नाश्ते का क्या प्रावधान है। उसने बताया कि ‘यहां 8 बजे नाश्ता मिलेगा और नाश्ते के लिए बारह फ्रैंक अलग से चुकाने पड़ेंगे।’

मैं थोड़ा आश्चर्य में पड़ गई कि नाश्ते के लिए 12 फ्रैंक ... जो भारतीय दिमाग के अनुसार बहुत ही ज्यादा था। मैं सोचने लगी कि इतने पैसों में तो भारत में चार दिन का राशन आ जाएगा।

मैं 8 बजने का इंतजार करने लगी।। तभी मुझे छोटी बहन, मार्टिन और ओलिवर दिखाई पड़े। उन्होंने बताया कि बेचैनी के कारण ओलिवर की आँख खुल गई और उसे हम बाहर घुमाने लाए हैं। हालांकि भूख उन्हें भी लगी थी तो नींद का टूटना लाजिमी था। वे भी नाश्ते का इंतजार कर रहे थे।होटल का रेस्टोरेंट खुलने के बाद हमने वहां के मालिक से कुछ जानकारी हासिल की- जैसे किचन के बारे में। क्योंकि होटल की वेबसाईट पर किचन की फोटो मैंने पहले ही देख ली थी। होटल के मालिक ने बताया कि यहां शेयर किचन है जहां अपना कुछ बना-पका सकते हैं। इतना सुनते ही मैं तुरंत सीढ़ियाँ चढ़कर होस्टल के शेयर किचन में पहुँची और वहां चीजों का मुआयना किया, यहाँ बर्तन , गैस, माइक्रोवेव, फ्रिज इत्यादि सब करीने से सजाए गए थे। यूरोप में हॉस्टल और कुछ होटलों में आपको शेयर किचन का ऑप्शन दिया जाता है जो एक यात्रा को सुगम कर देता है। यह एक यात्री के लिए ‘अंधे के हाथ बटेर लगने’ वाली जैसी स्थिति होती है। क्योंकि दूर देश में आप अपना देशी स्वाद भी ले सकते हैं, यदि आपके पास अपने देश की साबुत सामग्री हो तो। समय की नजाकत को भांपते हुए मैं तुरंत अपने कमरे में गई और वहां से साबुत दालें और चावल का पैकेट और कुछ मसाले लेकर किचन तक पहुंची। मैंने जल्दी-जल्दी गैस पर एक तरफ मूंग की दाल चढ़ायी और दूसरी तरफ  चावल। सुबह-सुबह खाना बनाने की मजबूरी केवल भूख नहीं थी बल्कि 11 बजे हमें ये हॉस्टल खाली भी करना था। हमारे साथ दो छोटे बच्चे भी ट्रैवल कर रहे थे उनकी चिंता ने अग्नि के आविष्कार (गैस पर खाना बनाने) पर हाथ आजमाने की गुंजाइश ज्यादा पैदा कर दी थी।1 घंटे में हमारा खाना बनकर तैयार था। तुरंत हमने बच्चों को खाना खिलाया, खुद खाया और समान व्यवस्थित कर हम होटल के बाहर आ गए थे।

हमारे पास पर्याप्त समय था क्योंकि अगले पड़ाव के लिए हमारी ट्रेन थी जिसका समय 3 बजे था। हमें किसी तरह 2 घंटे काटना था। हम होटल के ही मालिक से पूछने लगे कि आस-पास क्या है, उसने हमें एक पार्क की जानकारी दी। हम होटल से पैदल चलते हुए 2  किमी के आस- पास एक बड़े और सुंदर पार्क में पहुँच गए। समय बिताने के लिए हम मजबूर थे, इसलिए हमें पार्क आना पड़ा। प्रचंड गर्मी से बचने के लिए हम एक घने पेड़ की छाँव में बैठ गए। इस पार्क में स्कूली बच्चों का एक ट्रिप भी आया था। बच्चे झूले और अलग-अलग गेम खेल कर अपना मनोरंजन कर रहे थे। आयांश ने खेलते हुए बच्चों को देखा और उनके नन्हें कदम उन्हीं बच्चों के साथ कदम ताल मिलाने लगे। लकड़ी के बड़े और अनोखे झूले लगे हुए थे , एक अलग तरह के झूले को देखना मेरे लिए कौतूहल से कम नहीं था। छोटी-छोटी लड़कियां इस झूले की कमान संभाले हुए थी। आयांश ने जी भरकर अपने समय का उपयोग किया। 

घड़ी की सूई पर हमारी निगाह टिकी हुई थी, दोपहर के डेढ़ बजते ही हम पार्क से निकल गए। होटल बेसल बैकपेक के बाहर एक रेस्टोरेंट था जिसके गलियारे में एक हरे सेब का पेड़ था। माँ की आंखे उस हरे सेब पर ठहर गई। माँ अक्सर पेड़ों पर लदे फल और फूल देखकर मंत्र मुग्ध हो जाती है। हमने अपना गिरह बना लिया था जिसे अंदर बैठे-बैठे एक महिला बड़े ध्यान से देख रही थी।हमें देखते ही रेस्टोरेंट की महिला स्टाफ जल्दी से बाहर आई। उसने हमसे पूछा क्या बात है? आप लोग यहाँ क्यूँ खड़े हैं ?

मैंने उसे बताया कि मेरी माँ का दिल एक हरे सेब पर आ गया है। उसने कहा कि कोई फायदा नहीं है , यह अभी कम उम्र का है , आपको सितंबर या अक्टूबर में आना होगा इसके लिए, हमने उससे निवेदन किया कि हमें बस एक हरा सेब चाहिए। हमारी जिद्द और उत्सुकता के आगे वह महिला न्यौछावर हो गई। उसने बड़े प्रेम से सेब तोड़कर दिया और कहा कि यह खाने के लिए बहुत ही कच्चा और खट्टा है, आप रिस्क लेना चाहें तो ले सकती हैं। उसे हमने स्नेहिल और जादू भरी झप्पी देते हुए टाटा और हाय-हाय कहा (हाय-हाय डैनिश भाषा में बाय-बाय होता है )। उन स्मृतियों को हमने तुरंत ही कैमरे में कैद कर लिया। फिर जल्द से जल्द अपना समान उठाकर हमने होटल से कूच किया।

हम स्विट्ज़रलैंड की सुषमा को अपनी आँखों से निहारना चाह रहे थे लेकिन तपती गर्मी और अत्यधिक धूप के कारण सब किरकिरा सा लग रहा था। हम बस लेकर ट्रेनस्टेशन पर पहुँच चुके थे और ट्रेन आने का इंतजार करने लगे। ट्रेन आते ही हम जल्दी-जल्दी उसमें चढ़े। यह एक बड़ी ट्रेन थी जो अपनी स्पीड के कारण प्रसिद्ध थी। इसमें बहुत सारी बोगियाँ थीं और समान रखने का स्पेस भी बहुत था, भारतीय ट्रेनों की तरह नहीं कि समान ट्रेन में लेकर चढ़े और लिटा दिया। पता नहीं क्यों वहां हर चीज को लिटाने पर विशेष बल दिया जाता है। यहां की ट्रेनों में आप अपनी साइकिल भी लेकर आ-जा सकते हैं। सैलानी हाइकिंग और साइकिलिंग के लिए दूर-दूर से आते हैं।  ट्रेन की लंबी यात्रा के बाद हम drugging पहुँचे, जहाँ से हमें कैंपर वैन लेनी थी। हम अपने 2 बड़े ट्राली बैग और एक बेबी सीट, 5 साल तक के बच्चे के लिए सीट और पैरामबूलेटर इतना सारा समान लेकर स्टेशन पर खड़े रहे। मेरे साथ छोटी बहन का 1 साल का बेटा ओलिवर, आयांश और माँ थे। गर्मी अपने चरम पर थी, बहन के बेटे ने केवल डायपर पहन रखा था, गर्मी से उसकी बेचैनी बढ़ती जाती थी। थोड़ी ही देर में जब वो चुप हुआ तो बहन और उसके पार्टनर कार वैन लेने चले गए। वे डेढ़ घंटे बाद car van लेकर लौटे। इस समय तक हमारा बुरा हाल हो चुका था। हमारी आत्मा में बसा शहर और उसकी कहानियाँ धुआँ –धुआँ हो रही थी।  हमने अपना समान वैन में जल्दी-जल्दी रखा और फिर शीघ्र ही वहां से निकल पड़े, जहाँ हमें न केवल रात बितानी थी बल्कि हमारा 5 दिनों का ठिकाना भी वहीं होने वाला था। आत्मा में बसे शहर को जब जीते-जागते आँखों ने देखा तो तृप्ती जैसी अनुभूति का होना मालूम पड़ा। रास्तों में स्विट्ज़रलैंड के झंडे, हरी-हरी घासों पर चरती हृष्ट-पुष्ट गायें, बड़े-बड़े पेड़, साफ नीला आसमान इत्यादि प्राकृतिक दृश्य हमारा मन मोह रहे थे। हमारी कैम्पर वैन जिग-जैग रास्तों पर डांस करते हुए चल रही थी। मैदानी इलाके से हम पहाड़ी की तरफ चढ़ाई कर रहे थे जिससे गाड़ी का डांस करना स्वाभाविक था। चीड़ के विशाल और घने वृक्ष, जौ और मक्के की खेती दूर-दूर तक फैली हुई थी, ये सब अनुशासन बद्ध लग रही थी। कोई देश इतना अनुशासनप्रिय भी हो सकता है अपने हर एक क्षेत्र में, यह देखना वाकई में दिलचस्प था। हम सुपर मार्केट की तलाश में थे, coop नाम का सुपर मार्केट देखते ही हमने रास्ते में गाड़ी रोकी और वहां से जरूरत के समान जैसे पानी की बोतलें, फ्रेश स्ट्रॉबेरी, केला, ब्रेड, चीज़, दूध, दही और अंडे इत्यादि समान लेकर हमने झटपट गाड़ी में चढ़ाया और निकल पड़े।

अब हम स्विट्ज़रलैंड के बर्न कैंटन में बसे बेहद खूबसूरत पर्वतीय गाँव लॉटरब्रुनेन के ब्रेथॉर्न नामक कैंपिंग एरिया में थे।  लॉटरब्रुनेन आल्प्स की बड़ी चट्टानों के बीच एक गहरी यू आकार की घाटी में स्थित है। विश्व में इसकी लोकप्रियता का कारण 72 शानदार झरने और प्राकृतिक छटाएं हैं। इस कैम्पिंग एरिया में दुनिया के जाने कितने देशों से लोग अपनी-अपनी कैंपर वैनों, कारों में बोरिया-बिस्तर और ज़रूरत भर का सामान लेकर यहाँ आ बसे थे। उन्हें देखकर लगता था कि जीवन को हल्का कर देना भी एक कला है।

शाम तक कुछ लोग अपने-अपने तंबुओं और वैनों के बाहर बैठकर वाइन पी रहे थे और कुछ लोग ढलती शाम में डिनर करने लगे थे। यह जगह ऐसी थी जहां पानी और बिजली का पर्याप्त बंदोबस्त था। मिस्टर मार्टिन एरिया के ओनर से मिलकर रहने और वहां की व्यवस्था के बारे में जानकारी लेने चले गए। इस पूरे एरिया को दो महिलाएं और एक बुजुर्ग दम्पत्ति संभाल रहे थे। यह एरिया लगभग 5000 स्क्वायर फिट में फैला था और यहां कम से कम 50 से अधिक गाड़ियां खड़ी थीं जिसमें लोग रह रहे थे। उन्हीं गाड़ियों में हमारी वैन भी एक सुंदर घाटी के बीचों बीच खड़ी थी। सिर उठाने पर चारों तरफ ऊंचे-ऊंचे पहाड़ दिखाई दे रहे थे। सुदूर पर्वतों के पीछे कुछ पैराशूट भी उड़ते हुए दिखाई पड़े। घाटी के ठीक दूसरी तरफ एक विशाल झरना जोरों से गिर रहा था जहाँ जाना मना था।

हम अपने समान को व्यवस्थित कर आस-पास के एरिया का मुआयना करने चले गए। पास ही एक नदी अपनी रफ्तार से बह रही थी। आंखे कई सालों के बाद इस दृश्य को देखते ही कह उठी ‘जन्नत कहीं है तो यहीं है। इसे ही मरने से पहले एक बार देखने की तमन्ना थी। हल्का हल्का अंधेरा हो चला था, पहाड़ों पर टीम-टीम करते घरों की रोशनी किसी जगमगाते तारों की माफिक लग रही थीं।

आँखों में प्राकृतिक छटाओं का रस पी लेने के बाद हम अपने कैम्पर वैन में आ चुके थे। कैम्पर वैन में गैस, बर्तन, बिस्तर आदि की पूरी व्यवस्था थी। डेनमार्क से निकलते हुए हमने अपने साथ कुछ राशन पैक कर लिया था, अब उसका इस्तेमाल होना था। चूंकि विदेश में चीजें बहुत महंगी होती हैं इसलिए न खराब होने वाली चीजें यात्रा के वक्त पैक करने में ही भलाई होती है। मेरे पाँच साल के बेटे आयांश को दलिया और मूँग- दाल की खिचड़ी बहुत पसंद है। डेढ़ साल की उम्र से ही वह इसका शौकीन हो गया है। मैंने उसके लिए भारत से ही मूँग दाल और दलिया का पैकेट रख लिया था। मन में विश्वास था कि दुनिया के किसी भी कोने में रहें, अगर उसे खिचड़ी मिल गई तो उसका संसार खुशियों से भर जाएगा।

पहाड़ों से गिरते झरने, कल-कल करती नदी और हरी घाटियाँ प्रकृति का विराट और सुंदर वैभव सामने था और भीतर भूख का शोर। भूख का शोर जब दिमाग तक पहुंचा तब लगा गैस पर कुछ आजमाने के अलावा सब व्यर्थ है।

कैंपर वैन में झटपट सब व्यवस्था कर ली गई थी—गैस, बर्तन, पानी तीनों की। मैंने गैस पर एक बड़े से भगोने में मूँग की दाल धोकर चढ़ा दी। हल्दी, नमक और ज़रा-सी हींग के साथ दाल मद्धम-मद्धम गति से पकने लगी। चूंकि वैन में चार वर्नर वाला गैस था। चार बर्नर वाले गैस के अपने फायदे हैं, आप एक साथ कई चीजें बना सकते हैं। दूसरे गैस पर बहन चावल बना रही थी और मैं साइड में आलू की भुजिया भी तैयार कर रही थी।  हम अपना देशी भोजन बना रहे थे। भारतीयों के साथ यह एक बड़ी समस्या है कि वह अपने भोजन और स्वाद के साथ कोई समझौता नहीं करते , भले ही वह यात्रा पर ही क्यों न हो। दुनिया में कहीं भी रहें वह अन्य देश वासियों की तरह अपने खान-पान को छोटा करने में विश्वास नहीं रखते। खाना बनते-बनते कम से कम 1 घंटे से ज्यादा हो गया। वातावरण में झींगुर बोलने लगे थे, सब तरफ अंधेरा हो गया था। लोग अपने-अपने तंबुओं में सोने चले गए थे, एक हम थे जिनका भोजन अभी पक ही रहा था। आयांश को भूख जोरों की लगी थी , वह बार-बार गैस चूल्हे के पास आता और पूछता मम्मा खाना बन गया। मैं उसे धीरज बांधने के लिए कहती। जबकि भूख का शोर अधीर हो रहा था।  मूंग की दाल ने यहां धोखा दे दिया था। यह मेरे साथ पहली बार हो रहा था जब दाल नहीं गली जबकि मूंग की दाल मिनटों में गलने वाली दालों में शुमार है। घंटों बीत गए लेकिन दाल अपनी जगह अडिग थी। भूख इतनी थी कि आखिरकार जो बना, वही खाकर सो गए। अगली सुबह मैंने सोचा, शायद हमारे पास प्रेशर कुकर नहीं है, इसलिए दाल नहीं गल रही है।

दूसरे दिन फिर वही प्रयोग करने के बारे में सोचा। इस बार बचपन की कुछ स्मृतियाँ मेरे साथ लौट आईं। हमारे मुहल्ले की औरतें और लड़कियां जब नदी जातीं (मऊ में तमसा नदी बहती थी जो अब सूख चुकी है) तो जूठे बर्तन और कपड़े अपने साथ लेकर जाती,वे बर्तन माँजकर उन्हीं बर्तनों में पानी भर लाती थीं। कहा जाता था कि नदी के पानी में दाल जल्दी गलती है। क्योंकि प्राकृतिक स्त्रोतों का पानी मीठा होता है। वही दृश्य मेरी आँखों के सामने तैर गया।

मैंने मिस्टर मार्टिन (छोटी बहन प्रीति का पार्टनर ) से कहा, अगर पास की नदी से पानी ला दो तो शायद दाल गल जाए। नदी की धारा तेज़ थी। वह किसी तरह अपने आपको संभालते हुए नीचे उतरे, बोतल को तिरछा करके पानी भरा और विजयी मुद्रा में लौटे। झरनों से उतरकर आया वह बर्फ़ जैसा ठंडा, निर्मल पानी देखकर मुझे पूरा विश्वास था कि अब दाल अवश्य गल जाएगी।

लेकिन...

दाल ने मानो सौगंध खा रखी थी। नदी का पानी भी उसके इरादे नहीं बदल सका। एक घंटा और बीत गया। दाल वैसी की वैसी ही रही। हाथ से छूकर देखा थोड़ा कच्चापन बाकी था। हम उदास हो गए,जीवन में इतना हतोत्साह का भाव तो कभी नहीं आया जितना इस पीली मूंग दाल की वजह से आया। लेकिन हम निराश नहीं हुए अगली बार बहन ने सुझाव दिया--आज रात इसे भिगो देते हैं। शायद यह फूल जाए और दाल गल जाए।

सुबह दाल सचमुच फूलकर दोगुनी हो चुकी थी। मेरा उत्साह लौट आया। लगा, आज विजय हमारी होगी। परंतु पाँच घंटे तक अलग-अलग समय में पकाने के बाद भी दाल नहीं गली। इतनी ज़िद्दी दाल मैंने अपने जीवन में पहली बार देखी थी।

आख़िरकार मैंने हार मानने से पहले अपना अंतिम हथियार निकाला---आज की सबसे बड़ी तकनीकी चैट -जीपीटी। पता नहीं दिमाग ने स्विट्ज़रलैंड में इस हथियार के बारे में कैसे सोचा।

मैंने चैट जीपीटी से पूछा ---

"मैं इस समय स्विट्ज़रलैंड के लाटरब्रुनेन इलाके में कैंपर वैन में हूँ। मूँग की दाल बना रही हूँ, लेकिन दाल गल नहीं रही। कृपया उपाय बताइए।"

उत्तर तुरंत आया---

‘’यदि आप कैम्पर वैन में Lauterbrunnen (स्विट्ज़रलैंड) में हैं, तो सबसे संभावित कारण ऊंचाई (लगभग 800 मीटर ), पानी की कठोरता, या धीमी आंच हो सकते हैं। इन उपायों को आज़माइए :

1-         ढक्कन लगाकर पकाएं – खुली दाल बहुत देर से गलती है।

2-         आंच मध्यम रखें – पानी लगातार उबलता रहे।

3-         गरम पानी डालें – यदि पानी कम हो जाए तो ठंडे की बजाय गर्म पानी डालें।

4-         थोड़ा सा बेकिंग सोडा (एक चुटकी से भी काम, लगभग 1/8 चम्मच) डाल सकती हैं। इससे दाल जल्दी गलती है, लेकिन अधिक न डालें, वरना स्वाद बदल सकता है।

5-         यदि दाल पुरानी है, तो उसे गलने में 45-60 मिनट या उससे भी अधिक समय लग सकता है।

यदि आपके पास प्रेशर कूकर है, तो 3-5 सीटी में मूंग की दाल सामान्यतः गल जाती है।

मुझे एक बात बताइए :

•           मूंग की कौन-सी दाल है?(धुली पीली, हरी साबुत या छिलके वाली ?)

•           क्या आपके पास प्रेशर कुकर है या सिर्फ सामान्य बर्तन ? 

 

चैट-जीपीटी द्वारा दिए गए सुझाव में से हमारे पास दो चीजें नहीं थीं एक तो प्रेशर कुकर और दूसरा बेकिंग सोडा, अन्य सुझावों को मैंने सिर नवाकर पालन किया .... धीमी आँच, गर्म पानी, ढक्कन लगाकर पकाना इत्यादि शामिल था।

हमने लगभग सब आज़मा लिए। लेकिन यह दाल भारतीय सरकार जैसी निकली, जिसने असंख्य आंदोलनकारी बच्चों के सामने भी गलने से इनकार कर दिया हो। दाल फिर भी नहीं गली। हमें लगा, अब मदद की जरूरत पड़ेगी।

हम ऐसी जगह पर थे जहाँ विभिन्न संस्कृतियों के लोग इकट्ठे थे। और जिनकी खान-पान की संस्कृति भी भिन्न है। कोई तवे पर मछली भून रहा है और अपने जीवनसाथी के साथ बैठकर वाइन और मछली का लुत्फ उठा रहा है , कोई कॉफी पीकर ही अपनी क्षुधा को शांत कर रहा है। कोई पास्ता बना रहा है। किसी भी देश में खाने की संस्कृति चाहे कितनी ही समृद्ध क्यों न हो लेकिन यात्रा की संस्कृति यह बताती है कि यदि घूमने का अरमान है तो समान कम रखो।’ कभी-कभी अपने जिह्वा पर लगाम भी लगाना होता है।  

मदद के लिए हमने अपने हाथ फैलाए। अगली सुबह हमने कैंपिंग एरिया के कई विदेशी यात्रियों से पूछा- क्या आपके पास प्रेशर कुकर है?

उन्होंने उल्टा पूछा-"प्रेशर कुकर क्या होता है?"

बहन ने बड़ी गंभीरता से समझाया-‘एक ऐसा बर्तन, जो सीटी बजाता है और कुछ ही मिनटों में खाना पका देता है। वे सीटी बजाने वाले बर्तन के बारे में सुनकर मुस्कुराए। किसी के पास वैसी कोई चीज़ नहीं थी।‘’

तब मुझे लगा कि शायद ऐसे देशों में "दाल गलना" एक मुहावरा भी नहीं होगा। यहाँ किसी को दाल गलवाने की ज़रूरत ही कहाँ पड़ती है! नागरिक अपने अधिकार जानते हैं, सरकारें अपनी ज़िम्मेदारियाँ। शायद इसलिए यहाँ दाल से ज़्यादा व्यवस्थाएँ जल्दी गल जाती हैं।

इसी बीच हमें एक भारतीय महिला मिली। वो हरियाणा की रहने वाली थीं, लेकिन वह अब कनाडा में अपने पति और छोटी-सी बेटी माया के साथ रहती हैं। वह भी स्विट्ज़रलैंड घूमने आई है। मेरी माँ सोशल प्राणी है। उसके अंदर कुव्वत इतनी है कि आप बड़े-से-बड़े अधिकारी हों वह आपके दिल में अपनी जगह बना लेगी। घूमते-टहलते माँ यूँही उसके पास गई होगी एक तो हिन्दी भाषा के कारण और दूसरा शायद भारतीय होने के कारण। माँ ने उस महिला से मदद मांगने के क्रम में अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि हमें बच्चे के लिए खिचड़ी बनानी है जिसमें दाल गलानी है जो कि गल नहीं रही। इसलिए हमें प्रेशर कुकर की जरूरत है। माँ ने उनसे पूछा कि  क्या आपके पास प्रेशर कूकर है ? उसकी एक छोटी बच्ची थी, मां को लगा शायद उसके पास तो होगा ही।

उन्होंने हँसते हुए कहा-‘इतनी लंबी यात्रा में मैं कुकर नहीं लाई हूँ आंटी।‘

लेकिन उन्होंने एक ऐसी बात कही, जिसने हमारी उम्मीद फिर जगा दी।

"मेरी दाल तो गल रही है।" मैने पूछा कैसे ? उत्तर की प्रतीक्षा में तब तक दूसरा सवाल दागा जा चुका था

" आप कौन-सी दाल पका रही हैं ?"

"नारंगी मसूर।" झट से उत्तर आया। बस, वहीं हमारी मूँग दाल की हार तय हो गई।

हमने सोचा; अब इस दाल- युद्ध को यहीं विराम देते हैं।

 

अगले दिन से हमने अपने खाने के मील्स और मेनू को बदलने में ही भलाई समझी। बहन ने अगले दिन सुपर मार्केट जाकर कुछ पैक्ड उबले राजमा और लोबिया जैसी चीजें खरीद लीं थीं,हमने उसी से काम चलाया। सुपर मार्केट हम एक पीली बस से आते थे | यहां पास के एरिया में आने-जाने के लिए बस थी। सुपर मार्केट आने के लिए और आस-पास के शहर की सुंदरता देखने के लिए इसी बस से आना होता था।

दाल प्रकरण ने हमें कहाँ से कहाँ पहुंचा दिया था।  

एक दिन सुबह मैं स्नान करने गई। इस कैंपिंग एरिया की सबसे सुंदर बात उसकी स्वच्छता थी। साफ-सुथरे  चमचमाते शौचालय, स्नानघर, बर्तन धोने के लिए दस बड़े सिंक, कपड़े धोने और सुखाने की मशीनें, प्लास्टिक, भोजन और रिसाइक्लिंग योग्य वस्तुओं के अलग-अलग डिब्बे लगे हुए थे। सफाई से संबंधित चीजों के लिए कागज पर निर्देश लिख कर चिपकाए गए थे। यहाँ रोज रात में कैंपिंग एरिया की मालकिन स्वयं सफाई देखने आती थीं। उनका भाई झाड़ू से शौचालय साफ करता था। वह दोनों मिलकर सफाई के कास्टूम पहनकर सफाई करते थे।  सफाई यहाँ व्यवस्था नहीं, संस्कृति थी। मुझे अनायास लगा-भारत में स्वच्छता का ऐसा सपना अभी भी कहीं-कहीं यूटोपिया जैसा लगता है।इस कैम्पिंग एरिया की सबसे बड़ी खूबसूरती यह थी कि ये नदी के किनारे बसी थी। नदी की तेज धार जीवन में चलते रहने का संदेश दे रही थी निश्छल और सतत।

मैं बाथरूम में नहा ही रही थी कि बाहर से माँ की आवाज़ आई-

प्रियंका...!

मैंने भीतर से उत्तर दिया-"हाँ।

अच्छा तुम यहीं हो। फिर वो शांत होकर अपने बालों में शायद कंघी करने लगीं। यहां साफ सुथरे 6 ,7 बेसिन भी थे और सुंदर पर्दे भी लगे थे। साफ-सफाई के लिए वाइपर, डस्टबिन आदि की पूरी व्यवस्था थी। टायलेट में टायलेट पेपर की भी व्यवस्था थी।

कुछ ही समय बाद वही हरियाणा मूल की भारतीय महिला वहां आई, उसकी आवाज से मैंने उसे पहचानने की कोशिश की। मैंने नहाते हुए माँ और उस महिला उन दोनों की आवाज सुनी। उस महिला ने माँ से पहला प्रश्न पूछा ,,’अरे आंटी, आपकी दाल गली या नहीं?’

यह सुनते ही मेरे कान खड़े हो गए। मैं भीतर ही भीतर मुस्कुरा उठी और आश्चर्य से भी भर उठी।

अब दाल हमारी नहीं, पूरे कैंपिंग एरिया की सामूहिक चिंता बन चुकी थी।

माँ ने कहा- ‘अरे, नहीं। बहुत कोशिश की मेरी लड़कियों ने लेकिन दाल गली ही नहीं।‘ माँ और उस महिला की गुफ्तगू जारी रही,  दोनों ने आपस में और भी ढेर सारी बातें कीं।

उस शाम महिला को वापस लौटना था। जाने से पहले वे हमारे कैंपर वैन के पास आईं। उसके हाथ में दो पैकेट थे-एक चावल का और दूसरा नारंगी मसूर की दाल का।

उन्होंने मुस्कुराकर कहा, आज हमारी वापसी है आप इसे रख लीजिए। यह जल्दी गल जाती है।

मैंने संकोच किया-- अरे, नहीं, इसकी कोई ज़रूरत नहीं है।

उन्होंने सहजता से उत्तर दिया--अब मैं जा रही हूँ। मेरे किसी काम की नहीं रहेगी। आप नहीं लेंगी तो मैं किसी और के लिए छोड़ जाऊँगी।

चूंकि हमें अभी 2-3 दिन और रुकने थे इसलिए मैंने दोनों पैकेट अपने हाथ में ले लिए।

उस क्षण लगा कि यात्राएँ केवल पहाड़, झरने और तस्वीरें नहीं देतीं। वे अनजान लोगों के भीतर छिपी आत्मीयता भी दिखाती हैं। कभी-कभी दुनिया की सबसे बड़ी स्मृति कोई जगह नहीं होती, बल्कि एक ऐसी पीली मूँग की दाल होती है जो लाख कोशिशों के बाद भी नहीं गलती और अंत में किसी अनजान भारतीय स्त्री के हाथों हमें एक नई दाल और एक नया अपनापन दे जाती है।

उस दाल को दूसरे मैदानी इलाके में बाद में बनाने का अवसर मिला जो तुरंत ही अपना रूप और रंग दिखा दी थी।

स्विट्ज़रलैंड की इस खूबसूरत यात्रा में सुंदर झरने, बर्फ़, घाटियाँ और पहाड़ बहुत देखे; पर आज भी सबसे जीवित स्मृति जो मेरे अंतःस्थल में बस गई एक ऐसी ज़िद्दी मूँग की दाल,जो नहीं गली; और उस महिला की इंसानियत, जो चुपके से दिल में आकर गल गई (छाप छोड़ गई)।

 

प्रियंका सोनकर


अपनी माटी
( साहित्य और समाज का तिमाही दस्तावेज़ )
  Peer Reviewed & Refereed Journal , (ISSN 2322-0724 Apni Maati) Vol. 66, Issue Nu 2. जुलाई -सितंबर 2026
सम्पादक : माणिक एवं जितेन्द्र यादव रचनात्मक लेखन सम्पादक : विष्णु कुमार शर्मा

Post a Comment

और नया पुराने